नारायणा हॉस्पिटल ने एडवांस मल्टीमोडल थेरेपी से बांग्लादेशी मरीज़ की जान बचाई

कोलकाता: नारायणा हॉस्पिटल, हावड़ा ने दुर्लभ बोन कैंसर ‘युइंग सारकोमा’ के एक मामले का एडवांस मल्टीमोडल थेरेपी से सफल इलाज किया और 41 वर्षीय बांग्लादेशी पुरुष मरीज़ की जान बचाई। पहले बांग्लादेश में मरीज़ के बाएं जांघ की हड्डी (फीमर) में ट्यूमर का निदान किया गया था, जिसके बाद मरीज़ ने विशेष इलाज के लिए नारायणा हॉस्पिटल, हावड़ा में भर्ती लिया। युइंग सारकोमा एक दुर्लभ प्रकार का ट्यूमर है, जो आमतौर पर पैरों, हाथों, छाती, पेल्विस, रीढ़ या खोपड़ी की हड्डियों में बनता है। यह आमतौर पर बच्चों, किशोरों और युवा वयस्कों को प्रभावित करता है।

नारायणा हॉस्पिटल, हावड़ा में भर्ती होने पर मरीज़ की शुरुआती एक्स-रे रिपोर्ट में बाईं जांघ की हड्डी में असामान्यताएं पाई गईं, जिसके बाद MRI स्कैन द्वारा आगे की जांच की गई। स्कैन में पूरे फीमर हड्डी और आस-पास की मांसपेशियों में ट्यूमर की पुष्टि हुई, जो प्रमुख नसों और रक्त वाहिकाओं के निकट था। बायोप्सी से पुष्टि हुई कि मरीज़ युइंग सारकोमा से पीड़ित था, जो एक प्रकार का घातक बोन ट्यूमर है।

आगे की जाँच में PET CT स्कैन द्वारा पता चला कि कैंसर केवल जांघ तक सीमित था और शरीर के अन्य हिस्सों में नहीं फैला था, यानी यह गैर-मैस्टास्टेटिक था। मरीज़ को युइंग सारकोमा के लिए इंडक्शन कीमोथेरेपी दी गई। कीमोथेरेपी के बाद किए गए स्कैन से पता चला कि कैंसर ने आंशिक रूप से इलाज का जवाब दिया था।

नारायणा हॉस्पिटल हावड़ा के ऑर्थो ऑन्कोलॉजिस्ट कंसल्टेंट, डॉ. निशित गुप्ता ने कहा, “जब मरीज़ की प्रारंभिक जांच की गई, तो ट्यूमर ने जांघ की हड्डी को कूल्हे से लेकर घुटने तक प्रभावित कर रखा था। पूर्व-ऑपरेटिव कार्यों के आधार पर हमने कीमोथेरेपी, सर्जिकल प्रक्रिया और रेडियोथेरेपी का संयोजन करके एक प्रबंधन योजना बनाई।”

“इलाज के दौरान हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, खासकर जब कीमोथेरेपी का प्रभाव आंशिक रहा और ट्यूमर नसों और प्रमुख रक्त वाहिकाओं के बेहद करीब था। मरीज़ की पूरी जांघ की हड्डी (फीमर) और आसपास की मांसपेशियों को हटाने के लिए सर्जरी की गई। उसके बाद हड्डी को एक मेगा प्रोस्थेसिस से बदल दिया गया, जो उसकी कूल्हे और घुटने की हड्डियों को बदलने में सक्षम था,” डॉ. निशित गुप्ता ने बताया।

सर्जरी के बाद, मरीज़ ने शारीरिक क्षमता और ताकत को पुनः प्राप्त करने के लिए कड़ी फिजियोथेरेपी सत्रों में भाग लिया। “सर्जरी के बाद मरीज़ की प्रगति देखकर हम बहुत उत्साहित हैं। मरीज़ ने रेडिएशन थेरेपी पूरी कर ली है और अब वह अपनी कीमोथेरेपी के अंतिम चरण में है,” ऑर्थोपेडिक ऑन्कोलॉजिस्ट ने कहा।

बांग्लादेश से आने वाले कई मरीज़ों के लिए इस तरह की जीवनरक्षक उपचार प्रक्रिया नारायणा हेल्थ की विश्व स्तरीय सुविधाओं और विशेषज्ञता का प्रमाण है, जो मध्य पूर्व, अफ्रीका और CIS देशों से लेकर बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और कई अन्य पड़ोसी देशों के मरीज़ों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन चुका है।

नारायणा हॉस्पिटल, हावड़ा के फैसिलिटी डायरेक्टर, श्री तपन घोष ने कहा, “यह सफल इलाज हमारे अस्पताल की अत्याधुनिक देखभाल प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हमारी टीम की विशेषज्ञता और समर्पण ने इस जटिल मामले को प्रभावी ढंग से इलाज करना संभव बनाया, और हमें गर्व है कि हम अपने मरीज़ों को इतने उन्नत चिकित्सा समाधान प्रदान कर सकते हैं।”

शानदार सफर का नया दौर: ऑल-न्यू टीवीएस जूपिटर 110 – बेजोड़ डिजाइन, जबरदस्त परफॉर्मेंस, सुविधा के साथ पूरा आराम

• इनफिनिटी लाइट बार, प्रीमियम पियानो ब्लैक कंट्रास्ट पैनल और तराशा हुआ आधुनिक नया डिजाइन
• न्यू जनरेशन हल्का वजन, कॉम्पैक्ट और फ्यूचरिस्टिक इंजन, आईगो असिस्ट से सुसज्जित है और ऑन-डिमांड टॉर्क और बेहतर ईंधन-दक्षता प्रदान करता है
• अपने आप में पहली बार या अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फैसिलिटी का अम्बार, जिनसे आपका अनुभव होता है शानदार:
o डुअल हेलमेट अंडर-सीट स्टोरेज, फ्रंट फ्यूल फिलिंग और विशाल फ्लोरबोर्ड स्पेस
o रोटोपेटल डिस्क ब्रेक के साथ बेहतर ब्रेकिंग, टर्न सिग्नल लैंप रेस्ट, इमरजेंसी ब्रेक वार्निंग, हैजर्ड लैंप और अधिक सुरक्षा के लिए मेटलमैक्स बॉडी
o अधिक सवारी हैंडलिंग और आराम के लिए सबसे लंबी सीट के साथ बॉडी बैलेंस 2.0
o ‘फाइंड मी’ फीचर, ‘फॉलो मी हेडलैंप’, अतिरिक्त सुविधा के लिए सिम्पल ऑटो कैंसलेशन टीएसएल
o टीवीएस स्मार्टएक्सओनेट कॉल, एमएमएस, नेविगेशन के साथ ब्लूटूथ सक्षम क्लस्टर वॉयस असिस्ट
o टंकी खाली होने तक की दूरी का चलता है पता, रियल टाइम फ्यूल एफिशिएंसी और एवरेज फ्यूल एफिशिएंसी पता चलने से मिलती है मन की शांति। इसके साथ ही और भी कई खूबियां।

