बजट में सस्ता हुआ सोना और चांदी

नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को बजट में सोने-चांदी पर आम लोगों को खुशखबरी दी। वित्त मंत्री ने सोने और चांदी पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया, जो कि पहले 15 प्रतिशत थी।

सीतारमण ने संसद में अपने बजट भाषण में कहा कि सोने और कीमती धातु के आभूषणों में घरेलू वैल्यू एडिशन को बढ़ाने के लिए, मैं सोने और चांदी के सीमा शुल्क को घटाकर 6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव करती हूं।

सरकार की इस घोषणा के साथ एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोने के 5 अगस्त, 2024 के कॉन्ट्रैक्ट का भाव 5.33 प्रतिशत गिरकर 68,840 रुपये हो गया। वहीं, चांदी के 5 सितंबर, 2024 के कॉन्ट्रैक्ट का भाव 4.62 प्रतिशत गिरकर 85,079 रुपये प्रति किलो हो गया।

वहीं, दूसरी तरफ ज्वेलरी शेयरों में तेजी देखी गई। दोपहर 2:30 बजे तक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर टाइटन का शेयर 6.65 प्रतिशत, सेंको गोल्ड का शेयर 5.53 प्रतिशत, टीबीजेड का शेयर 11.71 प्रतिशत, पीसी ज्वेलर्स 5 प्रतिशत और राजेश एक्सपोर्ट्स का शेयर 6.79 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था।

बजट में टैक्स के मोर्चे पर भी आम आदमी को राहत दी गई है। नई टैक्स रिजीम में 3 से 7 लाख तक की आय पर 5 प्रतिशत टैक्स कर दिया गया है। वहीं, स्टैंडर्ड डिडक्शन को 50,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये कर दिया गया है।

बजट से मोबाइल यूजर्स को लगा झटका, बढ़ेंगे टैरिफ

नई दिल्ली : मंगलवार को मोदी 3.0 कार्यकाल की पहली बजट पेश की गई. इस यूनियन बजट 2024 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया। आम बजट 2024 को अनाउंस करते हुए उन्होने कई बड़े ऐलान किए। इस दौरान मोबाइल फोन और मोबाइल चार्जर पर कस्टम ड्यूटी को घटाकर 15 प्रतिशत र दिया गया, जिससे मोबाइल फोन और मोबाइल चार्ज के कीमतो में गिरावट देखने को मिलेगी।

वहीं दूसरी ओर इलेक्ट्रोनिक्स सेक्टर के चुनिंदा टेलीकॉम इक्विपमेंट Printed Circuit Board Assemblies (PCBA) पर कस्टम ड्यूटीज में इजाफा कर दिया गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि टेलीकॉम इक्विपमेंट पर 10% से 15% तक के कस्टम ड्यूटीज लगाए गए हैं। इसका असर कई मोबाइल यूजर्स पर देखने को मिलेगा।

टेलीकॉम टूल्स की कीमतो में बढ़ोतरी होने के कारण कई तरह से मोबाइल यूजर्स प्रभावित होने वाले हैं। दरअसल, PCBA पर लगाए गए कस्टम ड्यूटीज के कारण मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर को अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित कर सकता है, जिसके चलते ऑपरेशनल कॉस्ट में में भी इजाफा होगा। ऐसा हो सकता है शॉर्ट टर्म के लिए टेलीकॉम कंपनियां अपने टैरिफ को और महंगे कर दे। इतना ही नहीं 5G सर्विसेस की रोलआउट की रफ्तार थोड़ी धीमी पर सकती है।

सीएम ममता ने पीएम मोदी से मिलने के लिए मांगा समय

कोलकाता: नीति आयोग की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल सकती हैं। राज्य की सभी मांगों को लेकर वे पीएम मोदी के साथ अलग से बैठक करना चाहती हैं। नवान्न सूत्रों के मुताबिक इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ समन्वय शुरू हो चुका है। मालूम हो कि 26 तारीख को नीति आयोग की बैठक से एक दिन पहले सीएम ममता की प्रधानमंत्री के साथ अलग से मुलाकात हो सकती हैं। इस संबंध में राज्य सचिवालय नवान्न ने साउथ ब्लॉक में विशेष संदेश भेजकर मुलाकात का समय मांगा है लेकिन पीएमओ सूत्रों के मुताबिक बैठक होगी या नहीं, होगी तो कहाँ और कब होगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।

27 जुलाई को नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए सीएम ममता बनर्जी 25 जुलाई को ही दिल्ली पहुंच जाएंगी। हैं। शनिवार को होने वाली नीति आयोग की बैठक में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इससे एक दिन पहले 26 जुलाई को मुख्यमंत्री के कई अन्य कार्यक्रम हैं। उनका पार्टी सांसदों से मिलना, संसद का दौरा, इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं, खासकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी से बातचीत करने का कार्यक्रम है। 26 जुलाई के इन कार्यक्रमों के साथ ही उस दिन प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री की अलग से बैठक करने पर भी चर्चा चल रही है। इसके पहले भी मोदी-ममता संसद में अलग से बैठक कर चुके हैं जिसमें पार्टी महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। सूत्रों का दावा हे कि अगर इस बार भी पीएम के साथ सीएम की मुलाकात होती है तो उसमें भी अभिषेक के मौजूद रहने की संभावना अधिक है।

नवान्न सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में दोनों की संभावित बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री केन्द्र पर राज्य के बकाये की मांग कर सकती हैं। इस बारे में विस्तृत आंकड़ों के साथ साक्ष्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही राज्यपाल आनंद बोस पर कई तरह के आरोप भी लग रहे हैं। यह भी जानकारी है कि ममता प्रधानमंत्री से राज्यपाल सीवी आनंद बोस को हटाने की मांग कर सकती हैं।

