मारपीट में घायल हुए BJP नेता की मौत, टारगेट बनाकर किया गया था हमला

जयपुर: राजस्थान कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 8 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता की गुरुवार को सरियों व लाठियों से बुरी तरह पिटाई कर दी। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बीजेपी नेता की शुक्रवार को इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोटपूतली-बहरोड़) नेम सिंह चौहान ने कहा कि बीजेपी नेता यासीन खान गुरुवार को जयपुर से अलवर लौट रहे थे। आरोपियों ने उनकी कार रुकवा ली और उन पर सरियों तथा लाठियों से हमला कर दिया। बुरी तरह से घायल यासीन को जयपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

पुलिस अफसर ने बताया, ‘यासीन को जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज उन्होंने दम तोड़ दिया।’ घटना कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणपुर थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव के पास की है। थानाधिकारी शंभु मीणा ने कहा कि यासीन 2 अन्य लोगों, जितेंद्र शर्मा और परमेंद्र शर्मा के साथ एक कार में अलवर की ओर जा रहे थे, तभी 8 आरोपियों ने उनकी कार रुकवा ली और यासीन को पीटा। उन्होंने कहा,‘आरोपी 2 SUV में थे और यासीन की कार का पीछा कर रहे थे। विजयपुरा गांव के पास उन्होंने कार रुकवा कर यासीन को बाहर निकाला। घटना में परमेंद्र को भी मामूली चोटें आईं। आरोपियों का एकमात्र लक्ष्य यासीन था।’

थानाधिकारी मीणा ने कहा कि यासीन को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और वहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए जयपुर के SMS अस्पताल भेजा गया जहां उनकी मौत हो गई। मीणा ने कहा कि यासीन मेव समुदाय से थे और अलवर के रहने वाले थे। आरोपी भी उसी समुदाय और जिले के हैं। उन्होंने कहा,‘उनमें कोई पुरानी दुश्मनी थी। सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।’ तिजारा (अलवर) से भाजपा के विधायक बाबा बालकनाथ ने कहा कि घटना स्तब्ध करने वाली है।उन्होंने कहा कि यासीन बीजेपी के कार्यकर्ता थे।

तिरुपति जा रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 9 लोगों की मौत

बगलुरु: कोलार के पास शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहा एक ट्रक ने सवारियों से भरी बस में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि सवारियों को लेकर यह बस बेंगलुरु से तिरूपति की यात्रा पर जा रही थी। वहीं इस हादसे में अभी तक 9 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि हादसे में 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। साथ ही राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। पुलिस की टीम घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम कर रही है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

भीषण सड़क हादसा कोलार के पास नरसापुर में हुआ। बस बेंगलुरु से तिरुपति की ओर जा रही थी। हादसे के बाद का वीडियो भी सामने आया है, वीडियो में क्षतिग्रस्त हालत में बस को देखा जा सकता है। वहीं ट्रक में भी मौके पर दिख रहा है। यात्री बस के परखच्चे उड़ गए हैं और सड़क पर कागजात बिखरे हुए हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक ओवरटेक करने की कोशिश में ये दुर्घटना हुई।

वहीं घटना के बाद हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वहीं हादसे की वजह से काफी देर तक यातायात प्रभावित हो गया था, जिसे बाद में चालू कराया गया। साथ ही राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। पुलिस की टीम घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम कर रही है। कर्नाटक में 24 घंटों के भीतर हुआ ये दूसरा बड़ा हादसा है। गुरुवार को ही मांड्या जिले के नागमंगला तालुक में श्रीरामनहल्ली गेट के पास एक कार और कैंटर वाहन के बीच टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई थी। कार होलालकेरे से मैसूरु जा रही थी तभी यह हादसा हुआ।

भारत के श्रीलंका दौरे के शेड्यूल तैयार, WCL सेमीफाइनल में इंडिया चैंपियंस की ऑस्ट्रेलिया से भिड़ंत

नई दिल्ली:  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के आगामी श्रीलंका दौरे के पूरे शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। जिम्बाब्वे के दौरे से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलकर लौटने के बाद भारतीय टीम को श्रीलंका का दौरा करना है, जिसमें वह पहले 3 टी20 और उसके बाद इतने ही मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगी। टीम इंडिया का ये दौरा 26 जुलाई से शुरू होगा जिसमें आखिरी मैच 7 अगस्त को खेला जाएगा। इंग्लैंड में चल रही वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स टी20 लीग 2024 में आज दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पहले मैच में पाकिस्तान चैंपियंस का सामना वेस्टइंडीज से होगा वहीं इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल मैच इंडिया चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम के बीच में खेला जाएगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के आगामी श्रीलंका दौरे के पूरे शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। जिम्बाब्वे के दौरे से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलकर लौटने के बाद भारतीय टीम को श्रीलंका का दौरा करना है, जिसमें वह पहले 3 टी20 और उसके बाद इतने ही मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगी। टीम इंडिया का ये दौरा 26 जुलाई से शुरू होगा जिसमें आखिरी मैच 7 अगस्त को खेला जाएगा। इंग्लैंड में चल रही वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स टी20 लीग 2024 में आज दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पहले मैच में पाकिस्तान चैंपियंस का सामना वेस्टइंडीज से होगा वहीं इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल मैच इंडिया चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम के बीच में खेला जाएगा।

टीम इंडिया जुलाई महीने के आखिर में श्रीलंका का दौरा करेगी जहां पर उसे 26 जुलाई से मेजबान टीम के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके सभी मैच पल्लेकेले के मैदान पर खेले जाएंगे, वहीं इसके बाद दोनों टीमों के बीच एक अगस्त से तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी जिसमें इसके सभी मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होंगे। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के लिए ये सीरीज काफी अहम मानी जा रही जिसमें कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में इंडिया चैंपियंस की टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। जिसमें आज 12 जुलाई को उनका सामना अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम से होगा। लीग स्टेज में जब दोनों टीमों के बीच मुकाबला खेला गया था तो उसमें ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम ने 23 रनों से जीत हासिल की थी। इंडिया चैंपियंस टीम की कप्तानी का जिम्मा युवराज सिंह संभाल रहे हैं तो वहीं ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम की कप्तानी ब्रेट ली के कंधों पर है।

