ट्राई ने फर्जी कॉल करने वाले 2.75 लाख फोन नंबर काटे

नई दिल्ली : देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स के पास आने वाले अनचाही कॉल्स पर टेलीकॉम रेग्युलेटरी भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। ट्राई ने अनचाही कॉल करने वाले और अनरजिस्टर्ड टेली-मार्केटिंग कंपनियों के 2.75 लाख टेलीफोन नंबर काट दिए गए हैं। इसके अलावा, करीब 50 फर्मों की सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। ट्राई की ओर से यह कार्रवाई अभी हाल ही में अपनाए गए सख्त रुख के तहत की गई है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दूरसंचार कंपनियों से कहा था कि अनरजिस्टर्ड टेली मार्केटिंग फर्मों को ब्लैक लिस्ट में डाला जाए और इनसे जुड़े नंबरों को बंद कर दिया जाए। टेलीकॉम रेग्युलेटरी ट्राई की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि उसने फर्जी कॉल में जोरदार वृद्धि देखी है. साल 2024 की पहली छमाही में अनरजिस्टर्ड टेली मार्केटिंग फर्मों के खिलाफ 7.9 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।

ट्राई ने कहा कि फर्जी कॉल्स करने वालों पर लगाम लगाने के लिए 13 अगस्त, 2024 को सभी सेल्यूलर सर्विस प्रोवाइडर्स को कड़े निर्देश जारी किए गए थे। इसमें अनरजिस्टर्ड टेली मार्केटिंग फर्मों पर तुरंत लगाम लगाने को कहा गया था।

ट्राई ने कहा कि इन निर्देशों को ध्यान में रखते हुए दूरसंचार कंपनियों ने फर्जी कॉल के लिए दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग पर कड़े कदम उठाए हैं। बयान में कहा गया है कि 50 से अधिक फर्मों को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया गया है और 2.75 लाख से अधिक एसआईपी डीआईडी, मोबाइल नंबर, दूरसंचार संसाधनों को बंद कर दिया है। इन कदमों से फर्जी कॉल में कमी आने और उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य साथी कार्ड से बंगाल सरकार की बढ़ी चिंता

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल में आरजी कर कांड के बाद से ही जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं। ऐसे में राज्य के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसकी वजह से निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसका प्रभाव स्वास्थ्य साथी योजना के खर्च पर भी पड़ रहा है। बताया गया है कि जूनियर चिकित्सकों की हड़ताल की वजह से पिछले 25 दिनों में स्वास्थ्य साथी योजना के तहत राज्य सरकार का खर्च लगभग दो गुना हो गया है।

जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त से अब तक राज्य सरकार ने स्वास्थ्य साथी योजना के तहत इलाज के खर्च के रूप में 150 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य साथी योजना के लिए राज्य सरकार प्रत्येक दिन औसतन छह करोड़ रुपये खर्च कर रही है, जो पहले महज दो-तीन करोड़ रुपये था। बताया गया है कि महानगर के साथ-साथ जिलों में स्थित निजी अस्पतालों से इलाज के खर्च के एवज में पहले की तुलना में अधिक राशि की मांग की जा रही है।

बताया गया है कि जूनियर चिकित्सकों की लगातार हड़ताल के कारण राज्य में स्वास्थ्य सेवा प्रभावित हो रही है। सरकारी अस्पतालों के आउटडोर व रोगियों को भर्ती करने की संख्या में काफी गिरावट आयी है। साथ ही सरकारी अस्पतालों में महत्वपूर्ण ऑपरेशन की संख्या भी कम गयी है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट पेश की गयी है, जिसमें बताया गया है कि 10 अगस्त से चिकित्सकों की हड़ताल के कारण आउटडोर परिसेवा में 50 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी है।सरकारी मेडिकल कॉलेज में रोगियों को भर्ती करने की संख्या भी 25 प्रतिशत कम हुई है। इसके अलावा महत्वपूर्ण ऑपरेशन की संख्या में भी 50 प्रतिशत की कमी आयी है।

गौरतलब है कि जूनियर चिकित्सकों की हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य सेवाओं पर किस प्रकार का प्रभाव पड़ा है, इस बारे में राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट तलब की थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसी ही रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में पेश की गयी है।

नगालैंड में भूस्खलन से कोहिमा को दिमापुर को जोड़ने वाला राजमार्ग बंद

कोहिमा : नगालैंड में सुबह से जारी बारिश के चलते कई हिस्सों में भूस्खलन होने से राजधानी कोहिमा और दिमापुर के बीच भारी तबाही हुई है। कई जगह जमीन धस गई। कई किलोमीटर तक सड़कों पर मलबा आ गया है। कई जगह सड़के पानी में बह गई हैं। जिसके चलते इलाके मे कई घर भी गिर गए। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। राहत व बचाव कार्य जोर-शोर से शुरू कर दिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह से ही नगालैंड के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई जगह भूस्ख्लन होने से यातायात बाधित हो गया है। मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-29, जो कि राजधानी कोहिमा को दिमापुर को जोड़ता है, में कई जगह भूस्खलन हुआ है।

इस कारण यातायात बाधित हुआ है। इसके साथ ही कई जगह भूस्खलन से घरों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। राहत और बचाव का कार्य जोरशोर से शुरू कर दिया गया है।

कोलकाता मेट्रो ने 13 सालों में पहली बार सोमवार को एक ही दिन में कमाए 1.33 करोड़ रुपये

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो ने बीते 2 सितंबर को 13 सालों में अपनी सबसे अधिक एक दिन पैसेंजर्स से हुई कमाई का रिकॉर्ड बना दिया है। मेट्रो रेल ने यात्रियों से 1.33 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की, जो 1 अगस्त, 2011 के बाद एक दिन में यात्रियों से दूसरी सबसे अधिक कमाई है।  13 साल पहले 1 अगस्त को कोलकाता मेट्रो रेल ने एक दिन में यात्री किराए से 1.47 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। शहर की भूमिगत मेट्रो सेवा पहली बार 1984 में ब्लू लाइन के एक हिस्से पर शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे वर्षों से विस्तारित हो रही है।

