पश्चिम बंगाल की उत्तरी हिस्से में कल तेज बारिश की संभावना

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में 11 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रशासन से स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर बनाये रखने को कहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय मानसून और असम में चक्रवाती परिसंचरण के कारण 11 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि साथ ही कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि 12 और 13 जुलाई को क्षेत्र में बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है। जलपाईगुड़ी जिले के गजलडोबा में मंगलवार सुबह साढ़े बजे तक तक बीते 24 घंटे में राज्य की सबसे अधिक 180 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई।

आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से के अन्य स्थानों में सेवोके (170 मिमी), बक्सादुआर (150 मिमी), नागराकाटा (140 मिमी), जलपाईगुड़ी शहर (130 मिमी) और भूटानघाट (120 मिमी) में काफी अधिक बारिश दर्ज की गई।

दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों पर भूस्खलन हुआ तथा पश्चिम बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 सहित कई सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं मैदानी इलाकों में विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी गयी है।

भीषण गर्मी से दक्षिण बंगाल में हालत पस्त, लोग परेशान

कोलकाता: दक्षिण बंगाल में गर्मी से हाल बेहाल है। जून का महीना लगभग खत्म होने जा रहा है बावूजद दक्षिण बंगाल में तापमान में कोई परिवर्तन नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में अलीपुर मौसम विभाग ने थोड़ी राहत दी है। अगले बुधवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक आज से 2 जुलाई तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। कुछ जिलों में बारिश के साथ-साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अधिकतम हवा की गति 50 किमी प्रति घंटा हो सकती है। वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में भी आंधी तूफान का पूर्वानुमान जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के कारण भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

यहां भी दो जुलाई तक बारिश हो सकती है। गुरुवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिले के बाकी हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 5 दिनों तक पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। अगले 5 दिनों में उत्तर बंगाल के जिलों में भी तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।