बजट में मिडिल क्लास को मिली हल्की सी राहत

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में मोबाइल फोन और चार्जर के सस्ते करने वाला ऐलान कर दिया है। बजट में वित्त मंत्री ने आज आम लोगों के काम आने वाली वस्तुओं को लेकर बड़ी राहत वाले ऐलान किए हैं।

सोना-चांदी और प्लैटिनम होंगे सस्ते
सोने-चांदी पर कस्टम ड्यूटी घटकर 6 फीसदी हो गई है जिससे ये सस्ते होंगे. प्लेटिनम पर भी कस्टम ड्यूटी घटी है जिसके बाद ये भी सस्ते होने वाला है.वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में सोना और चांदी के ऊपर कस्टम ड्यूटी को घटाकर 6 फीसदी करने का प्रस्ताव किया है. उसके अलावा उन्होंने प्लैटिनम के लिए भी कस्टम ड्यूटी को घटाकर 6.4 फीसदी करने की जानकारी दी. सरकार के इस फैसले के अमल में आने के बाद सोना, चांदी और प्लैटिनम की कीमतें घट जाएंगी.

मोबाइल फोन-चार्जर सस्ते 
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐलान किया कि मोबाइल फोन और चार्जर पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को 15 फीसदी तक घटाया गया है. इसके चलते अब मोबाइल फोन की कीमत में कटौती देखने को मिलेगी.

लिथियम बैटरी होंगे सस्ते
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोलर पैनल और लिथियम बैटरी के सस्ता होने की भी बात कही जिससे फोन और गाड़ियों की बैटरी के दाम कम होंगे।

कैंसर की दवाओं पर मिली राहत
वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि कैंसर के इलाज की तीन दवाओं को मूल सीमा शुल्क से छूट दी जाएगी।

धूप में झुलसी त्वचा का हफ्ते भर में घरेलू उपाय से चमकाएं

कोलकाता : सूरज की धूप चेहरे को झुलसा देती है। धूप में झुलसी त्वचा काली तो पड़ जाती है, साथ ही सिकुड़ भी जाती है। कभी-कभी तेज धूप के कारण त्वचा पर छोटे-छोटे दाने भी निकल जाते हैं जो सूखकर खत्म तो हो जाते हैं पर त्वचा को धूप के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विभिन्न घरेलू उपचार कारगर सिद्ध हो सकते हैं।

● त्वचा ही नहीं बल्कि संपूर्ण शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कम से कम 6 से 8 गिलास पानी प्रतिदिन पीना चाहिए। सुबह खुली हवा में टहलना और नियमित व्यायाम शरीर को ताजगी देता है। गर्मियों में चूंकि तैलीय और स्वेद ग्रंथियां अत्यधिक सक्रिय रहती हैं इसलिए चेहरे को दिन में कम से कम 5-6 बार ठंडे पानी से धीरे-धीरे छींटे मारकर धोना चाहिए और कोमल तौलिए से थपथपाकर पोंछना चाहिए। अच्छे साबुन से दो बार त्वचा को धोया जा सकता है।

● रूखी त्वचा गर्मियों में ज्यादा रूखी नहीं रह जाती; अत: इन दिनों सामान्य तरीके से तैयार कोई भी फेसफैक इस्तेमाल किया जा सकता है। मुल्तानी मिट्टी, चंदन पाउडर, गुलाब जल, नींबू, दही, बेसन, पुदीना, तुलसी के पत्ते, केला, जौ का आटा आदि का फेस पैक तैयार किया जा सकता है।ज्यादा रूखी त्वचा के लिए धूप से आने के बाद शहद, आधी छोटी चम्मच पका केला व नींबू का लेप लगाकर 20 मिनट तक इसे सूखने दें। फिर ठंडे पानी से धो लें।

● तैलीय त्वचा के लिए पुदीने की पत्तियों को महीन पीसकर उसमें 4-5 बूंदें नींबू रस और एक छोटा चम्मच दही का लेप लगाकर 25-20 मिनट तक रखने के बाद चेहरा ठंडे पानी से धो लें। इसी प्रकार तुलसी के पत्तों को पीसकर इसमें 10 बूंदें शहद व 5 बूंदें नींबू का रस पेस्ट बनाकर चेहरे पर इसका लेप लगा सकते हैं।

● सामान्य त्वचा के लिए मसूर की दाल को दूध में भिगोकर महीन पीस लें और फिर उसमें 5 बूंदें नींबू का रस डालकर गाढ़ा पेस्ट बनाकर 20-25 मिनट तक चेहरे पर इसका लेप रख के ठंडे पानी पानी से धो लें। इसके अलावा पंद्रह दिनों तक एक बार चेहरे पर भाप अवश्य लें। प्रतिदिन सुबह कच्चे दूध में आइस क्यूब डुबोकर 3-4 मिनट तक आइसिंग करने से पूरे दिन त्वचा में एक कसाव बना रहता है। रात को सोते समय गुलाब जल की 4-5 बूंदें चेहरे पर फैला दें। ऐसा करने से चेहरे पर पसीना कम आता है। गर्मियों में चेहरे पर प्रतिदिन उबटन का प्रयोग त्वचा को कांतिमय बनाए रखता है।