2 सितंबर को, ब्लू लाइन (दक्षिणेश्वर-न्यू गरिया), ग्रीन लाइन-1 (सेक्टर पांच-सियालदह), ग्रीन लाइन-2 (हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड), पर्पल लाइन (जोका-मेजरहाट) और ऑरेंज लाइन (न्यू गरिया-रूबी मोर) सहित शहर की मेट्रो लाइनों पर लगभग 7.5 लाख यात्रियों ने यात्रा की। उस दिन अकेले ब्लू लाइन पर 6.3 लाख से ज़्यादा यात्री आए, जबकि ग्रीन लाइन-2 पर लगभग 56,000 यात्री आए। सोमवार को ग्रीन लाइन-1 पर लगभग 51,500 यात्री आए।

कोलकाता मेट्रो अधिकारियों ने अगस्त में बताया था कि पिछले तीन महीनों में मेट्रो स्मार्ट कार्ड की बिक्री और इस्तेमाल में अच्छी खासी बढ़ोतरी देखी गई है। इसका अंदाजा महज ऐसे लगाया जा सकता है कि मई और जुलाई 2024 के बीच, एक लाख से ज़्यादा स्मार्ट कार्ड की बिक्री हुई। यह डिजिटल भुगतान और ज़्यादा सुव्यवस्थित यात्रा अनुभवों के लिए यात्रियों के बीच बढ़ती प्राथमिकता को दर्शाता है। मेट्रो रेलवे ने कोलकाता और आसपास के जिलों के लोगों को परिवहन के सबसे भरोसेमंद साधन के रूप में कोलकाता मेट्रो पर अपना भरोसा दिखाने के लिए धन्यवाद दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी 15 सितंबर को टाटानगर स्टेशन से 21,000 करोड़ की देंगे सौगात

जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को जमशेदपुर आयेंगे और टाटानगर स्टेशन से 21 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। इसमें नयी रेल लाइन, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन और अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। वे टाटा-पटना और टाटा-बालेश्वर समेत देश के अन्य हिस्सों के लिए पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। हाल ही में कैबिनेट द्वारा पारित चाकुलिया- बुड़ामारा नयी रेल लाइन के अलावा तीसरी लाइन की लंबित परियोजनाओं को भी प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखायेंगे।

मंगलवार को प्रधानमंत्री कार्यालय और रेलवे मंत्रालय की संयुक्त टीम ने टाटानगर स्टेशन क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने इलाके का ड्रोन से सर्वे किया। पीएम मोदी के मूवमेंट को लेकर क्षेत्र की तस्वीरें लीं। इस दौरान आरपीएफ और रेलवे पुलिस की टीम भी थी।

टाटानगर स्टेशन के आगे वाले हिस्से में स्टेज और करीब 500 लोगों के बैठने तथा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। तैयारियों का जायजा लेने के लिए रेलवे के जीएम अनिल मिश्रा बुधवार को टाटानगर स्टेशन का दौरा करेंगे और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए निर्देश देंगे।

कोलकाता में बढ़ेगी गर्मी, सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों को ज्यादा होगी परेशानी

कोलकाता : मंगलवार का तापमान 31.29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।  न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34.34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता 73% है और हवा की गति 73 किमी/घंटा है। सूर्योदय सुबह 05:19 बजे होगा और सूर्यास्त शाम 05:52 बजे होगा।

कल, 4 सितंबर 2024, को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 26.93 डिग्री सेल्सियस और 33.69 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, और आर्द्रता का स्तर 58% तक रहने की संभावना है। दिन में गर्मी का असर अधिक रहेगा, इसलिए बाहर निकलते समय गर्मी से बचने के उपाय जरूर करें और हल्के कपड़े पहनें।

इस समय कोलकाता का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 164.0 पर है, जो खराब वायु गुणवत्ता की ओर इशारा करता है। ऐसे में, खासकर बच्चों और सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों को सलाह दी जाती है कि वे लंबे समय तक बाहर रहने से बचें।

खराब AQI का मतलब है कि बाहर की हवा में सांस लेना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए जरूरी सावधानियां बरतें। मौसम और वायु गुणवत्ता की इस जानकारी को ध्यान में रखते हुए अपनी दैनिक गतिविधियों की योजना बनाएं और स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें।

संदीप घोष समेत चार आरोपियों को आठ दिनों की CBI हिरासत

कोलकाता :  आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और 3 अन्य को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में आज उन्हें अलीपुर जज कोर्ट में पेश किया गया था.सीबीआई ने अदालत से उन्हें 10 दिन की रिमांड पर देने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोर्ट में दावा किया कि सबूत जुटाने के लिए वित्तीय भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार संदीप से पूछताछ जरुरी है। साथ ही दावा किया कि चारों की भूमिका वित्तीय अनियमितता में महत्वपूर्ण है। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों को आठ दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजे जाने का निर्देश दिया।

इस दिन अपराह्न यहां निजाम पैलेस से डॉ संदीप घोष को जब बाहर लाया गया, तब लोगों ने जमकर नारेबाजी की। उसे कड़ी सजा देने की मांग की गयी। कड़ी सुरक्षा के बीच घोष और अन्य आरोपियों को अलीपुर अदालत लाया गया, जहां अधिवक्ताओं के एक वर्ग ने भी घोष को लेकर नारेबाजी की। उनके समक्ष ‘धिक्कार’ के नारे लगाये गये।

कंगना रनौत की नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की घोषणा

 नई दिल्ली: अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की घोषणा की। यह फिल्म श्रमिक वर्ग के अमूल्य योगदान को दर्शाएगी, जो पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत करते हैं। फिल्म का निर्देशन और कथानक मनोज तपाड़िया द्वारा लिखा जाएगा, जबकि इसका निर्माण यूनोइया फिल्म्स और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट द्वारा किया जाएगा।

रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस फिल्म की घोषणा करते हुए कहा, “मैं ‘भारत भाग्य विधाता’ के माध्यम से बड़े पर्दे पर वास्तविक जीवन के नायकों की कहानी लाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह फिल्म गुमनाम नायकों को एक सिनेमाई श्रद्धांजलि होगी। यूनोइया फिल्म्स और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट के साथ यह पहली साझेदारी है, जो दर्शकों के दिलों को छूने का वादा करती है।”

