हिमाचल के तोष में फटा बादल से पुल समेत दुकानें और शराब का ठेका बहा

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश  का दौर अब शुरू हो गया है। मनाली में बीते कुछ दिन पहले फ्लैश फ्लड के बाद अब कुल्लू के मणिकर्ण में भी अब फ्लैश फ्लड आया है। मणिकर्ण के तोष में बादल फटा है और दुकानें और होटल को नुकान पहुंचा है। हालांकि, किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।

उधर, पलचान के पास लेह मनाली हाईवे फिर से बंद हो गया है। यहां पर भारी बारिश के बाद हाईवे पर पानी और मलबा आ गया है। यहां पर अंजनी महादेव नाले में फिर से जलस्तर बढ़ा और नाले ने अपना रास्ता बदल लिया और फिर हाईवे के ऊपर से पानी बहने लगा। अब बीआरओ की मशीनरी मौके पर मलबा हटाने में जुटी हुई थी और अब दस बजे के करीब हाईवे को बहाल कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के तोष गांव में नाले में फ्लैश फ्लड आया। पहाड़ों में भारी बारिश की वजह से नाले में बाढ़ आ गई और फिर अस्थाई शेड्स, दुकानें, और शराब का ठेका बह गया है। मंगलवार रात 2 बजे के करीब बारिश हुई है और फिर तोष नाले में बाढ़ आ गई।

डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने बताया कि प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम मौके पर नुक्सान का आंकलन के लिए भेजी है। वहीं, ग्रामीण किशन ने बताया कि पूर्व उपप्रधान के होटल को नुकसान पहुंचा है और साथ ही एक शख्य की दो दुकानें फ्लैश फ्लड में बहीं हैं। उन्होंने बताया कि मणिकर्ण में आसपास कहीं बारिश नहीं हुई है। केवल तोष में बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आय़ा है।

इससे पहले, बीते सप्ताह मनाली के सोलांग नाला में फ्लैश फ्लड आया था और फिर पलचान गांव में तीन घरों को नुकसान पहुंचा था। वहीं, रविवार को भी मनाली के पलचान में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा था और चार घरों को खाली किया गया था। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में 1 और दो अगस्त के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उधर, लेह मनाली हाईवे एक बार फिर से बंद हो गया है। यहां पर भारी बारिश के चलते हाइवे पर मलबा, पत्थर और पानी आ गया है। फिलहाल, लाहौल में इन दिनों गोभी का सीजन चल रहा है और ऐसे में किसान बागवानों को परेशानी हो रही है।

 

केरल में भूस्खलन से तबाही ही तबाही,11 लोगों की मौत

कोझिकोड: वायनाड के चूरलपारा में मंगलवार को हुए भीषण भूस्खलन में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि भूस्खलन रात करीब 2 बजे हुआ और इलाका पूरी तरह से कट गया।

केरल के मुख्य सचिव वी. वेणु ने बताया, “रात करीब 2 बजे, कम से कम दो से तीन बार भूस्खलन हुआ। इस समय, कुछ प्रभावित इलाके कट गए हैं। मौसम भी प्रतिकूल है, इसलिए एनडीआरएफ की टीमें इनमें से कुछ प्रभावित इलाकों में नहीं जा पा रही हैं। सभी लोग अलर्ट पर हैं। हम समन्वित तरीके से बचाव कार्य करेंगे। हम अभी भी पता लगा रहे हैं कि कितने लोग फंसे हुए हैं। बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए लोगों को एयरलिफ्ट करने सहित सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।”

स्थानीय लोग और बचाव ऑपरेटरों की एक टीम इलाके में लोगों का पता लगाने में लगी हुई है, जो दो हिस्सों में बंट गया है और करीब 400 परिवार अलग-थलग पड़ गए हैं।इस बीच, अट्टामाला, जिसमें अच्छी संख्या में होमस्टे हैं, बुरी तरह प्रभावित हुआ है और बचाव अभियान शुरू हो गया है और पर्यटकों के फंसने की खबरें हैं। घटनास्थल पर पहुंचे राज्य के वन मंत्री ए.के. ससीन्द्रन ने कहा कि नुकसान का आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी।

“कम से कम 53 लोग यहां एक अस्पताल में भर्ती हैं और छह शव भी हैं। दूसरे अस्पताल में 13 लोग घायल हैं, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वहां भी छह हैं। हमने बचाव अभियान शुरू कर दिया है और हेलीकॉप्टरों के आने का इंतजार कर रहे हैं। जल्द ही एक नया रोपवे बनाया जाएगा और सेना एक अस्थायी पुल भी बनाएगी, ताकि पुल के बह जाने के बाद फंसे लोगों को बचाया जा सके,” ससीन्द्रन ने कहा।

 

पुष्पेंद्र हत्याकांड में सभी नौ दोषियों को आजीवन कारावास

लखनऊ : मुरादाबाद के चर्चित पुष्पेंद्र हत्याकांड मामले में कोर्ट ने सभी नौ आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं प्रत्येक पर दो-दो लाख रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। मामले को लेकर विशेष लोक अभियोजक मुनीश भटनागर ने बताया,”पुष्पेंद्र महिला कल्याण विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।