कोलकाता: टूव्हीलर और थ्रीव्हीलर बनाने में दुनिया की नामी कंपनियों में से एक टीवीएस मोटर कंपनी (टीवीएसएम) ने आज ऑल-न्यू टीवीएस जूपिटर 110 लॉन्च किया है। यह स्कूटर नेक्स्ट जनरेशन के इंजन और भविष्य के लिहाज से सेगमेंट में पहली बार पेश किए गए कई फीचर्स से लैस है। ऑल-न्यू टीवीएस जूपिटर 110 ‘ज्यादा’ के सार को दर्शाता है – ज़्यादा स्टाइल, माइलेज, प्रदर्शन, आराम, सुविधा, सुरक्षा और तकनीक।

टीवीएस जूपिटर एक अटूट साथी के रूप में अपने 65 लाख ग्राहकों की कई तरह की जरूरतों को लगातार पूरा करता आया है। .

ऑल-न्यू टीवीएस जूपिटर 110 के लॉन्च पर बोलते हुए टीवीएस मोटर कंपनी के निदेशक और सीईओ श्री के.एन. राधाकृष्णन ने कहा, ‘नया टीवीएस जुपिटर 110 ग्राहकों की अपेक्षाओं, इंजीनियरिंग, तकनीक, डिजाइन और एर्गोनॉमिक्स पर निवेश करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है; यह समय से बहुत बहुत आगे की चीज है। हमने टीवीएसएम शोरूम में ग्राहक अनुभव की गुणवत्ता को भी अपग्रेड किया है और नया टीवीएस जूपिटर 110 एक्सपीरियंस के इस पूरे पैकेज को आगे ले जाता है। हमें विश्वास है कि टीवीएस जूपिटर अपने कई फर्स्ट-इन-सेगमेंट फीचर्स के साथ टू-व्हीलर मार्केट में हमारी पोजीशन को और मजबूत करेगा।’

लॉन्च के मौके पर टीवीएस मोटर कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, हेड कम्यूटर बिजनेस और हेड कॉरपोरेट ब्रांड और मीडिया श्री अनिरुद्ध हलधर ने कहा, ‘टीवीएस जुपिटर 110 पिछले एक दशक से टीवीएस मोटर स्कूटर पोर्टफोलियो का अगुवा रहा है। समय के साथ, 65 लाख परिवारों ने इस उत्पाद में अपना विश्वास जताया है, जिससे यह भारत के सबसे बड़े ऑटोमोटिव ब्रांडों में से एक बन गया है। ‘ज्यादा का फायदा के मूल मंत्र को नए सिरे से तैयार किए गए ऑल-न्यू टीवीएस जुपिटर द्वारा और मजबूत किया गया है। मांग पर टॉर्क देने की क्षमता, उपयोग के लिए ज्यादा जगह, बेहतर ईंधन दक्षता, आज के जमाने का डिजाइन, स्कूटर को अपनी श्रेणी में अलग बनाता है। हमारी यह नई पेशकश ग्राहकों को खुश रखना जारी रखेगी टीवीएस जूपिटर ब्रांड के लिए प्रेम और बढ़ेगा।’

परफॉर्मेंस

टीवीएस जूपिटर 110 में 113.3 सीसी, सिंगल सिलेंडर, 4 स्ट्रोक इंजन है जो 6500 आरपीएम पर 5.9 किलोवाट की पावर और 5,000 आरपीएम पर 9.8 एनएम (आईगो असिस्ट के साथ) और 5,000 आरपीएम पर 9.2 एनएम (असिस्ट के बिना) का टॉर्क उत्पन्न करता है। स्कूटर की नई तकनीक अपने पूर्ववर्ती की तुलना में 10% ज्यादा माइलेज देती है। इसका श्रेय जाता है आईजीओ असिस्ट तकनीक को। इसमें ऑटो स्टार्ट-स्टॉप कार्यक्षमता और आईएसजी (इंटीग्रेटेड स्टार्टर जेनरेटर) के साथ एक बुद्धिमान इग्निशन सिस्टम है जिसका उद्देश्य ओवरटेकिंग और चढ़ाई के दौरान बैटरी से बिजली का उपयोग करके परफॉर्मेंस को बढ़ाना है। यह आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त एक्सीलेटर की सुविधा प्रदान करता है।

उत्कृष्टता की मिसाल

• स्टाइल और जोश: इनफिनिटी लैंप के साथ
• परफॉरमेंस और माइलेज: ऑल—न्यू जूपिटर 110 इंजन और आईगो असिस्ट के साथ जो 10% ज़्यादा माइलेज और बेहतर पिक-अप देता है।
• प्रैक्टिकलिटी और कंफर्ट: फ्रंट फ्यूल फिल, लंबी सीट, ज़्यादा लेग स्पेस और बॉडी बैलेंस टेक्नोलॉजी के साथ
• सेफ्टी और इनोवेशन: डबल हेलमेट स्टोरेज, मेटल मैक्स बॉडी, फॉलो मी हेडलैंप, टर्न सिग्नल लैंप रेस्ट, इमरजेंसी ब्रेक वार्निंग
• टेक्नोलॉजी और फीचर: कॉल और एसएमएस के साथ पूरी तरह से डिजिटल ब्लूटूथ इनेबल्ड क्लस्टर, वॉयस असिस्ट के साथ नेविगेशन, फाइंड माई व्हीकल और कई अन्य फीचर।
• चॉइस : छह खूबसूरत रंगों की रेंज के साथ।

टीवीएस जूपिटर को बेहतरीन आराम और सुविधा के लिए सावधानीपूर्वक डिजाइन किया गया है। इसमें कई सेगमेंट-फर्स्ट सुविधाएं हैं, जिनमें एक बड़ा ग्लव बॉक्स, फ्रंट फ्यूल फिल, एक लंबी सीट, एक ऑल-इन-वन लॉक, एक यूएसबी मोबाइल चार्जर और पेटेंटेड ई-जेड सेंटर स्टैंड शामिल हैं। स्कूटर का एलईडी हेडलैम्प रात में सुरक्षित सफर सुनिश्चित करता है, जबकि मोटरसाइकिल जैसा फ्रंट टेलीस्कोपिक सस्पेंशन और बड़े 90/90-12 इंच के टायर एक सहज और आरामदायक यात्रा की गारंटी देते हैं। वाहन में बॉडी बैलेंस टेक्नोलॉजी 2.0 है, जिसकी वजह से आगे, नीचे और बीच में संतुलन बनाना आसान हो जाता है। फ्यूल टैंक 1,000 मिमी से अधिक स्थानांतरित होता है जिससे सेंटर ऑफ ग्रेविटी (सीओजी) आगे और नीचे हो जाता है, जिससे वाहन को बेहतर स्थिरता मिलती है। बड़े 12 इंच के पहियों और बेहतरीन व्हीलबेस के साथ, ऑल-न्यू टीवीएस जूपिटर 110 तंग ट्रैफिक में बहुत कम गति पर भी संतुलन बनाए रख सकता है।