इस बीच, कंगना रनौत की निर्देशित फिल्म ‘इमरजेंसी’ को अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणपत्र नहीं मिला है। इस फिल्म की रिलीज कई बार टल चुकी है और अब इसे 6 सितंबर को रिलीज किया जाना है। फिल्म में कंगना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभा रही हैं, लेकिन कई सिख धार्मिक संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है, आरोप लगाते हुए कि फिल्म सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकती है।

बंगाल में रेप विरोधी ‘अपराजिता’ विधेयक विधानसभा में पास

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेप विरोधी ‘अपराजिता’ विधेयक को पारित कर दिया। इस विधेयक को राज्य सरकार ने प्रस्तुत किया था और इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।

विधानसभा में सीएम ममता बनर्जी के सामने बीजेपी ने एक सशक्त स्लोगन दिया: “दफ़ा एक दावी एक मुख्यमंत्री पदत्याग”। इस पर सीएम ने कहा कि गणतंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है और टीएमसी विधायकों को शांत रहने की सलाह दी।

‘अपराजिता’ विधेयक का विपक्ष ने भी समर्थन किया, लेकिन इसमें 7 अमेंडमेंट्स का प्रस्ताव रखा। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वे इस क़ानून को जल्द से जल्द लागू करने की मांग करते हैं और इसके पूर्ण समर्थन की बात की। चर्चा में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे से ध्यान भटकाना चाहती है और पूछा कि “डॉक्टर्स का डिमांड क्यों ग्रहण नहीं किया जा रहा है?” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि “जन गण का ही आखिरी शब्द होता है।”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “जिस समाज में महिला ठीक से नहीं रह सकती, उस समाज का कभी भला नहीं हो सकता है।” उन्होंने आगे कहा कि “हम सीबीआई से न्याय की उम्मीद करते हैं” और बीजेपी से आग्रह किया कि वे राज्यपाल से इस विधेयक पर सहमति जताने का अनुरोध करें।

सीएम ने विधेयक को “ऐतिहासिक” बताते हुए इसे महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया। उन्होंने कहा, “मैं मानती हूँ कि बंगाल में महिला पर अत्याचार का एक भी मामला नहीं होना चाहिए।” सीएम ने यह भी दावा किया कि केंद्रीय संस्थाएं यह मानती हैं कि बंगाल सबसे सुरक्षित जगह है, जबकि यूपी और गुजरात में महिलाओं पर अत्याचार के लाखों मामले सामने आए हैं।

पंजाब के फिरोजपुर में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत

पंजाब :  फिरोजपुर में अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई है। फायरिंग कार सवार एक परिवार पर की गई। गोलीबारी की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया है। बताया जा है कि बाइक सवार लोगों ने फायरिंग की है। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक फिरोजपुर के अकालगढ़ गुरुद्वारा साहिब के पास हमलावरों ने कार सवार लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है. मामले की जांच की जा रही है. हमला के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को शक है कि आपसी रंजिश का मामला हो सकता है।

बताया जा रहा है कि गोली लगने की बाद घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। वहीं कार सवार दो अन्य लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने घटना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड ने पश्चिम बंगाल में 7 नए शिक्षण केंद्र शुरू करने की घोषणा की

कोलकाता : एनईईटी और जेईई के लिए परीक्षा तैयारी सेवाओं में राष्ट्रीय अग्रणी आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (ए ई एस एल) ने पश्चिम बंगाल में 7 नए शिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की। दो सेंटर उत्तरी कोलकाता में डनलप और दक्षिण कोलकाता बेहाला में खोले जाएंगे, इसके अलावा राज्य में पांच अन्य सेंटर आसनसोल, बर्दवान, बहरामपुर, मालदा और कूच बिहार में खोले जाएंगे। दिसंबर 2024 तक सभी सेंटरों के चालू होने की उम्मीद है।

इस विस्तार के साथ, ए ई एस एल का उद्देश्य अपनी पहुंच को बढ़ाना और क्षेत्र भर में और भी व्यापक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करना है। यह रणनीतिक कदम उच्च-स्तरीय तैयारी सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उठाया गया है, जिससे अधिक इच्छाशक्ति वाले छात्रों को आकाश इंस्टीट्यूट की प्रसिद्ध उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग का लाभ मिल सके।

वर्तमान में, आकाश इंस्टीट्यूट कोलकाता, हावड़ा, बैरकपुर, दुर्गापुर, बांकुड़ा, खड़गपुर और सिलीगुड़ी सहित पश्चिम बंगाल में 12 कक्षा केंद्र संचालित करता है, जहां छात्र लगातार उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर रहे हैं।

आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (ए ई एस एल) के एमडी और सीईओ  दीपक मेहरोत्रा ने कहा, “हम पश्चिम बंगाल में 7 नए लर्निंग सेंटर की घोषणा करके अत्यंत खुश हैं, जो हमारी नीति के तहत छोटे शहरों के छात्रों तक पहुंचने के प्रयास का एक हिस्सा है, जो छात्र हमेशा आकाश जैसे ब्रांड विशेषज्ञ से मार्गदर्शन की इच्छा रखते हैं। मुझे यकीन है कि हमारी अनूठी शिक्षण पद्धति अधिक छात्रों को एनईईटी एवं जेईई में उनकी इच्छित सफलता प्राप्त करने में मदद करेगी।”

ए ई एस एल के चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर, अनूप अग्रवाल ने कहा, “पश्चिम बंगाल के छात्रों ने हर साल एनईईटी और जेईई में लगातार शीर्ष प्रदर्शन दिखाया है। मुझे यकीन है कि अब पश्चिम बंगाल के कई और अधिक छात्र हमारे पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकेंगे।”

आकाश की विशेषता के बारे में बोलते हुए, ए ई एस एल के चीफ एकेडमिक और बिजनेस हेड, धीरज मिश्रा ने कहा, “आकाश में, हम छात्र-केंद्रित शिक्षा को बढ़ावा देते हैं, जिसका अर्थ है कि छात्रों तक पाठ्यक्रम सामग्री और शिक्षा पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम सामग्री की गुणवत्ता ही नहीं बल्कि इसकी डिलीवरी और शिक्षण पद्धति की गुणवत्ता में भी है।”

