जाति जनगणना से हो जाएगा देश का एक्स-रे है : राहुल

Rahul Gandhi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को जाति जनगणना का मुद्दा उठाते हुए इसे देश का ‘एक्स-रे’ बताया। उन्होंने उदयपुर के वल्लभनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर यह पता नहीं है कि किसकी आबादी कितनी है, तो हम भागीदारी के बारे में कैसे बात करेंगे। गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो राजस्थान में जाति जनगणना कराएगी और अगर पार्टी केंद्र में सरकार बनाती है तो राष्ट्रीय स्तर पर भी ऐसा करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी ने कहा कि देश में केवल एक ही जाति है- गरीब, लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा कि अरबपतियों की भी एक और जाति है। वो अडानी, अम्बानी की जाति है. उनकी एक विशेष जाति है।

कांग्रेस शासित राज्यों में जातीय जनगणना करवाई जाएगी : राहुल

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार के सामने जातीय गणना का कार्ड फेंका है। सोमवार को सीडब्ल्यूसी की मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा शासित राज्यों में जातीय जनगणना होगी। उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी में इस बारे में सर्वसम्मति से फैसला होगा। राहुल गांधी ने कहा कि सीडब्ल्यूसी ने एकजुट होकर देश में जातीय गणना करवाने के समर्थन में फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह एक प्रोग्रेसिव स्टेप है। हमारे मुख्यमंत्री भी इस बारे में विचार कर रहे हैं और एक्शन ले रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की 4 घंटे तक जातिगत जनगणना पर चर्चा हुई। सीडब्ल्यूसी ने एक निर्णय लिया है, हमारे मुख्यमंत्रियों ने भी निर्णय लिया है कि वे भी अपने राज्यों में जातिगत जनगणना को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने, हमारी सबसे बड़ी निर्णय लेने वाली कार्य समिति ने निर्णय लिया है कि हम जातिगत जनगणना करवाएंगे और भाजपा को इसे करवाने पर भी ज़ोर डालेंगे और अगर वे नहीं करते हैं तो उन्हें पीछे हट जाना चाहिए क्योंकि देश जातिगत जनगणना चाहता है। इन्डिया गठबंधन इसका समर्थन करेगी।