देश में सबसे कम उम्र की विधायक बनीं मधुपर्णा ठाकुर

कोलकाता : सिर्फ 25 साल की उम्र में मधुपर्णा ठाकुर विधायक बनी हैं और ऐसा कर उन्होंने सबसे कम उम्र की विधायक होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बागदा विधानसभा सीट से जीत दर्ज करने के बाद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर पूरे भारत में सबसे कम उम्र की विधायक बन गयी हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूपी के सुल्तानपुर के सपा विधायक अरुण वर्मा के नाम था। वह भी केवल 25 साल की उम्र में विधायक बने थे। सन्मार्ग से बात करते हुए उन्होंेने कहा कि हमारी प्राथमिकता समाज के लिए काम करना है।

तृणमूल सांसद ममता बाला ठाकुर की बेटी मधुपर्णा ठाकुर ने गत वर्ष यानी 2023 में ही अपनी पढ़ाई पूरी की है। उनकी एफिडेविट के अनुसार, मधुपर्णा ने वर्ष 2023 में वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी से यूजी सीबीसीएस छठे सेमेस्टर के तहत जूलॉजी में बी.एससी (ऑनर्स) किया है। उन्होंने अपनी बोर्ड की परीक्षा साल 2017 में केंद्रीय विद्यालय, कोलकाता से पास की। वहीं सेकेंडरी की पढ़ाई उन्होंने तुली पब्लिक स्कूल, नागपुर, महाराष्ट्र से की। पढ़ाई के साथ-साथ मधुपर्णा समाज सेवा से जुड़े कार्यों में भी आगे रहती हैं। उन्होंने 33,455 वोटों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के विनय कुमार विश्वास को हराया।

मधुपर्णा ठाकुर ने जीत के बाद कहा कि बागदा विधानसभा सीट हमने ममता बनर्जी को गिफ्ट के तौर पर दिया है। बागदा की जनता को ममता बनर्जी पर विश्वास था और हम उसी विश्वास को आगे बढ़ा रहे हैं। ​जिस तरह ममता बनर्जी ने लोेगों को सुविधाएं दी हैं, उसे देखते हुए ही लाेगों ने हमें वोट दिया है। देश की सबसे कम उम्र की विधायक बन कर निश्चित तौर पर काफी अच्छा लग रहा है, अब देखना है कि कितनी दूर तक जा सकती हूं। मेरी प्राथमिकता लोगों की सेवा करनी होगी। यहां बिजली की समस्या है। मैं चुनाव में घर-घर घूमी हूं, अब उनकी सेवा करनी है।

जैसे ही डोनाल्ड ट्रंप पर चली गोली, उधर शूटर ढेर

नई दिल्ली :  अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर रैली के दौरान फायरिंग की गई। इसके बाद कई वीडियो सामने आए। ट्रंप पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जैसे ही वे मंच पर पहुंचे और भाषण शुरू ही किया, कि कुछ मिनटों बाद फायरिंग की आवाज सुनाई दी। एक वीडियो में नजर आ रहा है कि फायरिंग की आवाज सुनते हीं, वहां इमारत की छत पर मौजूद स्नाइपर हरकत में आ जाता है और अगले ही सेकंड में शूटर को मार गिराता है।

डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने वाले की पहचान बेथेल पार्क, पेंसिल्वेनिया के रहने वाले थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के रूप में हुई है। वह केवल 20 वर्षीय युवक था। घटनास्थल से एक AR-15 सेमी-ऑटोमेटिक राइफल पुलिस को बरामद हुआ है। खबरों की मानें तो इसी हथियार से युवक ने डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रैली को निशाना बनाकर फायरिंग की। यूएस सीक्रेट सर्विस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई जिसमें हमलावर को सिर में गोली लगी। वह मौके पर ही ढेर हो गया।

जो बात सामने आ रही है उसके अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप जिस मंच से भाषण दे रहे थे, बंदूकधारी वहां से करीब 120 मीटर की दूरी पर था। वह एक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी की छत पर खड़ा था। वहीं से निशाना साधकर उसने फायरिंग की।

किचन में मौजूद ये चीजें आपको बनाएंगी चांद सी खूबसूरत

नई दिल्ली :  हर महिला का सपना होता है खूबसूरत लगना। खूबसूरत लगने के लिए अक्सर महिलाऐं मार्केट में मौजूद कई तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने लगती हैं। कई बार ये जो प्रोडक्ट्स होते हैं ये आपकी स्किन को नुकसान पहुंचाकर आपके चेहरे को बर्बाद कर सकते हैं। आज की यह आर्टिकल उन लोगों के काम की है बिना किसी केमिकल वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल कर एक खूबसूरत और ग्लोइंग चेहरा पाना चाहते हैं. आज हम आपको आपकी ही किचन में मौजूद कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने वाले हैं जिनका इस्तेमाल आप कर सकते हैं. तो चलिए इन चीजों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

हम सभी के किचन में हल्दी एक ऐसा चीज है जो पाया ही जाता है. यह कई तरह की चीजों में हमारी मदद करता है। यह आपके चेहरे को ग्लोइंग बनाने में भी मदद करता है। अगर आप हल्दी का इस्तेमाल एक खूबसूरत चेहरा पाने के लिए करना चाहते हैं तो ऐसे में आप इससे एक मास्क तैयार कर सकते हैं। इस मास्क को तैयार करने के लिए आपको एक बाउल में हल्दी पाउडर, दही और शहद को मिला लें. इस मास्क को आपको अपने चेहरे पर लगा लें और करीब 15 से 20 मिनट तक छोड़ दें। बाद में इसे अच्छी तरह से धो लें।