भारत के खिलाफ 26 जुलाई से होने वाली टी20 सीरीज से पहले श्रीलंका टीम को एक बड़ा झटका वानिन्दु हसरंगा के रूप में लगा है जिन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी से इस्तीफा दे दिया। वानिंदु हसरंगा ने कप्तानी छोड़ने के बाद कहा है कि एक खिलाड़ी के तौर पर श्रीलंका के लिए मैं हमेशा अच्छा करता रहूंगा। मैं टीम और अगले कप्तान का समर्थन करूंगा और उनके साथ खड़ा रहूंगा। श्रीलंका क्रिकेट ने कन्फर्म किया है कि वह आगे टीम के साथ एक प्लेयर के तौर पर बने रहेंगे।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक तरफ तो चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारी में जुटा है, वहीं अब पता चला है कि भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी के अपने मुकाबले खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। भारत के मैचों के लिए दो जगह चुनी गई हैं। हालांकि अभी इस पर मोहर लगना बाकी है। आईसीसी इसको लेकर आखिरी फैसला लेगा। इस बीच पता चला है कि बीसीसीआई की ओर से आईसीसी से कहा गया है कि भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। बीसीसीआई ने अपने मैच दुबई और श्रीलंका में से किसी भी जगह कराने की बात कही है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ जेम्स एंडरसन ने पहली पारी में कुल 10.4 ओवर फेंके थे। यानी उन्होंने कुल 64 गेंदें फेंकी थी। इसके बाद दूसरी पारी में 10 ओवर फेंकते ही यानी 60 गेंद फेंकते ही वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कुल 40000 गेंद फेंक चुके हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में चालीस हजार गेंद फेंकने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले कोई भी तेज गेंदबाज टेस्ट क्रिकेट में ये कारनामा नहीं कर पाया था। एंडरसन टेस्ट में चालीस हजार से ज्यादा गेंदें फेंकने वाले कुल चौथे बॉलर बने हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंद फेंकने का रिकॉर्ड मुथैया मुरलीधरन के नाम है जिन्होंने 44039 गेंदें फेंकी हैं।

टेस्ट क्रिकेट के 147 साल के इतिहास में बेन स्टोक्स ऐसे तीसरे खिलाड़ी अब बन गए हैं, जिनके नाम पर 6000 से अधिक रन होने के साथ 200 प्लस विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बेन स्टोक्स से पहले सिर्फ गैरी सोबर्स और जैक कैलिस ही ऐसे 2 खिलाड़ी थे जिन्होंने 200 प्लस विकेट लेने के साथ 6000 से अधिक रन बनाए हैं।

शाहीन अफरीदी ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम के साथी खिलाड़ियों के अलावा मैनेजमेंट और कोच के साथ हुई कहासुनी को लेकर सामने आई पीसीबी की एक रिपोर्ट के बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनके कैप्शन ने सभी का ध्यान खींचने का काम किया। शाहीन अफरीदी इस वीडियो में जहां नेट्स पर बॉलिंग करते हुए दिखाई दिए तो वहीं उन्होंने लिखा कि ऊपर उठो।

भारतीय क्रिकेट टीम टी20 इंटरनेशनल में ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसमें अब तक इस फॉर्मेट में 150 मैच जीते हैं। टीम इंडिया वैसे तो पहले भी नंबर एक पर थी, लेकिन अब एक नया मुकाम छू लिया है, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था। पाकिस्तान की टीम अब तक 142 टी20 इंटरनेशनन मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है। हालांकि अगर खेले गए मैचों की बात की जाए तो भारत ने पाकिस्तान की तुलना में कम मैच खेले हैं।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स लीग में भारतीय चैंपियंस को साउथ अफ्रीका चैंपियंस से 54 हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में स्टार ऑलराउंडर इरफान पठान अपने बड़े भाई यूसुफ पठान पर बुरी तरह से गुस्सा हो गए। जब इंडिया चैंपियंस की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही थी। तब 19वें ओवर में इंडिया चैंपियंस के लिए क्रीज पर इरफान पठान और यूसुफ पठान बल्लेबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर इरफान पठान ने ऊंचा स्ट्रोक खेला, लेकिन गेंद फील्डर से कुछ दूरी पर गिरी। इसके बाद इरफान ने तेजी के साथ दौड़ते हुए एक रन पूरा कर लिया। इसके बाद वह दूसरे रन के लिए भी दौड़ पड़े। इरफान आधी पिच तक पहुंच चुके थे। लेकिन बड़े भाई यूसुफ पठान ने उन्हें रन लेने से मना कर दिया। इसके बाद इरफान वापस भागे। तब तक बहुत देर हो चुकी थी और वह रन आउट हो गए। रन आउट होने के बाद इरफान पठान अपने भाई यूसुफ पठान पर गुस्सा करते हुए नजर आए।

विंबडलन ओपन 2024 के महिला सिंग्लस के फाइनल में जैस्मिन पाओलिनी और बारबोरा क्रेसिकोवा ने जगह बना ली है। दोनों खिलाड़ियों के बीच शानिवार 13 जुलाई को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। जैस्मिन पाओलिनी ने गैर वरीय डोना वेकिच को तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बनाई जो उनका लगातार दूसरा ग्रैंडस्लैम फाइनल होगा।

नेपाल में भूस्खलन से दो बसें त्रिशूली नदी में बहीं, 7 भारतीयों समेत 65 यात्री लापता

काठमांडू:  शुक्रवार को नेपाल में बड़ा हादसा हो गया। मध्य नेपाल में मदन-आश्रित हाइवे पर भूस्खलन हो गया, जिसकी वजह से लगभग 63 यात्रियों को ले जा रही दो बसें त्रिशूली नदी में बह गईं। दोनों बसों में ड्राइवर सहित कुल 63 यात्री सवार थे। चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों बसों में बस ड्राइवरों सहित कुल 63 लोग सवार थे। भूस्खलन के कारण बसें सुबह करीब 3:30 बजे नदी में बह गईं।

उन्होंने कहा कि हम घटनास्थल पर टीम के साथ हैं और तलाशी अभियान चल रहा है। लगातार बारिश के कारण लापता बसों की तलाश में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि इन दिनों नेपाल में मूसलाधार बारिश हो रही है।

इस घटना पर नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने एक्स पर ट्वीट करके दुख जताया है। उन्होंने कहा, “नारायणगढ़-मुग्लिन सड़क खंड पर भूस्खलन में बस के बह जाने से लगभग पांच दर्जन यात्रियों के लापता होने की रिपोर्ट और देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण संपत्तियों के नुकसान से मैं बहुत दुखी हूं। मैं गृह प्रशासन सहित सरकार की सभी एजेंसियों को यात्रियों की खोज और प्रभावी बचाव के निर्देश देता हूं।” वहीं, मौसम खराब होने की वजह से राजधानी काठमांडू से भरतपुर, चितवन तक की सभी उड़ानों को आज के लिए रद्द कर दिया गया है।

जिलाधिकारी इंद्रदेव यादव के मुताबिक, भूस्खलन में एंजेल और गणपति डीलक्स नाम की बसें बही हैं, जो काठमांडू से रौतहट के गौर जा रही थीं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, काठमांडू जा रही बस में 24 लोग सवार थे और दूसरी बस में 41 लोग सवार थे।

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया है कि गणपति डीलक्स में सवार तीन यात्री बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पुलिस अधीक्षक भावेश रिमल ने बताया कि नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के जवान राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

ITR Filing के 30 दिन के अंदर वेरीफाई करना जरूरी

नई दिल्ली : आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए अब कुछ ही दिन बचे हुए हैं। 31 जुलाई 2024 की रात 12 बजे आईटीआर दाखिल करने का मौका खत्म हो जाएगा। केवल आईटीआर फाइल कर देने भर से ही काम नहीं चलता। आयकर नियमों के अनुसार, आईटीआर दाखिल करने के बाद उसे वेरिफाई यानी सत्यापित करना भी जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर आयकर अधिनियम 1961 के अनुसार आईटीआर दाखिल करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। इसके लिए भी आयकर विभाग की ओर से दिन निर्धारित किया गया है।

