तीन राज्यों में विधानसभा चुनावों की जीत से उत्साहित भाजपा के सांसदों ने आज संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर जैसे ही प्रधानमंत्री सदन में आये तो कई केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा के सांसद मोदी मोदी के नारे लगाने लगे। मोदी कहा कि देश हित में सकारात्मक चीजों का साथ दीजिए। जो कमियां है उन पर चर्चा कीजिए। आप देखिए, देश के मन में आज जो (विपक्ष के प्रति) नफरत पैदा हो रही है. हो सकता है वह मोहब्बत में बदल जाए। तो मौका है यह। इसे जाने मत दीजिए। प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों से संसद सत्र में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इसी में उनकी भलाई है कि वह देश को सकारात्मकता का संदेश दें।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे विपक्ष में हैं फिर भी वह उन्हें सकारात्मक सुझाव दे रहे हैं कि सकारात्मक के साथ ही हर किसी का भविष्य उज्जवल है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सार्वजनिक रूप से हमेशा हमारे सभी सांसदों से आग्रह करता हूं कि लोकतंत्र का यह मंदिर जन आकांक्षाओं के लिए, विकसित भारत की नयी राह को अधिक मजबूत बनाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण मंच है। मैं सभी सांसदों से आग्रह कर रहा हूं कि वह ज्यादा से ज्यादा तैयारी करके आएं तथा सदन में जो भी विधेयक रखे जाएं, उन पर गहन चर्चा हो।
जनता के दिल में सिर्फ मोदी जी हैं : अमित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तुष्टीकरण और जाति-आधारित राजनीति के दिन खत्म हो गए है। जनता के दिल में सिर्फ मोदी जी हैं । रविवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि जनता के दिल में सिर्फ और सिर्फ मोदी जी हैं। उन्होंने कहा कि आज के चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि तुष्टीकरण और जाति में बाँटने की राजनीति के दिन समाप्त हो चुके हैं.
उन्होंने आगे कहा कि प्रचंड बहुमत का आशीर्वाद देकर भाजपा को निरंतर सेवा का अवसर देने के लिए जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। इस जीत पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा जी एवं मध्य प्रदेश भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएँ। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा को जीत का आशीर्वाद देने के लिए राजस्थान की जनता का अभिनंदन करता हूँ। यह जीत मोदी जी के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास की जीत है।इस शानदार जीत के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी जी और राजस्थान भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। मध्य प्रदेश को लेकर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की यह प्रचंड जीत नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी नीतियों और सुशासन पर जनता की मुहर है।
लोगों ने मोदी की नीतियों का किया समर्थन : गडकरी
चार राज्यों के विधानसभा चुनावों की रविवार को मतगणना जारी है। इनमें से तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अधिकांश सीटों पर आगे चल रही है। जबकि, तेलंगाना में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से आगे है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का समर्थन किया है और भाजपा को वोट दिया है।उन्होंने कहा, इस ऐतिहासिक जीत के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी, हमारे (पार्टी) अध्यक्ष जेपी नड्डा और विशेष रूप से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।गडकरी ने कहा कि लोगों ने भाजपा के लिए अपना समर्थन बहुत स्पष्ट कर दिया है, जो ‘देश के भविष्य के लिए बेहतर’ होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी यहां 83वीं भारतीय सड़क कांग्रेस में हिस्सा लेने आए थे।गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में डबल इंजन की सरकार बनने से तेजी से विकास होगा। उन्होंने नतीजों के लिए प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा और स्थानीय पार्टी नेतृत्व के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की सराहना की।
