ममता बनर्जी ने जूनियर डाॅक्टर हत्याकांड पर कहा- अपराधियों को मिले फांसी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरजी कर अस्पताल में जूनियर डाॅक्टर हत्याकांड मामले में दोषियों को मौत की सजा देने की मांग की है। ममता बनर्जी ने कहा कि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में फांसी की सजा का मुकदमा दायर किया जाना चाहिए। यदि राज्य पुलिस पर भरोसा नहीं है तो किसी अन्य जांच एजेंसी से भी इस मामले में कार्रवाई की जानी चाहिए. राज्य सरकार हर तरह से सहयोग करने को तैयार है. लेकिन हमारी मांग है कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

आरजी कर की घटना का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, आरजी कर अस्पताल के जूनियर डॉक्टर की मौत घृणित और अमानवीय है. मुझे ऐसा महसूस हो रहा है जैसे मैंने अपने परिवार में किसी को खो दिया है. इस घटना का कभी भी समर्थन नहीं किया जा सकता. मुझे लगता है कि जूनियर डॉक्टर जो विरोध जता रहे हैं वह उचित है. मैं उनकी मांगों से सहमत हूं. इस अपराध के लिए कोई माफी नहीं है।

ममता बनर्जी ने कहा ,मैं कल झाड़ग्राम में थी. जब मैंने यह खबर सुनी. मैंने लड़की के पिता और मां से भी बात की। मैंने प्रशासन को दोषियों की पहचान करने और तीन से चार दिनों के भीतर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला उठाने और यदि आवश्यक हो तो मौत की याचिका दायर करने का निर्देश दिया है.अपराधियों को फांसी देने की मांग करते हुए ममता बनर्जी ने आगे कहा, मैं व्यक्तिगत रूप से फांसी के खिलाफ हूं लेकिन कुछ मामलों में ऐसी अनुकरणीय सजा की आवश्यकता होती है. ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे।

गौरतलब है कि आरजी कर अस्पताल के आपातकालीन विभाग के चौथे मंजिल के सेमिनार हॉल से शुक्रवार को युवा महिला डॉक्टर का शव बरामद किया गया था। पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद एक शख्स को गिरफ्तार भी किया गया है। शनिवार सुबह से ही राज्य के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में जूनियर डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं. हर तरफ हंगामा जारी है।

बांग्लादेशी नागरिक भारत में घुसने कर रहे थे कोशिश, बीएसएफ ने रोका

जलपाईगुड़ी : पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भारत के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुधवार को सैकड़ों बांग्लादेशी नागरिक एकत्र हुए और दावा किया कि उनके देश में उन पर हमला हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना झापोर्टला सीमा चौकी क्षेत्र में दक्षिण बेरुबारी गांव के पास हुई। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) बाद में उन्हें वापस ले गए।

इस विषय पर बीएसएफ का कहना है कि ये लोग बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले के पांच गांवों के थे जिसकी सीमा जलपाईगुड़ी से लगती है। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेशी सीमा पर एकत्र हुए थे, लेकिन सीमा पूरी तरह सील होने के कारण कोई भी भारत में प्रवेश नहीं कर सका। बाद में, बीजीबी उन्हें वापस ले गया।

अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के फील्ड कमांडरों ने बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश  के अपने समकक्षों से संपर्क किया और महिलाओं और बच्चों के साथ आए 120-140 लोगों के इस समूह को रोका गया तथा उन्हें वापस जाने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर स्थिति नियंत्रण में है।

बीएसएफ पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों समेत कुल 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के 932.39 किलोमीटर हिस्से की रक्षा करती है।

इस संबंध में एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि कंटीले तारों के पार इकट्ठा हुए लोग अंदर आने देने की गुहार लगा रहे थे। व्यक्ति ने कहा कि हम असहाय हैं। इस दौरान उन्होंने अपने भयावह अनुभव बताए। भीषण हिंसा के चलते शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद छोड़ने और भागने के लिए मजबूर होने के बाद बांग्लादेश में अनिश्चितता व्याप्त है। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार को संसद भंग कर दी और नोबेल पुरस्कार विजेता यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया।

 

बांग्लादेश के नए पुलिस प्रमुख ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हत्याओं की जांच का वादा किया, माफी भी मांगी

ढाका : बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों मौतें हुई हैं। लोगों के घर जलाए गए और गाड़ियां तक फूंक डालीं। वहीं, बांग्लादेश के नए पुलिस प्रमुख ने बुधवार को घातक विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों के आचरण के लिए माफी मांगी और हत्याओं की निष्पक्ष जांच का वादा किया।