आयकर अधिनियम के अनुसार, कोई भी आयकरदाता सभी जरूरी दस्तावेज इकट्ठा करके जब आईटीआर फाइल करता है, तो आयकर विभाग की ओर से उसे वेरिफाई करने के लिए 30 दिनों का समय दिया जाता है। इसके लिए आयकर विभाग ने पहले ही आयकरदाताओं को इस बात की जानकारी दे दी है कि आईटीआर फाइल करने के 30 दिनों के अंदर उसे वेरिफाई करना जरूरी है। इसके लिए आयकर विभाग की ओर से आयकरदाताओं को ईमेल और एसएमएस के जरिए सूचना भी दी जाती है।

आईटीआर दाखिल करने के बाद आईटीआर को आधार नंबर आधारित ओटीपी, नेट बैंकिंग, वैध बैंक खाता और डीमैट खाता के ई-वेरिफाई किया जाता है। कोई आयकरदाता अगर ऑनलाइन वेरिफाई करने में असहज महसूस करता है, तो वह आईटीआर-वी फॉर्म भरकर डाक विभाग के जरिए रजिस्ट्री डाक या स्पीड पोस्ट और कूरियर के जरिए बेंगलुरु स्थित आयकर विभाग के केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र (सीपीसी) को भी भेज सकते हैं।

हालांकि, डाक विभाग की रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और कूरियर के जरिए भेजे गए फॉर्म को पहुंचने में देर भी हो सकती है। ऐसे में आईटीआर को ई-वरिफाई करना अधिक फायदेमंद होता है। आयकरदाता आधार के साथ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी या आपके पूर्व-वैलिड बैंक खाते के जरिये जेनरेट ईवीसी या आपके पूर्व-वैलिड डीमैट खाते के जरिये जेनरेट ईवीसी या एटीएम (ऑफलाइन विधि) के जरिये ईवीसी या नेट बैंकिंग या डिजिटल सिग्नेचर के जरिये वेरिफाई कर सकते हैं।

आयकर विभाग के नियमों के मुताबिक, आईटीआर दाखिल करने 30 दिन बीत चुके हैं, तो आईटीआर दाखिल करने वाले दिन को वेरिफिकेशन की पहली तारीख मानी जाएगी। देर से वेरिफिकेशन करने पर आयकर की धारा 234एफ के तहत लेट फाइन का भुगतान करना पड़ेगा। रिपोर्ट के अनुसार, 31 मार्च 2024 की सीबीडीटी (केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड) अधिसूचना संख्या 2/2024 के अनुसार, वेरिफिकेशन में देर करने पर दूसरे परिणाम भुगतने होंगे। आयकर विभाग वेरिफिकेशन पर देर होने पर 5 लाख रुपये तक की कुल आय के लिए 1,000 रुपये और 5 लाख रुपये से अधिक की कुल आय के लिए 5,000 रुपये लेट फाइन का भुगतान करना पड़ेगा। इसका अर्थ यह हुआ कि आईटीआर वेरिफिकेशन में देर होने पर कम से कम 1000 रुपये और अधिक से अधिक 5000 रुपये तक जुर्माना भरना पड़ेगा।

अरविंद केजरीवाल को मिली अंतरिम जमानत, रहेंगे सीबीआई की कस्टडी में

नई दिल्ली :  दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी बेंच को भेज दिया है। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ ने फैसला सुनाया। 17 मई को केजरीवाल की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया गया था।

ईडी मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल ने 90 दिनों से ज्यादा वक्त जेल में गुजारा है। कोर्ट ने अंतरिम जमानत देते हुए कहा कि केजरीवाल निर्वाचित नेता हैं और यह उन्हें तय करना है कि क्या वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं।

अरविंद केजरीवाल फिलहाल जेल से बाहर नहीं आ सकेंगे। फिलहाल वह सीबीआई की कस्टडी में हैं। उनको जमानत ईडी केस में मिली है। ऐसे में अभी वह जेल में ही रहेंगे। दिल्ली सीएम के वकील विवेक जैन ने जानकारी दी कि सीबीआई मामले में 18 जुलाई को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई है। मामले में फैसला आने के बाद ही पता चल सकेगा कि केजरीवाल जेल से बाहर आएंगे या नहीं?

सुप्रीम कोर्ट ने 15 अप्रैल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर ईडी से जवाब मांगा था। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक ने दिल्ली हाई कोर्ट के नौ अप्रैल के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी। हाई कोर्ट ने मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी को बरकरार रखते हुए कहा था कि इसमें कोई अवैधता नहीं है। जांच में उनके शामिल होने से बार-बार इनकार करने के बाद ईडी के पास कोई विकल्प नहीं बचा था. उनको ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।

ॉएक निचली अदालत ने एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर मामले में अरविंद केजरीवाल को 20 जून को जमानत दी थी। इसके बाद ईडी ने अगले दिन दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। दलील दी गई थी कि केजरीवाल को जमानत देने का निचली अदालत का आदेश एकतरफा और गलत था। केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में 26 जून को सीबीआई ने भी गिरफ्तार किया था।

नेपाल में भारी बारिश, बिहार में हाइअलर्ट

पटना : नेपाल में हो रही जोरदार बारिश के कारण गंडक नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है. नदी गोपालगंज में खतरे के निशान से 85 सेमी ऊपर बह रही है। गुरुवार की सुबह सात बजे वाल्मीकिनगर बराज से 1.80 लाख 600 क्यूसेक डिस्चार्ज रहा, जो शाम छह बजे 2.51 क्यूसेक हो गया है।

गंडक नदी का जल स्तर के तेजी से बढ़ने के कारण तटबंधों पर जहां दबाव बढ़ने लगा है। शुक्रवार को गांवों में पानी और बढ़ने की आशंका है. वहीं निचले इलाके के 43 गांवों के 65 लाख की आबादी के सामन बाढ़ की त्रासदी शुरू होने के आसार है। पिछले छह दिनों से नदी में आयी बाढ़ से गांव पहले से ही घिरे हुए हैं। जिले के छह प्रखंडों के 43 गांवों बाढ़ से घिर गये थे। अभी पानी सड़कों से पूरी तरह से हटा भी नहीं था कि शुक्रवार को पानी और बढ़ेगा। गांवों का संपर्क शहर से कट गया है।

जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ने नेपाल के पोखरा में 174 एमएम बारिश होने से गंडक नदी में जल स्तर के बढ़ने से अलर्ट जारी किया है. इससे तटबंधों पर निगरानी को बढ़ाया गया है. डीएम मो मकसूद आलम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। बचाव कार्यों स्टाॅक की समीक्षा कर जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों को हाइअलर्ट मोड में संवेदकों के साथ मुस्तैद रहने का आदेश दिया।

