तीन राज्यों में मिली चुनावी जीत के बाद भाजपा का उत्साह चरम पर हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। बिलासपुर में जेपी नड्डा के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया था। इस समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि 3 राज्यों की हमारी इस जीत ने तथाकथित राजनीति पंडितों को भी स्तब्ध किया है। क्योंकि वो राजनीति के गणित को पहचान नहीं पाते, राजनीति की गहराइयों को जान नहीं पाते। वो समझ नहीं पाते कि ये कैसे हो गया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने हर घर तक नल से जल पहुंचाया है। मुझे खुशी है कि नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने मुझे स्वास्थ्य मंत्री बनाया। जेपी नड्डा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक के माध्यम से महिलाओं को 33% आरक्षण देने का काम मोदी जी ने किया है।नड्डा ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति करने के अर्थ बदल चुके हैं। कांग्रेस के लोग इसे जल्दी समझ लें, तो अच्छा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने राजनीति की संस्कृति बदल दी है। मोदी जी ने कहा है कि जो कहा था, वो किया है और जो नहीं कहा था, वो भी करके दिया है।
महिला को निर्वस्त्र घुमाने के मामले की नड्डा ने की निंदा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के बेलगावी में आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना की निंदा की है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है, तब से महिलाओं के साथ होने वाले जघन्य अपराध बढ़ गया है और यह अब रोजाना हो रहा है। नड्डा ने कहा कि यह कांग्रेस के गैरजिम्मेदाराना व्यवहार को दर्शाता है।कर्नाटक के बेलगवी जिले में महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। दरअसल महिला का बेटा एक लड़की के साथ घर छोड़कर भाग गया था, जिसकी सगाई किसी और से होने वाली थी। इस कृत्य के बारे में पता चलने पर लड़की के परिवार के सदस्यों ने न्यू वंतामुरी गांव में उसके घर पर हमला किया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वे उसकी मां को घसीटकर ले गए। उसे निर्वस्त्र घुमाया और बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था।मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन लोगों ने यह अपराध किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। राज्य गृह मंत्री जी परमेश्व ने इलाके का दौरा करने वाले गृह मंत्री जी परमेश्वर ने घटना को अमानवीय करार दिया। कर्नाटक हाईकोर्ट ने बेलगावी में महिला को नग्न कराकर परेड कराए जाने की घटना पर नाराजगी प्रकट की है। अदालत ने सवाल किया कि क्या समाज 17वीं सदी में वापस जा रहा है? अदालत ने महिला आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस की रग-रग में भ्रष्टाचार : नड्डा
झारखण्ड से कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों पर मिली करोड़ों की नकदी पर तमाम नेताओं ने प्रतिक्रिया दी। जहां एक तरफ कांग्रेस इस मुद्दे से अपना पलड़ा झाड़ने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा इस मुद्दे को पूरे तरीके से भुनाने में लगी हुई है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच कांग्रेस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद के घर में मिले करोड़ों की नकदी का सोनिया गांधी, राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि आखिर ये पैसा किसका है और कैसे लूटा गया।
जेपी नड्डा ने कहा यह जीता-जागता सबूत है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के जरिए लोगों की गाढ़ी कमाई जमा की है। हम चाहते हैं कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के जरिए जमा किए गए इस लूट के पैसे पर जवाब दें। वहीं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अपराधीकरण के लिए जानी जाती है। भ्रष्टाचार और कदाचार ही कांग्रेस की रीति और नीति है।
भाजपा ने गरीबों का किया उत्थान : नड्डा
राजस्थान में चुनाव प्रचार जोरों पर है। दौसा जिला की महुवा विधानसभा में आयोजित जनसभा को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित किया। उन्होंन कहा कि हमारा मकसद केवल किसी को विधायक बनाना नहीं है। बल्कि हमारा मकसद है इनके माध्यम से दौसा का विकास हो और यहां के विधायक आपकी आवाज बनें।नड्डा ने कहा कि मैं यहां के युवाओं, महिलाओं और यहां की जनता में जो उत्साह देख रहा हूं, उससे स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की जीत तय है। अगले 5 सालों में सिकराय की तकदीर और तस्वीर बदले और विकास के पथ पर चले, यही हमारा मकसद है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अंधेरा लाती है। वहीं भाजपा सौभाग्य योजना और उजाला योजना के माध्यम से आपको अंधकार से दूर करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपको गरीबी की तरफ धकेलती है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी जी देश की 80 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से मुफ्त राशन देते हैं और साढ़े 13 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालकर विकास की ओर लेकर चलते हैं।