एईएसएल उच्च स्तर की मेडिकल (एनईईटी) और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं (जेईई) के लिए व्यापक और प्रभावी तैयारी कार्यक्रम प्रदान करने के लिए जाना जाता है, साथ ही एन टी एस ई और ओलंपियाड जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयारी कराता है। यह संस्थान छात्रों को उनकी पूरी क्षमता को पहचानने और उनके शैक्षिक प्रयासों में सफल होने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली परीक्षा तैयारी सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

असम के TMC अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, अभिषेक बनर्जी को लिखा दो पन्नों का पत्र

गुवाहाटी : असम तृणमूल कांग्रेस  के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने दावा किया कि पूर्वोत्तर राज्य के लोग इसे पश्चिम बंगाल की “क्षेत्रीय पार्टी” मानते हैं और इसे अपना मानने को तैयार नहीं हैं।

रिपुन बोरा ने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी को दो पन्नों का पत्र लिखकर इस्तीफा दिया। बोरा ने अपने त्यागपत्र में कहा कि असम टीएमसी में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन कई बार-बार आने वाले मुद्दों ने हमारी प्रगति में बाधा डाली है, जिसमें टीएमसी को पश्चिम बंगाल की क्षेत्रीय पार्टी के रूप में माना जाना भी शामिल है।

पूर्व राज्यसभा सदस्य बोरा ने कहा कि उन्होंने पार्टी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को असम में टीएमसी को स्वीकार्य बनाने के लिए कई सुझाव दिए थे, लेकिन उन पर कार्यान्वयन नहीं किया गया।

उन्होंने दावा किया कि उन्होंने टीएमसी के राष्ट्रीय स्तर पर एक असमिया नेता की आवश्यकता, कोलकाता के टॉलीगंज में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के आवास को एक विरासत स्थल घोषित करने और कूचबिहार में मधुपुर सत्र को एक सांस्कृतिक केंद्र में परिवर्तित करने का सुझाव दिया था, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ।

पूर्व असम मंत्री बोरा ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में इन चिंताओं को दूर करने के लिए आपसे और हमारी प्रमुख ममता दीदी के साथ एक बैठक करने के मेरे बार-बार प्रयासों के बावजूद, मैं असफल रहा हूं।

बोरा ने कहा कि उन्होंने दो साल से अधिक समय तक असम टीएमसी के राज्य अध्यक्ष के रूप में काम किया है और इस अवधि के दौरान, उन्होंने राज्य भर के लोगों के साथ व्यापक रूप से बातचीत की।

आज से महंगा हो गया LPG Cylinder

 नई दिल्ली : महीने के पहले दिन यानी आज से एलपीजी गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया है। दरअसल, इस बार भी 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव किया गया है। वहीं, 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें अभी भी वही है जो अगस्त के महीने में थी। दिल्ली में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 39 रुपये तक महंगा हो चुका है।

IOCL की वेबसाइट पर नजर डालें तो, दिल्ली से लेकर मुंबई तक कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमतें बढ़ी हुई नजर आ रहीं हैं। 1 सितंबर 2024 को सुबह 6 बजे से यह नई दर लागू हो चुकी है। दिल्ली में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1652.50 रुपये से बढ़कर 1691.50 रुपये हो चुका है, जबकि कोलकाता में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 1764.50 रुपये से बढ़ाकर अब 1802.50 रुपये कर दिया गया है।

यानी राजधानी दिल्ली में प्रति सिलेंडर 39 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और कोलकाता में 38 रुपये महंगा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हो गया है। अगस्त में महीने में जिस दर पर ये सिलेंडर ले रहे थे उससे ज्यादा कीमत अब चुकानी होगी। मुंबई में 19 किलो वाले इस सिलेंडर की कीमत 1644 रुपये हो गई है, जो अगस्त में 7 रुपये बढ़कर 1605 रुपये की गई थी। चेन्नई में भी एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े नजर आ रहे हैं, यहां पर 1817 रुपये में मिलने वाला कॉर्मशियल सिलेंडर अब 1855 रुपये का हो चुका है।

जहां 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया गया है। वहीं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने लंबे समय से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। केंद्र सरकार की ओर से महिला दिवस पर बड़ी राहत दी गई थी. मार्च के महीने में सरकार ने Domestic LPG Cylinder के दाम 100 रुपये तक कम किए थे।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने टेलीमेडिसिन क्लिनिक लगाया

ক आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने, जो 9 अगस्त को अपनी सहकर्मी के साथ बलात्कार और हत्या के विरोध में लगातार काम बंद रखने के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं, प्रतिदिन चार घंटे के लिए टेलीमेडिसिन क्लिनिक स्थापित करने का निर्णय लिया है।

जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, जो सभी सरकारी अस्पतालों में चल रही है, ने आम लोगों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जो महंगे निजी स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों का खर्च वहन नहीं कर सकते।

 

“सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए,” आरजी कर के जूनियर डॉक्टरों ने शनिवार, 31 अगस्त से हर दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अभया टेलीमेडिसिन क्लिनिक शुरू करने का निर्णय लिया है।

टेलीमेडिसिन फोन कॉल या वीडियो चैट जैसी तकनीक का उपयोग करके दूर से ही चिकित्सा सेवा प्रदान करने का एक तरीका है। इस क्लिनिक का नाम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बलात्कार-हत्या पीड़िता को दिए गए नामों में से एक के नाम पर रखा गया है, जिसे दूर से ही आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान करने के लिए स्थापित किया गया है।

कॉल करने के लिए नंबर हैं: 8777565251, 8777569399, 8777579517, 6290326079.