पुलिस महानिरीक्षक मोहम्मद मैनुल इस्लाम ने कहा कि हम छात्रों, आम लोगों और पुलिस की हाल की हर हत्या की निष्पक्ष जांच करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मैं, पुलिस प्रमुख के रूप में, इसके लिए बांग्लादेश पुलिस की ओर से माफी मांगता हूं। आगे बोले कि मौजूदा विरोध प्रदर्शनों के दौरान अधिकारी अपने कर्तव्यों को पूरा करने में सक्षम नहीं थे।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस इकाइयों से अपनी हड़ताल खत्म करने और गुरुवार को ड्यूटी पर लौटने के लिए कहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सोमवार को पद छोड़ने से पहले प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कई हफ्तों तक हुई झड़पों के दौरान 400 से अधिक लोग मारे गए।

बांग्लादेश में मंगलवार रात अंतरिम सरकार के मुखिया के तौर पर नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस की नियुक्ति हो गई। राष्ट्रपति मुहम्मद शहाबुद्दीन ने छात्र आंदोलन के समन्वयक मंडल के 13 सदस्यों और तीनों सेना प्रमुखों से लंबी वार्ता के बाद यूनुस की नियुक्ति का फैसला किया।

इससे पहले राष्ट्रपति ने देश की संसद (जातीय संसद) को भंग कर दिया जिससे अब नए आम चुनाव के लिए रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को ही मुख्य विपक्षी नेता व पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया भी रिहा हो गईं।

बांग्लादेश की भीड़ ने प्रोड्यूसर और उसके सुपरस्टार बेटे को पीट-पीटकर मार डाला

मुंबई: बांग्लादेश से आई इस खबर ने बहुत ही दुखद स्थिति का परिचय दिया है। फिल्म प्रोड्यूसर सलीम खान और उनके बेटे शांतो खान की हत्या की घटना ने न केवल बांग्लादेश बल्कि भारतीय बंगाली फिल्म इंडस्ट्री को भी प्रभावित किया है। बता दें, सलीम खान बांग्लादेश के चांदपुर उपजिले में लक्ष्मीपुर मॉडल यूनियन परिषद के चेयरमैन थे और साथ ही वे एक प्रमुख फिल्म प्रोड्यूसर भी थे।

वे भारतीय टॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने देव जैसे बड़े सितारे के साथ ‘कमांडो’ नामक एक फिल्म का निर्माण किया था, जो रिलीज नहीं हो पाई। इस घटना का एक पहलू यह भी है कि सलीम खान पर भ्रष्टाचार के आरोप थे। कहा जा रहा है कि वे रेत केअवैध उत्खनन में शामिल थे और इस कारोबार से उन्होंने काफी पैसा कमाया था।

इसी भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें पहले भी जेल हो चुकी थी और उनके खिलाफ एंटी-करप्शन कमीशन ने जांच भी की थी। हिंसा के इस कृत्य की विस्तृत जानकारी के बिना स्थानीय सुरक्षा बलों ने भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। यह दुखद घटना बांग्लादेश के समाज और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है।

बाप-बेटे ने खुद को बचाने के लिए गोलियां भी चलाईं
रिपोर्ट्स की मानें तो सोमवार, 5 अगस्त को सलीम और शांतो अपने घर से भागने की कोशिश कर रहे थे। तभी फरक्काबाद बाजार में गुस्साई भीड़ उनके सामने आ गई। उन्होंने खुद को बचाने के लिए पिस्टल से गोलियां भी चलाईं, लेकिन पास ही के बगरा बाजार में उन्हें भीड़ ने घेर लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने सलीम और उनके बेटे शांतो की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सलीम के निधन पर कोलकाता फिल्म इंडस्ट्री से देव और बोनी सेनगुप्ता समेत कई कलाकारों ने दुख जाताया है।

 

टॉलीवुड में प्रोड्यूस कर रहे थे 10 फिल्में
एक रिपोर्ट के अनुसार, टॉलीवुड (पश्चिम बंगाल सिनेमा) में सलीम की लगभग 10 फिल्में प्रोडक्शन स्टेज पर थीं और इनमें कई बड़े टॉलीवुड स्टार्स काम कर रहे थे। टॉलीवुड से जुड़े एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर अरिंदम दास ने सोमवार को सलीम से बात भी की थी। दास ने कहा- ‘मैं उनसे मिलने कई बार बांग्लादेश जा चुका हूं। उन्होंने मेरी बड़ी ही खूब मेहमाननवाजी की थी। उनके निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं।’

असम और बंगाल में भी हो सकती है उथल-पुथल, बांग्लादेश को लेकर चिंतित मुख्यमंत्री हिमंत शर्मा

दिसपुर : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चिंता जताई है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को हिंसक तरीके से सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद बांग्लादेश एक बार फिर भारत के पूर्वोत्तर से आए उग्रवादियों का सुरक्षित ठिकाना बन सकता है।