वहां पर चुन्नी लाल और मुकुट लाल बाबू थे। दोनों बाबू कुछ गलत काम करते थे, जिसकी जानकारी पुष्पेंद्र को थी। महिपाल नाम के व्यक्ति ने जन सूचना के तहत कुछ सूचना मांगी। चुन्नी लाल और मुकुट लाल को इसका शक पुष्पेंद्र पर था। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर तीन लाख की सुपारी देकर 21 सितंबर 2015 को दिन में 12 बजे पुष्पेंद्र की हत्या करा दी।”

उन्होंने बताया, “न्यायालय ने सभी नौ आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और प्रत्येक को दो-दो लाख रुपए का आर्थिक दंड लगाया।”

बता दें कि नौ साल पहले पुष्पेंद्र को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था। मृतक के पिता ने पुलिस में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी। नौ साल बाद सोमवार को एडीजे तीन सरोज कुमार यादव ने हत्या में शामिल नौ आरोपियों को दोषी करार दिया।

हावड़ा-मुंबई मेल के 20 डिब्बे पटरी से उतरी, दो की मौत

 रांची : झारखंड में एक बार फिर रेल हादसा हुआ है। चक्रधरपुर के पास बड़ाबंबू में मंगलवार तड़के हावड़ा-मुंबई मेल (12810) के 20 डिब्बे एक मालगाड़ी से टकराकर पटरी से उतर गए। यह हादसा राजखरसावां और बड़ाबंबू स्टेशनों के बीच हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई ।

यह घटना राज्य में पिछले छह महीनों में हुई तीसरी बड़ी रेल दुर्घटना है, जिसने रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले 18 जनवरी 2024 को गम्हरिया रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई थी।

वहीं 28 फ़रवरी 2024 को जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन के बीच भी ट्रेन हादसा हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।

AIFFA स्टेनेबल स्टील मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने कोलकाता में एक अहम बैठक किया

कोलकाता: सेकेंडरी स्टील उद्योग की अनूठी आवाज, एआईआईएफए सस्टेनेबल स्टील प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने  कोलकाता में एक क्लस्टर बैठक का आयोजन किया। बैठक में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और पूर्वी भारत के प्रमुख इस्पात उत्पादकों की भागीदारी देखी गई। चर्चा का संचालन एआईआईएफए अध्यक्ष योगेश मंडल और महासचिव कमल अग्रवाल ने किया ।

इसमें लक्सकोन स्टील्स के गोपाल गुप्ता, राधा स्मेल्टर्स के सुमन सराफ, कालिका स्टील अलॉयज के अनिल गोयल, बालाजी निर्यात के हेमंत लूनिया, जालना सिद्धिविनायक अलॉयज के दिनेश अग्रवाल, राघव प्रोडक्टिविटी एन्हांसर के राजेश काबरा, अमलगम स्टील के सौरभ मिश्रा, श्याम स्टील इंडस्ट्रीज के एस.एस. बेरीवाला, बीडीजी मेटल एंड पावर के रमेश चंद गोयल, इलेक्ट्रोथर्म के सूरज भंडारी, श्याम मेटालिक के विश्वाल बबना और स्टील एंड मेटलर्जी के निर्मल्य मुखर्जी अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य इस्पात उद्योग को प्रभावित करने वाली क्षेत्र की विशिष्ट चुनौतियों पर चर्चा करना, नई एनडीए सरकार के तहत जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान करना और इस क्षेत्र के उद्योग को दो दिवसीय स्टीलेक्स 2024 और “स्टील में हरित क्रांति – सतत नवाचार” पर 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन के बारे में अपडेट करना तथा उसमें आमंत्रित करना था। जो 18-19 सितंबर 2024 को बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर , गोरेगांव, मुंबई में आयोजित की जाएगी।

फोरम ने यह भी कहा कि 2024 का बजट उद्योग की उम्मीदों को पूरा करने में सक्षम नहीं है। प्रतिभागियों ने इस्पात क्षेत्र के लिए पर्याप्त सहायक उपायों की कमी पर निराशा व्यक्त की और इस्पात की खपत बढ़ाने के लिए रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने उद्योग को विकसित करने के लिए मजबूत सरकारी समर्थन और प्रोत्साहन की आवश्यकता पर जोर दिया, और स्थानीय इस्पात उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और मांग को प्रोत्साहित करने के लिए नीति समायोजन और वित्तीय पहल की सिफारिश की।

इस चर्चा में एक सहयोगी वातावरण को बढ़ावा देने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, जहां उद्योग के लीडर क्षेत्रीय चुनौतियों का समाधान करने के लिए स्थायी नवाचार और रणनीतियों का पता लगा सकते हैं। एआईआईएफए के अध्यक्ष योगेश मंडल ने उद्योग की सतत वृद्धि और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए इन चुनौतियों का सामूहिक रूप से समाधान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सस्टेनेबल स्टील मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के रूप में “एआईआईएफए” की रीब्रांडिंग का उल्लेख किया एक महत्वपूर्ण कदम जो वैश्विक रुझानों और नियामक अपेक्षाओं के अनुरूप इस्पात उत्पादन में अधिक टिकाऊ भविष्य की ओर इशारा करता है।