डिजाइन का दम

टीवीएस जूपिटर 110 को एर्गोनॉमिक्स के साथ डिज़ाइन किया गया है, जिसमें एक अच्छी तरह से सेट हैंडलबार, विशाल फ्लोरबोर्ड और एक सीट की सुलभ ऊंचाई है, जो सभी आकार—प्रकार और जेंडर की सवारी के लिए अधिकतम आराम सुनिश्चित करती है। स्टाइलिश पियानो ब्लैक फ़िनिश और सिग्नेचर इनफिनिटी लाइट्स आधुनिक भारत के साथ विकसित होते सौंदर्य बोध को दर्शाती है। यह स्मार्ट अलर्ट, औसत और रियल टाइम माइलेज इंडिकेटर के साथ पूरी तरह से डिजिटल कलर एलसीडी स्पीडोमीटर से भी सुसज्जित है।

सुरक्षा के मानक

नया टीवीएस जूपिटर 110 स्कूटर पर सबसे बेहतरीन सुरक्षा और सुविधाओं से लैस है, जिसमें शामिल हैं::

• मेटलमैक्स का आश्वासन – मेटल फ्यूल टैंक, फ्रंट फेंडर और साइड पैनल
• डुअल हेलमेट स्पेस
• इमरजेंसी ब्रेक वार्निंग
• टर्न सिग्नल लैंप रीसेट
• फॉलो मी हेडलैंप

इसे कई रोमांचक रंगों के साथ सोच-समझकर तैयार किया गया है – डॉन ब्लू मैट, गैलेक्टिक कॉपर मैट, टाइटेनियम ग्रे मैट, स्टारलाइट ब्लू ग्लॉस, लूनर व्हाइट ग्लॉस और मेट्योर रेड ग्लॉस। 77,200/- रुपए (एक्स-शोरूम, पश्चिम बंगाल) की शुरुआती कीमत पर, यह स्कूटर सभी टीवीएसएम डीलरशिप पर 4 वैरिएंट – ड्रम, ड्रम अलॉय, ड्रम एसएक्ससी और डिस्क एसएक्ससी में उपलब्ध होगा।

छात्रों पर लाठीचार्ज से नाराज BJP ने 12 घंटे बंगाल बंद का किया ऐलान

कोलकाता : भाजपा ने मंगलवार को राज्य सचिवालय नब्बाना तक मार्च में भाग लेने वालों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में 28 अगस्त को पश्चिम बंगाल में 12 घंटे की आम हड़ताल का आह्वान किया है।

पुलिस ने नबान्ना की ओर बढ़ रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियों, आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, जिससे बीजेपी नाराज दिखी। बीजेपी इस महीने की शुरुआत में एक सरकारी अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और हत्या के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, “हमें आम हड़ताल का आह्वान करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है क्योंकि यह निरंकुश शासन लोगों की आवाज़ों को अनसुना कर रहा है, मृतक डॉक्टर बहन के लिए न्याय की मांग कर रहा है। न्याय के बजाय, ममता बनर्जी की पुलिस राज्य के शांतिप्रिय लोगों पर हमला कर रही है, जो केवल महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल चाहते थे।”

पुलिस ने मंगलवार को हावड़ा ब्रिज के पास और कोना एक्सप्रेसवे पर संतरागाछी रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, पानी की बौछारें छोड़ी और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। संतरागाछी में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके जिसमें कई अधिकारियों को चोट आईं, वहीं प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई में भी कई छात्र घायल हो गए।

प्रदर्शनकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक डॉक्टर से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य सचिवालय पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि जब कुछ जगहों पर आंदोलनकारियों ने अवरोधकों को पार करने का प्रयास किया और सुरक्षा कर्मियों पर हमला किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले छोड़े।

इस बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोलकाता और हावड़ा में ‘नबन्ना अभिजन’ रैली में शांतिपूर्ण तरीके से भाग लेने वालों पर ‘बर्बर कार्रवाई’ का सहारा लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर राज्य सरकार द्वारा ‘बर्बरता’ नहीं रोकी गई तो पश्चिम बंगाल को ‘ठप’ कर दिया जाएगा।

रणक्षेत्र बना हावड़ा ब्रिज और संतरागाछी, आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन भीड़ पर काबू

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में पुलिस ने हावड़ा ब्रिज से प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार-हत्या मामले को लेकर आज ‘नबन्ना अभियान’ मार्च का आह्वान किया गया है।

प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड्स को खींचकर हटा दिया। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे गये है। प्रदशर्नकारियों ने बैरिकैड तोड़ दिये है.आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले को लेकर ‘नबान्न अभियान’ मार्च निकालते हुए प्रदर्शनकारी हावड़ा के संतरागाछी में पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए, पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और बैरिकेड्स तोड़ दिए सैकड़ों युवकों ने मंगलवार को शहर में दो स्थानों से ‘नबन्ना अभियान’ शुरू किया जिन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले छोड़े।

अभियान में मुख्य रूप से युवा शामिल हैं जो आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की एक चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं ।

पुलिस ने हावड़ा ब्रिज से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जो आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले को लेकर ‘नवान्न अभियान’ मार्च के तहत यहां आंदोलन कर रहे थे।

ट्रैफिक पुलिस कोलकाता में रात की निगरानी मजबूत करने में जुटी

 कोलकाता :  ट्रैफिक पुलिस कोलकाता में रात की निगरानी मजबूत करने की दिशा में तत्पर है। रात में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक अधिकारियों के लिए गाइडलाइन (एसओपी) जारी की गई है। जो नियम पहले से मौजूद थे, उन्हें गाइडलाइन में फिर से अधिकारियों को याद दिलाया गया है, लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर पुलिस कर्मियों को ये सभी दिशानिर्देश और प्रक्रियाएं क्यों याद दिलानी पड़ती हैं? कई लोगों का मानना ​​है कि आरजी कर की घटना के बाद पैदा हुए हालात में ट्रैफिक पुलिस का यह निर्देश अलग मायने रखता है।