मुख्य अभियंता संजय कुमार, बाढ़ संघर्षात्मक बल के अध्यक्ष नवल किशोर सिंह, कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार, जबकि पतहरा में अभियंता ऋषभ कुमार, टंडसपुर में निगरानी में थे. बांध को सुरक्षित रखना विभाग की चुनौती है। पानी के घटते-बढ़ते रहने से बचाव कार्यों के भी नदी में समा जाने का खतरा बना है।

विभाग ने तटबंधों को पूरी तरह से सुरक्षित होने का दावा किया है. तटबंधों पर भी काफी दबाव बढ़ा हुआ है। जिले के निचले इलाके में रहने वाले 43 गांवों के लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गयी हैं। गांव चारों तरफ से घिरे हुए हैं। आने-जाने के सभी मार्ग ध्वस्त हो चुके है. स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र में भी पानी भर चुका है। अब नाव ही एकमात्र सहारा बची है।

घरों में राशन व सब्जियों के भी दिक्कत होने लगी है। बच्चों को लोग स्कूल जान को जोखिम में डालकर पहुंचा रहे है। खेतों में पानी लगने के कारण पशुओं को चारा लाना भी किसानों के लिए बड़ी चुनौती है. सदर प्रखंड के कटघटरवां, हीरापाकड़, मेहंदियां, रामपुर टेंगराही, बरइपट्टी, पतहरा, सेमराही, निरंजना,धूप सागर, धर्मपुर, भगवानपुर, रामनगर, मकसुदपुर कुचायकोट में सिपाया टोला वार्ड नं 7, भसही, मांझा प्रखंड के निमुइया, माघी, मगुरहां, भैंसही एवं पुरैना सिधवलिया के बंजरिया समेत जिले के 43 गांवों पानी से घिरा है।

गंडक नदी के बाढ़ से छह प्रखंडों के 3.64 लाख की आबादी हर साल पीड़ित होती है। नदी के जल स्तर दो लाख क्यूसेक पर पहुंचते ही 43 गांव जो बांध व नदी के बीच में बसा है, वे घिर जाता है। घरों में पानी की लहरें उठती हैं। लोगों को छतों व छप्परों पर गुजारा करना पड़ता है। जो गांव से निकल गये, तो बांध पर चार माह काटने को मजबूर होते हैं। पिछले चार दशक से यह सिलसिला जारी है। इसका स्थायी समाधान नहीं होने के कारण लोगों के सामने इस वर्ष फिर नदी तबाही मचाने को आतुर है। लोग चार माह के लिए खानाबदोश की जिंदगी जीने को मजबूर हैं।

अनंत अंबानी की शादी में शामिल होने लालू यादव मुंबई रवाना

पटना : अनंत अंबानी-राधिका मर्चेंट की शादी में शामिल होने के लिए बिहार के पूर्व सीएम और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ पटना एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुए। उनके साथ उनके बेटे तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री यादव भी मुंबई गयीं हैं। इस शादी में देश के कई दिग्गज नेताओं को भी न्योता गया है, जिनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं। सीएम नीतीश कुमार के इस शादी में शामिल होने को लेकर अब तक कोई सूचना नहीं है।

मुंबई में होने वाली इस शादी में अंबानी परिवार ने देश की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया है। इन हस्तियों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव भी शामिल है. हालांकि लालू यादव कहा जा रहा था कि खराब स्वास्थ्य के कारण शायद लालू प्रसाद शादी में शामिल न हो पाएं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ लालू प्रसाद भी शादी में शामिल होने के लिए मुंबई रवाना हुए हैं. पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने मीडिया से बहुत कुछ नहीं कहा। हालांकि एक लाइन में कहा कि निमंत्रण है उसमें हम लोग जा रहे हैं. शुभकामनाएं हैं. सांसद मीसा भारती भी परिवार के साथ मुंबई गई हैं।

शादी समारोह 12 जुलाई यानी शुक्रवार को पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया जाएगा। मेहमानों से भारतीय परिधानों में आने का अनुरोध किया गया है। शादी के बाद के कार्यक्रम 13 जुलाई ( शनिवार ) को शुभ आशीर्वाद के साथ जारी रहेंगे। शादी का रिसेप्शन 14 जुलाई ( रविवार ) को आयोजित किया जाएगा।

सिसोदिया की जमानत पर सुनवाई के दौरान जज ने खुद को केस से किया अलग

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार ने मनीष सिसोदिया की उन याचिकाओं पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया जिनमें आबकारी नीति घोटाला मामलों में उनकी जमानत याचिकाओं पर नए सिरे से विचार करने का अनुरोध किया गया था। जमानत याचिकाओं पर नए सिरे से विचार करने संबंधी सिसोदिया की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के सुनवाई से खुद को अलग करने के बाद दूसरी पीठ 15 जुलाई को मामले की सुनवाई करेगी।

जैसे ही मामले की सुनवाई शुरू हुई जस्टिस संजीव खन्ना ने कहा, हमारे भाई को कुछ परेशानी है। वह व्यक्तिगत कारणों से इस मामले की सुनवाई नहीं करना चाहते। सिसोदिया की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने पीठ से मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में अभी तक सुनवाई शुरू नहीं हुई है। पीठ ने कहा कि एक अन्य पीठ 15 जुलाई को इस मामले पर विचार करेगी।

सुप्रीम कोर्ट ने कथित शराब नीति घोटाले के संबंध में सीबीआई और ईडी द्वारा दर्ज मामलों में सिसोदिया की जमानत याचिका पर विचार करने से चार जून को इनकार कर दिया था। आप नेता सिसोदिया ने दिल्ली हाई कोर्ट के 21 मई के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, जिसमें उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। सिसोदिया ने निचली अदालत के 30 अप्रैल के आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया था।

सीबीआई ने सिसोदिया को शराब नीति मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। ईडी ने उन्हें नौ मार्च 2023 को सीबीआई की प्राथमिकी पर आधारित धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था।

NEET-UG 2024 मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, 18 जुलाई को सुनवाई

नई दिल्ली :  नीट-यूजी मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई टल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह गुरुवार 18 जुलाई को NEET-UG मामले की सुनवाई करेगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मामले के कुछ पक्षकारों को केंद्र और एनटीए द्वारा दायर हलफनामे नहीं मिले हैं और उन्हें बहस से पहले अपने जवाब तैयार करने की जरूरत है।

केंद्र सरकार, सीबीआई और एनटीए ने नीट-यूजी मामले में हलफनामा दााखिल कर दिया है। केंद्र सरकार की ओर से दायर हलफनामे में कहा गया कि नीट-यूजी 2024 के नतीजों का डेटा एनालिसिस भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान  मद्रास ने किया और विशेषज्ञों के निष्कर्षों के अनुसार अंक वितरण में अनियमितता के संकेत नहीं मिले।

