बंधन बैंक का कुल कारोबार 22% बढ़कर हुआ 2.59 लाख करोड़ रुपये

कोलकाता: बंधन बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा की। बैंक का कुल कारोबार 22% बढ़कर 2.59 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कुल जमा में अब बैंक की खुदरा हिस्सेदारी लगभग 69% है। पिछली तिमाही में देखी गई उत्साहजनक बढ़त वितरण, व्यावसायिक दक्षता और अनुकूल परिचालन वातावरण में इसके विस्तार से प्रेरित है।

बैंक अब भारत में 6,300 बैंकिंग आउटलेट के माध्यम से 3.44 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवा प्रदान करता है। बंधन बैंक में कार्यरत कर्मचारियों की कुल संख्या अब लगभग 77,500 है।

वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही के दौरान बैंक की जमाराशि में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 23% की बढ़त हुई। कुल जमाराशि अब 1.33 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जबकि कुल एडवांस 1.26 लाख करोड़ रुपये हैं। चालू खाता और बचत खाता (सीएएसए) अनुपात समग्र जमाराशि के 33.4% है। बैंक की स्थिरता का सूचक पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) 15.7% है, जो विनियामक आवश्यकता से अधिक है।

बैंक के एमडी और सीईओ रतन कुमार केश ने कहा, “साल की पहली तिमाही हमारे कारोबारी प्रदर्शन का प्रमाण है जिसे हम पूरे साल बनाए रखना चाहते हैं। हमने प्रमुख मापदंडों में स्थिरता और वृद्धि का प्रदर्शन किया है। बंधन बैंक की नींव उसके ग्राहकों के भरोसे और उसके कर्मचारियों की अटूट प्रतिबद्धता पर टिकी है। ये आधारशिलाएँ, प्रौद्योगिकी, प्रक्रिया, उत्पाद और लोगों पर ध्यान देने के साथ, बंधन बैंक 2.0 के विकास पथ को आगे बढ़ाएंगी।”

बैंक अपनी खुदरा बही को बढ़ाने के स्पष्ट इरादे के साथ परिसंपत्ति विविधीकरण पर अपना ध्यान केंद्रित करना जारी रखता है। बैंक उच्च उत्पादकता और दक्षता के लिए अधिक डिजिटलीकरण पर ध्यान केंद्रित करने का इरादा रखता है। इससे ग्राहक अनुभव में समग्र बढ़त भी होगी।

पेरिस ओलंपिक 2024 शुरू होने से पहले ही रेल नेटवर्क बुरी तरह फेल, फ्रांस में हंगामा

नई दिल्ली :  पेरिस ओलंपिक 2024 शुरू का आगाज आज से हो रहा है। भारत के तरफ से इस बार 117 खिलाड़ी ओलंपिक में भाग ले रहे हैं। जिनसे सभी भारतीयों को पदक की उम्मीद है। सभी 117 खिलाड़ी 16 खेलों में भाग ले रहे हैं। जिसकी पदक संख्या 69 है। आज रात भारतीय समयानुसार रात 11 बजे पेरिस ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी होनी है। खबर सामने आ रही है कि ओपनिंग सेरेमनी से कुछ घंटे पहले फ्रांस के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क बाधित हुआ है। खबरों के मुताबिक आगजनी सहित ‘दुर्भावनापूर्ण कार्य’ किए गए, जिससे ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर असर पड़ा है।

इस बात की जानकारी फ्रांस की ट्रेन ऑपरेटर कंपनी एसएनसीएफ ने 26 जुलाई को समाचार एजेंसी एएफपी को दी है। ट्रेन ऑपरेटर एसएनसीएफ जानकारी देते हुए कहा कि फ्रांस की हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर आगजनी कर हमला किया गया। जिससे पूरी ट्रांसपोर्ट स‍िस्टम लचर पड़ गया।

रेल ऑपरेटर ने कहा, ‘एसएनसीएफ रात भर में एक साथ कई दुर्भावनापूर्ण कृत्यों का शिकार हुआ। इन हमलों से ट्रेन लाइन की अटलांटिक, उत्तरी और पूर्वी लाइनें प्रभावित हुईं।’  रेल ऑपरेटर ने कहा, ‘ट्रेन फैसिलिटी की सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए आगजनी के हमले किए गए हैं। ट्रेनों को अलग-अलग ट्रैक पर भेजा जा रहा है, वहीं बड़ी संख्या में ट्रेन रद्द करना पड़ा है।’

जानकारी के लिए बता दें, घटना के बाद एसएनसीएफ ने यात्रियों से अपनी यात्राएं स्थगित करने और ट्रेन स्टेशनों से दूर रहने का आग्रह किया है। वहीं दूसरी तरफ पेरिस में ओलंपिक सेरेमनी की तैयारी भी पूरी हो गई है। फ्रांस के समय अनुसार आज शाम 7:30 बजे एथलीट सीन नदी में नाव के जरिए परेड करेंगे। लेकिन भारतीय समय अनुसार ये रात 11 बजे से शुरू होगी। इसके पीछे की वजह ये है कि फ्रांस भारत के समय से साढ़े तीन घंटे आगे चलता है। संभावना जताई जा रही है कि ये ओपनिंग सेरेमनी साढ़े तीन घंटे तक चलने का अनुमान है। ओलंपिक सेरेमनी में 7,500 एथलीट, 300,000 दर्शक और वीआईपी शामिल होंगे।

एसएनसीएफ समूह के अध्यक्ष ने फ्रांसीसी समाचार आउटलेट बीएफएमटीवी को बताया कि इससे 8 लाख ट्रेन यात्री प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नेटवर्क ओलंपिक खेलों के लिए तैयार था, लेकिन अब वे नेटवर्क को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए सैकड़ों कर्मियों को जुटाने पर विचार कर रहे हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक यूरोस्टार जो फ्रांस की एक रेल कंपनी है। उन्होंने कहा कि रेल लंदन और पेरिस के बीच तोड़फोड़ की घटनाओं के कारण बाधित हुई हैं, जिसके परिणामस्वरूप कई ट्रेनें रद्द हो गई हैं और ट्रैवल की टाइम में बढ़ोतरी हुई है। रेल कंपनी यूरोस्टार ने अपनी बयान में आगे कहा, ‘फ्रांस में हुई इस घटना के कारण, पेरिस और लिली के बीच हाई स्पीड लाइन प्रभावित हुई है। पेरिस जाने और पेरिस से आने वाली सभी हाई स्पीड ट्रेनों को आज (शुक्रवार, 26 जुलाई) को क्लासिक लाइन के माध्यम से डायवर्ट किया जा रहा है। इससे यात्रा का समय लगभग डेढ़ घंटे बढ़ गया है। वहीं फ्रांस के परिवहन मंत्री पैट्रिस वेरग्रीट ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह ‘इन आपराधिक घटनाओं की कड़ी निंदा करते हैं और एसएनसीएफ यातायात को बहाल करने के लिए काम कर रहा है।’