ट्रैफिक पुलिस की रात्रि निगरानी के निर्देश में रात में फेस सर्चिंग पर जोर दिया गया है। हर अधिकारी के पास एक बॉडी कैमरा होता है। कैमरे में यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रात का हर पल रिकॉर्ड हो। अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान हर वक्त अलर्ट रहने को कहा गया है। कोई भी संदिग्ध घटना संज्ञान में आने पर वे आवश्यक कार्रवाई करेंगे। यदि आवश्यक हो, तो लालबाजार नियंत्रण कक्ष को रिपोर्ट करें।

एक अधिकारी रात में वाहनों की तलाशी का प्रभारी होगा। अधिकारी यह देखेगा कि वाहन यातायात नियमों के अनुसार चलाया जा रहा है या नहीं, गति नियंत्रण में है या नहीं, कोई बिना हेलमेट के गाड़ी चला रहा है या नहीं और कार ड्राइवर नशे में है या नहीं। एक अन्य अधिकारी फोर्स के साथ अपने क्षेत्र में गश्त करेंगे।

अस्पतालों, सरकारी संस्थानों, ऊंची इमारतों, शॉपिंग मॉल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था उचित है या नहीं, इसका भी ध्यान रखना चाहिए। अधिकारी कहीं भी कोई संदिग्ध घटना देखेंगे तो इसकी सूचना ट्रैफिक कंट्रोल रूम को देंगे। यदि आवश्यक हो तो संबंधित विभाग के उपायुक्त को भी सूचित किया जाये। रात्रि निगरानी के प्रभारी अधिकारियों को कोई अपराध दिखे तो त्वरित कार्रवाई करें।

कोलकाता में फिर बारिश, जारी हुआ अलर्ट

कोलकाता : महानगर समेत दक्षिण बंगाल में भारी बाारिश का अनुमान है। रविवार की देर रात से ही भारी बारिश शुरू हो गयी है। महानगर, खास कर उत्तर कोलकाता में रात को कई स्थानों पर जलजमाव हो गया। चित्तरंजन एवेन्यू, कालेज स्ट्रीट, ठनठनिया, केशव सेन स्ट्रीट, बड़ाबाजार में जलजमाव की स्थिति थी।
 
दक्षिण कोलकाता के भी कई स्थानें पर बारिश हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से महानगर में बारिश हो रही है। तमाम दावों के बावजूद जलजमाव नहीं रोका जा रहा है। बंगाल की खाड़ी का मूड इन दिनों जल्दी-जल्दी बिगड़ रहा है। कुछ दिनों पहले ही बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से कम दबाव का क्षेत्र बन गया था।
 
इसके चलते पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेज बारिश हुई थी। अब एक बार फिर से बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान जैसी स्थिति बन रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभागने साइक्लोन जैसे हालात को देखते हुए अलर्ट जारी किया है तथा दो दिनों तक भारी वर्षा होने का अनुमान जताया है।
 
मौसम विज्ञान के विशेषज्ञों ने बताया कि दक्षिण बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। आने वाले दिनों में इसके और प्रभावी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि इसके चलते पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और झारखंड में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पाकिस्तान में आतंकी हमला, पहचान पूछकर मारी 23 लोगों को गोली

नई दिल्ली :  पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान में भीषण आतंकी हमला हुआ है। हमलावरों ने बलूचिस्तान में एक बस को रोककर पहले सभी यात्रियों को उतारा और उनकी पहचान पत्र देखी। पहचान पत्र देखने के बाद हमलावरों ने 23 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।

रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना बलूचिस्तान के मूसखेल जिले में हुई। जानकारी के मुताबिक हथियारबंद लोगों ने मुसाखेल के राराशाम जिले के अंतर प्रांतीय राजमार्ग को अवरुद्ध किया। फिर 10 वाहनों में आग भी लगा दी। और एक बस से यात्रियों को उतारकर उनकी पहचान कर के 23 लोगों को गोली मार दी।

मृतकों की पहचान पंजाब प्रांत के निवासियों के रूप में की जा रही है। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने आतंकवाद की इस घटना की कड़ी निंदा की है। अप्रैल में भी इस तरह की एक घटना हुई थी जब आतंकवादियों ने बस से 9 यात्रियों को उतार कर उनके आईडी कार्ड देखकर उन्हें गोली मार दी गई थी।

 

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मनमोहक मेहंदी डिजाइन

कोलकाता :  श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार भारत के हर कोने में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन लोग भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में उपवास रखते हैं, मंदिरों में झांकियां सजाते हैं और पूजा करते हैं। महिलाएं और लड़कियां मेहंदी भी लगाती हैं, जो इस त्यौहार को और भी खास बना देती है। अगर आप भी जन्माष्टमी के मौके पर मेहंदी लगाने की सोच रही हैं, तो यहां हम कुछ आकर्षक और आसान मेहंदी डिज़ाइनों  है।

जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण की जोड़ी को मेहंदी में उतारना एक बेहतरीन आइडिया है. आप अपने हाथ की हथेली पर या फिर हाथ के पिछले हिस्से पर राधा और कृष्ण की आकृति बना सकती हैं. राधा-कृष्ण की आकृति के साथ आप कुछ फूल और पत्तियों का डिज़ाइन भी जोड़ सकती हैं

फूलों वाली बेल का डिज़ाइन सबसे अच्छा रहेगा. इसमें आप अपने हाथ पर एक लंबी बेल बनाएं, जिसमें छोटे-छोटे फूलों को जोड़ें. इस डिज़ाइन को आप हथेली से शुरू करके उंगलियों तक फैला सकती हैं. यह डिज़ाइन देखने में बहुत ही प्यारा लगता है.

भगवान श्रीकृष्ण के सिर पर जो मुकुट होता है, उसमें मोर पंख को खास महत्व दिया जाता है. आप मेहंदी में भी इस पंख का डिज़ाइन बना सकती हैं. इस डिज़ाइन को बनाने के बाद आपका मेहंदी का लुक और भी ज्यादा खास और जन्माष्टमी के अनुकूल लगेगा.

गोल टिक्की वाला डिज़ाइन सबसे पुराने और पारंपरिक मेहंदी डिज़ाइनों में से एक है. इसमें हथेली के बीच में एक बड़ा गोल डिज़ाइन बनता है और उसके चारों ओर छोटे-छोटे डिज़ाइन जोड़े जाते हैं. यह डिज़ाइन बनाने में काफी सरल है और इसे आप कुछ ही मिनटों में बना सकती हैं.

