कोलकाता समेत कई जिलों में आंधी-तूफान की अलर्ट

कोलकाता: शहर में आज सुबह से ही गर्मी है। उमस की वजह से बाहर निकले हुए लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने कोलकाता समेत राज्य के सभी जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ सकती है।

मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक आज से अगले रविवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। आज कोलकाता समेत सभी दक्षिणी जिलों में गरज के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के साथ-साथ उत्तर बंगाल के जिलों में भी रविवार तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार में भारी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 दिनों तक पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 3 दिनों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ जाएगा। उत्तर बंगाल के जिलों में तापमान में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज रात 11:30 बजे तक समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती है। इस दौरान अधिकांश जिलों में आंधी-तूफान आएगा। मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक आज सोमवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के करीब रह सकता है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था।

कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन यात्रियों के लिए मेट्रो की तरफ से खास सुविधा

कोलकाता : ब्लू लाइन के स्टेशनों पर सभी ऑटोमेटिक स्मार्ट कार्ड रिचार्ज मशीनों  में UPI भुगतान आधारित टिकटिंग प्रणाली शुरू की गई है। यह टिकट प्रणाली ग्रीन लाइन 1 और ग्रीन लाइन 2 के सभी स्टेशनों पर पहले ही शुरू की जा चुकी है। ग्रीन लाइन 1 और ग्रीन लाइन 2 के सभी टिकट बुकिंग काउंटर अब यूपीआई सक्षम हैं। परिणामस्वरूप, यात्रियों को अब इन स्टेशनों पर करेंसी नोटों और सिक्कों में सटीक किराया जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इसके बजाय, वे अब इस प्रणाली की मदद से अपने स्मार्ट कार्ड रिचार्ज कर रहे हैं या टोकन खरीद रहे हैं।

मेट्रो में नई टिकट प्रणाली की शुरूआत यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। चूंकि ब्लू लाइन की सभी एएससीआरएम मशीनों में अब यह सुविधा है, इसलिए अधिक से अधिक यात्री बिना किसी परेशानी के इन मशीनों से टोकन खरीद रहे हैं या अपने स्मार्ट कार्ड रिचार्ज कर रहे हैं।

उदाहरण के लिए, यदि कोई यात्री दमदम की यात्रा करना चाहता है तो उसे स्क्रीन पर केवल स्टेशन का पहला अक्षर यानी डी टाइप करना होगा, फिर स्क्रीन पर एक ऑटो-पॉप-अप आएगा जिसमें डी से शुरू होने वाले सभी स्टेशन के नाम दिखेंगे। उसके बाद, उसे स्क्रीन पर स्टेशन का नाम चुनना होगा और फिर भुगतान पृष्ठ दिखाई देगा। भुगतान पृष्ठ पर, यूपीआई भुगतान का विकल्प प्रदर्शित किया जाएगा और फिर यूपीआई भुगतान विकल्प का चयन करने के बाद स्मार्ट फोन की मदद से क्यूआर कोड को स्कैन करके आवश्यक भुगतान किया जा सकता है। ग्रीन लाइन 1 और 2 के सभी स्टेशनों पर भी यह सुविधा उपलब्ध होने से मेट्रो यात्री इसका भरपूर लाभ उठा रहे हैं।

गौरतलब है कि मेट्रो रेलवे अधिकारियों ने भारतीय स्टेट बैंक और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स की मदद से इस यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) आधारित टिकटिंग सिस्टम की शुरुआत की है। मेट्रो उपयोगकर्ताओं की भारी प्रतिक्रिया को देखते हुए, अधिकारी यात्रियों के लाभ के लिए जल्द ही इस वैकल्पिक टिकट सुविधा को पर्पल लाइन और ऑरेंज लाइन तक विस्तारित करने पर विचार कर रहे हैं। इन कॉरिडोरों में इस सुविधा को लागू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