लेडी गागा पेरिस ओलंपिक 2024 के उद्घाटन समारोह में मंच पर धमाल मचाएंगी

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज 26 जुलाई से होना है, जिसका समापन 11 अगस्त को होगा। 100 साल बाद पहली बार पेरिस इसकी मेजबानी करेगा। सबसे पहले 1900 में और दूसरी बार 1924 में पेरिस में ओलंपिक का आयोजन हुआ था। इस बार पेरिस ओलंपिक 2024 में कुल 33 खेल खेले जाएंगे, जिसमें 10 हजार से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे है।

इस समारोह की योजना और तैयारी ने खेल प्रेमियों के बीच एक अलग लेवल का जोश तैयार किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 की ओपनिंग सेरेमनी भी ऐतिहासिक होने वाली है, क्योंकि इसका आयोजन स्टेडियम में नहीं, बल्कि बाहर सीन नदी पर होना है। ये नदी पेरिस शहर के बीचों-बीच बहती है और यहां पर कई ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन हो चुका है। ऐसे में पेरिस ओलंपिक 2024 की ओपनिंग सेरेमनी में कौन-कौन परफॉर्म करेगी।

दरअसल, हॉलीवुड सिंगर सॉन्ग राइटर और एक्ट्रेस लेडी गागा पेरिस ओलंपिक 2024 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करती हुई नजर आएंगी। हॉलीवुड की मीडिया ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले ये कयास लगाया जा रहा था कि ‘शैलो’ सिंगर पेरिस में रिवर सीन पर सेलीन डायोन, दुआ लिपा, एरियाना ग्रांडे और फ्रांसीसी सिंगर आया नाकामुरा के साथ स्टेज परफॉर्मेंस देंगे। हालांकि, सेरेमनी में आर्टिस्टों की लिस्ट को ज्यादातर गुप्त रखा गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह अटकलें तब शुरू हुईं जब गागा और डायन को ओलंपिक से पहले पेरिस में उतरते देखा गया, जो एक वर्ल्डवाइड मल्टीस्पोर्ट इवेंट है। सोशल मीडिया फुटेज के अनुसार, ‘ए स्टार इज बॉर्न’ की एक्ट्रेस को पेरिस में अपनी कार के बाहर फैंस को हाथ हिलाते हुए देखा गया।

ग्रैमी और ऑस्कर विजेता लेडी गागा अपनी आगामी फिल्म ‘जोकर: फोली ए ड्यूक्स’ की शूटिंग में बिजी थीं, जिसमें वह जोकिन फीनिक्स के आर्थर फ्लेक/जोकर के साथ हार्ले क्विन की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा वह अपने लास वेगास रेजीडेंसी शो, एनिग्मा + जैज एंड पियानो में भी अहम भूमिका में हैं।

अगस्त महीने में 13 दिन बंद रहेंगे बैंक

नई दिल्ली: जुलाई का महीना खत्म होने जा रहा है। इसी के नए महीने अगस्त की शुरुआत हो रही है। अगले महीने स्वंत्रता दिवस के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अलावा, रक्षाबंधन और जनमाष्टमी के मौके पर भी बैंक की छुट्टी रहेगी। कुल मिलाकर अगस्त में बैंक 13 दिन बंद रहने वाले हैं, ऐसे में अगर आप भी बैंक जाकर किसी तरह का काम निपटाना चाह रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। अगस्त में रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टी के अलावा 7 दिन त्योहारों की वजह से बैंक बंद रहेंगे। इस आर्टिकल में बैंक किस-किस दिन बंद रहने वाले हैं, को लेकर ही जानकारी दे रहे हैं-

  • 3 अगस्त- केर पूजा के अवसर पर अगरतला में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 4 अगस्त- रविवार की छुट्टी
  • 8 अगस्त- तेंदोंग लो रम फात के अवसर पर गंगटोक में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 10 अगस्त- दूसरे शनिवार की छुट्टी
  • 11 अगस्त- रविवार की छुट्टी
  • 13- देशभक्त दिवस के मौके पर इम्फाल में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 15 अगस्त- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी शहरों में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 18 अगस्त- रविवार की छुट्टी
  • 19 अगस्त- रक्षाबंधन के मौके पर सभी शहरों में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 20 अगस्त- श्री नारायण गुरु जयंती के मौके पर सभी शहरों में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 25 अगस्त- रविवार की छुट्टी
  • 26 अगस्त- जनमाष्टमी के मौके पर सभी शहरों में बैंक हॉलिडे रहेगा।
  • 31 अगस्त- चौथे शनिवार की छुट्टी

देश का केंद्रीय बैंक आरबीआई अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर हर महीने होने वाले बैंक हॉलिडे को पहले से लिस्ट कर के रखता है। आरबीआई की ऑफिशियल वेबसाइट पर बैंक हॉलिडे को आप भी चेक कर सकते हैं। इसके लिए https://www.rbi.org.in/Scripts/HolidayMatrixDisplay.aspx पर विजिट कर सकते हैं।

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में भूकंप के झटके

नई दिल्ली :  देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाके में गुरुवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (National Center for Seismology) ने बताया कि भूकंप का पहला झटका 10 बजकर 54 मिनट पर आया और इसकी तीव्रता 2.4 मापी गई।

वहीं, दूसरा झटका 11 बजकर 43 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता 2.4 रही। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का केंद्र हरियाणा के फरीदाबाद में था और इसकी गहराई जमीन से 5 किलोमीटर नीचे थी। फिलहाल जानमाल के किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