दही एक ऐसा प्रोडक्ट है जो लैक्टिक एसिड और प्रोबायोटिक्स से भरपूर होता है। दही आपके स्किन की बनावट को बेहतर बनाता है. दही आपकी स्किन को काफी कोमलता से एक्सफोलिएट करता है। अगर आप दही का इस्तेमाल अपने चेहरे पर करना चाहते हैं तो ऐसे में आपको अपने चेहरे पर दही की एक पतली लेयर लगानी होती है। इसे कुछ देर तक अपने चेहरे पर लगाकर रहने दें। बाद में इस मास्क को क्लींजर की मदद से धो लें। यह आपकी स्किन को सॉफ्ट बनाने के साथ ही ग्लोइंग भी बनाता है।

हमारे किचन में शहद काफी आसानी से मिल जाता है. यह सिर्फ खाने में ही स्वादिष्ट नहीं होता बल्कि, आपकी त्वचा के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। अगर आप शहद का इस्तेमाल खूबसूरत त्वचा पाने के लिए करना चाहते है तो इसके लिए आपको कच्चे शहद की एक पतली सी लेयर अपने चेहरे पर लगा लेनी होगी। करीब 20 मिनट तक इसे चेहरे पर छोड़ दें. बाद में इसे हल्के गर्म पानी से धो लें. शहद और शीआ बटर को आपस में मिलाकर आप एक ग्लोइंग चेहरा पा सकते हैं।

लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर गोल्ड तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों का सोना जब्त

लखनऊ: डीआरआई की टीम ने लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर 11 किलो सोना तस्करों से बरामद किया है। बता दें कि यह सोना महिंद्रा एक्सयूवी की सीट के नीच से मिला। इस सोने की कीमत लगभग 8 करोड रुपए होगी।

आरोपी तस्कर सोहन गोयल दिल्ली का रहने वाला है जिसे डीआरआई की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। डीआरआई की टीम ने बताया कि उन्हें तस्करी की सूचना मिली थी, इसकी वजह से वह लोग लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस-वे के पहले टोल प्लाजा में कारवाई कर रहे थे।

बता दें कि पकड़े गए आरोपी के पास से दुबई मेड ग्यारह किलोग्राम गोल्ड बरामद हुआ है जिसकी कीमत 8.09 करोड़ होगी। डीआरआई की टीम ने गुरुवार-शुक्रवार की रात 12: 30 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने के बाद उसे लखनऊ की कस्टम में पेश किया, जहां उसे 14 दिन के कस्टडी में जेल भेजा गया है।

डांसर ने प्रदर्शन के दौरान मुर्गी का सिर दांत से काटा, मामला दर्ज

विशाखापटनम: आंध्र प्रदेश में एक डांसर ने डांस परफॉर्मेंस के दौरान मुर्गी का सिर अपने दातों से काटकर उसे मार दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। राज्य के अनकापल्ली जिले की पुलिस ने पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (PETA) इंडिया की शिकायत पर केस दर्ज किया है।

एक डांसर ने अपने डांस परफॉर्मेंस के दौरान मुर्गी का सिर अपने दांतों से काटकर उसे मार दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पेटा इंडिया ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर डांसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

कलाकार और आयोजकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और पशु क्रूरता निवारण (PCA) अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पेटा ने कहा कि दर्शकों में बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने यह विचलित करने वाली घटना देखी। इसका फिल्मांकन किया गया और मनोरंजन के नाम पर इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर दिया गया।

पेटा इंडिया की क्रुअल्टी रिस्पॉन्स कोआर्डिनेटर सिनचना सुब्रमण्यन ने कहा, “जो लोग जानवरों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं, वे अक्सर मानव जीवन के प्रति कोई सम्मान नहीं रखते हैं। सभी की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि आम लोग जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता के मामलों की रिपोर्ट करें।”

कैप्टन अंशुमन सिंह की विधवा पर अभ्रद टिप्पणी, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की शिकायत

नई दिल्ली: कीर्ति चक्र से सम्मानित कैप्टन अंशुमन सिंह की विधवा स्मृति सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस को इस संबंध में एक शिकायत दी थी। इसी शिकायत को आधार बनाते हुए दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू की है। ये FIR BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 79, sec 67 IT एक्ट के तहत दर्ज की गई है।

आपको बता दें कि 11 जुलाई को यह मामला पहली बार सामने आया। जब किसी यूजर ने सोशल मीडिया पर शहीद कैप्टन अंशुमन सिंह की विधवा स्मृति सिंह (Smriti Singh) के बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी की। इस करतूत ने सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यूजर्स उस व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. इस मामले का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग  ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर उस व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

बता दें कि सोशल मीडिया पर शहीद कैप्टन अंशुमन सिंह की पत्नी की जिस फोटो को लेकर टिप्पणी की गई थी वह राष्ट्रपति भवन में खींची गई तस्वरी थी। इस तस्वीर में स्मृति सिंह अपने पति का लिए कीर्ति चक्र सम्मान ग्रहण कर रही हैं. कैप्टन अंशुमान सिंह सियाचिन ग्लेशियर में भारतीय सेना के शिविर में अपने सहयोगियों को बचाने की कोशिश करते हुए शहीद हो गए थे। कैप्टन सिंह 26 पंजाब में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात थे। कैप्टन सिंह को यह मरणोपरांत दिया गया यह पुरस्कार उनकी पत्नी स्मृति और मां ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ग्रहण किया था।

कैप्टन अंशुमन सिंह 19 जुलाई, 2023 की रात में जिस कैंप में थे वहां भारतीय सेना के गोला-बारूद के भंडार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। कैप्टन सिंह ने एक फाइबरग्लास हट को आग की लपटों में घिरा देखा और तुरंत अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए पहुंच गए। उन्होंने चार से पांच लोगों को सफलतापूर्वक बचा लिया। हालांकि आग जल्द ही पास के मेडिकल जांच कक्ष में भी फैल गई। कैप्टन सिंह फिर से कैंप के धधकते हुए हिस्से में चले गए। अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद वे आग से बच नहीं पाए और शहीद हो गए। बिहार के भागलपुर में 22 जुलाई, 2023 को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार हादसे में जीजा-साले की मौत