सरमा ने मुस्लिम बहुल बांग्लादेश में हसीना की अवामी लीग पार्टी का समर्थन करने वाले हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों पर हमलों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि 2041 के बाद पड़ोसी असम, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बड़े पैमाने पर जनसांख्यिकीय परिवर्तनों के कारण इसी तरह की उथल-पुथल पैदा हो सकती है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि बांग्लादेश में स्थिति पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि पड़ोसी देश फिर से उग्रवादियों का केंद्र बन सकता है और वहां से लोग अवैध रूप से (पूर्वोत्तर) क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं।

शर्मा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि केंद्र बांग्लादेश की नयी सरकार के साथ संवाद जारी रखेगा तथा पूर्वोत्तर राज्यों की चिंता उसकी बातचीत के एजेंडे में ऊपर रहेगी। मुख्यमंत्री ने डेरगांव में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, “हम बांग्लादेश के हालिया घटनाक्रम से चिंतित हैं और यदि समस्या जारी रही तो हमें डर है कि इसका इस क्षेत्र पर दो तरह से असर पड़ेगा।” उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सीमा की सुरक्षा की जानी चाहिए क्योंकि “पड़ोसी देश के लोग भारत-बांग्लादेश सीमा के माध्यम से इस क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर सकते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “शेख हसीना के शासनकाल में पूर्वोत्तर क्षेत्र के उग्रवादियों को बांग्लादेश छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा था। हमारे लिए यह चिंता का विषय होगा कि कहीं पड़ोसी देश फिर से उग्रवादियों का गढ़ न बन जाए।” उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि पूर्ववर्ती बांग्लादेश सरकार के सहयोग से “हम पूर्वोत्तर भारत में उग्रवाद की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सफल रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि पड़ोसी देश की नयी सरकार भी इस सहयोग को बनाए रखेगी।”

बांग्लादेश में सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 440 हो गयी। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी। मुख्यमंत्री ने इससे पहले दिन में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इस अनिश्चित समय में, जब हम बांग्लादेश से लगी अपनी सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, मेरा ध्यान अक्सर भविष्य के असम-2041 की ओर जाता है।”

 

विनेश फोगाट को मिले भारत रत्न या राज्यसभा सांसद बनाया जाए’, केंद्र से TMC की मांग

कोलकाता : बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट के लिए भारत रत्न या राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत राज्यसभा का सदस्य बनाने की मांग की है, जिन्हें ओलिंपिक में स्वर्ण पदक के करीब पहुंचकर वजन ज्यादा होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया।

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर लिखा, सरकार और विपक्ष को आम सहमति बनाने का रास्ता खोजना चाहिए और या तो विनेश फोगाट को भारत रत्न से सम्मानित करना चाहिए या उनके द्वारा प्रदर्शित असाधारण साहस को स्वीकार करते हुए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा नामित राज्यसभा सीट के लिए मनोनीत करना चाहिए।

उन्होंने आगे लिखा, उनके द्वारा प्रदर्शित असाधारण साहस को स्वीकार करते हुए हम कम से कम यह विनेश फोगाट के लिए कर सकते हैं, उन्होंने कितना संघर्ष किया है। कोई भी पदक उनकी असली क्षमता को पूरी तरह से नहीं दर्शा सकता है।

वहीं, टीएमसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख व पूर्व भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में उनकी भूमिका को दिखाया गया है, जिन पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

पार्टी ने लिखा, आपने दृढ़ इच्छाशक्ति और दृढ़ता के माध्यम से जो अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल की है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। आपने 140 करोड़ भारतीयों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। आप एक सच्ची योद्धा हैं और हमेशा रहेंगी! हम आपके साथ खड़े हैं। पूरा देश आपके साथ खड़ा है।

 

‘नियम बदलो और विनेश को सिल्वर मेडल दो’, भारतीय खिलाड़ी के लिए अमेरिकी रेसलर ने उठाई आवाज

नई दिल्ली : विनेश फोगाट के डिस्क्वालिफिकेशन से जहां देश निराश हैं वहीं, अमेरिकी रेसलर ने भारतीय महिला पहलवान को सिल्वर मेडल दिए जाने की मांग कर दी। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और छह बार के वर्ल्ड चैंपियन जॉर्डन बरोज ने विनेश के लिए सिल्वर मेडल की मांग की और UWW के नियमों में बदलाव की भी मांग कर दी। उन्होंने विवाद के बीच एक्स पर एक पोस्ट किया और लिखा।