विपक्ष ने जितना कीचड़ उछाला, उतना ही मोदी जी निखर कर आए: अनुराग
हिंदी बेल्ट के तीन राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा जबरदस्त जीत दर्ज करते हुए दिखाई दे रही है। यही कारण है कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भी है, उत्साह भी है और वह लगातार जश्न मना रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस के लिए तेलंगाना से अच्छी खबर है जहां वह सरकार बनाने की स्थिति में है। जीत से उत्साहित भाजपा नेता लगातार मीडिया में बयान भी दे रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह जीत खास है। देश को प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास है। इन चुनावों में यह स्पष्ट तौर पर उभरा है कि लोग डबल इंजन की सरकार चाहते हैं, मोदी जी के विकास और गरीब कल्याण में विश्वास रखते हैं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की गारंटियां फेल हो गईं…भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर वापस मुहर लगी है… विपक्ष ने जितना कीचड़ उछाला, उतना ही मोदी जी निखर कर आए, उतना ही कमल खिला है।
इन सबके बीच केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने एक बार फिर से गांधी परिवार पर निशाना साधा है। स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर जनता ने जो भरोसा दिखाया है, भाजपा के कार्यकर्ता होने के नाते हम जनता के प्रति कृतज्ञता का भाव रखते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने जिस प्रकार की अभद्र टिप्पणियां प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर की, जिस प्रकार का कटाक्ष विपक्ष के नेताओं ने पीएम मोदी पर किया वो कटाक्ष गांधी परिवार को महंगा पड़ा है।पीयूष गोयल ने कहा कि भारत के 4 राज्यों की जनता ने फिर एक बार अपना आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है। ये सामान्य विजय नहीं है। मध्य प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक बढ़त हुई है।
पीएम मोदी शिवाजी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
भारतीय नौसेना 4 दिसंबर को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग किले में नौसेना दिवस मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह भारतीय नौसेना का पहला मेगा शो होगा जो किसी भी प्रमुख नौसेना स्टेशन से दूर आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम लंगरगाह में जहाजों की रोशनी के साथ समाप्त होगा, इसके बाद सिंधुदुर्ग किले में एक लेजर शो होगा। मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज ने 1664 में सिंधुदुर्ग जिले के मालवन तालुका के पास अरब सागर में एक द्वीप पर सिंधुदुर्ग किले की नींव रखी थी।
किला तीन साल में बनकर तैयार हुआ था।प्रधान मंत्री महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग पहुंचेंगे और राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। उसके बाद, प्रधान मंत्री सिंधुदुर्ग में ‘नौसेना दिवस 2023’ समारोह के कार्यक्रम में भाग लेंगे।हर साल नौसेना दिवस के अवसर पर भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और विशेष बलों द्वारा ‘ऑपरेशनल प्रदर्शन’ आयोजित करने की परंपरा है। ये ‘ऑपरेशनल प्रदर्शन’ लोगों को भारतीय नौसेना द्वारा किए गए मल्टी-डोमेन ऑपरेशन के विभिन्न पहलुओं को देखने का अवसर प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत के लिए मोदी सरकार उठाये गये कदमों : मोदी
केंद्र की मोदी सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वाधिक महत्व देती है और सीमाओं की सुरक्षा से लेकर आंतरिक सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए तमाम कदम पिछले 10 वर्षों में उठाये गये हैं। इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब बीएसएफ स्थापना दिवस को संबोधित करने के लिए पहुँचे तो उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए मोदी सरकार की ओर से उठाये गये कदमों का जिक्र तो किया ही साथ ही सीमा सुरक्षा बल की भी भरपूर सराहना की।