  • भूकंप के झटके महसूस हो तो तुरंत फर्श पर बैठ जाएं और सिर को नीचे की तरफ झुकाकर रखें। बेहतर होगा कि आप किसी मजबूत टेबल या फर्नीचर की आड़ लेकर अपना बचाव करें।
  • घर के बुजुर्ग और बच्चों पर खास ध्यान रखें, उन्हें हौसला दें और बचाव के तरीके बताकर उन्हें सबसे पहले सुरक्षित करें।
  • भूकंप का झटका बहुत तेज है तो सावधानी से अपने घरों से बाहर निकलकर खुले मैदान या सड़क पर चले जाएं।
  • अगर घर से निकलने का रास्ता संकरा है और दोनों ओर घर बने हुए हैं तो बाहर निकलने की बजाए घर में ही रहें।
  • भूकंप आने पर कांच, खिड़की, पंखा या झूमर आदि जैसी किसी भी भारी और गिरने वाली चीज से दूर रहें।
  • अगर आप बिस्तर पर लेटे हैं तो तकिये से अपने सिर को ढंक लें। बच्चों पर निगरानी रखें।
  • घर से बाहर निकलकर खुले मैदान या सड़क पर खड़े हों तो इसका जरूर ध्यान रखें कि आसपास बिजली, टेलीफोन के खंभे या बड़े पेड़ तो नहीं।
  • अगर भूकंप आए और उस वक्त अगर आप ड्राइव कर रहे हैं तो गाड़ी को किसी सुरक्षित स्थान पर रोक लें और कुछ देर गाड़ी में ही बैठे रहें।
  • हमेशा बहुत तेज भूकंप आने के कुछ घंटों तक आफ्टर शॉक्स आ सकते हैं। इनसे बचने का इंतजाम पहले ही कर लें।
  • आफ्टर शॉक्स आने की कोई तय अवधि नहीं होती है। ऐसी परिस्थितियों में धैर्य रखें और अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें।

पिता गैस कंपनी में हॉकर, बेटे ने एशियाई अंडर 15 कुश्ती चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

भीलवाड़ा: भीलवाड़ा को अगर पहलवानों का गढ़ कहा जाए तो इसमें कुछ गलत नहीं होगा। यहां के खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन किया है। अब इसमें नया नाम सागर विश्नोई का है।

शहर के निकटवर्ती उप नगर पुर को पहलवानों का गाँव कहा जा सकता है। यहां के पहलवानों ने एशिया लेवल पर कुश्ती प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है। अब एशियाई अंडर 15 कुश्ती प्रतियोगिता में सागर विश्नोई ने कांस्य पदक जीत लिया है। उनके पिता गैस सिलेंडर डिलेवरी करने वाले हॉकर हैं। सागर ने पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लिया और पहली बार में ही कांस्य पदक जीत लिया। बेटे को पहलवान बनाने का पिता का सपना था। खास बात यह है कि भीलवाड़ा के बेटे ने गैस सिलेंडर डिलीवरी करने वाले पिता का कुश्ती का सपना पूरा किया है सागर अब वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेने के बाद ओलंपिक में मेडल जीतना चाहते हैं।

थाईलैंड में अंडर 15 एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके लिए सागर का चयन हुआ था। सागर बताते हैं मैंने तुर्किस्तान को हराकर कांस्य पदक हासिल किया है। मैंने पहली बार नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेकर गोल्ड मेडल जीता था और पहली बार ही एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लिया। इसके बाद मैंने यह मेडल हासिल किया है। मैं अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता को देता हूं जिन्होंने मेरी हर ख्वाहिश को पूरा किया। गैस सिलेंडर डिलीवरी करने के साथ ही पहलवानी में मेरा पूरा सपोर्ट किय. अब मेरा लक्ष्य वर्ल्ड चैंपियनशिप और फिर ओलंपिक में मैडल जीतना है।

श्री राम व्यायाम शाला के प्रशिक्षक कल्याण विश्नोई ने कहा सागर विश्नोई 7 साल से कुश्ती खेलता आ रहा है. रोजाना 3 घंटे सुबह और 3 घंटे शाम को कुश्ती की प्रैक्टिस करता है। थाईलैंड में हुई इस प्रतियोगिता में 62 किलो भार में फ्री स्टाइल वर्ग में सागर ने यह मेडल हासिल किया है। सागर की इस कामयाबी में सबसे बड़ा हाथ सागर के पिता का है। उन्होंने हर पड़ाव में सागर का साथ दिया और हमेशा उसे मोटिवेट किया।

भीलवाड़ा शहर के उपनगर पूर के रहने वाले सागर के पिता चांदमल विश्नोई 10 साल से घर-घर गैस सिलेंडर डिलीवरी कर रहे हैं। वो भी अपने पुराने दौर में पहलवान रह चुके हैं. उनका एक सपना था कि वह पहलवानी के क्षेत्र में अपना भीलवाड़ा जिले का और देश का नाम रोशन करें। यह कारनामा उनके बेटे ने कर दिखाया।

BMW ने लॉन्च किया भारत का सबसे महंगा टू-व्हीलर

मुंबई: BMW Motorrad ने CE 04 को लॉन्च किया है, जो भारत का सबसे शानदार इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर है, जिसकी कीमत 14.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर, जिसे पूरी तरह से असेंबल यूनिट के रूप में आयात किया गया है, शुरू में चुनिंदा शहरों में उपलब्ध होगा। ग्राहक अब अपना CE 04 बुक कर सकते हैं, जिसकी डिलीवरी सितंबर में शुरू होने की उम्मीद है।

BMW CE 04 क्लासिक लाइट व्हाइट और एक इंपीरियल ब्लू मेटैलिक, जिसमें एक टिंटेड वाइज़र और एक आकर्षक नारंगी सीट भी शामिल है। BMW CE 04 को पावर देने वाला एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक मोटर है जो स्कूटर के फ्रेम में सहजता से एकीकृत है।

BMW CE 04 में शानदार लिक्विड-कूल्ड 41 हॉर्सपावर और 62 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। BMW का दावा है कि CE 04 मात्र 2.6 सेकंड में शून्य से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार पकड़ सकता है और 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ़्तार प्राप्त कर सकता है. इसमें तीन राइडिंग मोड – इको, रेन और रोड – के साथ CE 04 विभिन्न राइडिंग स्थितियों को पूरा करता है।

स्कूटर की 8.5 kW बैटरी को मानक चार्जर का उपयोग करके सुविधाजनक साढ़े तीन घंटे में खाली से 80% तक चार्ज किया जा सकता है, या वैकल्पिक रैपिड चार्जर के साथ सिर्फ़ एक घंटे से ज़्यादा समय में। CE 04, 130 किलोमीटर की रेंज का दावा करती है।

CE 04 एक तकनीकी मास्टरपीस है, जिसमें एक बड़ा 10.25-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है जो एक नज़र में ज़रूरी जानकारी प्रदान करता है. USB-C पोर्ट और 12V सॉकेट वाला एक व्यावहारिक स्टोरेज कम्पार्टमेंट स्कूटर की सुविधा को बढ़ाता है। कीलेस इग्निशन और एंटी-लॉक ब्रेक सुरक्षा और उपयोग में आसानी को बढ़ाते हैं।