अमित शाह पर विवादित दावा कर बुरे फंसे जयराम रमेश, चुनाव आयोग ने मांगा सबूत

नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश के जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय मांगने के अनुरोध को खारिज कर दिया, चुनाव आयोग ने उनसे आज शाम 7 बजे तक जवाब देने को कहा है. इससे पहले आयोग ने उनके 2 जून की शाम तक जवाब मांगा था।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया था कि गृह मंत्री अमित शाह जिलाधिकारियों या कलेक्टरों को फोन कर रहे हैं और उन्हें खुलेआम डराने-धमकाने में लगे हैं. कांग्रेस महासचिव ने कुछ दिन पहले एक्स पर पोस्ट किया था, निवर्तमान गृहमंत्री जिला कलेक्टर से फोन पर बात कर रहे हैं। अब तक 150 अफसरों से बात हो चुकी है। अफसरों को इस तरह से खुल्लमखुल्ला धमकाने की कोशिश निहायत ही शर्मनाक है एवं अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा, याद रखिए कि लोकतंत्र जनादेश से चलता है, धमकियों से नहीं। जून 4 को जनादेश के अनुसार नरेन्द्र मोदी, अमित शाह व भाजपा सत्ता से बाहर होंगे एवं ‘इंडिया जनबंधन’ विजयी होगा। अफसरों को किसी प्रकार के दबाव में नहीं आना चाहिए व संविधान की रक्षा करनी चाहिए. वे निगरानी में हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को विपक्ष को चुनौती दी कि वे उन आरोपों के साक्ष्य साझा करें जिनमें कहा गया है कि निर्वाचन अधिकारियों और जिलाधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को दूषित करने के लिए प्रभावित किया गया था, ताकि आयोग उनके खिलाफ कार्रवाई कर सके।

राजीव कुमार ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विपक्ष को मतगणना शुरू होने से पहले चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के बारे में भी आयोग को बताना चाहिए. राजीव कुमार ने कहा, आप अफवाह फैलाकर सभी को संदेह के घेरे में नहीं ला सकते। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के किसी भी विदेशी प्रयास से निपटने के लिए तैयारी की थी, लेकिन ये आरोप देश के भीतर से ही आए हैं।

राजीव कुमार ने कहा, यह प्रक्रिया 70 सालों से चल रही है। हमने हर निर्वाचन अधिकारी/सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए हैं। ये हमारे आदेश हैं और ये कोई मजाक नहीं है। सभी को हैंडबुक/नियमावली का पालन करने का निर्देश दिया गया है। कुमार ने स्वीकार किया कि निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया के दौरान फैलाए गए शरारतपूर्ण विमर्श का मुकाबला करने में विफल रहा है।

Delhi Water Crisis पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, इमरजेंसी मीटिंग बुलाने का आदेश

नई दिल्ली : दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच जल संकट बरकरार है. वहीं, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त आदेश दिए हैं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अपर यमुना रीवर बोर्ड की एक आपात बैठक पांच जून को बुलायी जाए और समस्या का उचित तरीके से समाधान किया जाए. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बैठक में केंद्र, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के प्रतिनिधि शामिल होंगे. गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की सरकार की अतिरिक्त पानी की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी. इसी याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया है.

अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए आवेदन

दिल्ली सरकार ने अपनी एक याचिका में सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि जल संकट से निपटने के लिए राष्ट्रीय राजधानी को हिमाचल प्रदेश द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का हरियाणा को निर्देश देने का अनुरोध है. बता दें, सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति जस्टिस पीके मिश्रा और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि केंद्र व दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने इस पर सहमति जतायी कि राष्ट्रीय राजधानी में पानी की कमी के मुद्दे से निपटने के लिए यूवाईआरबी की एक बैठक बुलाए. पीठ ने कहा कि सुनवाई के दौरान सभी पक्ष सहमत हुए कि दिल्ली के नागरिकों के समक्ष पानी की कमी की समस्या का ऐसा समाधान होना चाहिए जिसमें सभी पक्षों के अधिकतम हित पूरे होते हो.

अपर यमुना रीवर बोर्ड की एक आपात बैठक
इस याचिका में उठाए मुद्दों का समाधान करने के लिए पांच जून को अपर यमुना रीवर बोर्ड की एक आपात बैठक होनी चाहिए और सभी अन्य संबंधित मुद्दों को गंभीरता से लिया जाए ताकि दिल्ली के नागरिकों के लिए पानी की कमी की समस्या का उचित तरीके से समाधान किया जा सके. पीठ ने कहा कि इस मामले पर अगली सुनवाई छह जून को होगी जिसमें बोर्ड की बैठक और समस्या को हल करने के लिए पक्षकारों द्वारा उठाए सुझावात्मक कदमों पर जानकारी दी जाएगी.