भगवान कृष्ण का जन्म मंदिर में मटकी फोड़ने की लीलाओं के साथ जुड़ा हुआ है. आप अपनी मेहंदी में छोटे-छोटे मंदिर और मटकी का डिज़ाइन जोड़ सकती हैं. ये डिज़ाइन बहुत ही आकर्षक और अनोखा लगेगा.

बांग्लादेश ने रावलपिंडी में पाकिस्तान को उसी के घर में हराया

नई दिल्ली :  बांग्लादेश ने रावलपिंडी में इतिहास रच दिया है। उसने पाकिस्तान को उसी के घर में हरा दिया। बांग्लादेश ने टेस्ट सीरीज का पहला मैच 10 विकेट से जीत लिया। पाकिस्तान ने 448 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी थी। इसके बाद टीम दूसरी पारी में 146 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में बांग्लादेश ने पहली पारी में 565 रन बनाए। वहीं दूसरी पारी में बिना एक भी विकेट गंवाए 30 रन बनाकर मैच जीत लिया।

बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान को टेस्ट में उसी के घर में 10 विकेट से हराने वाली पहली टीम बन गई है। नजमुल हुसैन शंटो की कप्तानी वाली बांग्लादेश टीम ने रावलपिंडी में शानदार प्रदर्शन किया है। रहीम ने टीम के लिए सबसे अहम पारी खेली। उन्होंने 191 रन बनाए।

पाकिस्तान ने पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान के साथ 448 रन बनाए थे. टीम ने इसके बाद पारी घोषित कर दी थी। उसके लिए मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने शतकीय पारी खेली। रिजवान ने 239 गेंदों में नाबाद 171 रन बनाए. उन्होंने 11 चौके और 3 छक्के लगाए। शकील ने 141 रनों की पारी खेली. उन्होंने 9 चौके लगाए। सैम अयूब ने 56 रनों का योगदान दिया। बाबर आजम कुछ खास नहीं कर सके. वे जीरो पर आउट हो गए थे।

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। उसने पहली पारी में ऑल आउट होने तक 565 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए मुशफिकुर रहीम ने 191 रनों की पारी खेली। उन्होंने 341 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौके और 1 छक्का लगाया। इससे पहले सदमन इस्लाम ने 93 रनों की दमदार पारी खेली। इस्लाम ने 12 चौके लगाए। लिटन दास ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 78 गेंदों का सामना करते हुए 56 रन बनाए। उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया। मेहदी हसन मिराज ने 77 रनों की पारी खेली. मोमिनुल हक ने 50 रनों का योगदान दिया।

पाकिस्तान का दूसरी पारी में बेहद खराब प्रदर्शन देखने को मिला। मोहम्मद रिजवान के अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चला। रिजवान ने 80 गेंदों में 51 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके लगाए। शफीक ने बतौर ओपनर 37 रन बनाए। उन्होंने 3 चौके लगाए। सैम अयूब 1 रन बनाकर आउट हुए। बाबर आजम 22 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 3 चौके लगाए। सऊद शकील जीरो पर आउट हुए।

बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए मैच जीत लिया। उसके लिए जाकिर हसन ने नाबाद 15 रन और सदमन ने नाबाद 9 रन बनाए। बांग्लादेश ने इस जीत के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

CBI ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज की वित्तीय घोटाले की जांच की तेज

कोलकाता: रविवार की सुबह सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष सहित कई जगहों पर छापेमारी की। सीबीआई की टीमें बेलियाघाटा, टाला, केस्टोपुर और हावड़ा सहित शहर और जिले के कई स्थानों पर छापेमारी करने निकलीं। इन छापों का मुख्य उद्देश्य आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हो रहे वित्तीय घोटाले की जांच करना है, जिसमें कई महत्वपूर्ण नाम सामने आ रहे हैं।

• संदीप घोष के घर पर छापा: सीबीआई की एक टीम संदीप घोष के बेलियाघाटा स्थित घर पहुंची, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सीबीआई ने यहां घोटाले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
• कई स्थानों पर छापेमारी: सीबीआई ने बेलियाघाटा से लेकर हावड़ा तक कई घरों और ऑफिसों में छापेमारी की। इन सभी स्थानों पर केंद्रीय बलों के जवानों ने सुरक्षा की देखरेख की।
• आरजी कर मेडिकल कॉलेज में छापेमारी: सीबीआई की एक टीम आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में भी पहुंची, जहां उन्होंने गहन जांच की। उन्होंने कॉलेज के नए प्रिंसिपल मानसकुमार बंधोपाध्याय और सुपर सप्तर्षि चट्टोपाध्याय से भी बातचीत की।
• महिला डॉक्टर की हत्या और वित्तीय घोटाला: 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर की हत्या की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। इसके साथ ही, तीन वर्षों से अधिक समय से अस्पताल में हो रहे वित्तीय घोटाले की जांच भी तेज हो गई है।
• सीबीआई को जांच की जिम्मेदारी: पहले इस घोटाले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था, लेकिन कोलकाता हाई कोर्ट के निर्देश पर यह जांच सीबीआई को सौंपी गई।

सीबीआई अब इस वित्तीय घोटाले के पूरे चक्र को उजागर करने के लिए जोर-शोर से काम कर रही है, जिससे इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।

जमीन के नीचे से मिला 100 साल पुराना प्रेम पत्र, टूटी फर्श के नीचे मिला ‘अफेयर’ का लव लेटर

नई दिल्ली :  कई बार पुराने घरों की सफाई करते समय कुछ ऐसा मिल जाता है जो वर्षों से छिपा होता है, जैसे कोई खजाना या कोई पुराना रहस्य। हाल ही में ब्रिटेन के एक परिवार के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ। 48 वर्षीय डॉन कॉर्न्स ने बताया कि जब वह अपने 14 साल के बेटे लोकस के साथ घर की सफाई कर रही थीं, तो अचानक 55 इंच का टीवी जमीन पर गिर गया।

इससे वहां की कुछ टाइल्स टूट गईं, लेकिन उन टाइल्स के नीचे उन्हें एक ऐसा खजाना मिला जो चौंकाने वाला था। दरअसल, यह एक बहुत पुराना प्रेम पत्र था जिसे रोनाल्ड हैबगूड नाम के व्यक्ति ने एक शादीशुदा महिला को लिखा था। इस पत्र में उनके गुप्त संबंधों का जिक्र था।

डॉन ने इस पत्र को एक फेसबुक ग्रुप में साझा किया, जहां लोग इसे समझने की कोशिश करने लगे। पत्र में लिखा था, “मेरी प्यारी डार्लिंग, क्या तुम हर सुबह आकर मुझसे मिलने की कोशिश करोगी? लेकिन किसी को मत बताना। यह हमारा राज रहना चाहिए क्योंकि तुम एक शादीशुदा महिला हो और अगर किसी को पता चला कि तुम मुझसे मिल रही हो तो मुश्किल हो जाएगी. मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं. अगर तुम आधी रात को फुलवुड ट्राम कॉर्नर पर मुझसे मिल सकती हो तो हर दिन मिलो। मैं तुमसे मिलने का इंतजार कर रहा हूं, तुम्हारा अपना, रोनाल्ड।”