सेक्रेटरी जनरल कमल अग्रवाल ने कहा कि आगामी स्टीलेक्स 2024 और 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने जा रहे हैं, जो उद्योग जगत के नेताओं और हितधारकों को एक साथ लाएंगे और स्टील में हरित क्रांति लाने में मदद करेंगे। ये बैठकें स्थायी इस्पात उत्पादन में नवीनतम विकास को प्रदर्शित करेंगी और उद्योग के महत्वपूर्ण मुद्दों के नवीन समाधानों पर चर्चा करेंगी। इस्पात उद्योग के सभी क्षेत्रों को एक छतरी के नीचे लाकर, स्टीलएक्स 2024 का लक्ष्य नेट जीरो स्टील (ग्रीन स्टील) के उत्पादन और आपूर्ति में भारत को अग्रणी देश के रूप में स्थापित करना है।

यह ठोस प्रयास स्थायी इस्पात उत्पादकों की आवाज को मजबूत करेगा और नीति निर्माताओं को सहायक कार्रवाई में तेजी लाने के लिए मजबूर करेगा। हम सभी हितधारकों से एक स्वर में भाग लेने, इस्पात उद्योग के अधिकारों और विकास के लिए प्रभावी ढंग से काम करने का आह्वान करते हैं, जो भारत के साथ-साथ दुनिया के अन्य हिस्सों में उद्योग को महत्वपूर्ण रूप से आगे बढ़ाएगा।

कोचिंग सेंटर हादसे के बाद MCD ने ओल्ड राजेंद्र नगर में 13 कोचिंग संस्थान को किए सील

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि नगर निगम की एक टीम रविवार को ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में अवैध रूप से संचालित कई कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ को सील करने पहुंची।

रविवार देर रात तक जारी कार्रवाई के दौरान करीब 13 कोचिंग सेंटर सील किए गए। इनमें आईएएस गुरुकुल, चहल अकादमी, प्लूटस अकादमी, साई ट्रेडिंग, आईएएस सेतु, टॉपर्स अकादमी, दैनिक संवाद, सिविल्स डेली आईएएस, करिअर पावर, 99 नोट्स, विद्या गुरु, गाइडेंस आईएएस और ‘इजी फॉर आईएएस’ शामिल हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘ ये कोचिंग सेंटर नियमों का उल्लंघन कर बेसमेंट में संचालित हो रहे थे और उन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया तथा नोटिस चस्पा कर दिया गया।’’

उन्होंने बताया कि एमसीडी ने पिछले साल मुखर्जी नगर में एक संस्थान में भीषण आग लगने के बाद ऐसे कोचिंग केंद्रों का सर्वेक्षण किया था।

ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में शनिवार को भारी बारिश के बाद एक कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई।

उन्होंने कहा, ‘‘संस्थान के मालिक की ओर से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने में घोर आपराधिक लापरवाही पाई गई है, क्योंकि ‘बेसमेंट’ में स्थित पुस्तकालय अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था और इसमें केवल एक ही प्रवेश और निकास द्वार था जो बायोमेट्रिक आधारित था और पानी के कारण बंद हो गया था।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘यदि बाहर निकलने का रास्ता खुला होता तो छात्र बच सकते थे। एमसीडी सिर्फ भवन योजना को मंजूरी देती है, लेकिन अगर कोई ‘बेसमेंट’ का इस्तेमाल पार्किंग और भंडारण के लिए करने की घोषणा करने के बाद उसका व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करता है, तो सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी और क्या कर सकती है?’’

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की है और दिल्ली सरकार से बातचीत के बाद एक उच्चस्तरीय समिति के गठन की घोषणा जल्द ही की जाएगी।’’

78वें स्वतंत्रता दिवस पर 15 लाख पेड़ लगाएगा रक्षा मंत्रालय

नई दिल्ली :  पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पीएम मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की। उसी पहल को आगे बढ़ाते हुए रक्षा मंत्रालय 15 अगस्त को 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर देशभर में 15 लाख पेड़ लगाने का अभियान चलाएगा। यह वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ (ए ट्री इन द नेम ऑफ मदर) अभियान का एक हिस्सा है और इसे तीन सेनाओं एवं डीआरडीओ, रक्षा पीएसयू, सीजीडीए, एनसीसी, सैनिक स्कूल, आयुध कारखानों जैसे संबंधित संगठनों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

दरअसल, पीएम मोदी ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की थी और भारत एवं दुनियाभर के सभी लोगों से मां को श्रद्धांजलि के रूप में एक पेड़ लगाने का आग्रह किया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस अभियान में भाग लिया और अपनी मां की स्मृति में पौधारोपण किया। उन्होंने लोगों से प्रकृति की रक्षा के अभियान में शामिल होने तथा पर्यावरण संरक्षण के आंदोलन को और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की है। इस दौरान पीएम ने दिल्ली के बुद्ध जयंती पार्क में एक पीपल का पेड़ लगाया। उन्होंने सभी से हमारे ग्रह को बेहतर बनाने में योगदान देने का भी आग्रह किया है और बताया कि पिछले दशक में भारत ने कई सामूहिक प्रयास किए हैं, जिसके कारण पूरे देश में वन क्षेत्र में वृद्धि हुई है।