गृह मंत्री अमित शाह ने ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने केंद्र की सत्ता में आने के बाद से पिछले नौ वर्षों में भारत-पाकिस्तान और भारत-बांग्लादेश सीमाओं के लगभग 560 किलोमीटर हिस्से में बाड़ लगाई है और अंतरालों को पाट दिया है। गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि यदि किसी देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं तो वह कभी विकसित और समृद्ध नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने देश को चंद्रमा पर पहुंचाया है, जी20 सम्मेलन के साथ पूरे विश्व में देश की ध्वजा फहराई है और अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से दुनिया में पांचवें स्थान पर पहुंचाया है। यह सब सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हमारे बीएसएफ जैसे बलों के कारण संभव हो पाया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगीं भारत की दो प्रमुख सीमाओं को अगले दो साल में पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा और इन दोनों ही मोर्चों पर करीब 60 किलोमीटर क्षेत्र में खुली जगहों को पाटने का काम जारी है।
मुझे डर है कि कहीं तेजस विमान भी क्रैश न हो जाए : शांतनु
बंगलुरू में तेजस विमान से उड़ान भरने को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं शांतनु सेन और कुणाल घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। वहीं, भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने उनपर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि कुछ ही समय में यह विशेष विमान दुर्घटनाग्रस्त न हो जाए। सेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब इसरो गए तो चंद्रयान-2 विफल हो गया। जब (अभिनेत्री) कंगना रनौत उनसे मिलीं तो उनकी फिल्म सुपर फ्लॉप हो गई। जब (क्रिकेटर) विराट कोहली ने उनसे हाथ मिलाया तो उन्हें लगातार तीन साल तक शतक नहीं मिला। हाल ही में हुए विश्व कप में लगातार दस मैच जीतने के बाद भारत फाइनल में इसलिए हार गया, क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री उस स्टेडियम में गए।शांतनु सेन की टिप्पणी पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, (पीएम) मोदी और भाजपा से नफरत करते-करते आप सेना और वायुसेना से इतनी नफरत करने लगे हैं कि आप उनके मरने की कामना क रहे हैं। आप तेजस लड़ाकू विमान के क्रैश होने की कामना कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस को यह क्या हो गया है।
अब हम आतंक को मजबूती से कुचल रहे हैं : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिये देशवासियों से बात करेंगे। 26 नवंबर को सुबह 11 बजे ‘मन की बात’ का प्रसारण किया जाएगा। आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 107वां एपिसोड है।
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ‘आज 26 नवंबर है और इस दिन को हम कभी नहीं भूल सकते। आज ही के दिन देश पर सबसे जघन्य आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने मुंबई और पूरे देश को थर्रा कर रख दिया था। लेकिन ये भारत का सामर्थ्य है कि हम उस हमले से उबरे और अब पूरे हौंसले से आतंक को कुचल रहे हैं। मुंबई हमले में अपना जीवन गंवाने वाले सभी लोगों को मैं श्रद्धांजलि देता हूं।’पीएम मोदी ने कहा कि मैंने वोकल फॉर लोकल की अपील की थी और बीते कुछ दिनों में त्योहारों पर देश में चार लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। वोकल फॉर लोकल अभियान समृद्ध भारत के द्वार खोल रहा है। इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
पीएम ने कहा सूरत में युवाओं की एक टीम ने प्रोजेक्ट सूरत की शुरुआत की है जिसका लक्ष्य सूरत को सफाई और सस्टेनेबल विकास की मिसाल बनाना है। इसके तहत युवा सार्वजनिक जगहों की सफाई करते हैं और आज इन लोगों की संख्या 50 हजार से ज्यादा हो गई है। डॉ. अंबेडकर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। जब साल 2015 में हम बाबा साहेब आंबेडकर की 125वीं जयंती मना रहे थे, उसी समय 26 नवंबर को संविधान दिवस के तौर पर मनाने का विचार आया था। उसके बाद से हर साल हम इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं।