इस पत्र पर कोई तारीख नहीं थी, लेकिन डॉन को बताया गया था कि उनका घर 1917 में बनाया गया था। हालांकि, वह पिछले मई में ही यहां आई थीं, इसलिए वह पहले के निवासियों के बारे में ज्यादा नहीं जानतीं। ऑनलाइन डिकोडर्स ने पत्र की लिखावट और कागज के आकार के आधार पर अनुमान लगाया कि यह पत्र 1920 के दशक का हो सकता है, यानी लगभग 100 साल पुराना।

पत्र में ट्रामों का जिक्र था, जो 80 साल पहले उस शहर में चलना बंद हो गई थीं। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पत्र को लेकर काफी दिलचस्पी दिखाई। कुछ लोगों ने ऑनलाइन आर्काइव के माध्यम से रोनाल्ड का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। फेसबुक पर इस पोस्ट पर लोगों ने कई टिप्पणियां कीं। एक यूजर ने लिखा, “देखिए, आपके घर में इतिहास का कितना महत्वपूर्ण टुकड़ा छुपा था।” वहीं, एक अन्य ने कहा, “यह अब तक की मेरी सबसे पसंदीदा पोस्ट है।”

पीएम मोदी ने कहा- महिला अपराधों पर बना रहे हैं सख्त कानून

मुंबई : महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदी सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब मैं लोकसभा चुनाव के दौरान आपके पास आया था, तो मैंने वादा किया था कि हम 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाएंगे। मैंने अपना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना न केवल महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को सशक्त बनाने के लिए भी है। भारत की नारी शक्ति ने हमेशा समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में अहम योगदान दिया है। आज जब हमारा देश विकसित बनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है, तो एक बार फिर हमारी नारी शक्ति आगे आ रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जलगांव में कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए जो काम 10 साल में किया है वह आजादी के बाद से कोई सरकार नहीं कर पाई। महिला स्वयं सहायता समूहों को 2014 तक 25,000 करोड़ रुपये से कम ऋण दिया गया जबकि पिछले 10 वर्षों में उन्हें नौ लाख करोड़ रुपये दिए गए।

कोलकाता में हुई घटना के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को कड़ी सजा दिलाने के लिए कानूनों को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए कानूनों में नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों के लिए मृत्युदंड और आजीवन कारावास का प्रावधान किया गया है। बेटियों के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी के कई मामले सामने आए हैं. पहले इसके लिए कोई स्पष्ट कानून नहीं था। अब भारतीय न्याय संहिता में शादी के झूठे वादे और धोखे को भी स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार रोकने के लिए केंद्र सरकार हर तरह से राज्य सरकारों के साथ है. प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि हमें भारतीय समाज से इस मानसिकता को खत्म करना ही होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के जलगांव में ‘लखपति दीदियों’ से बातचीत की. ‘लखपति दीदी’ स्वयं सहायता समूहों की उन महिलाओं को कहा जाता है जो सालाना एक लाख रुपये कमातीं हैं। प्रधानमंत्री ने 11 लाख नई लखपति दीदियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। जलगांव में महिलाओं के एक समूह ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने कुछ स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सदस्यों से बात की।

बोधना होम के नव-निर्मित भवन का शुभारंभ

कोलकाता : विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए बोधना होम के नव-निर्मित भवन का उद्घाटन हुआ। इस शुभ अवसर पर न्यायमूर्ति  श्यामल कुमार सेन, पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश तथा ब्रह्मानंद अग्रवाल, मिनू प्राइम साड़ी के प्रबंध निदेशक और ममराज जयत्री फाउंडेशन के अध्यक्ष ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

ममराज जयत्री फाउंडेशन और मिनू प्राइम साड़ी ने इस नवीनीकरण कार्य को प्रायोजित किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए सुविधाओं के विकास और सुधार के प्रति प्रतिबद्ध हैं। नव-निर्मित बोधना होम अब अपने निवासियों के लिए एक अधिक आरामदायक और बेहतर वातावरण प्रदान करता है। 

न्यायमूर्ति श्यामल कुमार सेन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “इस महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। बोधना होम का नवीनीकरण इन विशेष बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसी पहल न केवल उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाती है, बल्कि सामुदायिक समर्थन और सहानुभूति की भावना को भी प्रोत्साहित करती है।” 

ब्रह्मानंद अग्रवाल ने इस परियोजना के प्रति अपने उत्साह को व्यक्त करते हुए कहा, “हम बोधना होम के नवीनीकरण में योगदान देकर गर्व महसूस करते हैं। हमारा उद्देश्य इन बच्चों के लिए एक बेहतर जीवन पर्यावरण प्रदान करना है, ताकि उन्हें वह देखभाल और समर्थन मिल सके जिसके वे हकदार हैं। यह नवीनीकरण हमारी सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”

इस समारोह में विभिन्न गणमान्य व्यक्ति और समुदाय के सदस्य उपस्थित थे, जिन्होंने विशेष रूप से सक्षम बच्चों के जीवन को समर्थन और विकास देने के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में ऐसे महत्वपूर्ण सामुदायिक पहलों में निरंतर समर्थन और निवेश के महत्व को रेखांकित किया गया।

मुंबई से हैदराबाद जा रहा निजी हेलीकॉप्टर पुणे में क्रैश

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश के बीच शनिवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत चार लोग घायल हो गए। यह हेलीकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जा रहा था। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक सभी चारों यात्री सुरक्षित हैं।  रिपोर्ट के मुताबिक, एक निजी एविएशन कंपनी का एक निजी हेलिकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जाते समय पुणे जिले के पौड गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में चार यात्री सवार थे।

पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी पंकज देशमुख के अनुसार, पायलट को चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य यात्री स्थिर हैं। अधिकारी फिलहाल स्थिति का आकलन कर रहे हैं और जांच जारी है, आगे के विवरण की प्रतीक्षा है।

जानकारी के अनुसार, AW 139 नामक हेलीकॉप्टर ने मुंबई के जुहू से उड़ान भरी थी और हैदराबाद जा रहा था। तभी पौड इलाके में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में कैप्टन आनंद घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है। हेलिकॉप्टर का संचालन ग्लोबल वेक्टरा हेलीकॉर्प द्वारा किया जा रहा था।