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अतिरिक्त हलफनामे में कहा कि 2024-25 के लिए स्नातक सीटों के वास्ते काउंसिलिंग की प्रक्रिया जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू हो रहे चार चरणों में की जाएगी। जबकि एनटीए ने अपने हलफनामे में बड़े पैमाने पर कदाचार से इनकार कर दिया है. एनटीए ने कोर्ट को प्रश्न पत्रों की गोपनीय छपाई, उसे लाने-ले जाने और वितरण के लिए स्थापित व्यवस्था की भी जानकारियां दी।

सुप्रीम कोर्ट ने 8 जुलाई को नीट-यूजी मामले में सुनवाई की थी। जिसमें कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि यदि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2024 की शुचिता ‘नष्ट’ हो गई है तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा. कोर्ट ने एनटीए और केंद्र सरकार से कई सवाल पूछे और उसकी जानकारी मांगी।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा था कि यदि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2024 की शुचिता ‘नष्ट’ हो गई है और यदि इसके लीक प्रश्नपत्र को सोशल मीडिया के जरिये प्रसारित किया गया है तो दोबारा परीक्षा कराने का आदेश देना होगा. कोर्ट ने कहा था कि यदि प्रश्नपत्र लीक टेलीग्राम, व्हाट्सऐप और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से हो रहा है, तो यह जंगल में आग की तरह फैलेगा. पीठ ने कहा था कि यदि परीक्षा की शुचिता नष्ट हो जाती है, तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा. यदि हम दोषियों की पहचान करने में असमर्थ हैं, तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा. पीठ ने कहा, जो हुआ, हमें उसे नकारना नहीं चाहिए.

नीट-यूजी 2024 में कुल 67 छात्रों ने 720 अंक प्राप्त किए, जो राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के इतिहास में पहली बार हुआ. इस सूची में हरियाणा के एक केंद्र के छह छात्र शामिल हैं, जहां परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ. यह आरोप लगाया गया है कि ग्रेस मार्क्स के चलते 67 छात्रों को टॉप रैंक प्राप्त करने में मदद मिली.

2023 बैच की आईएएस अधिकारी 6 बार झूठ बोलकर बनीं IAS!

मुंबई: महाराष्ट्र कैडर की ट्रेनी आईएएस अफसर पूजा खेडकर एक फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उन पर फर्जी सर्टिफिकेट से यूपीएसएस परीक्षा पास करने का आरोप लग रहा है। साथ ही उन्होंने मेडिकल टेस्ट भी नहीं दिया है। पूजा को लेकर सोशल मीडिया से लेकर अलग अलग प्‍लेटफॉर्म्‍स पर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। रही हैं ऐसे में बहुत सारे लोग डॉ. पूजा खेडकर के बारे में जानने लगे कि आखिर कौन है यह पूजा खेडकर।

पूजा खेडकर 2023 बैच की ट्रेनी आईएएस अधिकारी हैं। वे अक्सर अपनी वीवीआईपी मांगों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। उन्होंने इस नौकरी को पाने के लिए जो कुछ किया है, वह और भी चौंकाने वाला है। प्राइवेट ऑडी पर लाल बत्ती लगाने और वीआईपी नंबर प्लेट मांगने को लेकर आलोचना झेल रहीं पूजा खेडकर से एक और खुलासा हुआ है। उन्होंने यूपीएससी पास करने के लिए जिस कोटे का इस्तेमाल किया था, वो इस कोटे का हकदार नहीं थीं।

पुणे में तैनात एक ट्रेनी आईएएस अधिकारी को प्रशिक्षण पूरा होने से पहले ही मध्य महाराष्ट्र के वाशिम जिले में ट्रांसफर कर दिया गया है, क्योंकि उसने अलग केबिन और स्टाफ जैसी मांगों को लेकर विवाद खड़ा कर दिया था। इसके बाद पूजा से जुड़े खुलासे हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि 2023 बैच की आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर को उनके प्रशिक्षण की शेष समय पूरा करने के लिए वाशिम स्थानांतरित किया गया है और वह 30 जुलाई, 2025 तक वहां सुपरन्यूमेरी सहायक कलेक्टर के रूप में काम करेंगी। पुणे कलेक्टर सुहास दीवसे की ओर से सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपी गई एक रिपोर्ट के अनुसार, 3 जून को ड्यूटी पर आने से पहले ही खेडकर ने बार-बार मांग की थी कि उन्हें एक अलग केबिन, कार, आवासीय क्वार्टर और एक चपरासी प्रदान किया जाए।

उन्हें बताया गया कि वे प्रोबेशन पीरियड पर इन सुविधाओं की हकदार नहीं हैं, और उन्हें आवास प्रदान किया जाएगा। दीवसे ने जीएडी को अपनी रिपोर्ट में कहा कि खेडकर को पुणे में अपना प्रशिक्षण जारी रखने की अनुमति देना उचित नहीं है। उन पर पुणे कलेक्टर कार्यालय में एक वरिष्ठ अधिकारी की नेमप्लेट हटाने का भी आरोप लगाया गया था, जब अधिकारी ने उन्हें अपने कार्यालय के रूप में अपने पूर्व कक्ष का उपयोग करने की अनुमति दी थी।

उन्होंने लाल-नीली बत्ती और वीआईपी नंबर प्लेट वाली अपनी निजी ऑडी कार का भी इस्तेमाल किया, जिससे प्रशासन में हलचल मच गई। उन्होंने अपनी निजी कार पर ‘महाराष्ट्र सरकार’ का बोर्ड भी लगाया था। नियमों के अनुसार, प्रशिक्षु को उपरोक्त सुविधाएं प्रदान नहीं की जाती हैं और पहले उसे राजपत्रित अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाना आवश्यक होता है।

विभिन्‍न मीडिया रिपोर्टस में दावा किया गया है कि डॉ. पूजा खेडकर वीआईपी नंबर प्लेट वाली अपनी पर्सनल ऑडी कार का इस्‍तेमाल करती थीं। इसके अलावा इस ऑडी कार पर लाल और नीली बत्‍ती लगाकर भी चलती थीं। आरोप यह भी है कि पूजा खेडकर ने पुणे के कलेक्टर कार्यालय से विशेषाधिकार मांगने के बाद विवाद खड़ा कर दिया था, जिसके बाद पुणे से उनका ट्रांसफर कर दिया गया है।

महाराष्ट्र कैडर के 2023 बैच की आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर को लेकर कुछ नए खुलासे हुए हैं। पुणे में ट्रेनिंग के दौरान अपने नखरों को लेकर चर्चा में आई खेडकर ने तब वीआईपी नंबर, घर, गार्ड और चैंबर मांगा था। विवाद होने पर सरकार ने खेडकर का तबादला वाशिम कर दिया गया था। अभी तक उनके विकलांगता सर्टिफिकेट पर सवाल खड़े हो रहे थे।

अब उनका मॉक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें वह अपने पिता से अलग रहने दावा कर रही हैं। दावा किया जा रहा है कि उनके पिता ने लोकसभा चुनाव के शपथ पत्र में ऐसा जिक्र नहीं किया था। इसके साथ अब उनके ओबीसी क्रीमीलेयर में आने की बात हो रही है। पूजा खेडकर को यूपीएससी की परीक्षा 821वीं रैंक मिली थी।

पूजा खेडकर ने यूपीएससी परीक्षा में बैठने के लिए खुद को नॉन क्रीमी ओबीसी कैंडिडेट बताया था, जबकि उनके पिता ने चुनावी हलफनामे में कुछ और ही कहा है। पूजा के पिता दिलीप कोंडिबा खेडकर ने लोकसभा चुनाव 2024 में वंचित बहुजन आघाड़ी के लिए महाराष्ट्र के अहमदनगर से चुनाव लड़ा था। उनके हलफनामे के अनुसार, उनके पास 40 करोड़ रुपये की संपत्ति है. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर उनके पास 40 करोड़ की संपत्ति है तो उनकी बेटी पूजा ओबीसी की गैर-क्रीमी लेयर में कैसे आ गईं?