तेजस विमान में सवार हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेंगलुरु में तेजस विमान से उड़ान भरी। पीएम मोदी शनिवार यानी 25 नवंबर को बेंगलुरु में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमटेड (एचएएल ) की फैसिलिटी पहुंचे थे। पीएमओ के मुताबिक, उन्होंने तेजस की मैन्यूफैक्चिरिंग हब का निरीक्षण किया। पीएम मोदी ने कहा कि तेजस की सफलतापूर्वक उड़ान का अनुभव अविश्वसनीय था।
उन्होंने आगे कहा कि इस अनुभव ने हमारे देश की स्वदेशी क्षमताओं में मेरे विश्वास को काफी हद तक बढ़ा दिया है।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेंगलुरु स्थित एचएएल हवाईअड्डे से तेजस लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी।
वे स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) में उड़ान भरने वाले पहले रक्षा मंत्री बने थे।
वे स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) में उड़ान भरने वाले पहले रक्षा मंत्री बने थे।उड़ान के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘तेजस पर सफलतापूर्वक उड़ान पूरी की। यह अनुभव अविश्वसनीय था। इस अनुभव ने हमारे देश की स्वदेशी क्षमताओं में मेरे विश्वास को काफी हद तक बढ़ा दिया है। इसने हमारी राष्ट्रीय क्षमता के बारे में मुझमें नए सिरे से गर्व और आशावाद की भावना जागृत की है।
हमारा भारत हमेशा से नारीशक्ति का पूजन करने वाला देश रहा है : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहस्यवादी कवि और भगवान कृष्ण भक्त की 525वीं जयंती मनाने के लिए आयोजित ‘मीराबाई जन्मोत्सव’ में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा पहुंचे। उन्होंने कृष्ण जन्मभूमि पर पूजा-अर्चना भी की और ऐसा करने वाले वह पहले प्रधानमंत्री बने। पीएम मोदी 32 साल के अंतराल के बाद भगवान कृष्ण के जन्मस्थान पहुंचे हैं।मोदी ने कहा कि हमारा भारत हमेशा से नारीशक्ति का पूजन करने वाला देश रहा है। ये बात ब्रजवासियों से बेहतर और कौन समझ सकता है। यहां कन्हैया के नगर में भी ‘लाडली सरकार’ की ही पहले चलती है। यहां सम्बोधन, संवाद, सम्मान, सब कुछ राधे-राधे कहकर ही होता है। कृष्ण के पहले भी जब राधा लगता है, तब उनका नाम पूरा होता है। इसलिए हमारे देश में महिलाओं ने हमेशा जिम्मेदारियां भी उठाई हैं, और समाज का लगातार मार्गदर्शन भी किया है।उन्होंने कहा कि मीराबाई का 525वां जन्मोत्सव केवल एक संत का जन्मोत्सव नहीं है। ये भारत की एक सम्पूर्ण संस्कृति का उत्सव है, ये प्रेम-परंपरा का उत्सव है, ये उत्सव नर और नारायण में, जीव और शिव में, भक्त और भगवान में, अभेद मानने वाले विचार का भी उत्सव है।
राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिस
चुनाव आयोग (ईसी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने वाली उनकी हालिया टिप्पणी के लिए गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस जारी करके निर्णायक कार्रवाई की है। नोटिस विशेष रूप से गांधी द्वारा अपने भाषणों के दौरान ‘पनौती’ (अपशकुन), ‘जेबकतरे’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल और ऋण माफी से संबंधित टिप्पणियों के लिए भेजा गया है। चुनाव आयोग ने गांधी को शनिवार शाम तक जवाब देने का निर्देश दिया है। खड़गे ने कहा, “हमारे पास आने वाले किसी भी नोटिस का हम सामना करेंगे,” यह पूर्व पार्टी अध्यक्ष द्वारा की गई टिप्पणियों पर चुनाव आयोग की जांच में सहयोग करने की कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नोटिस में चुनाव आयोग ने गांधी को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की याद दिलाते हुए इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक नेताओं को अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ असत्यापित आरोप लगाने से प्रतिबंधित किया गया है।