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी द्वारा दायर याचिका में केंद्र हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी की सरकार और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को पक्षकार बनाया गया है. इसमें कहा गया है कि जीवित रहने के लिए पानी तक पहुंच आवश्यक और बुनियादी मानवाधिकारों में से एक है. याचिका में हरियाणा सरकार को यह निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि वह वजीराबाद बैराज से तत्काल और निरंतर पानी छोड़े, जिसमें हिमाचल प्रदेश द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के लिए उपलब्ध कराए गए पूर्ण अधिशेष पानी को शामिल किया जाए ताकि राष्ट्रीय राजधानी में

पुर्तगाल में एयर शो के दौरान दो प्लेन की टक्कर,एक पायलट की मौत

पुर्तगाल : पुर्तगाली वायु सेना के रविवार को एक एयर शो के दौरान दो प्लेन की आपस की टक्कर हो गई, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई और दूसरा घायल है। पुर्तगाली वायु सेना ने कहा कि बेजा एयर शो में 6 प्लेन शामिल थे। यह घटना स्थानीय समयानुसार 4:05 बजे घटी।

जानकारी के अनुसार जिस पायलट की मौत हुई वह स्पेन का रहने वाला था। वायु सेना ने बताया कि दूसरे पायलट को हल्की चोट आई है। पुर्तगाल के रक्षा मंत्री नूनो मेलो ने इस घटना पर दुख जताया और मामले की जांच के आदेश दिए है।

उन्होंने कहा कि एयर शो में छह प्लेन एक एरोबैटिक समूह था, जिसमें स्पेनिश और पुर्तगाली पायलट शामिल थे। इस एयर शो का नाम ‘याक स्टार्स’ रखा गया था, जो प्लेन क्रैश हुआ वह याकोवलेव याक-52 था, जिसे सोवियत संघ ने डिजाइन किया गया था।

पुर्तगाली राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने कहा कि पहले सब कुछ अच्छा था। लोग बड़ी संख्या में इस रोमांच को देखने पहुंचे थे। सब कुछ अच्छा तल रहा था। लेकिन, फिर यही रोमांच दुख में बदल गया। एयर शो को देखने आए लोग एकदम शांत हो गए।

वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, पहले एक प्लेन तेजी से आगे बढ़ा फिर दूसरे प्लेन ने भी तेज स्पीड में उसको छूने की कोशिश की। इसके बाद दोनों बादलों में जाकर आपस में टकरा जाता है और आस-पास धुंआ छा गया।

वही, वायुसेना ने बताया कि एक प्लेन एयरबेस के बाहर क्रैश हो गया। दूसरा लैंडिंग करने में सफल रहा। याक स्टार्स के मुताबिक इस एयर शो में 30 यूरोपीय एरोबैटिक समूह शामिल थे। यह यूरोप का सबसे बड़ा एरोबैटिक्स लोगों का समूह है। वायुसेना ने अब बेजा हवाई अड्डे पर 8 जून को होने वाले एयर शो को कैंसिल कर दिया है।

 

खगड़िया में बस और पीकअप की टक्कर, चालक की मौत

पटना : खगड़िया में  बस और पीकअप वैन के बीच सीधी टक्कर हुई है। जिले के चौथम थाना इलाके के एनएच-31 चैधाबन्नी के पास बस और पीकअप के बीच भीषण टक्कर हुई है। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं घटनास्थल पर ही बस ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई है।

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है और मृत बस ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।

खगड़िया जिले में NH 31 पर कुछ दिन पहले भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला था। देवठा के पास तेज रफ्तार हाइवा ने यात्रियों से भड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। जिस वजह से बस गड्ढे में पलट गई. हादसे में 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसा के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकाला।

 