दिल्ली कोचिंग सेंटर हादसे के बाद जुनियर इंजीनियर बर्खास्त, इलाके में बुलोडर एकेशन जारी

नई दिल्ली :   राजधानी दिल्ली में राजेंद्र नगर में कोचिंग सेंटर में हुए हादसे में बड़ा एक्शन हुआ है। एमसीडी ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए जुनियर इंजीनियर (जेई)को बर्खास्त कर दिया है, जबकि एई को निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, मौके पर पहुंचे जेसीबी (JCB) द्वारा ढके हुए नाले से स्लैब हटाई जा रही है। बताया गया कि मौके पर तीन जेसीबी मौजूद हैं। राव कोचिंग सेंटर के विपरित जो नाला है, उससे अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पांच और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार बिल्डिंग मालिक और एक थार कार का मालिक शामिल है।

इस बिल्डिंग के चार मालिक हैं, जिनके नाम सरबजीत सिंह, तेजिंदर सिंह, हरविंदर सिंह और परविंदर सिंह हैं। चारों चचेरे भाई हैं। सभी करोलबाग में रहते हैं। इन्होंने राव आइएएस कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता को चार लाख रुपए मासिक किराए पर बिल्डिंग का बेसमेंट एरिया दे रखा था। उधर, आयुक्त अश्वनी कुमार ने बड़ी कारवाई की है। इस मामले में आयुक्त जेई को टर्मिनेट और एई को निलंबित किया गया है।

डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने पुष्टि की कि इस मामले में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या सात हो गई है। गिरफ्तार किए गए लोगों में बेसमेंट के मालिक और एक व्यक्ति शामिल है जिसने एक वाहन चलाया, जिससे इमारत के गेट को नुकसान पहुंचा।

डीसीपी एम हर्षवर्धन के अनुसार, “इस घटना में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रख रहे हैं।”

तीन यूपीएससी उम्मीदवारों की मौत पर बोलते हुए डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने कहा कि बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधि करने की कोई अनुमति नहीं थी। हमने एमसीडी से कुछ जानकारी मांगी है, और हम उनकी भूमिका की भी जांच करेंगे। सभी कोणों से जांच चल रही है।

उन्होंने कहा कि हम प्रदर्शनकारी छात्रों से शांति बनाए रखने और मुख्य सड़कों को अवरुद्ध न करने की अपील करते हैं, और विश्वास है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मौके पर पहुंचे जेसीबी द्वारा ढके हुए नाले से स्लैब हटाई जा रही है। बताया गया कि मौके पर तीन जेसीबी मौजूद हैं। राव कोचिंग सेंटर के विपरित जो नाला है, उससे अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पांच और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार बिल्डिंग मालिक और एक थार कार का मालिक शामिल है।

इस बिल्डिंग के चार मालिक हैं, जिनके नाम सरबजीत सिंह, तेजिंदर सिंह, हरविंदर सिंह और परविंदर सिंह हैं। चारों चचेरे भाई हैं। ये लोग करोलबाग में रहते हैं। इन्होंने राव आइएएस कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता को चार लाख रुपए मासिक किराए पर बिल्डिंग का बेसमेंट एरिया दे रखा था।

दक्षिणी प्रयास का 32वाँ स्थापना दिवस समारोह

कोलकाता: आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से 32 साल पहले एक पेड़ के नीचे शुरू हुई दक्षिणी प्रयास ने अपना 32वां स्थापना दिवस आईसीसीआर के सत्यजीत रॉय ऑडिटोरियम में मनाया। इस कार्यक्रम में छात्रों द्वारा पूर्वी कोलकाता आर्द्रभूमि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एक जीवंत नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई।

पिछले तीन दशकों में, दक्षिणी प्रयास लगभग 400 बच्चों को निःशुल्क समग्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाली एक संपन्न संस्था बन गई है। 37 शिक्षण और 15 गैर-शिक्षण कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों के साथ, संगठन न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर ध्यान केंद्रित करता है, बल्कि बच्चों के परिवारों को एक अनूठी स्वास्थ्य देखभाल योजना और स्वरोजगार का अवसर भी प्रदान करता है। वे गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करते हैं जो दुनिया भर में बेचे जाते हैं, अतिरिक्त आय को अपने बच्चों और समुदायों की शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल में पुनर्निवेशित करते हैं।

पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति दक्षिणी प्रयास की प्रतिबद्धता इसकी विभिन्न पहलों में परिलक्षित होती है। इस वर्ष की थीम थी “पूर्वी कलकत्ता वेटलैंड: पर्यावरण और अर्थव्यवस्था।” कार्यशाला के माध्यम से, छात्रों को कोलकाता शहर और दुनिया के लिए इन आर्द्रभूमियों के महत्व के बारे में शिक्षित किया गया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिका ने आर्द्रभूमि के सार और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

दक्षिणी प्रयास की अध्यक्ष सुश्री अनुभूति प्रकाश ने दर्शकों को संबोधित करते हुए संगठन के विकास और समुदाय पर प्रभाव पर जोर दिया। प्रतिष्ठित प्रबंधन शिक्षाविद् प्रोफेसर शांतनु रॉय ने दक्षिणी प्रयास द्वारा प्रस्तुत समग्र सामुदायिक विकास के अनूठे मॉडल को पहचानते हुए मुख्य अतिथि के रूप में इस अवसर की शोभा बढ़ाई।

