गर्मी से परेशान, पानी पीने कूएं में कूदे 32 बंदरों की दर्दनाक मौत

रांची : झारखंड के पलामू जिले में भीषण गर्मी के बीच एक सिंचाई कुएं से पानी पीने की कोशिश में 32 जंगली बंदरों की उसमें डूबने से मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना पनकी ब्लॉक के सोरठ गांव में हुई और बंदरों के शव रविवार को मिले, लेकिन अधिकारियों को अब तक घटना की सही तारीख का पता नहीं चल पाया है।

मेदिनीनगर प्रमंडल वन पदाधिकारी (डीएफओ) कुमार आशीष ने बताया, “सोरठ में एक सिंचाई कुएं में कुल 32 जंगली बंदर मृत मिले हैं… शवों को बाहर निकाला गया है।” पूरा क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में है और तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

आशीष ने कहा, “ इलाके में पानी के स्रोत लगभग सूख चुके हैं… जंगली जानवर अपनी प्यास बुझाने के लिए गांवों का रुख कर रहे हैं… ये बंदर पानी पीने की कोशिश में डूब गए।” उन्होंने बताया कि जिस कुएं में बंदर डूबे हैं, उसमें काफी पानी था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। डीएफओ ने बताया कि कुछ दिन पहले चैनपुर जंगल में पानी की तलाश में भटक रहे तीन सियार एक कुएं में मृत मिले थे।

सिलीगुड़ी में कुएं की सफाई के दौरान दो की मौत, एक घायल

सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी महकमा में काफी भयावह हादसा सामने आया है। कुएं की सफाई के दौरान दो लोगों की मौत हो गयी है और एक व्यक्ति घायल हो गया है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में काफी उत्तेजना फैल गयी। आज यह घटना सिलीगुड़ी महकमा परिषद अंतर्गत फांसीदेवा ब्लॉक के घोषपुकुर इलाके के बोमरा लाइन इलाके में घटी।

मालूम हो कि तीन लोग कुएं की सफाई करने के लिए एक घर में स्थित कुएं में घुसे थे. इसके बाद स्थानीय निवासियों को पता चला कि जो लोग कुएं में घुसे है, उनके तरफ से कोई आवाज या प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है. इसके तुरंत बाद यह खबर घोषपुकुर चौकी के पुलिस को दी गई। पुलिस के साथ ही माटीगाड़ा और सिलीगुड़ी से अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

चूंकि कुएं में ऑक्सीजन नहीं था, इसलिए पंखा चलाकर पाइप के माध्यम से कुएं में ऑक्सीजन दी गई । इसके बाद उनमें से एक को होश आया, जिसके बाद उसने दोनों को बांधा और उठाने की कोशिश की. सभी को कुएं से निकला गया और तुरंत फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल ला जाया गया गया. वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृत दोनों युवकों के नाम आशिक टोप्पो (22), विजय कुजूर (24) हैं, वे इसी इलाके के रहने वाले हैं। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जाएगा। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है।