  • दूसरे दिन 1 किग्रा वजन तक की छूट मिले ।
  • वजन-मापन सुबह 8:30 बजे से बढ़ाकर 10:30 बजे कर दिया जाए।
  • भविष्य के फाइनल में अगर विरोधी फाइनलिस्ट वजन कम करने में चूक जाता है तो उसकी हार घोषित हो।
  • सेमीफाइनल में जीत के बाद, दोनों फाइनलिस्ट के पदक सुरक्षित हों. भले ही दूसरे दिन वजन कम करने में चूक हो। स्वर्ण पदक केवल उसी पहलवान को दिया जाना चाहिए जो दूसरे दिन वजन कम करने में कामयाब रहता है।
  • विनेश को रजत पदक दिया जाए।

भारतीय पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया ने अमेरिकी रेसलर जॉर्डन के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट जॉर्डन के इस प्रपोजल में दम है. यह तुरंत प्रभाव से लागू हो ताकि पहलवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न कीया जा सके।

बांग्लादेश की स्थिति पर भारत की पैनी नजर, पीएम ने की उच्चस्तरीय बैठक

ढाका : बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम आवास में सुरक्षा मामलों की समिति की बड़ी बैठक की। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल बैठक में मौजूद थे।

बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम के बीच, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बांग्लादेश की नेता शेख हसीना का सैन्य विमान उनके देश में उथल-पुथल के बीच दिल्ली से लगे गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर पहुंचा। माना जाता है कि जयशंकर ने प्रधानमंत्री मोदी को पड़ोसी देश में बदलते घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। हालांकि, बैठक के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच मेघालय सरकार ने बॉर्डर पर कर्फ्यू लगा दिया है। बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर मेघालय के डिप्टी सीएम प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने कहा, आज शाम को मैंने बांग्लादेश के हालात को देखते हुए एक आपातकालीन बैठक बुलाई। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, बीएसएफ के आईजी मौजूद थे। हमने आज रात से बांग्लादेश के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। यह कर्फ्यू भारतीय क्षेत्र में जीरो पॉइंट या अंतरराष्ट्रीय सीमा पोल से 200 मीटर अंदर तक हर रोज शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा, जब तक कि हालात में सुधार नहीं हो जाता।

बांग्लादेश में प्रदर्शनकारियों ने जब प्रधानमंत्री आवास पर कब्जा कर लिया, तब शेख हसीना ने वायुसेना के एक सी-130 जे सैन्य परिवहन विमान से भारत पहुंचीं। उनका विमाने गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर उतरा। फिलहाल शेख हसीना एयरबेस में ही मौजूद हैं।

इस बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने शेख हसीना से एयरबेस में ही मुलाकात की। अजीत डोभाल के साथ शेख हसीना ने बांग्लादेश के मौजूदा हालात और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। भारतीय वायुसेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां ​​उन्हें सुरक्षा मुहैया करा रही हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।

 

हिंडन एयरबेस पर उतरा शेख हसीना का विमान, डोभाल ने मिली हसीना 

ढाका: बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी प्रदर्शन और हिंसक झड़पों के बीच सोमवार को तख्तापलट हो गया। प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा दे दिया और राजधानी ढाका छोड़ दिया है।

राष्ट्र के नाम एक टेलीविजन संबोधन में, सेना प्रमुख वकर-उज़-ज़मान ने कहा कि सेना अंतरिम सरकार बनाएगी। कई रिपोर्टों के अनुसार, हसीना अपनी बहन शेख रेहाना के साथ देश छोड़कर चली गई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश की सड़कों पर रविवार को भीषण झड़पें हुईं, जिसमें मरने वालों की संख्या कम से कम 300 हो गई। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

 

हिंसा के बाद बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना ने दिया इस्तीफा, सीधे भारत पहुंचेंगी

कोलकाता :  बांग्लादेश में 2 महीने से चल रहे आरक्षण विरोधी छात्र आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार यानी  5 अगस्त अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हिंसक माहौल के चलते शेख हसीना को देश छोड़कर भारत भागना पड़ा।

पूर्व प्रधानमंत्री  सेना मालवाहक विमान से रवाना हुईं। खबरों के मुताबिक इस दौराण उनकी बहन रेहाना भी उनके साथ रही। वे बंगाल के रास्ते दिल्ली पहुंच गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका विमान गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतर गया है। 

बांग्लादेश के सेना प्रमुख ने कहा, “हम अंतरिम सरकार बनाएंगे, देश को अब हम संभालेंगे। आंदोलन में जिन लोगों की हत्या की गई है, उन्हें इंसाफ दिलाया जाएगा।”

इससे पहले पड़ोसी देश श्रीलंका में आर्थिक संकट के बाद राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे की सरकार के खिलाफ हिंसक आंदोलन हुआ था। जुलाई 2022 में ऐसी स्थिति बनी थी। लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर थे और राष्ट्रपति भवन में घुस गए थे।