पूजा खेडकर ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को सौंपे गए हलफनामे में दृष्टिबाधित और मानसिक रूप से बीमार होने का दावा किया था। पूजा को दिव्यांगता की पुष्टि के लिए मेडिकल टेस्ट से गुजरना पड़ा। लेकिन पूजा ने 6 अलग-अलग मौकों पर इन मेडिकल जांच प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया था।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में उन्होंने अखिल भारतीय रैंक 841 हासिल की थी। खेडकर की मां अहमदनगर जिले के भालगांव की निर्वाचित सरपंच हैं। उनके पिता और दादा सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी रह चुके हैं। उन्हें पुणे में सहायक कलेक्टर के तौर पर पहली नियुक्ति मिली थी। आरोप है कि उनके पिता भी जिलाधिकारी पर उनकी बेटी को सुविधाएं देने के लिए दबाव बनाते थे।

हावड़ा से साल्टलेक मेट्रो सेवा इसी साल होगी शुरू

कोलकाता : हावड़ा वालों को जल्द ही सॉल्टलेक सेक्टर 5 जाने के लिए बस के धक्के खाने की जरुरत नही पड़ेगी । अब कुछ मिनटों में ही हावड़ा से साल्टलेक पहुंचना आसान हो जाएगा। कोलकाता मेट्रो रेलवे कॉरपोरेशन लिमिटेड जल्द ही हावड़ा से सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक की मेट्रो परिसेवा को शुरू करने जा रही है। 

जिसके लिए सियालदह और एस्प्लानेड के बीच तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। ईस्ट-वेस्ट मेट्रो 2 भाग में चल रहे हैं। पहला हावड़ा मैदान से एस्प्लानेड और दूसरा सियालदह से सेक्टर 5 तक। जैसे ही सियालदह और एस्प्लानेड के बीच का काम पूरा हो जाता है, वैसे ही हावड़ा से लेकर सेक्टर 5 तक की परिसेवा चालू कर दी जाएगी। बताया जा रहा है कि यह काम दिसंबर में ही पूरा हो जाएगा।

हालांकि 2024 के अक्टूबर महीने तक ही ईस्ट – वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर का काम पूरा करने का लक्ष्य था परंतु बीच में यह हुआ कि 2025 में फरवरी-मार्च के बीच व्यापारिक सेवा का काम पूरा होगा परंतु फिर से केएमआरसीएल ने बताया कि दिसंबर तक इस काम को पूरा कर दिया जाएगा।

हावड़ा मैदान से लेकर सॉल्टलेक सेक्टर 5 अर्थात 16.6 किलोमीटर की इस सेवा को फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल हावड़ा मैदान से एस्प्लानेड तक अर्थात् 4.8 कि.मी. सियालदह से सॉल्टलेक सेक्टर 5 यानी 9.4 कि.मी. के बीच कॉमर्शियल सर्विस चालू है। सिर्फ सियालदह और एस्प्लानेड के बीच 2.4 कि.मी. की सेवाओं को चालू करना है। बहूबाजार की घटना को लेकर अभी तक इस पर सेवाओं को चालू नहीं किया जा सका है।

केएमआरसीएल का दावा है कि जिस प्रकार से काम चल रहा है उससे उम्मीद है कि दिसंबर के मध्य ही सियालदह से एस्प्लानेड के बीच वाले कॉमर्शियल सेवा को चालू किया जा सकेगा। बताया जा रहा है कि इसी साल अक्टूबर महीने में सियालदह से एसप््लानेड के बीच के काम का कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी अर्थात सीआरएस परिदर्शन करेंगे। इसमें अगर एनओसी मिल गयी तो दिसंबर के बीच में ही हावड़ा मैदान से सेक्टर 5 के बीच सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

 

कोलकाता समेत पांच जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी

कोलकाता : बंगाल में मौसम को लेकर माैसम विभान ने बुधवार को चेतावनी जारी कर दी है। पिछले कुछ दिनों से ऐसा लग रहा था मानों बारिश कोलकाता और दक्षिण बंगाल में लयबद्ध तरीके से हो रही हो। बुधवार को सुबह से ही शहर में काफी उमस रहा। इस स्थिति को लेकर अलीपुर मौसम विभाग ने राहत भरी खबर साझा की है।

मौसम विभाग ने वज्रपात समेत बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश का पूर्वानुमान अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक आज से 16 जुलाई तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है।

उत्तर बंगाल के जिलों में भी आंधी तूफान का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 16 जुलाई तक बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार में आज भारी से बहुत भारी बारिश की लाल चेतावनी जारी की गई है। कलिम्पोंग, कूचबिहार में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिले के बाकी हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। आज से 14 जुलाई तक दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी।

 

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बंगाल के जिलों में तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं होगा। उत्तर बंगाल के जिलों में तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। मौसम कार्यालय सूत्रों के मुताबिक बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था। इस दिन शहर का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है. शहर में अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत एवं न्यूनतम 63 प्रतिशत है।

अनंत अंबानी की शादी में आज मुंबई रवाना होंगी ममता बनर्जी

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज मुंबई जा रही हैं। ममता बनर्जी मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की शादी समारोह में शामिल होंगी। वह गुरुवार दोपहर विशेष विमान से मुंबई के लिए उड़ान भरेंगी। नबन्ना के सूत्रों के मुताबिक, अनंत अंबानी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने विशेष रूप से आमंत्रित किया है।

ममता बनर्जी शिष्टाचार के नाते इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए वह शादी समारोह का हिस्सा बनने जा रही है। वह शुक्रवार को शादी समारोह में शामिल होंगी। ममता बनर्जी के अलावा इस कार्यक्रम में देश के कई अन्य राजनेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

अनंत अंबानी के विवाह समारोह में शामिल होने के अलावा, ममता बनर्जी के कई राजनीतिक कार्यक्रम भी हैं। शिवसेना के उद्धव गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ ममता बनर्जी के हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं। सुनने में आ रहा है कि ममता बनर्जी मुंबई में उद्धव से मुलाकात कर सकती हैं। वह बैठक गुरुवार को हो सकती है। शुक्रवार को उनकी एनसीपी के पवार खेमे के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, ममता 13 जुलाई की दोपहर कोलकाता लौटेंगी।