कोलकाता या मुंबई में खेला गया होता तो मैच जीत जाते : ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि अगर मैच कोलकाता के ईडन गार्डन या मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाता तो भारतीय टीम आईसीसी विश्व कप जीत जाती। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि (आईसीसी क्रिकेट विश्व कप) फाइनल मैच ईडन गार्डन्स स्टेडियम (कोलकाता) या वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई) में खेला गया होता, तो हम मैच जीत गए होते। नेताजी इंडोर स्टेडियम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता ने आरोप लगाया कि देश की क्रिकेट टीम का ‘भगवाकरण’ करने की कोशिश की जा रही है।गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए विश्व कप मैच में भारत ऑस्ट्रेलिया से हार गया। ममता के बयान पर बीजेपी महासचिव और विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. ममता बनर्जी या राहुल गांधी जैसे नेताओं से इस तरह की ओछी राजनीति की उम्मीद की जा सकती है. उन्होंने हमारी भारतीय टीम के प्रयासों का अपमान किया है जिसने पिछले 10 मैच बिना एक भी हार के लगातार जीते हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मुझे बहुत दुख है कि ममता बनर्जी गंदी राजनीति कर रही हैं। हमारे खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और ग्यारह में से दस मैच जीते और यह चुनाव नहीं है, यह एक खेल है।
अच्छा भला हमारे लड़के मैच जीत जाते, पनौती ने हरवा दिया: राहुल
कांग्रेस पार्टी ने यह सुझाव देकर राजनीतिक हलचल जारी रखी है कि जहां भी पार्टी की सरकार बनेगी, वह जाति-आधारित जनगणना कराएगी। पार्टी नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के वल्लभनगर में सर्वेक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव से पहले राजस्थान के वल्लभनगर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो चुनाव के तुरंत बाद जाति जनगणना कराएगी और राज्य के वंचित समुदायों के अधिकारों की रक्षा करेगी।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जालोर में चुनाव प्रचार करते हुए वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की हार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अच्छा भला हमारे लड़के वर्ल्ड कप जीत जाते, लेकिन पनौती ने हरवा दिया। दरअसल, राहुल गांधी जनसभा में पीएम मोदी का जिक्र कर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान जनसभा में कुछ लोग पनौती पनौती चिल्लाने लगे। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा केवल बड़े उद्योगपतियों के बारे में सोचती है, लेकिन कांग्रेस आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करेगी। वह वल्लभनगर में बोल रहे थे, जो राजस्थान के 200 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है और चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।
पीएम के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने भी ‘डीप फेक’ को लेकर जताई चिंता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपराधियों द्वारा जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का इस्तेमाल करने और डीप फेक को लेकर चिंता जाहिर की। राष्ट्रपति ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों को भी हमेशा तकनीक के क्षेत्र में अपडेट रहने की जरूरत है। राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन में 2022 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के प्रोबेशनर्स अधिकारियों को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि ‘पुलिस फोर्स के सामने साइबर अपराध, ड्रग तस्करी, वामपंथी कट्टरपंथ और आतंकवाद जैसी चुनौतियां हैं।
पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश में कानून व्यवस्था कायम रखने और देश को एकजुट रखने में पुलिस बल का अतुलनीय योगदान है। सरकार का उद्देश्य हर नागरिक के टैलेंट का विकास और उसे विकास के लिए पूरे अवसर मुहैया कराना है और यह हमारी प्राथमिकता है कि सभी नागरिक मिलकर देश के विकास में योगदान दें।
राष्ट्रपति ने कहा कि ‘कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन राज्य सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन आईपीएस अधिकारी, राज्य सरकार द्वारा नियुक्त पुलिस कर्मियों का नेतृत्व करते हैं। इस तरह देश की पुलिस व्यवस्था एकजुट होकर काम करती है।
पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी से पहले आएंगे गृह मंत्री अमित शाह
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए पश्चिम बंगाल खास होता जा रहा है। केंद्रीय मंत्रियों का दौरा लगातार हो रहा है। इस बीच जानकारी मिली है कि इसी महीने 29 तारीख को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर आ सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 24 दिसंबर को कोलकाता में आ रहे हैं। इसे लेकर आगामी दिनों में एक बार फिर से काफी हलचल देखने को मिल सकती है।इस बीच जानकारी मिली है कि कोलकाता में 24 दिसंबर को गीता जयंती के मौके पर एक लाख लोग गीता का पाठ करेंगे। इसके लिए मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है और प्रधानमंत्री ने इसके लिए स्वीकृति भी प्रदान कर दी है।प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार दिल्ली में हैं और उनकी बातचीत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से हुई है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो 29 को भाजपा की धर्मतल्ला के ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आएंगे।
कांग्रेस को हटाना है, बीजेपी को ही लाना है : मोदी
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंकने और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार लाने का आग्रह करते हुए कहा, “कांग्रेस को हटाना है, भाजपा को ही लाना है”। राज्य में 25 नवंबर को मतदान होना है और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि जहां-जहां कांग्रेस आती है वहां आतंकवादी, अपराधी और दंगाई बेलगाम हो जाते हैं और कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सबकुछ है। मोदी ने भरतपुर में पार्टी की विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस जहां-जहां आती है वहां-वहां आतंकवादी, अपराधी और दंगाई बेलगाम हो जाते हैं। कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सबकुछ है। पीएम मोदी ने कहा, “नागौर, मारवाड़ का निर्णय स्पष्ट है – कांग्रेस को हटाना है, बीजेपी को ही लाना है। हमने अभी दिवाली मनाई। हमने देखा है कि महिलाएं घर को साफ-सुथरा रखती हैं।
नागरिकों और मीडिया दोनों को बहुत सतर्क रहने की जरूरत : मोदी
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि डीप फेक सबसे बड़े खतरों में से एक है जिसका भारत की प्रणाली इस समय सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे समाज में अराजकता पैदा हो सकती है। प्रधानमंत्री ने मीडिया से भी लोगों को बढ़ती समस्या के बारे में शिक्षित करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को लोगों का समर्थन मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के वक्त भारत की उपलब्धियों ने लोगों में यह विश्वास पैदा किया कि अब देश रुकने वाला नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पूजा ‘राष्ट्रीय पर्व’ बन गया है जो बेहद प्रसन्नता की बात है।
दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा के दिवाली मिलन कार्यक्रम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए, प्रधान मंत्री ने कहा कि जब डीपफेक के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दुरुपयोग की बात आती है तो नागरिकों और मीडिया दोनों को बहुत सतर्क रहने की जरूरत है।पीएम मोदी की यह टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है जब डीपफेक को लेकर चर्चा लगातार जारी है। इसमें शामिल है कि कैसे डीपफेक मौजूदा विधानसभा चुनावों में चुनावी लोकतंत्र की अखंडता के लिए बड़ी चुनौतियां पैदा कर रहे हैं, जिससे नकली और असली क्लिप के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया है।इस टेक्नोलॉजी की नींव पर बनी एप्स बेहद नुकसान पहुंचा सकती है। इससे किसी व्यक्ति के चेहरे पर दूसरे का चेहरा लगाया जा सकता है। वो भी इतनी सफाई और बारिकी से कि नीचे वाले चेहरे के सभी हाव भाव ऊपर वाले चेहरे पर दिख सकते हैं। ये उसी तरह है जैसे एकता कपूर के सिरीयल में प्लास्टिक सर्जरी से पुराने चेहरे को नया बना दिया जाता था।