जयपुर : राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से एक हालत गंभीर बनी हुई हैं। हादसा इतना भीषा था कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह करीब 4 बजे लालसोट (दौसा) के राहुवास थाना क्षेत्र में हुआ।

राहुवास पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग दिल्ली से महाराष्ट्र के नांदेड़ जा रहे थे। इस दौरान राहुवास थाना क्षेत्र से गुजर रहे एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 206 के समीप कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार जीजा-साले की मौत हो गई। वहीं मृतक के भाई सहित 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची राहुवास थाना पुलिस ने गंभीर रूप से तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इस दौरान एक गंभीर घायल को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया। वहीं दो घायलों का जिला अस्पताल दौसा में इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में चरणवीर सिंह (36) पुत्र सुखदेव सिंह निवासी तंगभई सियारपुर पंजाब और सोनू (40) पुत्र जगजीत सिंह निवासी गुरुनानक कॉलोनी चंडीगढ़ पंजाब के रहने वाले है। मृतक सोनू और चरणवीर रिश्ते में जीजा-साले है।

वहीं गंभीर घायल जयदीप सिंह (32) पुत्र रूप सिंह निवासी शेरगढ़ भटिंडा पंजाब, सदीप (46) पुत्र करनाल सिंह और करमजीत सिंह (43) पुत्र जगजीत सिंह निवासी गुरुनानक कॉलोनी चंडीगढ़ पंजाब का उपचार जारी है। लेकिन मृतक सोनू के भाई करमजीत की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।

आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि हादसे में कार चकनाचूर हो गई। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर किसी जानवर के आने से कार हादसे का शिकार हुई है। थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

बंगाल के उपचुनाव में चला ममता का जादू, चारों सीटों पर जीत

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने रायगंज, राणाघाट दक्षिण और बगदाह सीट और मानिकतला सीट पर हुए उपचुनाव को जीत लिया है। इन चारों सीटों पर बुधावर को मतदान हुए थे और शनिवार मतगणना की जा रही थी। इन नतीजों से भाजपा को बड़ा झटका लगा है।

दरअसल भाजपा ने 2021 विधानसभा चुनाव में राणाघाट दक्षिण, बगदाह और रायगंज सीट जीती थी। भाजपा के इन तीनों सीटों को जीतने के बावजूद विधायक बाद में तृणमूल में शामिल हो गए थे। रायगंज से कृष्णा कल्याणी, बगदाह से बिस्वजीत दास और राणाघाट दक्षिण से मुकुट मणि अधिकारी ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी-अपनी सीट छोड़ दी थी।

जिसके बाद इन सीट पर उपचुनाव आवश्यक हो गया था। वहीं तृणमूल ने 2021 में मानिकतला सीट जीती थी। लेकिन राज्य के पूर्व मंत्री सादन पांडे का फरवरी 2022 में निधन होने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। बुधवार को हुए उपचुनाव में रायगंज में सबसे अधिक 67.12 फीसदी मतदान हुए हैं। इसके बाद रानाघाट दक्षिण में 65.37 प्रतिशत, बगदाह में 65.15 प्रतिशत और मानिकतला में 51.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

अनंत अंबानी की शादी में हाई प्रोफाइल गेस्ट, मेहमानों के मिले महंगे गिफ्ट

मुंबई : भारत के सबसे बड़े बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी शादी के बंधन में बंध गए हैं। कपल ने 12 जुलाई को मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में सात फेरे लिए। देसी-विदेशी मेहमानों ने शिरकत की। लग्जीरियस वेडिंग इनविटेशन कार्ड से लेकर हाई प्रोफाइल गेस्ट्स तक, भारत की इस शाही शादी में बहुत कुछ यूनिक और खास रहा।

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का वेडिंग कार्ड काफी यूनिक और महंगा था। इसमें चांदी का मंदिर, सोने की मूर्तियां, शॉल, मिठाई जैसी चीजें शामिल थीं. वहीं रिलायंस के सभी स्टाफ को मिठाई के डिब्बे के साथ नमकीन के पैकेट और एक-एक चांदी का सिक्का दिया गया था।

राधिका-अनंत की शादी में शामिल होने के लिए दुनिया भर से हाई-प्रोफाइल मेहमानों को इनविटेशन भेजा गया। ऐसे में यूके के फॉर्मर प्राइम मिनिस्टर बोरिस जॉनसन, जॉन कैरी, एक्टर जॉन सीना, किम कार्दर्शियन जैसी हस्तियां इस शाही शादी में शिरकत करने पहुंचीं। इसके अलावा देश के दिग्गज नेता जैसे उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे, पश्मिच बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी शादी में पहुंचीं। वहीं बॉलीवुड से बड़े-बड़े स्टार्स शादी में शामिल हुए।

शादी में आने वाले हाई-प्रोफाइल मेहमानों को लाने के लिए अंबानी ने तीन फाल्कन-2000 जेट और करीब 100 प्लेन बुक किए गए हैं। राजन मेहरा, सीईओ- क्लब वन एयर ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि मेहमान हर जगह से आ रहे हैं और हर प्लेन देश भर में कई यात्राएं करेगा।

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी से पहले दो प्री-वेडिंग हुए। पहला प्री-वेडिंग गुजरात के जामनगर में हुआ था जहां विदेशी हस्तियां भी पहुंची थीं। वहीं बॉलीवुड के सुपरस्टार्स खासकर तीन खानों (शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान) एक साथ परफॉर्म किया था।