बांग्लादेश सत्ता परिवर्तन के 5 सबसे बड़े अपडेट

  1. प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास में दाखिल हुए। तोड़फोड़ और आगजनी की।
  2. राजधानी ढाका में 4 लाख लोग सड़कों पर हैं, जगह-जगह तोड़फोड़ की जा रही है।
  3. पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में सोमवार को 6 लोग मारे गए। प्रदर्शनकारियों ने 2 हाईवे पर कब्जा किया। अब तक 300 लोगों की जान गई है। इनमें ज्यादातर छात्र हैं।
  4. BSF ने भारत-बांग्लादेश पर अलर्ट बढ़ा दिया है।
  5. आर्मी ने देश की प्रमुख पार्टियों के नेताओं के साथ बैठक की है। 18 सदस्यीय अंतरिम सरकार प्रस्तावित की गई है। सेना इस सरकार को बनाएगी।
  6. भारत ने पहले से ही बांग्लादेश जाने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर रखी थी। एयर इंडिया ने भी अपने विमान सेवा सस्पेंड रखी।
  7. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पीएम मोदी से मुलाकात की है और उन्हें इस पुरे विषय परा अपडेट दिया। वहीं प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने भी विदेश मंत्री से मुलाकात की।

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, 32 लोगों की मौत और कई जख्मी

ढाका :  रविवार  यानी 4 अगस्त को बांग्लादेश के कई हिस्सों में एक बार फिर से हिंसा भड़क गई। प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों प्रदर्शनकारी एकत्रित हुए। इस दौरान रविवार को प्रदर्शनकारियों और सत्तारूढ़ अवामी लीग के समर्थकों के बीच कई जगहों पर झड़प हुई। झड़प में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। ढाका ट्रिब्यून अखबार के मुताबिक झड़प के बाद पीएम शेख हसीना ने गण भवन में सुरक्षा मामलों की राष्ट्रीय समिति की बैठक भी बुलाई।

एक अखबार की एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश हिंसा में 32 लोगों की मौत हो गई है। वहीं सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों और सत्तारूढ़ अवामी लीग के समर्थकों के बीच झड़प हुई है। वहीं, खबर है कि झड़प के बाद पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया गया है। बता दें, पीएम शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान हिंसा भड़क गई। हिंसा को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

वहीं, छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि देश भर में विरोध प्रदर्शन के नाम पर तोड़फोड़ करने वाले छात्र नहीं आतंकवादी हैं. ऐसे तत्वों से कड़ाई से निपटने की जरूरत है। बता दें, विरोध पर उतरे छात्र प्रधानमंत्री हसीना से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच पीएम शेख हसीना ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सेना, नौसेना, वायु सेना, पुलिस, रैपिड एक्शन बटालियन, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के प्रमुख और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री के सुरक्षा सलाहकार और गृह मंत्री भी मौजूद थे।

इससे पहले पुलिस और छात्र प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पों में 200 से अधिक लोग मारे गये थे। बता दें, छात्र प्रदर्शनकारी देश में विवादास्पद कोटा प्रणाली को खत्म करने की मांग पर कर रहे थे, जिसके तहत 1971 में बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के योद्धाओं के रिश्तेदारों के लिए सरकारी नौकरियों में 30 फीसदी आरक्षण दिया गया था।

 

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार व बस की भीषण टक्कर, 7 की मौत

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक कार बस से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार के चालक को नींद आ गई जिसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर अपनी लेन बदलकर दूसरी लेन में चली गई। इसके बाद लखनऊ से आ रही बस से वह टकरा गई।

इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 46 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन कार सवार जबकि बस के 4 यात्री शामिल हैं।

एसएसपी इटावा संजय कुमार वर्मा ने दुर्घटना को लेकर बताया कि रायबरेली से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस की रात करीब 12:30 बजे एक कार से टक्कर हो गई। बस में 60 लोग सवार थे, जिनमें से 4 लोगों की मौत हो गई। इस में सवार करीब 20-25 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार 3 लोगों की भी मौत हो गई। 

सड़क हादसे के घायलों का होगा मुफ्त इलाज, पायलट प्रोजेक्ट चंडीगढ़ और असम में शुरू

नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि सरकार ने एक योजना विकसित की है, जिसमें सड़क दुर्घटना में पीड़ितों को कैशलेस इलाज दिया जाएगा।

इस योजना को चंडीगढ़ और असम में पायलट आधार पर लागू किया जा रहा है। इस योजना के तहत, सड़क दुर्घटना में शामिल लोगों को अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य लाभ पैकेज दिए जाएंगे।

यह योजना मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत स्थापित मोटर वाहन दुर्घटना कोष के तत्वावधान में संचालित की जा रही है। इस योजना से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिलेगी और सड़क दुर्घटना पीड़ितों को बेहतर उपचार प्रदान करने में मदद मिलेगी।

 