इजरायल-हमास युद्ध से निपटने के लिए संयम बातचीत और कूटनीति पर जोर : मोदी
इजराइल-हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्षों से बड़ी नई चुनौतियां उभर रही हैं और अब समय आ गया है कि ग्लोबल साउथ के देशों को व्यापक वैश्विक भलाई के लिए एक स्वर में बात करनी चाहिए। भारत द्वारा आयोजित वर्चुअल वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट के दूसरे संस्करण में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि नई दिल्ली ने इजरायल-हमास युद्ध से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए संयम के साथ-साथ बातचीत और कूटनीति पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने इजराइल पर सात अक्टूबर को हुए बर्बर आतंकवादी हमले की निंदा की।उन्होंने कहा कि मैं उस ऐतिहासिक क्षण को नहीं भूल सकता, जब भारत के प्रयासों से अफ्रीकी संघ को जी20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। भारत की G20 अध्यक्षता के तहत एक महत्वपूर्ण मील के पत्थर में, सितंबर में अफ्रीकी संघ 1999 में अपनी स्थापना के बाद से प्रभावशाली ब्लॉक के पहले विस्तार में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह का नया स्थायी सदस्य बन गया।
अरे मूर्खों के सरदार, किस दुनिया में रहते हो : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मौजूदा चुनावी मौसम में कांग्रेस पर अपना सबसे जोरदार हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर वार किया। प्रधानमंत्री ने राहुल के ‘मेड इन चाइना फोन’ वाले बयान पर कहा, कल कांग्रेस के एक महाज्ञानी कह रहे थे कि भारत में सब लोगों के पास मेड इन चाइना मोबाइल फोन होता है। अरे मूर्खों के सरदार, किस दुनिया में रहते हो!
नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब तक कांग्रेस सत्ता में थी, तब तक आदिवासी क्षेत्रों से, पिछड़े क्षेत्रों से केवल भुखमरी की खबरें आती थीं, कुपोषित बच्चों की तस्वीरें आती थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता गरीबों की झोपड़ी में जाकर फोटो खिचवाते थे, उनकी गरीबी व बेहाली दिखाते थे और एक बार उनकी तस्वीर चमक गई तो गरीबों को भूल जाते थे। ये ड्रामा नाना ने भी किया, दादी ने भी किया और पिता ने भी किया।
मोदी ने कहा कि मैं पूरे मध्य प्रदेश में देख रहा हूं और साफ नजर आ रहा है कि जनता जनार्दन की गारंटी है, कमल खिलने वाला है। कांग्रेस इस चुनाव में कहीं टक्कर में ही नहीं नजर नहीं आ रही है। इसलिए कांग्रेस मध्य प्रदेश में बहुत बड़ी शर्मनाक हार की तरफ बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को मध्य प्रदेश के लोग विकास को चुनेंगे, भाजपा को चुनेंगे।
कांग्रेस ने मान ली हार, कर रही झूठे वादे : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान के तहत मंगलवार को चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में चुनावी रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने बैतूल में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस जो वादा करती है, वो कभी पूरा नहीं करती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने कांग्रेस के झूठे वादे एक पल भी नहीं टिक सकते। मोदी की गारंटी का मतलब है- गारंटी पूरा होने की गारंटी।उन्होंने कहा कि हमारे दिल में आदिवासियों के लिए जगह है।
इसलिए जब मौका आया, तो भाजपा ने आपके गौरव को मान दिया, आपकी भावनाओं को समझा। इसलिए एक आदिवासी गांव में पैदा हुई बेटी, गरीब परिवार में पैदा हुई बेटी द्रौपदी मुर्मू जी आज देश की राष्ट्रपति हैं और देश का नेतृत्व कर रही हैं।उन्होंने कहा कि पिछली बार कर्जमाफी का वादा सरकार बनने के डेढ़ साल बाद तक ये लोग पूरा नहीं कर पाए। वहीं दूसरी तरफ भाजपा है, जो जितना वादा करती है, उससे भी ज्यादा करने का प्रयास करती है।मोदी ने कहा कि ये चुनाव है मध्य प्रदेश के विकास को डबल रफ्तार देने का…ये चुनाव है कांग्रेस के लूट और भ्रष्टाचार को फिर कभी मध्य प्रदेश की तिजोरी पर हाथ न लगाने देने का। कांग्रेस का पंजा छिनना जानता है, लूटना जानता है। आपका तो अनुभव है जहां जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई।