दूसरा प्री-वेडिंग फंक्शन इटली से फ्रांस के बीच सेलिब्रिटी-एज क्रूज पर हुआ। इस क्रूज की कीमत 7,500 करोड़ रुपए थी। इस फंक्शन में भी देसी-विदेशी मेहमानों ने शिरकत की थी।

अनंत-राधिका की शादी में शामिल होने वाले सभी हाई-प्रोफाइल मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए। जामनगर में अनंत-राधिका की पहली प्री-वेडिंग के लिए, मेहमानों को लुई वुइटन बैग, बॉम्बे आर्टिसन कंपनी का कस्टमाइज्ड डफल बैग, बंधनी और पैठानी स्कार्फ, सोने की चेन जैसे तोहफे दिए गए थे।

WhatsApp यूजर्स ट्रांसलेटर के जरिए किसी भी शख्स से कर सकेंगे बात

नई दिल्ली : वॉट्सऐप पर आए दिन कोई ना कोई नया फीचर जरूर आता रहता है। कंपनी यूजर्स की जरूरत के हिसाब से फिर इन फीचर्स को सबके लिए रोलआउट करती है। ऐसे ही अब वॉट्सऐप की तरफ से एक नये फीचर के बारे में जानकारी दी गई है। जो कि गूगल की लाइव ट्रांसलेंशन टेक्नोलॉजी की मदद से काम करेगा और ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग करेगा।

हर बार की तरह इस बार भी WABetaInfo ने इस नये फीचर के बारे में जानकारी दी है। इसके मुताबिक, वॉट्सऐप पर एक नया लाइव ट्रांसलेशन फीचर डेवलप किया जा रहा है, जो कि डिवाइस पर ही काम करेगा। इसका मतलब यह है कि डाटा को किसी क्लाउड सर्वर पर भेजने की बजाय डिवाइस पर लोकली स्टोर किया जा सकता है। यह फीचर वॉट्सऐप फॉर एंड्रॉयड वर्जन 2.24.15.9 में देखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह फीचर शुरुआत में केवल हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में काम करेगा और बाद में इसे दूसरी भाषाओं का सपोर्ट दिया जा सकता है। फीचर को एक्सेस करने के लिए यूजर्स को लैंग्वेज पैक्स डाउनलोड करने पड़ सकते हैं। यह ट्रांसलेशन अपने आप चैट्स में हो जाएंगे और यूजर्स को किसी थर्ड पार्टी ऐप्स की मदद नहीं लेनी होगी।

स्क्रीनशॉट से पता चलता है कि किसी भी मैसेज को ट्रांसलेट करने के लिए यूजर्स को उसपर लॉन्ग टैप करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिखने वाले ऑप्शन्स में Translate ऑप्शन भी नजर आने लगेगा। इसक बाद यूजर्स इस पर टैप करेंगे और लाइव ट्रांसलेशन फीचर से कोई भी मैसेज ट्रांसलेट कर पाएंगे.सबसे बड़ी चीज यह है कि आप एक बार में ही कई मैसेजेस एक साथ सेलेक्ट कर ट्रांसलेट कर पाएंगे।

कर्नाटक के पूर्व मंत्री बी नागेंद्र मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार

कर्नाटक:  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लिमिटेड में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में राज्य के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता बी नागेंद्र को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि विधायक को रात करीब साढ़े दस बजे एजेंसी के दफ्तर में हिरासत में लिया गया। उनसे 13 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। उन्हें सुबह उनके आवास से ईडी कार्यालय ले जाया गया था।

नागेंद्र को शनिवार को विशेष धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किए जाना है। जहां ईडी पूछताछ के लिए उनकी हिरासत मांगेगी। इस मामले में बृहस्पतिवार को कर्नाटक समेत चार राज्यों में छापेमारी की थी और अब तक करीब 50 लाख रुपये नकद और कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं।

घोटाले के सिलसिले में अपने खिलाफ लगे आरोपों के बाद अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री नागेंद्र ने छह जून को इस्तीफा दे दिया था। ईडी ने पिछले दो दिनों में कर्नाटक के पूर्व मंत्री नागेंद्र और सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायक बसनगौड़ा दद्दल के परिसरों सहित कई स्थानों पर तलाशी ली है।

सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में करीब 20 स्थानों पर छापेमारी की। कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लिमिटेड में पैसों के हेरफेर का मामला तब सामने आया था जब इसके लेखा अधीक्षक चंद्रशेखरन पी ने 26 मई को आत्महत्या कर ली थी।

घटनास्थल से चंद्रशेखरन द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि निगम के बैंक खाते से 187 करोड़ रुपए का अनधिकृत हस्तांतरण किया गया है। उसमें से 88.62 करोड़ रुपए अवैध रूप से विभिन्न खातों में भेजे गए। ये बैंक खाते कथित रूप से प्रसिद्ध आईटी कंपनियों और हैदराबाद में स्थित एक सहकारी बैंक के हैं। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) में आर्थिक अपराध के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मनीष खरबीकर की अध्यक्षता में एक एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी ने मंगलवार को इस मामले की जांच के सिलसिले में नागेंद्र और दद्दल से पूछताछ की थी।