संगठन की वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाती है, जिसमें पिछले वर्ष की उपलब्धियों और मील के पत्थर पर प्रकाश डाला गया है। दक्षिणी प्रयास सतत विकास और समग्र विकास को आगे बढ़ाने में सामुदायिक समर्थन और समर्पित प्रयासों की ताकत के प्रमाण के रूप में खड़ा है।

‘बाथरूम वीडियो’ लीक के बाद उर्वशी रौतेला का रिएक्शन

नई दिल्ली: उर्वशी रौतेला कुछ समय से अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। ये वीडियो उनके लिए काफी प्राइवेट था। लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से ये उर्वशी का ये वीडियो वायरल हो रहा था. अब एक्ट्रेस ने लीक हुए इस बाथरूम वीडियो की सच्चाई बताई है।

उर्वशी रौतेला सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी फोटोज और वीडियो से फैंस के लिए नजरें हटाना मुश्किल हो जाता है। आए दिन उनके वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। बीते दिनों एक्ट्रेस का एक बाथरूम वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स ने काफी शेयर किया था। कुछ लोग तो इसे पब्लिसिटी स्टंट भी बता रहे थे। अब खुद एक्ट्रेस ने इस वीडियो की सच्चाई बता दी है।

हाल ही में उर्वशी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी अपकमिंग फिल्म घुसपैठिया का एक पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट में उर्वशी रौतेला नजर आ रही हैं। इस पोस्टर के साथ एक्ट्रेस ने कैप्शन में दिया था, यहां कोई भी सेफ नहीं है, ना हम, ना तुम ना ही हमारे राज ! इस पोस्ट के साथ उर्वशी रौतेला ने अपनी फिल्म के ट्रेलर के रिलीज होने की जानकारी भी दी थी।

हाल ही में उर्वशी ने इस वीडियो की सच्चाई बयां की है। उन्होंने सामने आई वीडियो के बारे में कहा, मैं मेरी कोई पर्सनल क्लिप नहीं है और वो फिल्म ‘घुसपैठिया’ का एक सीन है। साथ ही एक्ट्रेस ने ये भी कहा कि मैं हमेशा यही मनाती हूं कि ऐसा कभी किसी लड़की के साथ ना हो. हालांकि उर्वशी के ऐसे बयान के बाद लोग दिल खोलकर उन पर कमेंट भी कर रहे हैं।

वीडियो में, उर्वशी काफी नए अवतार में नजर आ रही हैं। जिससे फैंस के बीच अब फिल्म को लेकर भी काफी उत्सुकता पैदा हो गई है। लीक हुए ऑडियो रहस्य की एक और परत जोड़ता है, क्योंकि यह बिहाइंड द सीन्स दिखा रहा है। जो फिल्म के प्रमोशन से संबंधित हो सकता हैं। घटनाओं की इस सीरीज ने घुसपैठिया को लेकर फैंस के बीच बेसब्री को बढ़ा दिया है।

मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता ब्रॉन्ज, भारत के खाते में आया पहला मेडल

नई दिल्ली:  पेरिस ओलंपिक 2024 के पहले दिन भारत के खाते में एक भी मेडल नहीं आया था। लेकिन पहले दिन मनु भाकेर ने मेडल की आस जगाई थी। दूसरे दिन हुए फाइनल में मनु ने इसे पूरा भी कर दिखाया। 22 साल की मनु ने वूमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

मनु भाकर ने भारत को पेरिस ओलंपिक 2024 का पहला मेडल दिलवा दिया है। साउथ कोरिया की ओ ये जिन पहले स्थान पर रही। उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। वहीं, साउथ कोरिया की ही किम येजी दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने सिल्वर मेडल जीता। मनु 221.7 प्वाइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर रही। उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला।

मनु भाकर का जन्म हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गांव में हुआ था। उनके पिता राम किशन भाकर मर्चेंट नेवी में चीफ इंजीनियर के पद पर हैं। 14 साल की उम्र तक भाकर ने मणिपुरी मार्शल आर्ट जैसे अन्य खेलों के साथ-साथ मुक्केबाजी, टेनिस और स्केटिंग में भी कमाल का प्रदर्शन किया और इन इवेंट्स में नेशनल गेम्स में मेडल जीते।

मनु ने साल 2018 कॉमनवेलथ गेम्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था। वह भी महज 16 साल की उम्र में। वही, उन्होंने 2022 एशियन गेम्स में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल इवेंट में ईशा सिंह और रिदम सांगवान के साथ भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था।

 

 

राष्ट्रपति ने कई राज्यों के राज्यपालों को बदला

नई दिल्ली :  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के राज्यपालों को बदल दिया है। राष्ट्रपति ने पुडुचेरी और चंडीगढ़ के उपराज्यपाल के साथ-साथ राजस्थान, तेलंगाना, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़, मेघालय, महाराष्ट्र और मणिपुर के राज्यपाल बदले हैं। यही नहीं राष्ट्रपति ने पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि के. कैलाशनाथन को उनके कार्यालय का कार्यभार संभालने की तारीख से पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।

हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ओम प्रकाश माथुर सिक्किम और संतोष कुमार गंगवार झारखंड के नये राज्यपाल होंगे। रमेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है जबकि सी.एच. विजयशंकर मेघालय के राज्यपाल होंगे। झारखंड के राज्यपाल के साथ तेलंगाना का अतिरिक्त प्रभार संभालने वाले सी.पी. राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया और उन्हें केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। वहीं सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि उपरोक्त नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।

डोडा हमले में शामिल तीन आतंकियों के स्केच जारी, सूचना देने पर 5 लाख का इनाम

श्रीनगर :  जम्मू-कश्मीर के डोडा में हाल ही में हुए आतंकी हमले में शामिल तीन संदिग्ध आतंकियों के स्केच पुलिस ने जारी किए हैं। माना जा रहा है कि यह तीनों आतंकी डोडा और देसा के ऊपरी इलाकों में सक्रिय हैं। उनके बारे में सूचना देने पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा गया है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक ये लोग देसा के उरार बागी इलाके में हाल ही में हुए हमलों में शामिल थे। जनता से उनके ठिकाने या मूवमेंट के बारे में कोई भी जानकारी देने के लिए आगे आने का आग्रह है। क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जनता का सहयोग महत्वपूर्ण है।

पुलिस ने संपर्क के लिए कई संपर्क नंबर जारी किए हैं जिसमें एसएसपी डोडा 9541904201, एसपी मुख्यालय डोडा 9797649362, 9541904202, एसपी ओपीएस डोडा 9541904203, डीवाईएसपी डीएआर डोडा 9541904205, डीवाईएसपी मुख्यालय डोडा 9541904207, एसएचओ पीएस डोडा 9419163516, 9 541904211 आदि शामिल हैं। इन पर आम जनता सूचना देने के लिए संपर्क कर सकती है।

70 प्रतिशत बाघ भारत में हैं, संख्या हर साल बढ़ रही है: मन की बात में बोले मोदी

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व बाघ दिवस की पूर्व संध्या पर कहा है कि भारत में बाघों के संरक्षण के लिए इस समय अभूतपूर्व प्रयास चल रहे हैं और देश में प्रति वर्ष इस वन्य प्राणी की संख्या बढ़ रही है। मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो संबोधन- मन की बात में कहा कि विश्व में 70 प्रतिशत बाघ भारत में पाए जाते हैं और और यह प्राणी भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है और देश में वनों के आस पास के गावों में लोगों को पता रहता है कि बाघों के साथ ताल मेल बिठा कर कैसे रहना है। उन्होंने इस संदर्भ में रणथम्भौर (राजस्थान), महाराष्ट्र का तादोबा-अंघेरीबाघ अभयारण्य, आंध्र प्रदेश में नल्लामलाई की पहाड़ियों पर रहने वाली ‘चेन्चू’ जनजाति और पीलीभीत में चल रहे बाघ मित्र कार्यक्रम का विशेष रूप से उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कल दुनिया भर में बाघ दिवस मनाया जाएगा। भारत में तो ‘बाघ’, हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है। हम सब बाघों से जुड़े किस्से-कहानियाँ सुनते हुए ही बड़े हुए हैं। जंगल के आसपास के गाँव में तो हर किसी को पता होता है कि बाघ के साथ तालमेल बिठाकर कैसे रहना है। हमारे देश में ऐसे कई गाँव है, जहां इंसान और बाघ के बीच कभी टकराव की स्थिति नहीं आती।” प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे खुशी है कि जन-भागीदारी बाघों के संरक्षण में बहुत काम आ रही है। ऐसे प्रयासों की वजह से ही भारत में बाघों की आबादी हर साल बढ़ रही है। आपको ये जानकर खुशी और गर्व का अनुभव होगा कि दुनियाभर में जितने बाघ हैं, उनमें से 70 प्रतिशत बाघ हमारे देश में हैं और देश के अलग-अलग हिस्सों में कई बाघ अभयारण्य हैं।

मोदी ने कहा कि भारत में जहाँ भी बाघ और मानव में टकराव की स्थिति आती है, वहाँ बाघों के संरक्षण के लिए
अभूतपूर्व प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस काम में जन भागीदारी प्रोत्साहित की जाती है और राजस्थान के
रणथंभौर जिले में “कुल्हाड़ी बंद पंचायत” अभियान इसका एक नमूना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि रणथंभौर का “कुल्हाड़ी बंद पंचायत” अभियान बहुत दिलचस्प है। स्थानीय समुदायों ने स्वयं इस बात की शपथ ली है कि जंगल में कुल्हाड़ी के साथ नहीं जाएंगे और पेड़ नहीं काटेंगे। इस एक फैसले से यहाँ के जंगल, एक बार फिर से हरे-भरे हो रहे हैं, और बाघों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो रहा है।