टेलीमेडिसिन सेवाओं के अतिरिक्त, आर.जी. कर जूनियर डॉक्टर्स रविवार, 1 सितंबर से कुमारतुली क्षेत्र में एक व्यक्तिगत क्लिनिक शुरू करने की योजना बना रहे हैं।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की छात्रा डॉ. देवलिन बोस ने द टेलीग्राफ ऑनलाइन को बताया, “लोग लगातार डॉक्टरों पर अपना कर्तव्य न निभाने का आरोप लगा रहे हैं, जिससे जनता को नुकसान हो रहा है, इसलिए आरजी कर अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने इस शिविर का आयोजन किया है।”

“हमारा कभी भी मरीज़ों की देखभाल से समझौता करने का उद्देश्य नहीं रहा। हम अपने मरीज़ों की सेवा करना चाहते हैं, लेकिन हम इसके लिए सरकारी बुनियादी ढांचे का उपयोग नहीं करेंगे क्योंकि यह उपयोग करने योग्य नहीं है। हम अब वहाँ सुरक्षित महसूस नहीं करते। हमने कल कुमारतुली क्षेत्र में एक शिविर लगाने का फैसला किया है जहाँ हम अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। आज से, हम टेलीमेडिसिन सेवाएँ प्रदान करने के लिए उपलब्ध हैं और कल से एक शिविर स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “मरीजों की देखभाल के लिए 10 से 15 डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे।”

कुमारतुली क्षेत्र में अभया क्लिनिक में भी मरीजों की देखभाल के लिए 10 से 15 जूनियर डॉक्टर मौजूद रहेंगे।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की हाउस स्टाफ सदस्य डॉ. अनुद्रिता बराल ने टेलीग्राफ ऑनलाइन को बताया, “हम यह काम जनहित के लिए कर रहे हैं।” “हम काम बंद नहीं करने जा रहे हैं, लेकिन हम हमेशा चाहते हैं कि मरीजों को इलाज मिले। हम बस अपने मरीजों की समस्याओं की समीक्षा करना चाहते हैं और उन्हें सामान्य जांच प्रदान करना चाहते हैं, इसलिए यह शिविर लगाया जा रहा है। हम किस आधार पर अपने अस्पताल में मरीजों को भर्ती कर सकते हैं और उन्हें बता सकते हैं कि वे सुरक्षित हैं, जबकि हम खुद सुरक्षित नहीं हैं।”

एक रिपोर्ट के अनुसार , पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों के काम बंद करने से रोगी देखभाल पर गंभीर असर पड़ा है और सरकारी शिक्षण अस्पतालों में लगभग सात लाख रोगियों को पहले ही बाह्य रोगी विभागों (ओपीडी) में इलाज से वंचित कर दिया गया है।

ओपीडी में प्रतिदिन इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या विरोध प्रदर्शनों से पहले औसतन 69,000 से घटकर 32,000 रह गई है। अस्पताल में प्रतिदिन भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या 6,500 से घटकर 4,500 रह गई है, तथा कैंसर के निदान के लिए महत्वपूर्ण बायोप्सी सहित प्रयोगशाला परीक्षणों की संख्या आधी होकर 57,000 से घटकर 28,000 रह गई है।

कोलकाता और आस-पास के इलाकों के मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जहाँ आमतौर पर सबसे ज़्यादा मरीज़ आते हैं, सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं। 9 अगस्त को विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से हर हफ़्ते होने वाले हृदय संबंधी ऑपरेशनों की संख्या 500 से घटकर सिर्फ़ 175 रह गई है। इन अस्पतालों में हज़ारों बेड खाली पड़े हैं, लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण कई मरीज़ों को वापस लौटना पड़ रहा है।

 

आम लोगों की पीड़ा की ओर ध्यान दिलाया तो डॉ. बराल ने कहा, “मुझे समझ में नहीं आता कि यह आरोप बार-बार जूनियर डॉक्टरों पर क्यों लगाया जा रहा है, वरिष्ठ डॉक्टर हमेशा मरीजों की देखभाल के लिए उपलब्ध रहते हैं।”

उन्होंने कहा, “आपातकालीन सेवाएं हमेशा चालू रहती थीं।” “मुझे समझ में नहीं आता कि हमसे बार-बार यह सवाल क्यों पूछा जा रहा है। मैंने अपने वरिष्ठों को इस विरोध अवधि के दौरान हमेशा मरीजों के लिए उपलब्ध देखा है। यह जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल है। [अगस्त] 14 की रात के हमले के बाद हमने आपातकालीन और ट्रॉमा देखभाल को एक इमारत में स्थानांतरित कर दिया है, यह भी सार्वजनिक हित के लिए है। मुझे समझ में नहीं आता कि फिर यह आरोप क्यों लगाया जा रहा है।”

दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

कोलकाता :  रेलवे ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व को लेकर स्पेशल ट्रेनों को चलाने का फैसला लिया है। इसके तहत 06089/06090 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-संतरागाछी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से 4 सितंबर से 27 नवंबर तक चलेगी.

बंगाल से चेन्नई के बीच चलनेवाली स्पेशल ट्रेन 
ट्रेन प्रत्येक बुधवार को दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:50 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06090 संतरागाछी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्पेशल संतरागाछी से पांच सितंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को रात 11:40 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 09:00 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल पहुंचेगी। विशेष ट्रेन का बालेश्वर और खड़गपुर में ठहराव होगा।

महाराष्ट्र-बंगाल के बीच चलने वाली ट्रेन                                                                                                  इसी तरह ट्रेन संख्या 01107 एलटीटी मुंबई-संतरागाछी स्पेशल 29 अक्तूबर और 5 नवंबर को एलटीटी मुंबई से रात 8:15 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 05:00 बजे संतरागाछी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 01108 संतरागाछी-एलटीटी मुंबई स्पेशल 31 अक्तूबर और 7 नवंबर को संतरागाछी से दोपहर 3:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:45 बजे एलटीटी मुंबई पहुंचेगी। विशेष ट्रेनें झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर में रुकेंगी।

संतरागाछी-जबलपुर-संतरागाछी रद्द रहेगी
पश्चिम मध्य रेलवे में विकास कार्यों के कारण ट्रेन संख्या 20828 संतरागाछी-जबलपुर एक्सप्रेस 18 और 25 सितंबर को रद्द रहेगी. इसी तरह ट्रेन संख्या 20827 जबलपुर-संतरागाछी एक्सप्रेस 19 और 26 सितंबर को रद्द रहेगी.