मज़बूत स्टील फ़्रेम पर निर्मित, CE 04 एडजस्टेबल सीट ऊंचाई विकल्पों के साथ एक आरामदायक राइडिंग स्थिति प्रदान करता है. इसके 15-इंच के पहिये, उन्नत ब्रेकिंग तकनीक के साथ मिलकर, आत्मविश्वास से भरी हैंडलिंग सुनिश्चित करते हैं।

भारत के सबसे महंगे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर के रूप में कीमत वाला CE 04, प्रीमियम अनुभव चाहने वाले समझदार ग्राहकों को आकर्षित करेगी। अपनी सवारी को और अधिक व्यक्तिगत बनाने के लिए, BMW वैकल्पिक कम्फर्ट और डायनेमिक पैकेज प्रदान करता है, जिनमें से प्रत्येक में कमफ़र्ट, परफॉर्मेंस और सेफ्टी को बढ़ाने के लिए कई तरह के इनहेनसमेंट हैं।

BMW CE 04 प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर की रेंज 130 किलोमीटर बताई गई है। BMW CE 04 की टॉप स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा है। BMW Motorrad India ने BMW CE 04 को 14.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है।

दो राष्ट्रीय राजमार्गों पर शुरू होगी GPS आधारित टोल कलेक्शन

नई दिल्ली : अब चुनिंदा राष्ट्रीय राजमार्गों पर पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर GPS आधारित Toll Tax Collection (Global Navigation Satellite System) की व्यवस्था शुरू की जाएगी। ये बात केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कही है। राज्यसभा में उन्होंने ने कहा कि इस पायलट परियोजना के अंतर्गत कर्नाटक में NH-275 के बेंगलुरु-मैसूर खंड और हरियाणा में NH-709 के पानीपत-हिसार खंड पर किया जाएगा। GNSS के लिए 25 जून, 2024 से 22 जुलाई, 2024 तक Global Expression of Interest आमंत्रित की गई थी।

GNSS प्रणाली मौजूदा FASTag प्रणाली के साथ काम करेगी, जिससे एक हाइब्रिड मॉडल बनेगा जो RFID और सैटेलाइट तकनीक दोनों का लाभ उठाएगा। वर्चुअल गैंट्री वाहन की जानकारी, जिसमें पंजीकरण संख्या, प्रकार और भुगतान विवरण शामिल हैं, को कैप्चर करेगी और उपयोगकर्ता के खाते से टोल राशि को स्वचालित रूप से काट लेगी। यह इनोवेटिव अप्रोच कम भीड़भाड़, लागत बचत और बेहतर पारदर्शिता का वादा करता है।

जैसे ही वाहन इन वर्चुअल टोल बूथों से गुजरेंगे, टोल वसूलने के लिए GNSS-आधारित सिस्टम अपने आप चालू हो जाएगा और उपयोगकर्ताओं के बैंक खाते से एक निश्चित राशि काट लेगा। टोल प्लाजा में समर्पित GNSS लेन होंगी, जो तकनीक का उपयोग करने वाले वाहनों के लिए सुगम मार्ग की सुविधा प्रदान करेंगी।

GNSS-आधारित टोल संग्रह प्रणाली दूरी-आधारित, समय-आधारित और भीड़-आधारित टोल संग्रह जैसी विभिन्न चार्जिंग तकनीकों का उपयोग कर सकती है। यह तकनीक पारंपरिक टोल प्लाजा की तुलना में सड़क के किनारे बुनियादी ढांचे की आवश्यकताओं को कम करेगी, जिसके परिणामस्वरूप लागत बचत और आसान रखरखाव होगा।

GNSS-आधारित टोल संग्रह प्रणाली एक स्केलेबल समाधान प्रदान करेगी, जिसे बुनियादी ढांचे में निवेश किए बिना अधिक व्यापक सड़क नेटवर्क को कवर करने के लिए विस्तारित किया जा सकता है। GNSS-आधारित टोल संग्रह प्रणाली के साथ, वाहन राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर बिना धीमे हुए या रुके यात्रा कर सकेंगे, जिससे यातायात की भीड़ कम होगी और यात्रियों के लिए सुगम यात्रा अनुभव प्रदान होगा।

बिहार में पेपर लीक करने वालों पर लगेगा 1 करोड़ रुपये जुर्माना और 10 साल की जेल 

पटना :  बिहार में अब नीतीश कुमार सरकार ने पेपर लीक को बेहद गंभीरता से लेते हुए एक नया कानून बना दिया है। इस कानून के तहत पेपर लीक करने वालों पर भारी जुर्माने के साथ-साथ सजा का भी प्रावधान है। बिहार विधानसभा में एंटी पेपर लीक बिल (बिहार लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक) पास हो गया है। इस विधेयक के पास होने के बाद अब राज्य में किसी भी परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक करने वाले को कड़ी सजा का मिलेगी। इसमें दस साल की सजा और 1 करोड़ जुर्माने के अलावा दोषियों की संपत्ति ज़ब्त करने का भी प्रावधान है।

हाल ही में हुए नीट-यूजी पेपर लीक मामले ने सबको चौंका दिया है। इस पेपर लीक मामले के तार दिल्‍ली, बिहार सहित कई राज्‍यों तक जुड़े हैं। बिहार से कई लोगों की गिरफ्तारी इस मामले में हो चुकी है। बिहार विधानसभा में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विधेयक का प्रस्ताव रखा, जो पास हो गया। उन्होंने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि आम तौर पर ऐसी परीक्षाएं नामांकन और सरकारी सेवाओं के लिए आयोजित होती हैं। ऐसे में गड़बड़ी की शिकायतें आती रहती थी।

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हाल के दिनों में आई गड़बड़ी के बाद केंद्र सरकार और राज्य सरकार इसे लेकर चिंतित थी। उन्होंने बताया कि 1981 में भी ऐसे प्रयास किए गए थे. लेकिन, आज के समय में वह निष्प्रभावी हो गए थे। राज्य सरकार की तरफ से आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं में भी यह कानून लागू होंगे. केंद्र सरकार पहले ही ऐसा कानून बना चुकी है।