लापता मॉडल पर काम करती है कांग्रेस : नड्डा
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अपने आखिरी चरण में है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज रतलाम जिला की आलोट विधानसभा में आयोजित जनसभा में संबोधन किया। उन्होंने कहा कि 17 तारीख को आप जो निर्णय लेने वाले हैं, वो केवल एक विधायक बनाने के लिए नहीं बल्कि आपको अपने भविष्य का निर्णय लेना है।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस का एक मॉडल है- वो है लापता मॉडल। सड़क लापता, बिजली लापता, आवास योजना लापता, घर-घर पानी लापता और विकास तो पूरी तरह लापता। नड्डा ने लोगों से कहा कि आप कांग्रेस को पहचान लीजिए, ये नए नए भेष में आते हैं। कांग्रेस का मतलब है – भ्रष्टाचार, अनाचार, व्यभिचार, विकास विहीन समाज, विनाशकारी नीति और परिवारवाद।उन्होंने कहा कि आज मुझे खुशी है कि मध्य प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि बेमिसाल राज्य बन गया है और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नीति परिवर्तन और जमीन पर काम करके हमारी भाजपा सरकार ने यहां भरपूर काम किया है। उन्होंने कहा कि इन्होंने अपने 15 महीने की सरकार में शिवराज जी की संबल योजना को रोक दिया था। लेकिन असंगठित मजदूरों को संबल देने की इस योजना को 600 करोड़ रुपये देकर शिवराज जी ने फिर से प्रारंभ किया है।
कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू : नड्डा
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार जोरो पर है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज जशपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास तब-तब हुआ है, जब यहां भाजपा की सरकार आई है।नड्डा ने कांग्रेस का मतलब बताते हुए कहा कि लूट, भ्रष्टाचार, अत्याचार, धोखा, अनाचार और विनाशकारी नीति और परिवारवाद है। उनकी सरकार में यहां 2 हजार करोड़ से ज्यादा का शराब घोटाला हुआ, चावल घोटाला, कोयला घोटाला, गौठान घोटाला और न जाने कितने घोटाले हुए। भूपेश बघेल ने तो गौठान घोटाले के रूप में गोबर का भी घोटाला कर दिया।
उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी ओर मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। आज देश विश्व में 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है।
विकास के लिए बंगाल की भूमि में राक्षसी शक्तियां नष्ट हो: जेपी नड्डा
बीजेपी के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य में पहुंचे. महासप्तमी की सुबह शहर आते हुए वह सबसे पहले हावड़ा शहर में एक पूजा में गए . फिर शोभाबाजार राजबाड़ी गए और अंत में कोलकाता में एक और पूजा की। मध्य कोलकाता के एक पूजा मंडप में पहुंचे जेपी नड्डा ने कहा कि मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि वह शुभ शक्ति के हाथों में शक्ति लाएं।
शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे और सबसे पहले हावड़ा के बेलिलियस रोड पर एक पूजा में गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, विपक्षी नेता शुभेदु अधिकारी, राहुल सिन्हा और अन्य भी उपस्थित थे। राजनीति की बात करते हुए बीजेपी के अखिल भारतीय अध्यक्ष नड्डा ने इस दिन तृणमूल पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रमित हैं. अपने होश में वापस आओ. बंगाल में अच्छी शक्ति के हाथ में सत्ता आये. बुरी ऊर्जा का अंत हो और अच्छी ऊर्जा का उदय हो.’ उन्होंने कहा कि आइए सब का साथ, सब का विकास, सब का विश्वास, सब का प्रयास से प्रदेश को आगे बढ़ाएं। मां दुर्गा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली आसुरी शक्ति को परास्त करने की शक्ति दें. कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री ने पूजा उद्घाटन समारोह के मंच से राजनीतिक संदेश देते हुए राज्य में बदलाव का आह्वान किया था, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई बात नहीं की. कोलकाता में एक पूजा उद्घाटन पर राजनीति. नड्डा ने उसी शाह की राह पर चलते हुए पूजा मंडप में जाकर मंच पर बोलने के लिए खड़े हुए.