inDrive ने कोलकाता में डिलीवरी चैंपियन 2024 का किया सम्मान

कोलकाता : देश के प्रमुख ट्रांसपोर्टेशन एंड डिलीवरी प्लेटफोर्म इनड्राइव ने कोलकाता में सफलतापूर्वक “इनड्राइव.डिलीवरी चैंपियन 2024” कम्पीटीशन का आयोजन किया। यह चैंपियनशिप कम्पीटीशन, जो 19 जुलाई से 15 अगस्त, 2024 तक कोलकाता, चंडीगढ़ और दिल्ली एनसीआर में आयोजित की गई थी, उन शीर्ष प्रदर्शन करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स का सम्मान करने और पुरस्कृत करने के लिए थी जिन्होंने पूरे क्षेत्र में डिलीवरी ऑर्डर पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की है।

“डिलीवरी चैंपियन 2024” पहल का उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स, विशेष रूप से कम सक्रिय लोगों के बीच अपनी भागीदारी और प्रेरणा को बढ़ावा देना था। इनड्राइव ने उनके कड़ी मेहनत को समझ कर डिलीवरी प्रदर्शन को बढ़ाने और कूरियर कम्युनिटी और अधिक से अधिक लोगों के बीच ब्रांड जागरूकता को बढ़ाने का लक्ष्य रखा। प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार शामिल थे, जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वालों के लिए एक नया मोटरसाइकल और उपविजेताओं के लिए स्मार्टफोन शामिल थे।

इनड्राइव की एपैक कम्युनिकेशंस लीड, पवित नंदा आनंद ने कहा, “हम इनड्राइव.डिलीवरी चैंपियन 2024 की मेजबानी करने के लिए बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं। यह कार्यक्रम न केवल हमारे कोरियर्स के बीच भागीदारी और प्रेरणा को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है बल्कि एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में इनड्राइव की प्रतिष्ठा को मजबूत करने के लिए भी बनाया गया है जो वास्तव में हमारे सहयोगियों के प्रोफेशनल ग्रोथ का समर्थन करता है। यह प्रतियोगिता ड्राइवरों को कूरियर मोड पर स्विच करने और प्लेटफॉर्म के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करती है।”

“इस पहल का फोकस प्रदर्शन बढ़ाने पर है। हमारा लक्ष्य कूरियर्स के बीच कम्पलीशन रेट (डन रेट) में सुधार करना है, यह सुनिश्चित करना कि उनके पास प्रतिस्पर्धा करने और अपने कौशल को दिखाने का उचित मौका हो। हम मानते हैं कि यह प्रतियोगिता सभी भाग लेने वाले शहरों में डिलीवरी की गुणवत्ता और मात्रा दोनों में उल्लेखनीय सुधार लाएगी।”

इनड्राइव.डिलीवरी चैंपियन 2024 के विजेता कोलकाता, चंडीगढ़ और दिल्ली एनसीआर से आए हैं, कुल 18 विजेता, प्रत्येक शहर से 6 विजेता, प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चैंपियन ने 3 ब्रांड न्यू मोटरबाइक जीतीं, जबकि 15 उपविजेताओं ने स्मार्टफोन जीते।

इनड्राइव डिलीवरी साउथ एशिया के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर रजत पटनायक ने कहा, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमने कोलकाता और चंडीगढ़ में आयोजित ‘इनड्राइव.डिलीवरी चैंपियन 2024’ कार्यक्रम की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। यह प्रतियोगिता हमारे शीर्ष प्रदर्शन करने वाले डिलीवरी पार्टनरों की कड़ी मेहनत का जश्न मनाने और उन्हें पुरस्कृत करने का एक शानदार अवसर था। उनके प्रयासों को सम्मानित करके, हमने लोगों को जोड़ने और डिलीवरी परफॉरमेंस को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा। यह कार्यक्रम इनड्राइव की हमारे कूरियर पार्टनर्स का समर्थन करने और उनकी प्रोफेशनल ग्रोथ के लिए हमारे समर्पण को दिखाता है।

हम विजेताओं की घोषणा करने के लिए उत्साहित हैं, साथ ही हमारा लक्ष्य इस अवसर का उपयोग पार्टनर्स, ड्राइवरों और मीडिया के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए करना है। हम उम्मीद करते हैं कि यह आयोजन इनड्राइव और हमारे इनड्राइव चैंपियन प्रोग्राम दोनों की सकारात्मकता को बढ़ाएगा।

इनड्राइव डिलीवरी चैंपियन 2024 प्रतियोगिता के विजेता इनड्राइव के डिलीवरी क्षेत्र में उत्कृष्टता और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। इनड्राइव के लिए, ऐसे आयोजन केवल समारोह नहीं हैं, बल्कि एक साथ रहने का त्यौहार और उन सभी लोगों के लिए सराहना है जिन्होंने कंपनी के विकास में योगदान दिया है। यह एनुअल इवेंट भारत में डिलीवरी को प्रेरित और समर्थन देने के लिए जारी रहेगा, जिससे इनड्राइव की भूमिका को एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में और मजबूत किया जाएगा।

‘वॉकिंग विद एम’ एक पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री ने कोलकाता में अपनी छाप छोड़ी

कोलकाता : सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट और मानव एकता मिशन के सहयोग से, पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री ‘वॉकिंग विद एम’ की कोलकाता प्रीमियर 31 अगस्त को कोलकाता के प्रिया सिनेमा हॉल, में आयोजित की गई।
स्क्रीनिंग के बाद इस डॉक्यूमेंट्री पर श्री एम और आकाश चोपड़ा के साथ एक बातचीत आयोजित की गई।

यह डॉक्यूमेंट्री, जो 7 साल में बनी है, 1800 घंटे से अधिक के आर्काइवल फुटेज के साथ बनाई गई है और इसे आकाश सागर चोपड़ा द्वारा निर्देशित एक सिनेमाई चमत्कार माना जाता है।