अगस्त का पहला रविवार Friendship Day

नई दिल्ली :  कोई व्यक्ति जन्म के बाद खुद से जो पहला रिश्ता बनाता है, उसे दोस्ती कहते हैं। परिवार से बाहर एक दोस्त ही आपका मार्गदर्शक, सलाहकार, राजदार और शुभचिंतक होता है। इसी दोस्ती के नाम एक खास दिन समर्पित किया गया है, जिसे फ्रेंडशिप डे के तौर पर मनाया जाता है।

हालांकि दुनियाभर में साल में दो बार दोस्ती दिवस मनाते हैं। ऐसे में कई लोग असमंजस में हैं कि असली मित्रता दिवस किस दिन मनाएं। दोस्ती दिवस मनाने की शुरुआत किसने और कब पहली बार की थी, इसकी कहानी भी काफी रोचक है। आइए जानते हैं जुलाई या अगस्त में से कब मनाया जाता है फ्रेंडशिप डे, इस दिन का इतिहास और महत्व जानिए।

कुछ लोगों को फ्रेंडशिप डे को लेकर असमंजस है कि 30 जुलाई और अगस्त के पहले रविवार में से सही फ्रेंडशिप डे कौन सा होता है। दरअसल, साल 1930 में जॉयस हॉल ने हॉलमार्क कार्ड के रूप में उत्पन्न किया था। बाद में 30 जुलाई 1958 को आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस मनाने की घोषणा की गई। लेकिन भारत समेत बांग्लादेश, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात और संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे देश अगस्त के पहले रविवार को ही दोस्ती दिवस मनाते हैं।

दोनों फ्रेंडशिप डे में अंतर ये हैं कि 30 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस मनाया जाता है, जो देशों के बीच परस्पर सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने के लिए मनाते हैं। वहीं अगस्त के पहले रविवार को दोस्तों के नाम समर्पित किया गया। इस दिन लोग अपने एक दूसरे के साथ दोस्ती के रिश्ते को सेलिब्रेट करते हैं। भारत में इसी दिन को दोस्ती दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पहली बार मित्रता दिवस 1935 को अमेरिका में मनाया गया। शुरुआत में अगस्त के पहले महीने में दोस्ती के प्रतीक के तौर पर इस दिन को मनाया गया, हालांकि बाद में हर साल मित्रता दिवस अगस्त के पहले रविवार को मनाए जाने का फैसला लिया गया।

अमेरिका में 1935 में अगस्त के पहले रविवार के दिन एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। कहते हैं कि इस हत्या के पीछे अमेरिकी सरकार थी। जिसकी मौत हुई थी, उसका दोस्त इस खबर से हताश हो गया और खुद भी आत्महत्या कर ली। उनकी दोस्ती और लगाव को देखते हुए अगस्त के पहले रविवार को फ्रेंडशिप डे के तौर पर मनाने का फैसला लिया गया। इसका प्रचलन बढ़ा और भारत समेत कई देशों ने फ्रेंडशिप डे को अपनाया।

व्यक्ति के जीवन में दोस्त जरूर होते हैं। अगर न हों तो एक दोस्त जरूर बनाना चाहिए। दोस्ती कभी भी हो सकती हैं, उसमें उम्र, लिंग या किसी अन्य तरीके का कोई भेद नहीं होता। दोस्त आपका ऐसा समर्थक होता है जो आपकी तरक्की के लिए अच्छी सलाह देता है और आपकी खुशी में खुश होता है। ऐसे में आपके जीवन को सरल, सुलझा हुआ और अधिक मनोरंजक बनाने के लिए दोस्ती दिवस मनाते हैं और इस मौके पर दोस्त को खास महसूस कराते हैं।

दलजीत सिंह चौधरी को बीएसएफ का अतिरिक्त प्रभार

नई दिल्ली: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने शुक्रवार को बीएसएफ के महानिदेशक (डीजी) नितिन अग्रवाल और उनके डिप्टी विशेष डीजी (पश्चिम) वाई बी खुरानिया को तत्काल प्रभाव से उनके मूल राज्य कैडर में वापस भेज दिया था। अग्रवाल 1989 बैच के केरल कैडर के अधिकारी हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी दलजीत सिंह चौधरी बीएसएफ महानिदेशक के पद का अतिरिक्त प्रभार इस पद पर नियमित तौर पर नियुक्ति होने तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो संभालेंगे। चौधरी एसएसबी के महानिदेशक हैं। एसएसबी नेपाल और भूटान के साथ भारत की सीमाओं की रक्षा करता है।

नितिन अग्रवाल ने पिछले साल जून में सीमा सुरक्षा बल के प्रमुख का कार्यभार संभाला था। विशेष डीजी (पश्चिम) के रूप में खुरानिया पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा बल का नेतृत्व कर रहे थे।