मोदी ने महाराष्ट्र के तादोबा-अंघेरीबाघ अभयारण्य के आस पास के समुदायों, विशेषकर गोंड और माना जनजाति
के लोगों द्वारा ईको-टूरिज्म (नैसर्गिक पर्यटन) के कार्य की ओर तेजी से प्रगति का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि
इससे वहां के समुदायों की जंगल पर अपनी निर्भरता को कम हुई है और बाघों को विचरण का अधिक मौका मिला है।
उन्होंने इसी तरह आंध्र प्रदेश में नल्लामलाई की पहाड़ियों पर रहने वाली ‘चेन्चू’ जनजाति के प्रयास का भी उल्लेख
किया जो ‘टाइगर ट्रैकर’ (बाघ पर आंख रखने वाले) के तौर पर जंगल में वन्य जीवों की गतिविधियों की हर जानकारी
जमा की है और वे क्षेत्र में, अवैध गतिविधियों की निगरानी भी करते रहे हैं।

इसी तरह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में चल रहा ‘बाघ मित्र कार्यक्रम’ भी बहुत चर्चा में है। इसके तहत स्थानीय लोगों को
‘बाघ मित्र’ के रूप में काम करने का प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि बाघों और इंसानों के बीच टकराव की स्थिति ना
बने। देश के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह के कई प्रयास जारी हैं।

जासूसी कांड के लिए कनाडा की महिला फुटबॉल टीम के छह अंक कटे

पेरिस: ड्रोन जासूसी कांड के बीच कनाडा की महिला फुटबॉल टीम को पेरिस ओलंपिक में छह अंकों की कटौती दी गई है और इसके कोचिंग स्टाफ के तीन सदस्यों को शनिवार को एक-एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। उन्हें कथित तौर पर बुधवार को शुरुआती मैच से पहले प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड के अभ्यास सत्रों की जासूसी करने के लिए ड्रोन का उपयोग करते हुए पकड़ा गया था।

फीफा ने शनिवार को एक बयान में कहा,”कैनेडियन सॉकर एसोसिएशन (सीएसए) और उसके अधिकारियों बेवर्ली प्रिस्टमैन, जोसेफ लोम्बार्डी और जैस्मीन मंडेर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू होने के बाद, फीफा अनुशासन समिति के अध्यक्ष ने अनुच्छेद 56.3 के अनुसार मामले को सीधे फीफा अपील समिति को संदर्भित करने का निर्णय लिया।”

“यह निर्णय इस संभावना के कारण लिया गया था कि कार्यवाही के परिणाम चल रहे महिला ओलंपिक फुटबॉल टूर्नामेंट – XXXIII ओलंपियाड पेरिस 2024 फाइनल प्रतियोगिता (ओएफटी) के मैच और उत्तरदाताओं के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से प्रभावित होंगे।”

फीफा ने कैनेडियन सॉकर एसोसिएशन (सीएसए) को ‘फीफा अनुशासन संहिता के अनुच्छेद 13 और XXXIII ओलंपियाड पेरिस 2024 फाइनल प्रतियोगिता (ओएफटी) के अनुच्छेद 6.1 के उल्लंघन’ में पाया गया, जिसके कारण उन्हें उचित सजा दी गई।

” कनाडाई सॉकर एसोसिएशन(सीएसए) की महिला प्रतिनिधि टीम के ओएफटी के ग्रुप ए में छह अंकों की स्वचालित कटौती, और सीएचएफ 200,000 का जुर्माना, और बेवर्ली प्रीस्टमैन, जोसेफ लोम्बार्डी और जैस्मीन मंडेर: प्रत्येक अधिकारी को एक वर्ष की अवधि के लिए फुटबॉल से संबंधित गतिविधि में भाग लेने से निलंबित कर दिया गया।”

घोटाले के बावजूद, कनाडा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच 2-1 से जीता, जिसका मतलब है कि अब वे -3 अंक पर हैं और ग्रुप ए में अंतिम स्थान पर हैं। अंक कटौती के बावजूद, कनाडा के पास अभी भी क्वालीफाइंग का एक बाहरी मौका है और अपने दूसरे मैच में सोमवार को फ्रांस का सामना करना पड़ेगा ।

यह निष्कर्ष निकाला गया,“सीएसए को किसी भी प्रशिक्षण स्थलों पर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध के साथ ओएफटी के अपने भाग लेने वाले अधिकारियों के अनुपालन को सुनिश्चित करने में विफलता के संबंध में लागू फीफा नियमों का सम्मान करने में विफल रहने के लिए जिम्मेदार पाया गया था।”

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, 6 घायल

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मालवाहक वाहन और बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना विंध्याचल थाना क्षेत्र के महोखर ग्राम की है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार श्रद्धालु दर्शन के लिए विंध्याचल जा रहे थे। तभी महोखर ग्राम के पास श्रद्धालुओं से भरे वाहन की बस से भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीन लोगों की इस हादसे में जान चली गई।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन की मौत हुई है और छह श्रद्धालु गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल पुलिस ने मृतकों के परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा रूट पर एटीएस कमांडो तैनात, आतंकी हमले की आशंका

लखनऊ: मुजफ्फर नगर में कांवड़ यात्रा मार्ग पर एटीएस के कमांडो तैनात किए गए हैं। कांवड़ियों पर आतंकी हमले की संभावना को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। एटीएस के कमांडो ने शनिवार को शिव चौक पर पैदल मार्च करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा ड्रोन से भी कांवड़ यात्रा मार्ग की निगरानी की जा रही है।