1 घंटे 37 मिनट की इस फिल्म में पद्मभूषण पुरस्कार विजेता और बेस्ट-सेलिंग लेखक श्री एम की ऐतिहासिक यात्रा को उजागर किया गया है, जब उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 11 राज्यों को पार करते हुए भारत भर में 7,500 किलोमीटर की लंबी साहसिक यात्रा पूरी की है। ‘वॉकिंग विद मी’ का मूल मानवता की अडिग भावना को दर्शाता है और एक व्यक्ति के द्वारा एक अशांत दुनिया में आशा और शांति की लौ जलाने के प्रयास की कहानी को सामने लाता है।

15 महीनों से अधिक समय तक चलने वाले वॉक ऑफ होप 2015-2016 को अब भारत के इतिहास में सबसे लंबे शांति मार्च के रूप में मान्यता प्राप्त है। इसे श्री एम मुमताज अली द्वारा नेतृत्व किया गया, जो 2020 में पद्मभूषण पुरस्कार प्राप्तकर्ता और एक भारतीय आध्यात्मिक लेखक, शिक्षाविद और शांति के पक्षधर हैं। वॉक ऑफ होप या आशा यात्रा 80 यात्रियों की कठिन यात्रा को दर्शाता है जिन्होंने भारत में मतभेदों को समाप्त करने और विविधता को एक साथ लाने के उद्देश्य से यात्रा की।

“वॉकिंग विद एम” मानवता की अडिग भावना को दर्शाता है और एक व्यक्ति के द्वारा एक अशांत दुनिया में आशा और शांति की लौ जलाने के असाधारण प्रयास की कहानी को प्रस्तुत करता है।

वॉक ऑफ होप ने भारत और विदेशों में लाखों दिलों को प्रभावित किया जिन्होंने 2015-16 के दौरान 16 परिवर्तनकारी महीनों की अवधि में इस आंदोलन में भाग लिया।

श्री एम ने कहा, “कन्याकुमारी से कश्मीर तक 7,500 किमी से अधिक की दूरी तय करते हुए, हम विभिन्न गांवों, कस्बों और शहरों से गुजरे जहां हमने बहुत कुछ सीखा। जितना हम साझा कर सकते थे, उससे कहीं अधिक, हमने स्वयं भारत के वास्तविक सार की खोज की – जिसे हमने महसूस किया कि यह वास्तव में इसके दिल में एकजुट है।”

निर्देशक आकाश सागर चोपड़ा ने कहा “ इस डॉक्यूमेंट्री के साथ हमारा प्रयास हर किसी को इस परिवर्तनीय 7,500 किलोमीटर की यात्रा का हिस्सा बनने का मौका मिले और विश्व इतिहास में एक अनदेखी आंदोलन और विविध अन्वेषण के दौरान भारत के सुंदर, कालातीत परिदृश्य को देखने का अवसर देना है।

सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने घोषणा की है कि इस फिल्म और इसके संग्रह से प्राप्त सभी आय मानव एकता मिशन के लिए दान की जाएगी।

‘वॉकिंग विद एम’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त की है, 8 यूरोपीय देशों में सफल प्रदर्शन के साथ, विभिन्न “कम्युनिटी फिल्म फेस्टिवल” सर्किट में प्रदर्शित की गई है ताकि अधिक से अधिक समुदायों तक पहुंचा जा सके। फिल्म ने कई पुरस्कार भी जीते हैं, जैसे कि फिल्म फेस्ट इंटरनेशनल (बर्लिन एफएफआई) 2023 में बेस्ट डॉक्यूमेंट्री का विजेता, द इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल द हेग में ग्लोबल पीस अवार्ड का विजेता, बेस्ट एडिटिंग ऑफ ए डॉक्यूमेंट्री और साथ ही यह नामित है एक ऐतिहासिक रुचि डॉक्यूमेंट्री, के सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार के लिए।

यह डॉक्यूमेंट्री एथेंस इंटरनेशनल मंथली आर्ट फिल्म फेस्टिवल, स्कैंडिनेवियन इंटरनेशनल फिल्म अवार्ड्स, स्टॉकहोम सिटी फिल्म फेस्टिवल, बुडापेस्ट में पैराडाइस फिल्म फेस्टिवल, नेपाल में फिल्म साउथ एशिया और स्वीडिश इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल्स में भी मान्यता प्राप्त कर चुकी है, जहां इसे आउस्टैंडिंग अचीवमेंट बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर लेंथ अवार्ड से सम्मानित किया गया।

अब भारत के कई शहरों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘वॉकिंग विद एम’ की कई स्क्रीनिंग की योजना बनाई गई है, और सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट दुनिया भर में इसके रिलीज के लिए वितरण भागीदारों के साथ बातचीत कर रहा है।
फिल्म के बारे में:

“वॉकिंग विद एम”पद्मभूषण पुरस्कार विजेता और बेस्ट-सेलिंग लेखक श्री एम की ऐतिहासिक यात्रा का अनुसरण करता है, जब उन्होंने भारत में 11 राज्यों से होकर 7,500 किलोमीटर की यात्रा की। “वॉकिंग विद एम” मानवता की अडिग भावना को दर्शाता है और एक व्यक्ति के द्वारा एक अशांत दुनिया में आशा और शांति की लौ जलाने के असाधारण प्रयास की कहानी को प्रस्तुत करता है।

सुर्यकुमार यादव टीम से हो सकते हैं बाहर

नई दिल्ली :  टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने सख्ती बरतते हुए सभी खिलाड़ियों को घेरलू क्रिकेट में हिस्सा लेने की हिदायत दी थी । इसके बाद से टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ी बुची बाबू टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। इनमें से एक नाम सूर्यकुमार यादव का भी है। उन्होंने हाल ही में मंबई की ओर से टीएनसीए इलेवन के खिलाफ एक मैच खेला था।एक मैच में ही उनकी इतनी बुरी हालत हुई कि उन्हें बेंगलुरु में मौजूद नेशनल क्रिकेट एकेडमी जाना पड़ा।

दरअसल, टीएनसीए इलेवन के खिलाफ लेग स्लिप में फील्डिंग करते हुए उनके दाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई। इस कारण अब दलीप ट्रॉफी में उनके खेलने पर संदेह है। अगर समय से चोट नहीं ठीक हुआ तो उन्हें दलीप ट्रॉफी की टीम से बाहर होना पड़ सकता है।