बीएसएफ के दो शीर्ष अधिकारियों को हटाने संबंधी सरकार का निर्णय ऐसे समय में आया है, जब भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जम्मू क्षेत्र में आतंकवादी हमले हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ नागरिक भी मारे गए हैं।

दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के पीछे यही कारण माना जा रहा है। क्योंकि इनके कार्यकाल में कई आतंकवादी घटनाएं हुईं। बीएसएफ पर भारत के पश्चिमी भाग में भारत-पाकिस्तान सीमा और पूर्व में बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।

माया अकादमी ऑफ एडवांस्ड क्रिएटिविटी द्वारा डिजिटल क्रिएटिविटी का भविष्य उज्जवल

कोलकाता : माया अकादमी ऑफ एडवांस्ड क्रिएटिविटी (MAAC) ने आज “MAAC क्रिएटर्स उत्सव” का आयोजन किया। यह कार्यक्रम हाई-एंड 3D एनीमेशन, गेमिंग और VFX प्रशिक्षण में अग्रणी MAAC द्वारा आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य छात्रों को नवीनतम तकनीकी प्रगति और AVGC (एनीमेशन, VFX, गेमिंग और कॉमिक्स) उद्योग में संभावित करियर के रास्तों के बारे में जागरूक करना था।

कार्यक्रम का आयोजन महाजति सदन ऑडिटोरियम, कोलकाता में हुआ और इसमें गिरीश पार्क, बेहाला और डनलप केंद्रों के निदेशक शामिल हुए। गिरीश पार्क के निदेशक श्री संदीप साहा ने कहा, “हमें इस उत्सव की मेजबानी करते हुए गर्व हो रहा है। यह कार्यक्रम रचनात्मक दिमागों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए बनाया गया है।”

बेहाला और डनलप केंद्रों के निदेशक श्री सचिन सिंह ने कहा, “यह पहली बार था जब हमने तीन केंद्रों को एक साथ लाकर यह आयोजन किया।” कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में उद्योग के प्रतिष्ठित अतिथि वक्ताओं के सत्र शामिल थे, जिनमें गैमिट्रॉनिक्स के सीईओ श्री रजत ओझा, TWDS / लुकासफिल्म – ILM प्रोडक्शन में CG सुपरवाइजर श्री कबीर वर्मा, और रिडिफाइन-DNEG, कोलकाता के संचालन प्रमुख-VFX श्री सौम्यदीप चक्रवर्ती शामिल थे।

उत्सव में पूर्व छात्र वार्ता सत्र भी हुआ, जिसमें लगभग 50 पूर्व छात्रों ने अपनी सफलता की कहानियाँ और पेशेवर अनुभव साझा किए। कार्यक्रम ने सभी उपस्थित लोगों के लिए एक जीवंत और समृद्ध अनुभव सुनिश्चित किया।

केंद्रीय मंत्रिमंडल 8 नई राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर परियोजना को दी मंजूरी

नई दिल्ली :  केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को 8 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी दी, जिनकी कुल लंबाई 936 किलोमीटर और कुल लागत 50,655 करोड़ रुपये है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नेशनल मीडिया सेंटर में पत्रकारों को मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी।

उन्होंने ने बताया कि मंत्रिमंडल ने 6-लेन आगरा-ग्वालियर राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर, 4-लेन खड़गपुर-मोरग्राम राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर, 6-लेन थराद-डीसा-मेहसाणा-अहमदाबाद राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर, 4-लेन अयोध्या रिंग रोड, रायपुर-रांची राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर के पत्थलगांव और गुमला के बीच 4-लेन सेक्शन, 6-लेन कानपुर रिंग रोड, 4-लेन उत्तरी गुवाहाटी बाईपास और मौजूदा गुवाहाटी बाईपास का चौड़ीकरण/सुधार, पुणे के पास 8-लेन एलिवेटेड नासिक फाटा-खेड़ कॉरिडोर को मंजूरी दी है।

केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं का लाभ गिनाते हुए कहा कि आगरा और ग्वालियर के बीच यात्रा का समय 50 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। खड़गपुर-मोरग्राम कॉरिडोर पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर की अर्थव्यवस्था को बदल देगा।

कानपुर रिंग रोड़ शहर के आसपास के राजमार्ग नेटवर्क को भीड़भाड़ से मुक्त करेगा। रायपुर रांची कॉरिडोर के पूरा होने से झारखंड और छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी। वहीं थराद और अहमदाबाद के बीच नया कॉरिडोर पूरा होने पर गुजरात में निर्बाध बंदरगाह संपर्क और कम लॉजिस्टिक्स लागत के लिए हाई स्पीड रोड नेटवर्क सुनिश्चित होगा।