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद अभिषेक बनर्जी ने मुंबई में उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी। हालांकि, मतदान के बाद तृणमूल नेता ने इंडिया अलायंस के सहयोगियों से मुलाकात नहीं की थी। ममता बनर्जी अपने तीन दिवसीय मुंबई दौरे के दौरान उस काम की शुरुआत कर सकती हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव भी सामने हैं। गठबंधन को बरकरार रखते हुए बीजेपी को कैसे हराया जाए, इस पर भी उद्धव अनुभवी ममता से सलाह ले सकते हैं।

झारखंड में समय से पहले हो सकता है विधानसभा चुनाव

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग एक्टिव हो चुका है। इसकी तैयारी और समीक्षा को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की 6 सदस्यीय टीम बुधवार को झारखंड पहुंची पतरातु के लेक रिजॉर्ट में समीक्षा बैठक हो रही है. बैठक दो सत्र में चल रहा है।

पहले सत्र की बैठक 10 जुलाई के देर रात तक चली थी। जिसमें चार राज्यों के चुनाव एक साथ कराने को लेकर संकेत मिले हैं. अगर ऐसा हुआ तो राज्य में समय से पहले यानी कि अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हो सकता है। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के साथ-साथ झारखंड निर्वाचन आयोग के अधिकारी शामिल हुए।

गुरुवार को 11 को दूसरे सत्र की बैठक सुबह 8:30 से शुरू हुई है. जो शाम 6:00 बजे तक चलेगी। इस समीक्षा बैठक में झारखंड के सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शामिल हुए हैं. जिसमें विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची के प्रकाशन पुनरीक्षण समेत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हो रही है।

बैठक के बाद ही झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीख की अंतिम रूपरेखा तय होगी। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरीय उप-निर्वाचन आयुक्त धर्मेंद्र शर्मा और नीतेश व्यास प्रधान सचिव अरविंद आनंद झारखंड निर्वाचन आयोग के सीईओ के रवि कुमार शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग की टीम के सदस्य जिला निर्वाचित पदाधिकारियों से उनके जिलों में चल रहे चुनाव की तैयारियों की जानकारी ले रहे हैं। साथ ही, उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दें रहे हैं।

झारखंड में विधानसभा चुनाव समय से पहले अक्तूबर में हो सकता है। झारखंड सरकार का कार्यकाल नवंबर तक है। इससे पहले चुनाव की प्रक्रिया खत्म कर सरकार का गठन कर लिया जाना है। इस साल तीन अन्य राज्यों हरियाणा, महाराष्ट्र व जम्मू कश्मीर में भी चुनाव होने हैं। ऐसे में चारों राज्यों का चुनाव एक साथ कराने की तैयारी की जा रही है। झारखंड में 2014 और 2019 में हुए विधानसभा चुनाव पांच-पांच चरण में हुए थे। लेकिन इस भारत निर्वाचन आयोग झारखंड में दो से तीन चरणों में चुनाव संपन्न कराने की तैयारी में है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की टीम शांतिपूर्ण संपन्न हुए लोकसभा चुनाव को आधार मानकर कार्यवाही कर सकती है।

पश्चिम बंगाल की उत्तरी हिस्से में कल तेज बारिश की संभावना

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में 11 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रशासन से स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर बनाये रखने को कहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय मानसून और असम में चक्रवाती परिसंचरण के कारण 11 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि साथ ही कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि 12 और 13 जुलाई को क्षेत्र में बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है। जलपाईगुड़ी जिले के गजलडोबा में मंगलवार सुबह साढ़े बजे तक तक बीते 24 घंटे में राज्य की सबसे अधिक 180 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई।

आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से के अन्य स्थानों में सेवोके (170 मिमी), बक्सादुआर (150 मिमी), नागराकाटा (140 मिमी), जलपाईगुड़ी शहर (130 मिमी) और भूटानघाट (120 मिमी) में काफी अधिक बारिश दर्ज की गई।

दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों पर भूस्खलन हुआ तथा पश्चिम बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 सहित कई सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं मैदानी इलाकों में विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी गयी है।

BSNL की ओर दौड़े लोग, Jio और Airtel के महंगे प्लान से है परेशान

रांची : आज मोबाइल हर व्यक्ति की जरूरत बन गया है। इसके बिना आज के डिजिटल युग में रह पाना अब असंभव है। मोबाइल के बिना सरकारी योजनाओं का लाभ से लेकर छात्र हो या मजदूर, रेहड़ी वाल हो या ठेलावाला, दुकानदार हो या कोई आम व्यक्ति, हर किसी को मोबाइल एक आवश्यकता बन गई है।

ऐसे में जियो, एयरटेल, वोडाफोन जैसी निजी कंपनियों ने तीन जुलाई से मोबाइल रिचार्ज प्लान की कीमत में 20-25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है, तो लोगों को एक बार फिर बीएसएनएल की याद आने लगी है।

निजी कंपनियों के मोबाइल रिचार्ज की रेट बढ़ाने से आम लोग परेशान हैं। खासकर निम्न आय वर्ग के लोग। ऐसे में मोबाइल उपभोक्ता अब सस्ता प्लान देने वाली सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड की ओर रुख कर रहे हैं। बीएसएनएल के कार्यालय में अपना नंबर पोर्ट कराने वाले लोगों की भीड़ जुट रही है. इनमें निम्न व मध्यम वर्ग के लोगों की संख्या अधिक है।

देश के कई राज्यों में से झारखंड़ के बिष्टुपुर का बीएसएनएल कार्यालय में इन दिनों सिम लेने वाले लोगों की भीड़ जुट रही है। बीएसएनएल के एजीएम, मार्केटिंग हेड अजहर इमाम कहते है कि जुलाई महीने में बीएसएनएल में अपना नंबर पोर्ट कराने व नये सिम लेने वालों की संख्या चार गुना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल अन्य कंपनियों के मुकाबले काफी बेहतर प्लान दे रही है। इससे लोगों का झुकाव बीएसएनएल की ओर बढ़ा है।

जानकारी के अनुसार जमशेदपुर सर्किल में बीएसएनएल के कुल 1.5 लाख उपभोक्ता हैं।  निजी कंपनियों के मोबाइल रिचार्ज प्लान की रेट बढ़ाने से बीएसएनएल के यूजर की संख्या लगातार बढ़ रही है। जमशेदपुर में सिर्फ जुलाई के महीने में 974 उपभोक्ता बीएसएनएल से जुड़े हैं, जो अन्य दिनों की अपेक्षा चार गुना अधिक है। इनमें नये सिम लेनेवालों की संख्या 846 व पोर्ट करानेवालों क संख्या 128 है।

बीएसएनएल कर्मी ने बताया जुलाई महीने में पूरे राज्य में कंपनी में 7200 नये उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें नये सिम लेने वालों की संख्या 6500, जबकि पोर्ट करानेवालों की संख्या 700 है।