बिहार विधानसभा में सदन में जब इस बिल पर चर्चा हो रही थी, तब विपक्ष ने अपने मांगों के समर्थन में बहिष्कार किया था. इस पर नीतीश कुमार काफी खफा नजर आए। विरोधी दलों के नेताओं ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा. सदन के बाहर प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था और लगातार गिर रहे पुल-पुलियों को लेकर सरकार की तीखी आलोचना की गई।

प्रदर्शन के दौरान पोस्टर लेकर विपक्षी नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सदन में सफाई देने की मांग की। भाकपा माले के विधायक महबूब आलम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि गृह विभाग उनके नियंत्रण में नहीं है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

26 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी। सत्र के हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं. एक तरफ विपक्ष राज्य में लगातार बढ़ते अपराध, पेपर लीक और एक के बाद एक गिरते पुल पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ सरकार राज्य में एंटी पेपर लीक बिल समेत कई अहम बिल को सदन में रखने की तैयारी में है।

सनी लियोनी कार से लेटकर निकली बाहर

नई दिल्ली: इन दिनों सनी लियोनी फिल्मों के अलावा अपने फैशन को लेकर भी खूब चर्चा में हैं। वह अपना एक मेकअप ब्रांड भी चलाती हैं। सनी लियोनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव भी रहती हैं। वह हमेशा अपने फैंस के लिए खास तस्वीरें और वीडियो भी शेयर करते रहते हैं। अब सनी लियोनी अपने अलग तरह के फैशन को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस के इस फैशन को देख आप भी कह देंगे कि फैशन जो ना कराए वो कम। सनी लियोनी ने अपने फैशन के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

वीडियो में वह मरुम कलर की वन पीस ड्रेस में नजर आ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने सेम कलर का कोट भी पहना हुआ है। इस वीडियो में वह कार से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रही हैं, लेकिन वह इस वीडियो में लेटकर कार से बाहर निकल रही हैं। इस वीडियो के साथ सनी लियोनी ने मजेदार कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा, ‘कार से बाहर निकलना आसान नहीं था।’ सोशल मीडिया पर सनी लियोनी का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

एक्ट्रेस के फैंस पोस्ट को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बात करें सनी लियोनी के वर्कफ्रंट की तो वह जल्द फिल्म कोटेशन गैंग में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनका एक्शन अंदाज देखने को मिल रहा है।

कोटेशन गैंग के अलावा सनी लियोनी ‘कैनेडी’ की रिलीज का इंतजार कर रही हैं, जो अनुराग कश्यप के साथ उनका पहला कोलैबोरेशन है. उनके पास एक अनटाइटल्ड मलयालम फिल्म भी है. साथ ही हिमेश रेशमिया और प्रभुदेवा के साथ एक अन्य दूसरी फिल्म भी मौजूद है. वर्तमान में, वह ‘स्प्लिट्सविला एक्स5’ को होस्ट कर रही हैं और ओटीटी पर ‘ग्लैम फेम’ को जज करने के लिए तैयार हैं.

 

धीनिधि देसिंघु” पेरिस खेलों में भारत की सबसे कम उम्र की ओलंपियन तैराक

नई दिल्ली :  भारत की किशोर तैराकी सनसनी धीनिधि देसिंघु फ्रांस के पेरिस में आगामी ग्रीष्मकालीन खेलों में अपना ओलंपिक पदार्पण करेंगी। पेरिस ओलंपिक से पहले, धीनिधि ने अपने शुरुआती संघर्षों के बारे में बताया कि कैसे उन्हें स्विमिंग पूल के अंदर जाना पसंद नहीं था। 2024 में तेजी से आगे बढ़ते हुए, 14 वर्षीय ने यूनिवर्सलिटी कोटा पर महिलाओं की 200 मीटर फ़्रीस्टाइल में जगह बनाई। धीनिधि ने यह कि उनके माता-पिता ने उन्हें किसी खेल में हिस्सा लेने के लिए कहा और तैराकी एक स्पष्ट विकल्प था क्योंकि उनके घर के ठीक बगल में एक स्विमिंग पूल था।

धीनिधि ने  बताया कि पानी पसंद नहीं था, मैं इसमें नहीं जाना चाहती थी। मैं अपने पैरों को पूल में नहीं डाल सकती थी, मैं अपना सिर अंदर नहीं डाल सकती थी। यह एक संघर्ष था। मैं तब छह साल की थी। अगले साल जब मैं वापस लौटी, तब भी मैं बहुत डरी हुई थी,”।

“वास्तव में, मेरे तैरने से पहले मेरे माता-पिता ने तैरना सीखा था। वे मुझे सहज महसूस कराने के लिए पूल में उतरे और इस तरह यह सब शुरू हुआ।

बेंगलुरू में डॉल्फिन एक्वेटिक्स में प्रशिक्षण लेने वाली धीनिधि ने यह भी बताया कि जब उन्हें पहली बार तैराकी के खेल से परिचित कराया गया था, तब उन्हें तैराकी के बुनियादी नियम भी नहीं पता थे।

उन्होंने आगे कहा कि “मैं स्ट्रोक जानती थी, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक और (बटर) फ्लाई। लेकिन मुझे बस यही आता था। वहाँ लगभग 13 साल के बच्चे थे। और फिर मेरे जैसी एक लड़की थी, जो सिर्फ़ नौ साल की थी। मैं मदद माँगने से डरती थी। मुझे नहीं पता था कि क्या करना है,” 

धीनिधि की माँ जेसिथा ने एक घटना को याद करते हुए बताया कि  उनकी बेटी सिर्फ़ आठ साल की थी और कैसे इसने उसके डर पर काबू पाने में मदद की। उन्होंन बताया कि “मुझे पता था कि उसमें प्रतिभा है। वह पूल में बहुत अच्छा करती है। लेकिन फिर प्रतियोगिताओं में, उसे दबाव महसूस हुआ। या तो वह पिछले दिन बुखार से बीमार पड़ जाती या फिर इवेंट के लिए पूल में जाने पर उसे उल्टी हो जाती।”

जेसिथा ने बताया कि “मैंने बस टिकट बुक करने का फैसला किया। मुझे भी मोशन सिकनेस है और हम पूरे समय लगातार उल्टी कर रहे थे। वहाँ पहुँचने के बाद, धीनिधि ने कहा, ‘नहीं, मुझे डर लग रहा है। मैं तैरना नहीं चाहती’। लेकिन हमें वहाँ पहुँचने के लिए बहुत तकलीफ़ उठानी पड़ी थी, इसलिए मैंने कहा कि हम सिर्फ़ पूल देखने जाएँगे और अगर वह तैरने के लिए तैयार नहीं हुई तो वापस आ जाएँगे। वह पूल के चारों ओर घूमी, मेरी ओर मुड़ी और बोली, ‘मुझे लगता है कि मैं यह कर सकती हूँ’। उसने स्वर्ण पदक जीता। बस इतना ही। उसके बाद, उसे प्रतियोगिता से पहले कभी बुखार या उल्टी नहीं हुई,” 