 

प्रदर्शन में शामिल हुए 3 स्कूल तो पुलिस ने भेज दिया कारण बताओ नोटिस

कोलकाता: आरजी कर अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए जघन्य अपराध को लेकर पूरे देश में आक्रोश है।जगह-जगह पर इस घटना को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। कोलकाता में लोग इस घटना के विरोध में रैली निकाल रहे हैं।इसी बीच हावड़ा जिला निरीक्षक ने 3 स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन स्कूलों पर आरोप लगें हैं कि उन्होंने स्कूल के समय के दौरान एक रैली आयोजित की थी।

इस नोटिस में यह दावा किया गया है कि ऐसी गतिविधियां छात्रों को खतरे में डालती हैं क्योंकि यह सुरक्षित नहीं है और यह बाल अधिकारों का उल्लंघन है। यह नोटिस हावड़ा के बलुहाटी हाई स्कूल, बलुहाटी गर्ल्स हाई स्कूल और बंट्रा राजलक्ष्मी बालिका विद्यालय को भेजा गया है। उनसे 24 घंटे के अंदर जवाब देने को कहा गया है।

हालांकि बलुहाटी उच्च विद्यालय के प्रभारी शिक्षक का दावा है कि उन्होंने क्लास खत्म होने के बाद रैली निकाली थी। ये रैली महिला PGT डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर निकाली गई थी।

बता दें कि सीबीआई ने लगातार इस मामले की जांच कर रही हैं। इस मामले में आरोपी संजय रॉय के साथ-साथ पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष और पीड़िता के साथी 4 डॉक्टर के साथ एक वॉलिंटियर का पॉलीग्राफ टेस्ट हो रहा है। सीबीआई डॉ. घोष से 8 दिन में 88 घंटे से ज्यादा की पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से सीबीआई अधिकारियों की एक विशेष टीम टेस्ट करने के लिए कोलकाता पहुंची है।

इसी बीच कोलकाता पुलिस ने अपने बयान में कहा, ‘आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले में अदालत के आदेश के अनुसार, आरजी कर में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित सभी दस्तावेज आज SIT द्वारा CBI को सौंप दिए गए हैं।’ इसी बीच 9 अगस्त को महिला PGT डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में न्याय की मांग करते हुए मॉर्निंग वॉकर्स ने रविंद्र सरोवर में विरोध प्रदर्शन किया।

संदीप घोष से 9वें दिन भी CBI की पूछताछ जारी, पॉलीग्राफी टेस्ट की प्रक्रिया भी हुई शुरू

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल के आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष आज एक बार फिर सीजीओ कॉम्प्लेक्स में सीबीआई कार्यालय पहुंचे है। सीबीआई कोलकाता डाॅक्टर हत्याकांड मामले में संदीप घोष से लगातार पूछताछ कर रही हैं। पिछले शुक्रवार से हर दिन संदीप सुबह सीजीओ जा रहे हैं और रात को घर लौट रहे हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट ने आरजी कर अस्पताल की वित्तीय अनियमितताओं की जांच भी सीबीआई को सौंप दी है।

सीबीआई को अदालत से अभी तक सात लोगों के पॉलीग्राफी टेस्ट की अनुमति मिली है. इनमें मामले में गिरफ्तार सिविक वॉलंटियर संजय राय भी शामिल है। उसके अलावा आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप राय, चार जूनियर डॉक्टर व एक सिविक वॉलंटियर की पॉलीग्राफ टेस्ट की भी अनुमति केंद्रीय जांच एजेंसी को अदालत से मिल चुकी है। सिविक वॉलंटियर मामले में गिरफ्तार संजय राय का करीबी बताया जाता है। सीबीआइ ने उनलोगों की पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बीते सात दिनों में सीबीआइ संदीप घोष से 88 घंटों से ज्यादा समय तक पूछताछ कर चुकी है. गत गुरुवार सीबीआइ ने उनसे 13 घंटे तक पूछताछ की थी. सूत्रों के अनुसार, घोष ही नहीं, बल्कि चार जूनियर डॉक्टरों व एक सिविक वॉलंटियर के बायन में विसंगतियां मिल रही हैं। यही वजह है कि उनके ‘पॉलीग्राफ टेस्ट’ कराने के विकल्प पर विचार किया गया और अदालत में इसे लेकर आवेदन किया गया था।

संदीप घोष समेत 5 लोगों का होगा पॉलीग्राफ टेस्ट

कोलकाता : आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी मामले में डॉ संदीप घोष समेत 5 लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। सियालदह कोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी है। कलकत्ता हाइकोर्ट के निर्देश पर जूनियर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच कर रही सीबीआई की अपील पर कोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिसिंपल डॉ संदीप घोष से लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बीच ही गुरुवार की शाम को करीब 5 बजे सीबीआइ के अधिकारी डॉ. घोष को लेकर सियालदह कोर्ट पहुंचे। उनके साथ सीबीआइ के 4 अधिकारी व सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) के जवान भी मौजूद थे। घोष के अलावा सीबीआइ के अधिकारी मेडिकल के छात्रों समेत 5 लोगों को भी कोर्ट लेकर पहुंची।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी डॉ. घोष समेत 5 लोगों को मजिस्ट्रेट के कमरे में लेकर पहुंची। मजिस्ट्रेट के समक्ष सभी 5 आरोपियों के बयान दर्ज कराए गए। इसके साथ ही सीबीआई ने आरोपियों के पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति देने का आग्रह किया। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने सीबीआइ को आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति दे दी।

सूत्रों के अनुसार, घोष ज्यादातर पूछे गये प्रश्नों को लेकर उनके जवाब में विसंगतियां मिल रही हैं। यही वजह है कि उनके ‘पॉलीग्राफ टेस्ट’ कराने के विकल्प पर विचार किया गया और अदालत में इसे लेकर आवेदन किया गया. पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान व्यक्ति द्वारा प्रश्नों के उत्तर दिये जाते समय एक मशीन की मदद से उसकी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को मापा जाता है और यह पता लगाया जाता है कि वह सच बोल रहा है या झूठ।

आरजी कर मेडिकल कॉलेड व अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल घोष गत शुक्रवार से हर दिन सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पेश हो रहे हैं। उनसे कभी 10 घंटे, तो कभी 12-13 घंटों तक पूछताछ हुई।

उनसे अबतक 77 घंटों से भी ज्यादा समय तक पूछताछ हो चुकी है।

जूनियर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म व हत्या की घटना के पहले व बाद में घोष क्या-क्या गतिविधियां रहीं?
घटना का पता उन्हें कैसे चला और इसके बाद उन्होंने क्या कदम उठाये?
डॉ घोष ने किन-किन लोगों से संपर्क किया?
महिला चिकित्सक की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी?
परिवार को सूचित करने का निर्देश उन्होंने किसे दिया?
कैसे और किसने पुलिस से संपर्क किया?