अनंत अंबानी की शादी के चलते मुंबई में की गई अल्टरनेट ट्रैफिक व्यवस्था

मुंबई :  एशिया के सबसे अमीर शख्स एवं ‘रिलायंस इंडस्ट्रीज’ के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी के भव्य विवाह समारोह मुंबई में जारी है। 12 जुलाई को शादी हो चुकी है. इसके बाद 13 जुलाई को आशीर्वाद समारोह है जबकि 14 जुलाई को रिसेप्शन होगा. मुंबई पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि ‘जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित इस समारोह के मद्देनजर अल्टरनेटर ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था 15 जुलाई तक लागू रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि ‘जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर’ की ओर जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक का रूट बदला गया है। ऐसा इसलिए ताकि लोगों को असुविधा न हो। शादी में शामिल होने वाले वीवीआईपी और वीआईपी लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को भी ध्यान में रखा गया है। लक्ष्मी टावर जंक्शन, धीरूभाई अंबानी स्क्वायर एवेन्यू लेन 3, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, डायमंड जंक्शन और होटल ट्राइडेंट से कुर्ला एमटीएनएल की ओर जाने वाली सड़कों पर केवल उन गाड़ियों को अनुमति दी जाएगी जो शादी समारोह स्थल में जाएंगे।

इसके बजाय, वन बीकेसी से आने वाले वाहन लक्ष्मी टॉवर जंक्शन और डायमंड गेट नंबर 8 पर बाएं और नाबार्ड जंक्शन, डायमंड जंक्शन पर दाएं मुड़ सकते हैं और फिर धीरूभाई अंबानी स्क्वायर से होते हुए बीकेसी जा सकते हैं। कुर्ला, एमटीएनएल जंक्शन, प्लेटिना जंक्शन, डायमंड जंक्शन और बीकेसी से बीकेसी कनेक्टर ब्रिज की ओर जाने वाले यातायात के लिए धीरूभाई अंबानी स्क्वायर एवेन्यू / इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर भी गाड़ियों की इंट्री बैन है।

कुर्ला, एमटीएनएल जंक्शन, प्लेटिना जंक्शन और डायमंड जंक्शन से आने वाले वाहन नाबार्ड जंक्शन पर बाएं मुड़ सकते हैं और डायमंड गेट नंबर 8 से आगे बढ़ सकते हैं तथा फिर लक्ष्मी टॉवर जंक्शन पर दाएं मुड़कर बीकेसी की ओर जा सकते हैं। भारत नगर, वन बीकेसी, वी वर्क, गोदरेज और बीकेसी से आने वाले वाहनों को जियो कन्वेंशन सेंटर गेट नंबर 23 रोक दिया जाएगा।

जॉन सीना से लेकर रजनीकांत तक हॉलीवुड और बॉलीवुड के जाने-माने कलाकार, अमेरिकी मीडिया की दिग्गज हस्ती किम करदाशियां और उनकी बहन क्लो करदाशियां तथा महेंद्र सिंह धोनी जैसे क्रिकेटर उन सिलेब्रिटी गेस्ट में शामिल हैं जो इस शादी समारोह में पहुंचे हैं। अनंत अंबानी ने दवा जगत के दिग्गज उद्योगपति वीरेन और शैला मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट के साथ शुक्रवार को सात फेरे लिये।

शादी के एलबम को यादगार बनाने के लिए बाजार में AI चिप 

नई दिल्ली: भारत में शादियां बड़े ही धूमधाम के साथ की जाती हैं। इस दौरान खूब तस्वीरें ली जाती हैं और वीडियो भी बनाए जाते हैं। ताकी इस खास पल का हर लम्हा यादों में कैद हो जाए।

शादियों में एक बड़ा बजट अक्सर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए रखा जाता है. छोटी शादियों में ये खर्च 20 से 70 हजार रुपये के बीच होता है। वहीं, बड़ी और महंगी शादियों में ये खर्च 15 से 50 लाख से बीच पहुंच जाता है।

इस बीच Nvidia ने एक नया चिप पेश किया है. इसमें इस इंडस्ट्री को बदलने की ताकत है। ये कॉस्ट को कम कर सकता है, क्वालिटी को बेहतर कर सकता है और प्रोसेसिंग स्पीड को बढ़ा भी सकता है।

3,00,000 करोड़ मूल्य की लीडिंग सेमीकंडक्टर चिप मेकर कंपनी Nvidia ने RTX 40 चिप्स की एक रेंज को पेश किया है। जो इंडियन कस्टम कंप्यूटर मेकर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके वीडियो एडिटिंग में तेजी लाने के लिए कैपेबल सिस्टम डेवलप करने को सक्षम बनाती है।

ये सिस्टम खास तौर पर शादी की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी में स्पेशलाइजेशन रखने वाले स्टूडियो को लक्षित करते हैं।

पूर्व अग्निवीरों को नौकरियों में मिलेगा 10 फ़ीसदी आरक्षण

नई दिल्ली :  2022 में सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की घोषणा की गई थी। इसके तहत सेना में आए 75 फ़ीसदी अग्निवीरों को चार साल बाद रिटायर होना था। विपक्षी कांग्रेस का आरोप था कि सरकार अग्निवीरों को यूज़ एंड थ्रो मज़दूर मान रही है। बीते साल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संकेत दिए थे कि ज़रूरत पड़ने पर सरकार इस योजना में बदलाव के लिए तैयार है। भारत सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए केंद्रीय सशस्त्र सुरक्षा बलों की भर्ती में 10 फ़ीसदी सीटें आरक्षित करने का फ़ैसला लिया है।

इनमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ़), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) और रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ़) जैसे सुरक्षाबलों में होने वाली भर्तियां शामिल है। इसके तहत अग्निवीर की सेवा से रिटायर हुए जवानों को उम्र सीमा और शारीरिक दक्षता में भी छूट मिलेगी।साल 2022 में सेना के तीन अंगों में जवान, एयरमैन और नाविक के पदों पर भर्ती के लिए सरकार अग्निपथ योजना लेकर आई थी।