इलाके के कर्मचारी  ही एक बीएसएनएल कर्मी ने बताया कि जबसे निजी कंपनियों ने मोबाइल रिचार्ज प्लान की दर बढ़ाने की घोषणा की है, तब से ही लोग अपने पुराने बंद पड़े बीएसएनएल के सिम की खोज खबर लेने कार्यालय पहुंच रहे हैं. जिनका सिम दूसरे को आवंटित नहीं किया गया है, उन्हें दिया जा रहा है। जिनका सिम पूरी तरह से बंद हो गया है, वे नये सिम ले रहे हैं। इन दिनों काउंटर पर काफी भीड़ जुट रही है. उपभोक्ता बीएसएनएल के टैरिफ प्लान की जानकारी ले रहे हैं।

निजी कंपनियों के टैरिफ प्लान की रेट बढ़ने से भारी संंख्या में लोग बीएसएनएल में शिफ्ट हो रहे हैं, तो कई असमंजस में भी हैं।  लोगों का कहना है कि बीएसएनएल की सेवा ठीक नहीं है। कई स्थानों पर नेटवर्क नहीं रहता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर बीएसएनएल अपनी सेवा दुरुस्त कर दे, तो निजी कंपनियों की मोनोपॉली समाप्त हो जायेगी. साथ ही इससे देश को बेहतर राजस्व की भी प्राप्ति होगी।

 

‘बैड न्यूज’ संगीत का एक नया सैक्सी गाना ‘जानम’ रिलीज

मुंबई:  आनंद तिवारी निर्देशित फिल्म ‘बैड न्यूज’ संगीत का एक नया गाना ‘जानम’ रिलीज किया गया है। इस गाने के बोल, संगीत और संगीतकार विशाल मिश्रा ने दिए हैं। यह एक सुकून भरा गीत है जिसमें रोमांचकारी बोल और धुन है, जो बेहद खूबसूरत हैं।

गाने के म्यूजिक वीडियो में, विक्की कौशल और त्रिप्ति दिमरी अपने किरदारों अखिल और सलोनी के साथ एक आरामदायक ट्रिप पर दिखाई देते हैं। गाने के रिलीज होते ही गाना यूट्यूब पार ट्रेड कर रहा है, गाने को देख के लोगों की काफी प्रतिक्रिया आ रही है, और लोग दोनो ऐक्टर्स को एक साथ खूब पसंद कर रहे है।

गाने के रिलीज होते ही फैन्स ने अपनी प्रशंसा जताई है। एक उपयोगकर्ता ने इसे “गहरा रोमांचक गाना” कहा, जबकि दूसरे ने मुख्य अभिनेताओं की सराहना की, कहते हुए, “त्रिप्ति और विक्की की केमिस्ट्री तौबा तौबा।”

एक यूजर ने गायक की प्रशंसा की, लिखते हैं, “विशाल मिश्रा की आवाज़ दिल से।” एक कमेंट में यह पढ़ा जा सकता है, “यह साल का सबसे सेक्सी गाना है! मुलायम आवाज और मोहक ताल इसे अविरल बनाते हैं। यह एक ऐसा माहौल है जो किसी और से कम नहीं है!”

विक्की कौशल और त्रिप्ति दिमरी के अलावा, फिल्म में अम्मी वर्क का महत्वपूर्ण भूमिका है। बैड न्यूज की निर्देशनकर्ता आनंद तिवारी हैं, और इसे हिरो यश जोहर, करण जोहर, अपूर्वा मेहता, अमृतपाल सिंह बिंद्रा, और आनंद तिवारी ने उत्पादित किया है।

‘तौबा तौबा’, इस संगीत एल्बम का पहला गाना, 2 जुलाई को रिलीज किया गया था। इसे करण औजला ने संगीत, गीत, और बोल दिए हैं, जबकि गाने के कोरियोग्राफर बोस्को-सीजर है।

बैड न्यूज अमेजन प्राइम के साथ धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव की संयुक्त प्रस्तुति में, 19 जुलाई को सिनेमाघरों में आ रही है।

पश्चिम बंगाल की चार सीटों पर छिटपुट हिंसा के साथ मतदान जारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत बुधवार को वोटिंग शुरू हो गई। बंगाल की जिन सीटों पर वोटिंग शुरू हुई है, उनमें मानिकतला, रायगंज, राणाघाट दक्षिण और बागदा शामिल है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक हो गया है। मतदान से एक दिन पहले कुछ इलाकों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आई हैं।  मतदान के लिए कुल 1097 बूथ बनाये गये हैं। शांतिपूर्णवक निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराने को लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये हैं। केंद्रीय पुलिस बल की 70 कंपनियों के साथ राज्य पुलिस के कुल 3650 जवान तैनात रहेंगे।

पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में लोकसभा चुनाव की तरह ही सभी मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। बात की जानकारी राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ से मंगलवार को दी गयी। चार सीटों पर 34 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। उत्तर कोलकाता की मानिकतला सीट से नौ उम्मीदवार अपनी  किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें पांच निर्दलीय हैं।

पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनावों में टीएमसी ने मानिकतला सीट पर कब्जा जमाया था, जबकि भाजपा ने रायगंज, राणाघाट दक्षिण और बगदाह में जीत हासिल की थी। भाजपा विधायक बाद में पार्टी छोड़कर टीएमसी में चले गए थे।

फरवरी 2022 में टीएमसी विधायक साधन पांडे की मौत के कारण मानिकतला विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। टीएमसी ने पांडे की पत्नी सुप्ती को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। सत्तारूढ़ पार्टी ने रायगंज से कृष्णा कल्याणी और रानाघाट दक्षिण से मुकुट मणि अधिकारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे को मानिकतला, मनोज कुमार विश्वास को राणाघाट दक्षिण, बिनय कुमार विश्वास को बगदाह और मानस कुमार घोष को रायगंज से चुनाव मैदान में उतारा है।

Agra-Lucknow Expressway : स्लीपर बस और दूध के टैंकर की टक्कर, 18 की मौत, 20 घायल

लखनऊ: आगरा-एक्सप्रेसवे पर बिहार के सिवान से दिल्ली जा रही स्लीपर बस एक दूध के टैंकर से भिड़ गई। इससे 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह 4.30 बजे बिहार के सिवान दिल्ली जा रही स्लीपर बस 247 किलोमीटर के पास बांगरमऊ के पास दूध टैंकर से भिड़ंत हो गई। दूध टैंकर बस को ओवरटेक कर रहा था। इससे स्लीपर बस अनियंत्रित हो गई और टैंकर उसके एक बांए हिस्से को रगड़ते हुए निकल गया। 

अन्य गाड़ियों से निकल रहे लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची बांगरमऊ पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां 18 लोगों को मृत घोषित किया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

उन्नाव पुलिस ने दुर्घटना में घायलों और मृतकों से संबंधित सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। 

0515-2970767
9651432703
9454417447
8887713617
8081211289
टोल फ्री नंबर 1077

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने एक्स पर अपनी संवदेना व्यक्त करते हुए लिखा है कि उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।