आज कोलकाता के पूजा पंडालों का परिदर्शन करेंगे जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा शनिवार 21 अक्तूबर को हावड़ा में रहेंगे. पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वह सुबह 11 बजे दमदम नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष विमान से उतरेंगे. इसके बाद वह सीधे एयरपोर्ट से हावड़ा के बेलिलियस रोड में दुर्गापूजा मंडप में जायेंगे. वहां से दोपहर 12.30 बजे कोलकाता आकर शोभाबाजार राजबाड़ी में जायेंगे. वहां से दोपहर एक बजे न्यू मार्केट में स्थित एक पूजा मंडप में पहुंचेंगे. दोपहर को 1.40 बजे एक पांच सितारा होटल में कुछ समय के लिए ठहरेंगे. इसके बाद दोपहर 2.40 बजे वापस कोलकाता एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे. वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
पार्टी नेताओं के लिए आम लोगों के साथ बातचीत करने का एक महत्वपूर्ण मौका है. उन्होंने कहा कि वास्तव में, केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी के राज्य नेताओं को अधिक से अधिक दुर्गापूजा मंडपों से जुड़ने का निर्देश दिया है.
दुर्गा पूजा में अमित शाह की जगह बंगाल के दौरे पर आएंगे जेपी नड्डा
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दुर्गा पूजा में भागीदारी के जरिए भाजपा जनसंपर्क भी बढ़ाना चाहती है। दरअसल, बंगाल में दुर्गा पूजा के आयोजन में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं व मंत्रियों की विशेष उपस्थिति के मद्देनजर भाजपा इसमें पीछे नहीं रहना चाहती है। पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में व्यस्तता के बीच बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य के दौरे पर आएंगे। नड्डा कोलकाता में कुछ पूजा पंडालों का उद्घाटन करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा का प्रदेश नेतृत्व शुरू में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दुर्गा पूजा के दौरान राज्य में लाना चाहता था, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। अंतत: यह तय हुआ है कि नड्डा आएंगे।
जनता कभी भी वंशवादी पार्टियों का नहीं करेगी समर्थन: जेपी नड्डा
हमारे देश की जनता कभी भी वंशवादी पार्टियों का समर्थन नहीं करेगी. भारत का लोकतंत्र किसी परिवार विशेष का अधीन नहीं हो सकता. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तेलंगाना बीजेपी राज्य परिषद की बैठक के उद्घाटन समारोह के अवसर पर कांग्रेस और केसीआर पर हमला बोला. यह कार्यक्रम तेलंगाना राज्य के मेडचल-मलकाजीगिरी जिले में आयोजित किया गया था.
उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता क्षेत्रीय और राष्ट्रीय समस्याओं का समाधान प्रदान करने में सक्षम होने के साथ-साथ देश की प्रगति के प्रति उत्साहित हैं. आज बीजेपी अपने वास्तविक स्वरूप में एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने अपने देश के समग्र विकास का आश्वासन दिया है और हम तेलंगाना के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दृष्टि से उनके बीच जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता गर्व से कह सकता है कि बीजेपी क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर विकास के लिए समाधान प्रदान करती है. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाया है.