इस योजना के तहत सेना में शामिल ‘अग्निवीर’ का कार्यकाल चार साल का है, जिसके बाद इनमें से 25 फ़ीसदी आगे सेना में काम करते रहेंगे जबकि 75 फ़ीसदी को सेना से रिटायर होना होगा। इस योजना को लेकर विपक्ष ने सरकार से कई सवाल किए थे और कहा था कि ट्रेनिंग ले चुके अग्निवीर सेना से रिटायर होने के बाद क्या करेंगे इसे लेकर कोई योजना होनी चाहिए।

हाल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद अग्निवीर के मुद्दे पर फिर से चर्चा छेड़ी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को ख़त्म कर दिया जाएगा। जहां कुछ युवाओं को इससे उम्मीद जगी है, वहीं कुछ युवा कहते हैं कि इससे कितना फायदा होगा, ये देखना होगा।

सीआईएसएफ़ की महानिदेशक नीना सिंह ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने पूर्व अग्निवीरों के केंद्रीय सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए महत्वपूर्ण फ़ैसला लिया है। उन्होंने कहा, “इसके अनुसार सीआईएसएफ़ ने भी पूर्व अग्निवीरों की भर्ती के लिए सारी तैयारी कर ली है. सीआईएसएफ़ ने कांस्टेबल पद की भर्ती में उनके लिए 10 फ़ीसदी सीटें आरक्षित की गई हैं।”

“पूर्व अग्निवीरों को पीईटी यानी फ़िज़िकल एफ़िशिएंसी टेस्ट में छूट दी गई है और शुरू में अधिकतम उम्र की सीमा में 5 साल (पहले साल में) और बाद के सालों में 3 साल की छूट दी जाएगी।” उनका कहना है कि सीआईएसएफ़ सुनिश्चित करेगी कि पूर्व अग्निवीर इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

सीआईएसएफ़ के अलावा सीमा सुरक्षा बल या बीएसएफ़ के महानिदेशक नितिन अग्रवाल ने भी भारत के सरकारी समाचार चैनल दूरदर्शन को बताया है कि बीएसएफ़ की भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 फ़ीसदी पद आरक्षित होंगे। उन्होंने पूर्व अग्निवीरों के लिए कहा, “चार साल इन्होंने मशक्कत की है, नौकरी की है और अनुभव हासिल किया है। ये कड़े अनुशासन में रहे हैं और बीएसफ़ के लिए अनुरुप हैं. हमें एक तरह से तैयार सैनिक मिल रहे हैं।” “हम इन्हें कम ट्रेनिंग देने के बाद सीमा पर तैनात कर सकते हैं. हम इनके आने का इंतज़ार कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बीएसएफ़ की कुल रिक्तियों में से इनके लिए 10 फ़ीसदी इनके लिए आरक्षित होगा।

सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने इसके बारे में और जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “नियुक्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 फ़ीसदी का कोटा निर्धारित है. सशस्त्र सीमा बल में नियुक्ति से जुड़े नियमों में ये बदलाव कर दिया गया है।” “पहले बैच के लिए उम्र में पांच साल का रिलेक्सेशलन होगा। उनके लिए कोई फ़िज़िकल एफ़िशिएंसी टेस्ट नहीं किया जाएगा “

रेलवे पुलिस बल के महानिदेशक मनोज यादव ने कहा, “भविष्य में जो भी भर्ती कांस्टेबल यानी आरक्षक के लेवल पर होगी उसमें भी सभी श्रेणियों में 10 फ़ीसदी आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा. न सिर्फ आरक्षण दिया जाएगी बल्कि उम्र की सीमा में छूट भी दी जाएगी।”

“दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 में अग्निवीरों का जो पहला बैच सेना से रिटायर होगा उनके लिए छूट पांच साल की होगी, वहीं उसके बाद के बैचों के लिए आयुसीमा तीन साल की होगी।”  “उनके आने से आरपीएफ़ को नई गति, नई उर्जा और नया मनोबल मिलेगा।”

वहीं सीआरपीएफ़ के महानिदेशक अनीष दयाल सिंह ने कहा कि इससे सीआरपीएफ़ को फायदा होगा क्योंकि सैनिक के तौर पर उन्हें सेना से प्रशिक्षण प्राप्त व्यक्ति मिलेगा। उन्होंने कहा, “हमने इसके लिए तैयारी कर ली है और नियुक्ति से जुड़े नियमों में बदलाव किया जा चुका है।”

J&K के बारामूला में तेज भूकंप के झटके

श्रीनगर: भारत और पाकिस्तान सीमा पर शुक्रवार दोपहर को भूकंप के झटके महसूस किए गए। कश्मीर के बारामुला के लोगों ने दोपहर लगभग 12:26 बजे भूकंप के झटके महसूस किए। भूकंप झटके लोग डर गए और घरों से बाहर आ गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर नीचे रहा। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी है। फिलहाल इससे किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

मौसम विभाग के विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजकर 26 मिनट पर क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

बता दें कि इसी साल फरवरी के महीने में कारगिल और लद्दाख में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई थी। भूकंप के कारण जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ था। ।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने जानकारी दी थी रात 9 बजकर 35 मिनट पर भूकंप आया। इससे पहले दिसंबर में भी भूकंप आया था।

धरती के अंदर कई तरह के प्लेट्स मौजूद हैं। पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स होते हैं। ये धरती के नीचे लगातार घूमती रहती है। जब ये आपस में टकराते हैं या इसमें हलचल होती है तो भूकंप आता है।