हिमाचल बाढ़ पीड़ित की दर्द “पूरा गांव बह गया सिर्फ मेरा घर बचा, अब किसके साथ रहूं “

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना गहरे जख्म दे गई है। किसी ने अपना परिवार खोया दिया है, तो किसी ने अपना पूरा गांव ही खो दिया। ये दर्द भरी दास्तां शिमला जिला के रामपुर के समेज की हैं। इस दौरान रामपुर समेज की अनिता देवी ने बताया कि सिर्फ पूरे गांव में मेरा घर ही बचा है। बाकी सब कुछ मेरे सामने बह गया। फुट- फुटकर रोते हुए अनिता ने बताया कि बुधवार की रात को मैं अपने परिवार के साथ सो रही थी। धमका सा हुआ और पूरा घर हिल गया। कुछ लोग भाग कर हमारे घर आए बाहर देखा तो पूरा गांव बह गया था। हम घर छोड़कर गांव के भगवती काली माता मंदिर चले गए और पूरी रात वहां बिताई।

समेज गांव के बुजुर्ग बक्शी राम ने आंसू भरी आंखों से कहा कि मेरे परिवार के 14 से 15 सदस्य बाढ़ में बह गए। देर रात 2 बजे घटना की जानकारी मिली। समेज में बाढ़ आई में रामपुर में था। इसलिए बच गया। सुबह 4 बजे जब यंहा पहुंचा तो सब कुछ खत्म था। अब अपनों को तलाश रहा हूं।

रामपुर के समेज में राहत बचाव कार्य अभी भी जारी है। भारतीय सेना समेज ने यहां एक अस्थायी पुल का निर्माण किया है। CISF हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया, “दो दिन पहले यहां हुई त्रासदी के बाद हम घरों में फंसे सामान को निकाल रहे हैं। अभी तक यहां कोई हताहत नहीं हुआ है।”

बता दें बुधवार रात राज्य के तीन जिलों- कुल्लू, मंडी और शिमला में बादल फट गया था। जिसके बाद अचानक बाढ़ आ गई। इस हादसे में अभी तक 8 लोगों की मौत हुई है। जबकि इन तीन जिलों में बादल फटने से आई बाढ़ के बाद से 49 लोगों लापता हैं। 

गृह मंत्रालय ने BSF डायरेक्टर जनरल को पद से हटाया

नई दिल्ली :  गृह मंत्रालय ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSP) के डायरेक्टर जनरल नितिन अग्रवाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। इसी के साथ गृह मंत्रालय ने BSF के स्पेशल डीजी वाईबी खुरानिया को भी उनके पद से हटाकर ओडिशा कैडर में वापस भेज दिया गया है। वहीं महानिदेशक नितिन अग्रवाल को उनके मूल कैडर केरल में वापस भेज दिया गया है। गृह मंत्रालय ने अपने इस फैसले को Premature repatriation कहा है।

गृह मंत्रालय के इस एक्शन को जम्मू कश्मीर में पिछले एक साल से हो रहे आंतकी हमलों से जोड़ कर देखा जा रहा है। इसी वजह से गृह मंत्रालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीजी बीएसएफ और स्पेशल डीजी बीएसएफ को उनके पद से हटा दिया है। बहुत सालों के बाद ऐसा हुआ जब BSF के दो सीनियर अधिकारियों को पद से हटाया गया है। जानकारी के मुताबिक जल्द ही इन दोनों पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

BSF के महानिदेशक नितिन अग्रवाल साल 1989 बैच के केरल कैडर के अधिकारी हैं। वहीं वाईबी खुरानिया साल 1990 बैच के ओडिशा कैडर के अधिकारी हैं। नितिन अग्रवाल ने साल 2023 के जून में सीमा सुरक्षा बल के चीफ का पदभार संभाला था। वहीं वाईबी खुरानिया विशेष महानिदेशक (पश्चिम) के रूप में पाकिस्तान सीमा पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के गठन का नेतृत्व कर रहे थे।

कोलकाता समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

कोलकाता : मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही कई जिलों में 7 से 20 सेमी तक बारिश होने का अनुमान जताया है। इसे लेकर मौसम विभाग ने प्रशासन को पहले ही स्थिति से निपटने के लिए कदम उठाने को कहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार तक कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व बर्दवान और पश्चिम मिदनापुर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जतायी थी।

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 7 से 20 सेमी तक बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की गयी है। पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, पुरुलिया और मुर्शिदाबाद में शुक्रवार को भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की सम्भावना जताते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है।

इसको लेकर प्रशासन को भी आगाह कर दिया गया है। अलीपुर मौसम विभाग ने प्रशासन से विशेष रूप से यातायात नियंत्रण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने को कहा है। वहीं आज से उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मालदह, दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और अलीपुरदुआर में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में शुक्रवार और शनिवार तक भारी बारिश का अनुमान है।