गरीबों समेत 140 करोड़ लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है : अमित

Amit Shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में गरीबों सहित 140 करोड़ लोगों को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं और उन्होंने इसके लिए समर्पण के साथ काम किया है। शाह यहां ‘पीएम स्वनिधि’ योजना के लाभार्थियों की एक सभा को संबोधित कर रहे थे। यह योजना रेहड़ी-पटरी वालों को आसान ऋण दिलाने में मदद करती है।शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया है और वह देश को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रक्षा, सभी प्रकार के व्यवसायों तथा अन्य क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी सभी गरीबों सहित 140 करोड़ लोगों को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और विकास के अलावा, प्रधानमंत्री ने 60 करोड़ गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम किया है।गृह मंत्री ने कहा, मेरे निर्वाचन क्षेत्र (गुजरात में गांधीनगर) में 1.5 लाख से अधिक लोगों ने पीएम-स्वनिधि योजना का लाभ उठाया है, जिसके तहत बिना किसी गारंटी के छोटे व्यवसाय और हाथ गाड़ियां चलाने वालों को वित्तीय सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की गई योजनाओं के परिणामस्वरूप देश में गरीब लोग अब आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं। शाह अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर हैं, जहां उनका विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी एवं रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं तथा साथ ही उनका लक्ष्य गरीब लोगों को भी आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में गरीब लोगों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है।

भाजपा ने गरीबों का किया उत्थान : नड्डा

राजस्थान में चुनाव प्रचार जोरों पर है। दौसा जिला की महुवा विधानसभा में आयोजित जनसभा को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित किया। उन्होंन कहा कि हमारा मकसद केवल किसी को विधायक बनाना नहीं है। बल्कि हमारा मकसद है इनके माध्यम से दौसा का विकास हो और यहां के विधायक आपकी आवाज बनें।नड्डा ने कहा कि मैं यहां के युवाओं, महिलाओं और यहां की जनता में जो उत्साह देख रहा हूं, उससे स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की जीत तय है। अगले 5 सालों में सिकराय की तकदीर और तस्वीर बदले और विकास के पथ पर चले, यही हमारा मकसद है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अंधेरा लाती है। वहीं भाजपा सौभाग्य योजना और उजाला योजना के माध्यम से आपको अंधकार से दूर करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपको गरीबी की तरफ धकेलती है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी जी देश की 80 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से मुफ्त राशन देते हैं और साढ़े 13 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालकर विकास की ओर लेकर चलते हैं।

कांग्रेस का इतिहास गरीबों से झूठ बोलने का रहा : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के सीधी में जोरदार प्रचार किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र में हमसे पहले 10 वर्ष तक कांग्रेस ने सरकार चलाई। लेकिन उसमें उसने गरीब और मध्यम वर्ग को लूटने का ही काम किया था।नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं के जो भी लाभार्थी हैं, उनमें से अधिकतर हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवार हैं।

कांग्रेस के लंबे शासन काल में सबसे बुरी स्थिति दलित और आदिवासी बस्तियों की ही थी।उन्होंने कहा कि अनेक दशकों तक देश में पंचायत से लेकर संसद तक कांग्रेस का ही झंडा था, कांग्रेस की ही सरकारें थीं। लेकिन आज गिनती के कुछ राज्यों में ही इनकी सरकार बची है।उन्होंने कहा कि टेलीकॉम घोटाला और कोयला घोटाला करके कांग्रेस ने आपके लाखों-करोड़ रुपये लूट लिए। जबकि भाजपा सरकार में वो लाखों करोड़ रुपये के घोटाले बंद हो चुके हैं। जो पैसा घोटालों से हम बचा रहे हैं, वो पैसा हम गरीब और मध्यम वर्ग के हित में लगा रहे हैं।

गरीब को लूटने वालों पर कार्रवाई होकर रहेगी : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगे सट्टेबाजी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। चुनावी राज्य में एक रैली को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ में अपने चुनाव अभियान के लिए अवैध सट्टेबाजी ऑपरेटरों द्वारा लाए गए हवाला धन का उपयोग करने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि मोदी को ये कांग्रेसी दिन रात गालियां देते हैं, हर दिन मैं 2-2.5 किलो गालियां खाता हूं। लेकिन यहां के मुख्यमंत्री देश की जांच एजेंसियों और देश के सुरक्षाबल को भी गाली देने लगे हैं। इन साथियों पर भी आरोप लगा रहे हैं।

मैं अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा कि ये मोदी है गालियों से डरता नहीं है।यह घटनाक्रम प्रवर्तन निदेशालय द्वारा शुक्रवार को दावा किए जाने के बाद आया है कि फोरेंसिक विश्लेषण और ‘कैश कूरियर’ द्वारा दिए गए एक बयान से चौंकाने वाले आरोप लगे हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रमोटरों ने बघेल को लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।