दलीप ट्रॉफी के साथ बीसीसीआई का नया सीजन शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट के लिए 60 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन सभी को 15-15 के चार टीमों में बांटा गया है। सूर्यकुमार यादव को टीम सी में रखा गया है, जिसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत में अब बस 4 दिन रह गए हैं, जो 5 सितंबर से अनंतपुर और बेंगलुरु में खेला जाएगा। अगर सूर्या अंगूठे की चोट से नहीं उबर पाते हैं, तो गायकवाड़ की टीम को बड़ा झटका लगेगा।

दलीप ट्रॉफी के साथ बीसीसीआई का नया सीजन शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट के लिए 60 खिलाड़ियों का चयन किया गया है. इन सभी को 15-15 के चार टीमों में बांटा गया है। सूर्यकुमार यादव को टीम सी में रखा गया है, जिसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत में अब बस 4 दिन रह गए हैं, जो 5 सितंबर से अनंतपुर और बेंगलुरु में खेला जाएगा। अगर सूर्या अंगूठे की चोट से नहीं उबर पाते हैं, तो गायकवाड़ की टीम को बड़ा झटका लगेगा।

बुची बाबू टूर्नामेंट में टीएनसीए इलेवन ने मुंबई को 286 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी थी। इस हार के साथ ही मुंबई टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इस मुकाबले में सूर्या कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। सूर्या ने पहली पारी में 38 गेंद में 30 रन बनाए। वहीं दूसरी पारी में वो चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं आ सके। उनके अलावा श्रेयस अय्यर और सरफराज खान भी फ्लॉप भी रहे।

सूर्यकुमार यादव काफी समय से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं और वापसी का रास्ता तलाश रहे थे। लेकिन बुची बाबू टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। वहीं दलीप ट्रॉफी से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज में उन्हें मौका मिलने की उम्मीद कम ही है।

बंगाल के तट पर बन रहा है निम्न दबाव, भारी बारिश का अलर्ट!

कोलकाता : कोलकाता और पश्चिम बंगाल के लिए मौसम की ताजा अपडेट चिंता बढ़ाने वाली है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया और शक्तिशाली डिप्रेशन बन रहा है, जो अगले कुछ दिनों में भयानक रूप ले सकता है। इस डिप्रेशन के प्रभाव से क्षेत्र में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी पर तेज हवाओं की रफ्तार 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हवा की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट पर समुद्री हालात 31 अगस्त तक असामान्य बने रहेंगे।

गुजरात में पहले से ही भारी बारिश हो रही है, जो हाल के दिनों में अप्रत्याशित रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश का पैटर्न बदल रहा है, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी भारी से अत्यधिक बारिश हो चुकी है, और अब सूखे क्षेत्रों में भी बारिश का सिलसिला जारी है। राजस्थान के एक जिले और गुजरात के तटीय जिलों में पानी भर गया है

सामान्यतः बंगाल के तट पर बने निम्न दबाव उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हैं, लेकिन इस बार यह दिशा बदल गई है। अब यह डिप्रेशन मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। जलवायु परिवर्तन इस दिशा में बदलाव का मुख्य कारण माना जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जलवायु परिवर्तन ने वर्षा के पैटर्न को प्रभावित किया है। पिछले चार-पांच वर्षों से बारिश पश्चिमी मार्ग पर होने लगी है, जिससे शुष्क क्षेत्रों में भी सामान्य से अधिक वर्षा हो रही है। पश्चिम बंगाल में कई डिप्रेशन बनने से भी बेतरतीब बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय का कहना है कि अगस्त में सामान्य से अधिक वर्षा होती है, जो इस बार भी देखने को मिल रही है।

ममता बनर्जी के आवास पर हमला करने की साजिश रच रहे व्हाट्सएप ग्रुप के तीन गिरफ्तार

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल में व्हाट्सएप में “वी वांट जस्टिस” के नाम पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर आरजी कर की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  के आवास पर हमला करने की साजिश रच रहे व्हाट्सएप ग्रुप के तीन मेंबर जिसमे ग्रुप क्रिएटर, ग्रुप एडमिन और ऑडियो मैसेज ग्रुप में पोस्ट करनेवाले को बांसद्रोनी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ग्रुप क्रिएटर का नाम स्वागत चटर्जी, ग्रुप एडमिन अरिजित दे और ऑडियो क्लिपिंग ग्रुप में भेजने का आरोपी शुभम सेन शर्मा बताया गया है।

पुलिस की माने तो उन्हें गुप्त रूप से खबर मिली थी कि आरजी कर की घटना के बाद राज्य सरकार के उदासीन रवैए के खिलाफ कुछ युवकों ने  व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। यह गिरोह सीएम आवास पर हमला करने की साजिश रच रहे हैं। इस ग्रुप में 363 मेंबर को जोड़ा गया है। यहां जो पोस्ट किया जा रहा है, उससे समाज में अशांति फैलने का खतरा फैलने की आशंका है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने ग्रुप के क्रिएटर, ग्रुप एडमिन समेत तीन सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस ग्रुप में 363 मेंबर में जिन्होंने अपनी राय ग्रुप में पोस्ट किया है, उन्हें नोटिस भेज कर लालबाजार में पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस सूत्र बताते हैं कि, व्हाट्सएप में ग्रुप बनाकर सीएम आवास के निकट कालीघाट में कहां इकट्ठा होना है, इस बारे में ऑडियो क्लिप जारी कर पूरी प्लानिंग की गई थी। इसके बाद सीएम आवास के बाहर घेराव फिर हमला करने को लेकर ग्रुप में प्लानिंग की जा रही थी। जिस जानकारी के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का जनता से आवेदन है कि, सुनी सुनाई बातों में न आकर कानून अपने हाथों में न ले। कोई भी व्यक्ति शहर में अशांति फैलाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप या सोशल मीडिया का सहारा न लें। ऐसा करने पर वे कानून के दायरे में पड़ सकते हैं। अगर कोई ऐसा कर रहा है तो लोकल थाने में जाकर या फिर 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना देकर पुलिस की मदद करें। इससे समाज में शांति व्याप्त रह सके।