अब इलेक्ट्रिक वाहनों को नहीं मिलेगी कोई छूट! नितिन गडकरी ने दिया बयान

नई दिल्ली :  केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) विनिर्माताओं को सब्सिडी जारी रखने की जरूरत से इनकार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अब लोग खुद ईवी या सीएनजी वाहनों को पसंद कर रहे हैं।

गडकरी ने बीएनईएफ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पहले इलेक्ट्रिक वाहनों के विनिर्माण की लागत बहुत अधिक थी लेकिन अब मांग बढ़ चुकी है और इसकी उत्पादन लागत भी घट गई है। ऐसी स्थिति में ईवी को सब्सिडी देने की जरूरत नहीं रह गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘उपभोक्ता अब अपनी पसंद से ईवी और सीएनजी वाहनों को खरीदने लगे हैं। मुझे नहीं लगता है कि हमें अब इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अधिक सब्सिडी देने की जरूरत रह गई है।’’

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों पर लगने वाला माल एवं सेवा कर (जीएसटी) पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में कम है। फिलहाल हाइब्रिड एवं पेट्रोल-डीजल इंजन वाले वाहनों पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगता है जबकि इलेक्ट्रिक वाहनों पर सिर्फ पांच प्रतिशत जीएसटी लगता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे विचार से इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण को अब सरकार द्वारा सब्सिडी दिए जाने की जरूरत नहीं है। सब्सिडी की मांग अब उचित नहीं रह गई है।’’भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने एक दिन पहले कहा था कि सरकार को अपनी इलेक्ट्रिक परिवहन क्रियान्वयन योजना ‘फेम’ के तीसरे चरण को एक-दो महीने में अंतिम रूप देने की उम्मीद है।

फेम-3 योजना अस्थायी इलेक्ट्रिक परिवहन प्रोत्साहन योजना, 2024 की जगह लेगी जो इसी महीने खत्म होने वाली है।

BMW भारत में लॉन्च करेगी प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर, सिंगल चार्ज पर 130 किमी रेंज

नई दिल्ली: BMW अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारत में लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर BMW CE 04 की लॉन्च डेट को जारी कर दिया है। BMW दावा कर रही है कि उनका यह स्कूटर फुल चार्ज होने के बाद 130km तक की दूरी तय की जा सकती है।

इस स्कूटर का नाम BMW CE 04 है। यह कंपनी का एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर है। इसे पहले दिसंबर 2022 में भारत में पेश किया गया था, लेकिन अब इसे लॉन्च किया जा रहा है। 

इस स्कूटर में 15kW, परमानेंट मैग्नेट, लिक्विड-कूल्ड सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर लगाया गया है, जो 41bhp का पावर और 61Nm का टॉर्क जनरेट करता है। BMW दावा करती है कि इसे एक बार फुल चार्ज करने पर 130km की दूरी तय की जा सकती है। वहीं, इसे फुल चार्ज होने में करीब चार घंटे से थोड़ा अधिक समय लगता है। यह स्कूटर महज 2.6s में 0 से 50kmph की स्पीड पकड़ लेती है। इस स्कूटर की टॉप स्पीड 120 किमी प्रति घंटे है।

यह स्कूटर किसी साइंस-फिक्शन मूवी की तरह दिखता है। इसके चारों तरफ बड़े एप्रन और फ्लैट बॉडी पैनल लगाए गए हैं। इसके सीट का डिजाइन काफी आकर्षक है। इसमें स्टील डबल लूप फ्रेम लगाया गया है। इसमें आपको डिस्क ब्रेक और ABS मानक मिलेंगे।

इसके साथ ही इसमें कनेक्टिविटी और नेविगेशन के साथ 10.25 इंच का TFT डिस्प्ले भी दिया गया है। फोन को चार्ज करने के लिए USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है। इसमें डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ ही तीन राइड मोड- इको, रेन और रोड मोड दिए गए हैं।

BMW CE 04 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10 लाख रूपये के आस-पास रहने वाली है। वहीं, यह स्कूटर लॉन्च होने के तुरंत बाद से ही डिलीवरी के लिए उपलब्ध रहेगी।