धीनिधि के पास वर्तमान समय में महिलाओं की 200 मीटर फ़्रीस्टाइल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के मामले में, वह 2022 हांग्जो एशियाई खेलों में भाग ले चुकी हैं।

‘मिर्जापुर’ के गुड्डू पंडित अब करेंगे ‘ऊ अंटावा’ फेम सामंथा रुथ प्रभु संग रोमांस

नई दिल्ली: एक्टर अली फजल इन दिनों अपनी जिंदगी के बेस्ट फेज में हैं। पर्सनल लाइफ में जहां एक्टर कुछ दिन पहले ही एक बेटी के पिता बने। वहीं, प्रोफेशनल लाइफ में उन्हें ‘मिर्जापुर’ के तीसरे सीजन के लिए गुड्डू पंडित के रोल में एक बार फिर लोगों का प्यार मिला।

बात जब अली फजल की प्रोफेशनल लाइफ की हो रही है, तो इस सीरीज के बाद एक्टर के एक और बड़े प्रोजेक्ट में होने की चर्चा है। अली फजल  ग्लैमर इंडस्ट्री का वो सितारा हैं, जिन्होंने कम लेकिन जितना भी काम किया है, उसके लिए उन्हें तारीफ ही मिली है।

‘मिर्जापुर’ सीरीज के बाद उनकी लोकप्रियता जबरदस्त तरीके से बढ़ी है। अब चर्चा है कि अली फजल साउथ एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु संग रोमांस करेंगे।

भाजपा विधायक धरने पर बैठे, महिला सुरक्षा पर सदन में बात करने की मांग

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा में बीजेपी का संसदीय दल राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर चिंतित है. बीजेपी ने बुधवार को बंगाल में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के आरोपों पर विधानसभा में चर्चा की मांग की।

उन्होंने मांग रखी कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस पर चर्चा करें. लेकिन मुख्यमंत्री उस दिन विधानसभा में नहीं थी ऐसे में इस विषय पर राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने जवाब दिया।

हालांकि चंद्रिमा भट्टाचार्य के जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर बीजेपी विधायक वॉकआउट कर गये। इसके बाद वे विधानसभा के हॉल में ही वे धरना देने लगे।

नीतीश कुमार हैं महिला प्रेमी…आरजेडी विधायक के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर आरजेडी विधायक का बिगड़े बोल सामने आए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर आरजेडी भाई वीरेंद्र ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। दरअसल सदन के अंदर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष के हंगामा के बीच अपनी बात बोल रहे थे। इसी दौरान आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिला प्रेमी हैं, इसलिए महिलाओं की बात करते हैं।

दरअसल नीतीश कुमार ने जातीय जनगणना को लेकर कहा कि बिहार में महिलाओं का आरक्षण सबसे अधिक हमारी ही सरकार ने दी है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार काम करती है जिसको लेकर भाई वीरेंद्र ने कहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिला प्रेमी हैं। इसलिए महिलाओं की बात करते हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में जातीय जनगणना की रोक पटना हाई कोर्ट द्वारा लगा दी गई सरकार सुप्रीम कोर्ट में गई है और हम लोगों ने मांग की नीतीश सरकार केंद्र को नौवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए पत्र भेजना कि हम लोग मांग कर रहे थे।

बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन विपक्ष के हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में विपक्ष के विधायकों पर भड़क गए। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि कहा कि सारे पार्टियों के साथ मेरी पहल पर जातिगत गणना करवाया था। आप लोग बैठ कर इस पर चर्चा करते। लेकिन, आप लोग सुनना नहीं चाहते है। सारे पार्टियों ने जातिगत गणना का सपोर्ट किया था। नीतीश कुमार आरजेडी महिला विधायक पर भड़क गए। नीतीश कुमार ने कहा कि आप लोग सुनना नहीं चाहते हैं। 2005 के बाद हमने महिलाओं को आगे बढ़ाया था।

सदन की कार्यवाही के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने विपक्षी विधायकों के हंगामे के बीच कहा कि जातिगत गणना में हमने सब कुछ की जानकारी ली। उसके बाद आरक्षण का दायरा भी बढ़ाया। जातिगत गणना के बाद 94 लाख गरीबो की पहचान की। उनके विकास के लिए सरकार ने तय किया, दो दो लाख रुपया देना शुरू कर दिया. सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आरक्षण को लेकर पटना हाईकोर्ट ने रोक लगाई है. लेकिन, राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। साथ ही नौवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए भी आग्रह किया।

ब्यूटी इंस्टिट्यूट की डायरेक्टर पर लड़कियों धर्मांतरण कराने के लिए भड़काने के आरोप

मुरादाबाद : यूपी के मुरादाबाद में एक ब्यूटी कम्पनी की फ्रेंचाइजी जबरन धर्मांतरण को प्रोत्साहित करने के लिए विवादों में घिर गई है। इंस्टिट्यूट में ट्रेनिंग ले रही युवतियों ने डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है।

उनका आरोप है कि इंस्टिट्यूट की डायरेक्टर मुस्लिम युवकों से दोस्ती करने और उनसे शादी करने का दबाव बनाती है। ऐसा न करने पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगा है, ब्यूटी कोर्स की ट्रेनिंग ले रही युवतियों ने इसकी शिकायत डीएम से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

इंस्टिट्यूट में प्रशिक्षण लेने वाले युवक-युवतियों ने डीएम से शिकायत की है कि फ्रेंचाइजी की मालिक युवतियों को मुस्लिम युवकों से दोस्ती करने का दबाव बनाती हैं। उनका कहना है कि मुस्लिम लड़कों से शादी करो, खुश रहोगी। इतना ही नहीं प्रशिक्षण के दौरान फ्रेंचाइजी की मालिक अपने धर्मांतरण करने की कहानी भी सुनाती हैं और कहती हैं कि ‘मैं भी पहले हिंदू थी, मैंने एक मुसलमान से शादी की है, खुश हूं।’

अब प्रशिक्षु युवक-युवतियों ने डीएम अनुज सिंह से इसकी शिकायत करते हुए फ्रेंचाइजी का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने और डायरेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में जब डायरेक्टर से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।