मुजफ्फर नगर के एसएसपी अभिषेक सिंह के अनुसार पुलिस मुख्यालय से पत्र मिलने के बाद एटीएस कमांडों की तैनाती की गई है। शिव चौक, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा सहित अन्य संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।

शिव चौक से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व यूपी के कांवड़िया निकलते हैं। यहां रात को झांकी देखने के लिए भी भीड़ लगती है। इसी को देखते हुए एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, छह कंपनी पीएसी, फ्लड यूनिट, एंटी सबोटॉज टीम, बम डिस्पोजल स्क्वायड की भी तैनाती की गई है।

दिल्ली में बेसमेंट कोचिंग सेंटर के पानी भरने से 3 छात्रों की मौत

नई दिल्ली :  मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में भारी बारिश के बाद एक कोचिंग सेंटर की इमारत के बेसमेंट में पानी भर गया। इससे तीन छात्रों की मौत हो गई। यहां सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करवाई जाती थी। दिल्ली पुलिस ने IAS कोचिंग सेंटर के मालिक और कोऑर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया है।

इस हादसे के बाद जहां बीजेपी ने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर हमला किया है. वहीं घटनास्थल पर पहुंची ‘आप’ सांसद स्वाति मालीवाल का प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विरोध किया और उनसे कहा-हम आपको राजनीति नहीं करने देंगे।

घटना पर ‘आप’ सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि छात्र बहुत दुखी और गुस्से में हैं। 12 घंटे से ज़्यादा हो गए हैं, अभी तक न तो दिल्ली सरकार का कोई मंत्री आया है, न ही MCD का मेयर, न ही कोई अधिकारी ही आया है. मेरा मानना ​​है कि ये मौतें कोई आपदा नहीं हैं, ये एक हत्या है। इन सभी बड़े सरकारी अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जानी चाहिए। अभी तक ये पता नहीं चला है कि 3 की मौत हुई है या फिर ज्यादा लोगों की जान गई है। मृतकों को 1 करोड़ रुपए का मुआवज़ा दिया जाना चाहिए।

दरभंगा के शोभन में जल्द शुरू होगा एम्स का निर्माण

रांची :  दरभंगा में एम्स का निर्माण बहुत जल्द ही शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शोभन स्थित प्रस्तावित भूमि पर एम्स के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा शोभन-एकमी बाईपास के निकट प्रस्तावित भूमि का 18-19 मार्च 2024 को केंद्र सरकार की तकनीकी टीम ने सर्वेक्षण कर अपनी रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में इस जमीन को एम्स निर्माण के लिए उपयुक्त बताया गया है. इस बात की जानकारी जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य संजय झा ने सोशल मीडिया पर दी है।

संजय झा ने सोशल मीडिया पे इस मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी और मिथिलावासियों की ओर से आभार जताया है। साथ ही कहा है कि हमें विश्वास है कि दरभंगा में एम्स का निर्माण अब जल्द शुरू होगा।

शोभन में एम्स निर्माण को लेकर केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय ने बिहार के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को एक पत्र लीक कर जानकारी दी है। इस पत्र में मंत्रालय ने कहा है कि शोभन बाइपास की जमीन एम्स के लिए उपयुक्त पायी गयी है। पत्र में मंत्रालय ने एम्स बनाने के लिए जमीन हस्तांतरण सहित वहां बिजली, सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।

सियालदह मंडल के प्रशासनिक कामकाज में हिंदी पर बल

कोलकाता : दीपक निगम, मंडल रेल प्रबंधक ने राजभाषा हिंदी की समीक्षा बैठक में मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक काम हिंदी में करने का निदेश दिया। अध्यक्षीय संबोधन में दीपक निगम ने प्रसन्‍नता व्यक्त करते हुए कहा कि सियालदह मंडल में राजभाषा का कार्य संवैधानिक अधिनियम एवं नियम के अनुरुप हो रहा है।

सभी रेलकर्मियों द्वारा हिंदी में काम करना न केवल संवैधानिक अपितु हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी हैं। राजभाषा अधिनियम 1963 (यथा संशोधित 1967) एवं राजभाषा नियम 1976 के प्रावधानों को लागू कराने के लिए हम कटिबद्ध है। राजभाषा हिंदी भारत की सांस्कृतिक विरासत, सभ्यता एवं तकनीकी विकास की परिचायक है।

बैठक के दौरान स्‍वास्‍थ्‍य जागरुकता के मद्देनज़र ‘आयुर्वेद जागरुकता’ विषय पर एक मेडिकल सेमिनार भी हुआ। इस बैठक में मंडल के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित थे एवं बी.आर. सिंह अस्पताल के आयुर्वेद चिकित्सक ने निरोग रहने का मूलमंत्र बताया भारतीय जड़ी बुटियों का समुचित सेवन कर ।

दीपक निगम ने सियालदह मंडल से रेलवे बोर्ड स्तर पर मैथिलीशरण गुप्‍त पुरस्‍कार पुरस्‍कार प्राप्त कार्मिक को मोमेन्टो प्रदान कर उत्साहवर्धन किया।