बंगाल की CM ने पीएम को लिखा पत्र, दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ सख्त कानून बनाने की रखी मांग

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा, जिसमें लिखा है, “मैं आपके ध्यान में लाना चाहती हूं कि देश भर में दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कई मामलों में दुष्कर्म के साथ हत्या भी की जाती है। यह देखना भयावह है कि देश भर में प्रतिदिन लगभग 90 बलात्कार के मामले होते हैं। इससे समाज और राष्ट्र का विश्वास और विवेक डगमगाता है। हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम इसे समाप्त करें ताकि महिलाएं सुरक्षित महसूस करें।

ऐसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को कठोर केंद्रीय कानून के माध्यम से व्यापक तरीके से संबोधित करने की आवश्यकता है, जिसमें ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर सजा का प्रावधान हो।। ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक विशेष अदालतों की स्थापना पर भी प्रस्तावित कानून में विचार किया जाना चाहिए. ऐसे मामलों में सुनवाई अधिमानतः 15 दिनों के भीतर पूरी की जानी चाहिए।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पूरे देश में दुष्कर्म को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि हमें ऐसा सख्त कानून लाना होगा कि पूरी न्यायिक प्रक्रिया 50 दिन के अंदर निपट जाए और दोषियों को सजा दी जा सकें।

CISF ने संभाला RG Kar मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा का जिम्मा

कोलकाता :  सुप्रीम कोर्ट की ओर से आरजी कर अस्पताल की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ (CISF) के जवानों को तैनात करने के आदेश के बाद गुरुवार को सीआईएसएफ के जवान अस्पताल पहुंचे। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने आरजी कर अस्पताल की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया है। 

सीआईएसएफ जवनों में महिलओं की संख्या भी काफी है।गौरतलब है कि हाल ही में आरजी अस्पताल में भीड़ का फायदा उठाकर दंगाइयों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की थी, जिसके बाद पुलिस को भी अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा था।

जिसके बाद कोलकाता पुलिस ने अस्पताल में तोड़फोड़ के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया था। अस्पताल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में मामले की जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को दी गई।

SC में CBI ने कहा- केस की लीपापोती की कोशिश की गई

कोलकाता :  कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या की घटना के मामले में आज फिर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। सुनवाई के दौरान सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।

उन्हें काम पर लौटना चाहिए। पिछली सुनवाई में शीर्ष कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार और कोलकाता पुलिस को फटकार लगाई थी। जांच एजेंसी सीबीआई और बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को स्टेटस रिपोर्ट सौंप दी है। सीबीआई ने कहा- केस की लीपापोती को कोशिश की गई।

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि डॉक्टरों को काम पर लौटना पड़ेगा। डॉक्टरों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी। हम समझते हैं कि वे अपसेट हैं लेकिन आपको काम पर लौटने की जरूरत है। चीफ जस्टिस ने कहा कि डॉक्टरों को काम पर लौटना होगा। लोग उनका इंतजार कर रहे हैं। डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य क्षेत्र प्रभावित हो रहा है।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि सीबीआई ने 5वें दिन जांच शुरू की, सब कुछ बदल दिया गया और जांच एजेंसी को नहीं पता था कि ऐसी कोई रिपोर्ट है। वरिष्ठ अधिवक्ता सिब्बल ने एसजी की दलील का खंडन किया और कहा कि सब कुछ वीडियोग्राफी है, न कि बदला गया।

एसजी मेहता ने कहा कि शव के अंतिम संस्कार के बाद 11:45 बजे एफआईआर दर्ज की गई और पीड़िता के वरिष्ठ डॉक्टरों और सहकर्मियों के आग्रह के बाद वीडियोग्राफी की गई और इसका मतलब है कि उन्हें भी कुछ संदेह था सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि सबसे अधिक चौंकाने वाला तथ्य यह है कि मृत पीड़िता के अंतिम संस्कार के बाद रात पौने 12 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई।

सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि राज्य पुलिस ने पीड़िता के माता-पिता से पहले कहा कि यह आत्महत्या का मामला है, फिर उसने कहा कि यह हत्या है।

सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि पीड़िता के दोस्त ने मामले में तथ्य छुपाए जाने का संदेह जताया और वीडियोग्राफी पर जोर दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने अप्राकृतिक मौत को अपने रिकॉर्ड में दर्ज करने में कोलकाता पुलिस द्वारा की गई देरी को ‘‘बेहद व्यथित करने वाली बात’’ बताया।

सुप्रीम कोर्ट ने दुष्कर्म-हत्या की घटना के बारे में पहली प्रविष्टि दर्ज करने वाले, कोलकाता पुलिस के अधिकारी को, अगली सुनवाई पर पेश होकर यह बताने का निर्देश दिया कि प्रविष्टि किस समय दर्ज की गई।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह बहुत आश्चर्यजनक है कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज होने से पहले मृतक का पोस्टमार्टम कर दिया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस द्वारा अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज करने और पोस्टमार्टम कराने में की गई कानूनी औपचारिकताओं के क्रम और समय पर सवाल उठाए।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सीआईएसएफ के लगभग  दो  कंपनी  तैनात किया गया है।

कोर्ट के आदेश के एक दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोलकाता के सरकारी अस्पताल में सीआईएसएफ की तैनाती के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को पत्र लिखा थाष इसके बाद सीआईएसएफ की तैनाती का निर्णय लिया गया।

आईटी मंत्रालय ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कहा कि वे जूनियर डॉक्टर का नाम, फोटो और वीडियो हटाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का तत्काल पालन करें, जिसकी दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।  मंत्रालय ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मृतक डॉक्टर के पहचान योग्य चीजों को तुरंत हटाने के लिए कहा है।  कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई करने की बात भी मंत्रालय की ओर से कही गई है।

डॉक्टरों के एक संगठन ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित नेशनल टास्क फोर्स (एनटीएफ) की सिफारिशों के लागू होने तक डॉक्टरों के लिए अंतरिम सुरक्षा की मांग को लेकर शीर्ष अदालत का रुख किया है। ‘फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन’ (एफएआईएमए) की ओर से याचिका दायर की गई है। इसमें शीर्ष अदालत के समक्ष चल रही कार्यवाही में हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है। संगठन ने अपनी याचिका में दलील दी है कि डॉक्टरों को अक्सर हिंसा और उनकी सुरक्षा के लिए खतरे की कथित घटनाओं का सामना करना पड़ता है।