दरअसल, पूरा मामला थाना सिविल लाइंस क्षेत्र का मामला। जहां एक ब्यूटी इंस्टिट्यूट में युवक और युवतियों को हेयर, मेकअप और स्किन आदि का काम सिखाया जाता है। गजरौला निवासी तान्या चौधरी का आरोप है कि उन्होंने हेयर केयर और स्कीन के कोर्स के लिए एक लाख 25 हजार रुपए फीस दी है।

उनका आरोप है कि जिस कोर्स के लिए उन्होंने फीस दिया है उसे सिजदे में रखते हुए अलग ही ज्ञान दिया जा रहा है। वहां इस्लाम धर्म की बाते बताई जा रही हैं। हिंदू और मुस्लिमों के बीच भेदभाव किया जाता है। तान्या ने बताया कि उसके साथ ही प्रशिक्षण लेने वाली एक युवती स्वाति को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा है, स्वाति की शादी तय है, फिर भी डायरेक्टर का कहना है कि उन्होंने भी भाग कर शादी की थी और धर्म परिवर्तन किया था। आज वह खुश हैं, और धर्म परिवर्तन कर शादी करने से कुछ नहीं होता। बाद में सब मान जाते है। तान्या ने इसी तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस मामले में डीएम अनुज सिंह ने कहा कि ट्रेनिंग ले रहे युवक और युवतियों ने इंस्टिट्यूट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

 

नेपाल को 82 रनों से हराकर भारत सेमीफाइनल में पहुंचा

नई दिल्ली :  विस्फोटक ओपनर शेफाली वर्मा ने करियर की सर्वश्रेष्ठ 48 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली, जिससे पिछले बार के चैंपियन भारत ने मंगलवार को महिला एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के अपने अंतिम ग्रुप मैच में नेपाल को 82 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत ने अपने बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल किया, जिसके बाद शेफाली और दयालन हेमलता (47) ने पारी की शुरुआत की। कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना द्वारा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसने  भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी ने 14 ओवर में 122 रन बनाकर टीम की नींव रखी।

इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने अंतिम ओवर में तीन चौकों सहित 15 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाए, जिससे भारत ने तीन विकेट पर 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। नेपाल को नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान से आगे निकलने और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए 10 ओवर या उससे कम समय में लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन फॉर्म में चल रहे भारतीय आक्रमण की शानदार गेंदबाजी की बदौलत वे 20 ओवर में नौ विकेट पर 96 रन ही बना सके।

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा (3/13) सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने तीन विकेट चटकाए, जबकि उनकी स्पिन साथी राधा यादव (2/12) और आराम कर रही पूजा वस्त्रकार की जगह खेल रही तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी (2/18) ने दो-दो विकेट चटकाए।

इस तरह पाकिस्तान ग्रुप ए से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई। नेपाल के लिए यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल साबित हुआ, क्योंकि वे नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे और 10.2 ओवर में 52 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। तेज गेंदबाज अरुंधति ने दोनों सलामी बल्लेबाजों – समझाना खड़का (7) और सीता राणा मगर (18) को आउट किया।

रेणुका सिंह (1/15) ने इसके बाद कबिता कुंवर (6) को आउट किया, जबकि राधा ने इंदु बर्मा (14) को आउट किया।

इसके बाद दीप्ति ने रुबीना छेत्री (15) और कबिता जोशी (0) को आउट किया और फिर पूजा महतो (2) को सीधे थ्रो से आउट किया।

डॉली भट्टा (5) राधा का दूसरा शिकार बनीं, जबकि कैच और बॉल के प्रयास में दीप्ति ने काजल श्रेष्ठ (3) को आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया।

इससे पहले, शैफाली ने गेंदबाजों के साथ खिलवाड़ किया, उन्होंने अपनी फ्लिक का अच्छा इस्तेमाल किया और 12 चौके और एक छक्का लगाया।

हेमलता ने थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन अपने अनुभवी साथी के साथ मिलकर उन्होंने नेपाली गेंदबाजों की मेहनत को बेकार कर दिया। ओपनर्स ने पावरप्ले में 50 रन बनाए और गेंदबाजों को परेशान करना जारी रखा।

शेफाली ने मध्यम गति की गेंदबाज कबिता जोशी (1/36) पर खास तौर पर कड़ा प्रहार किया और उन्हें पांच चौके जड़े, जबकि ऑफ स्पिनर सबनम राय (0/41) को भी दो बार लाइन पार भेजा।

तेजतर्रार सलामी बल्लेबाज ने सातवें ओवर में स्पिनर रुबीना छेत्री (0/14) की गेंद पर डीप मिडविकेट पर अपना पहला छक्का लगाया और फिर स्लॉग स्वीप से एक और चौका लगाया। उन्होंने आठवें ओवर में 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

हेमलता, जिन्हें बल्ले के बीच में आने में दिक्कत हो रही थी, ने फिर जोशी पर सीधा छक्का जड़ा और भारत ने आधे समय तक बिना किसी नुकसान के 91 रन बना लिए।

नेपाल के पास 12वें ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर सीता राणा मगर (2/25) द्वारा इस साझेदारी को तोड़ने का मौका था, लेकिन तेज गेंदबाज इंदु बर्मा (0/29) ने सीमा रेखा पर हेमलता का नियमित कैच टपका दिया।

हालांकि, बल्लेबाज को उसी गेंदबाज की गेंद पर रुबीना ने कैच कर लिया और भारत ने 14 ओवर में 122 रन पर अपना पहला विकेट खो दिया। हेमलता ने 42 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।

शैफाली ने गेंदबाजों को परेशान करना जारी रखा, बर्मा की गेंद पर दो और चौके लगाए, लेकिन सीता राणा ने आखिरकार ओपनर को आउट कर दिया, जबकि विकेटकीपर ने बाकी काम कर दिया। जोशी ने इसके बाद एस सजाना (10) को आउट किया, लेकिन रोड्रिग्स ने छोटे से कैमियो के साथ पारी को आगे बढ़ाया।

नेपाल के काठमांडू में विमान दुर्घटनाग्रस्त, 19 लोग सवार थे

काठमांडू: नेपाल के काठमांडू में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। विमान में 19 लोग सवार थे। राहत तथा बचाव कार्य जारी है। अब तक की जानकारी के अनुसार, सौर्य एयरलाइंस का विमान काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (TIA) से पोखरा के लिए उड़ान भर रहा था।

विमान में आम यात्री नहीं थे, लेकिन टेक्निकल टीम के 19 सदस्य सवार थे।  खबर लिखे जाने तक हताहतों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। राहत तथा बचाव कार्य जारी है।

 त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल के हवाले से बताया कि दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान से धुआं निकलता देखा गया। दमकलकर्मी और सुरक्षाकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। 

Paris Olympics 2024 शुरू होने से पहले ही दो एथलीट हुए कोरोना पॉजिटिव

नई दिल्ली :  पेरिस ओलंपिक का आगाज 26 जुलाई से हो रहा है।  26 जुलाई से 11 अगस्त तक इस खेल का महाकुंभ चलेगा। इस बार भारत के तरफ से खेले जा रहे ओलंपिक में कुल 117 एथलीटों ने हिस्सा लिया है। सभी भारतीयों को इन खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है। वहीं अब ओलंपिक पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है।

जानकारी के लिए बता दें, ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो महिला खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। ये खिलाड़ी ओलंपिक में वाटर पोलो खेल में भाग लेने के लिए आई थी। पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे अलग कर आइसोलेट कर दिया गया है. कोरोना के कारण ही 2020 टोक्यो ओलंपिक को एक साल के स्थगित कर दिया गया था।

ऑस्ट्रेलिया की ओलंपिक टीम की प्रमुख एना मेयर्स ने कहा, साथी खिलाड़ी मास्क पहनेंगे और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करेंगे। उसके साथ सभी साथियों का भी परीक्षण किया गया। खिलाड़ी के अंदर कई लक्षण दिखाई दिए थे और अच्छी बात यह है कि हमारे पास अपने परीक्षण उपकरण थे जिससे जांच का पता चल सका। वहीं ऑस्ट्रेलियाई ओलंपिक समिति ने कहा कि एक दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का भी कोविड परीक्षण पॉजिटिव आया जो उसके निकट संपर्क में था, लेकिन देश की टीम में किसी अन्य एथलीट का कोविड टेस्ट पॉजिटिव नहीं आया।

कोविड पॉजिटिव एथलीट ने मंगलवार दोपहर को अपने साथियों के साथ अभ्यास नहीं किया, लेकिन दूसरी खिलाड़ी भाग लेने के लिए स्वस्थ थी। कोविड पॉजिटिव हुई दोनों ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के नाम नहीं बनाए गए हैं।

वहीं, रिपोर्ट के जरिए फ्रांस सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि हां ये सच है कि देश में कोविड मामलों में मामूली वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य मंत्री फ्रेडरिक वैलेटौक्स ने कहा, कोई बड़ा जोखिम नहीं है। अभी भी यहां पर कई जगहों पर कोरोना के लक्षण देखने को मिलते हैं. मगर ये भी सच है कि हमने 2020, 2021, 2022 में जो देखा, उससे अब हम सभी बहुत दूर हैं।

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा आयोजन क्लबों को 85 हजार रुपये का अनुदान दिया

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा पूजा समितियों के लिए सरकारी अनुदान फिर बढ़ा दिया है। पिछले वर्ष पूजा समितियों को 70 हजार रुपये दिये गये थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को घोषणा की कि इस साल 43,000 से अधिक पूजा समितियों को 85,000 रुपये दिये जायेंगे। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अगले साल अनुदान को और बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बिजली बिल पर छूट बढ़ाने की भी घोषणा की है।

ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि इस साल 43 हजार क्लबों को दुर्गा पूजा के लिए 85 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। वर्ष 2025 से यह अनुदान बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने सीईएसई और राज्य बिजली वितरण बोर्ड से पूजा समितियों को बिजली शुल्क में 75 फीसदी छूट देने को कहा है। पिछले साल ममता ने बिजली दरों में 66 फीसदी की छूट देने का अनुरोध किया था। पिछले वर्ष 60 प्रतिशत की छूट दी गई थी।

ममता बनर्जी ने कहा, पूजा कार्निवल का आयोजन 15 अक्टूबर को कोलकाता में होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से यह तय करने को कहा कि जिले में कार्निवल कब आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सुररक्षा के विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि पूजा कार्निवल के दौरान पूजा पंडालों को सम्मानित भी किया जाता है।

रक्षा मंत्रालय के लिए बजट में 6,21,940 करोड़ रुपये का प्रावधान

नई दिल्ली : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को लोकसभा में आम बजट पेश किया। इस आम बजट में कई बड़े ऐलान के साथ तमाम मंत्रालयों के लिए धन का आवंटन किया गया है। इसी कड़ी में राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रालय को आवंटित बजट के लिए मोदी सरकार का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जहां तक ​​रक्षा मंत्रालय के आवंटन का सवाल है, मैं 6,21,940.85 करोड़ रुपये का उच्चतम आवंटन देने के लिए वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूं, जो वित्त वर्ष 2024-25 के लिए भारत सरकार के कुल बजट का 12.9 प्रतिशत है। 1,72,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत परिव्यय सशस्त्र बलों की क्षमताओं को और मजबूत करेगा। घरेलू पूंजीगत खरीद के लिए 1,05,518.43 करोड़ रुपये निर्धारित करने से आत्मनिभर्रता को और गति मिलेगी।

उन्होंने आगे लिखा, “मुझे खुशी है कि सीमा सड़कों को पूंजीगत मद के तहत पिछले बजट की तुलना में आवंटन में 30 प्रतिशत की वृद्धि दी गई है। बीआरओ को 6,500 करोड़ रुपये का यह आवंटन हमारे बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को और गति देगा। रक्षा उद्योगों में स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और इनोवेटर्स द्वारा दिए गए तकनीकी समाधानों को वित्तपोषित करने के लिए आईडीईएक्स योजना के लिए 518 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “वित्त वर्ष 2024-25 बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई। यह बजट एक समृद्ध और आत्मनिर्भर ‘विकसित भारत’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। समावेशी और तेज गति वाले विकास की दृष्टि से यह बजट भारत के आर्थिक परिवर्तन को गति देगा। यह बजट कई मायनों में अद्वितीय है और सर्वांगीण और समावेशी विकास के लिए एनडीए सरकार की 9 प्रमुख प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से रेखांकित करता है।”

उन्होंने आगे लिखा, “यह बजट 2027 तक भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। भारत के किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के अन्य कमजोर वर्गों के समर्थन के लिए कई नीतियों और कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई है। बुनियादी ढांचे, कृषि, बैंकिंग, ऊर्जा, उद्योग, अनुसंधान एवं विकास, एमएसएमई और रक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।”