जेसीबी से बस को सीधा किया बताया जाता है कि बस पूर्णिया से बेगूसराय जा रही थी। एनएच 31 पर यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे रूकी थी। जैसे ही हादसे की खबर स्थानीय दुकानदार और लोगों को मिली सैकड़ों की संख्या में मौके पर पहुंचे। जेसीबी बुलायी गयी। इसके बाद बस को सीधा किया गया। तब जाकर घायलों को बस से निकाला गया। घटना में घायल यात्रियों के परिजनों को पुलिस के द्वारा सूचना दे दी गयी है। उन्हें इलाज के लिए गोगरी सदर अस्पताल भेजा गया।

लोकसभा चुनाव में 64.2 करोड़ लोगों ने मतदान किया, भारत ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

नई दिल्ली :  लोकसभा चुनाव को लेकर सोमवार को चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हमने 642 मिलियन (64.2 करोड़) मतदाताओं का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह सभी G7 देशों के मतदाताओं का 1.5 गुना और EU के 27 देशों के मतदाताओं का 2.5 गुना है।

चुनाव आयोग के प्रेस कॉन्फ्रेंस की खास बातें

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि भारत ने लोकसभा चुनाव में 31.2 करोड़ महिलाओं समेत 64.2 करोड़ मतदाताओं की भागीदारी के साथ वैश्विक रिकॉर्ड बनाया।

निर्वाचन आयुक्तों को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा ‘लापता जेंटलमेन’ नाम दिए जाने के संदर्भ में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि हम हमेशा यहीं थे, कभी नदारद नहीं रहे।

राजीव कुमार ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी मतदान प्रक्रिया में 68,000 से अधिक निगरानी दल, डेढ़ करोड़ से अधिक मतदान और सुरक्षा कर्मी शामिल रहे।

सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए करीब चार लाख वाहनों, 135 विशेष ट्रेनों और 1,692 उड़ानों का इस्तेमाल किया गया।

सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि 2024 के आम चुनाव में केवल 39 पुन: मतदान हुए जबकि 2019 में 540 पुन: मतदान कराए गए थे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जम्मू कश्मीर में चार दशकों में सर्वाधिक 58.58 प्रतिशत मतदान और घाटी में 51.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

बंगाल में सेंट्रल फोर्स के जवान पर महिला से बदसलूकी करने का लगा आरोप

कोलकाता : छेड़खानी के आरोप में केंद्रीय बल के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि रात में मतदान कर लौट रही एक महिला से उन्होंने छेड़छाड़ की। चितपुर पुलिस ने आरोपित जवान को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जवान रविवार की रात करीब ढाई बजे मतदान कार्य पूरा कर बारुईपुर से लौट रहा था। कथित तौर पर वह नशे में था। ऐसे में वह बीटी रोड के पाइकपारा इलाके में एक महिला के घर में घुस गया। महिला का दावा है कि सिपाही ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। महिला के चीखने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर चितपुर थाने की पुलिस वहां पहुंची। स्थानीय लोगों ने जवान के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने उस शिकायत के आधार पर जवान को गिरफ्तार कर लिया है। चितपुर थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मेरठ में कावंड मार्ग पर कार में लगी आग, हरिद्वार जा रहे चार लोगों की मौत

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में अपर गंगनहर किनारे बने कांवड़ पटरी मार्ग पर रविवार देररात एक सेंट्रो कार में आग लग जाने से उस पर सवार चार लोग जिंदा जल गए। इनमें से किसी की भी शव की पहचान नहीं हो सकी है। चारों शव बुरी तरह झुलसी अवस्था में मिले हैं।

यह हादसा जानी और भोला के बीच गांव सिसौला खुर्द के सामने हुआ। यह लोग सेंट्रो कार से दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने जलती कार को देखकर फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड और जानी पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।

नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी मालिक का नाम सोहनपाल पुत्र ओमप्रकाश गांव प्रहलादपुर बांगर दिल्ली पता चला। कुछ देर बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी (सिटी) कमलेश बहादुर के अनुसार, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से संपर्क करके मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष राय के अनुसार, कार में सीएनजी किट लगी हुई है। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने तक कार में भीषण आग लग चुकी थी। प्रथमदृष्टया कार की सीएनजी किट में आग लगने से हादसा माना जा रहा है।

लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के बाद शेयर बाजार में उछाल

मुंबई : एग्जिट पोल (Exit Poll) में एनडीए की जीत के अनुमान के बाद शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल आया है। सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) में रिकॉर्ड बढ़ोतरी है। सेंसेक्स 2 हजार से अधिक अंक और निफ्टी 800 से अधिक अंकों की बढ़ोतरी के साथ खुला है।

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के एग्जिट पोल (Exit Poll) ने शेयर बाजार में जोश भर दिया है। एग्जिट पोल के बाद और चुनाव के नतीजों से पहले शेयर मार्केट में सोमवार को जबरदस्त उछाल देखने को मिला। सेंसेक्स रिकॉर्ड तेजी के साथ खुला है। प्री मार्केट में सेंसेक्स में 2000 अंकों से ज्यादा की बढ़त है. जबकि निफ्टी में 800 अंकों का उछाल आया है।

आपको बता दें कि एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक एनडीए सरकार की सत्ता में तीसरी बार जबरदस्त वापसी हो रही है। शेयर मार्केट में उछाल- एग्जिट पोल में एनडीए सरकार की प्रचंड वापसी के संकेत मिले हैं। इसका असर शेयर मार्केट पर भी दिखा है। शेयर बाजार में भारी उछाल दिखाई दिया है। रिकॉर्ड तेजी के साथ शेयर मार्केट खुले हैं। प्री-ओपनिंग सेशन में बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी की दमदार शुरुआत हुई है।

इस दौरान सेंसेक्स में 2622 अंक की तेजी के साथ 76583 पर पहुंच गया। जबकि निफ्टी में 807 अंक की बढ़ोतरी के साथ 23338 पर पहुंच गया। पिछले हफ्ते भी शेयर मार्केट में उछाल देखने को मिला था। पिछले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स मामूली 76 अंक की उछाल के साथ 73961.31 के लेवल पर क्लोज हुआ था। जबकि निफ्टी 42 अंक की तेजी के साथ 22530.70 के लेवल पर बंद हुआ था। सेंसेक्स और निफ्टी ने अपना नया ऑल टाइम हाई लेवल छू लिया था।

इन शेयरों में आया उछाल

शेयर मार्केट खुलते ही बीएसई के सभी 30 शेयरों में जोरदार उछाल देखने को मिला. लार्ज कैप में पावरग्रिड शेयर में 5.44 फीसदी, एनटीपीसी में 5.21 फीसदी और एलटी शेयर में 4.38 फीसदी की उछाल देखने को मिला. मिड कैप में REC लिमिटेड में 7.50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. इसके अलावा अडानी ग्रुप की शेयर बाजार में लिस्टेड सभी कंपनियों के शेयरों में ताबड़तोड़ तेजी देखने को मिली. ग्रुप के सभी शेयरों में करीब 15 फीसदी की तेजी देखी गई.

एग्जिट पोल के अनुमान

एग्जट पोल के अनुमान के मुताबिक देश में एनडीए सरकार की जबरदस्त वापसी हो रही है. इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक एनडीए को 361 से 401 सीट मिल सकती है। जबकि इंडिया गठबंधन को 131 से 166 सीट मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 8 से 20 सीटें जा सकती हैं। इसी तरह से सी-वोटर के मुताबिक एनडीए के खाते में 353 से 383 सीटें जा सकती हैं। जबकि इंडिया गठबंधन को 152 से 182 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 4 से 12 सीट मिलने का अनुमान है। टुडेज चाणक्य ने एनडीए गठबंधन को 385 से 415 सीट मिलने का अनुमान लगाया है। जबकि इंडिया गठबंधन को 96 से 118 सीटें मिलने की अनुमान लगाया है।

महंगा हुआ दूध, मदर डेयरी ने दो रुपये लीटर बढ़ाए दाम

नई दिल्ली :लोकसभा चुनाव के खत्म होते ही देश की दो सबसे बड़ी दुग्ध उत्पादक कंपनियों ने अपने उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। पहले अमूल ने दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इसके 12 घंटे बाद ही मदर डेयरी  ने  दिल्ली-एनसीआर बाजार में दूध की कीमतों बढ़ोतरी का एलान कर दिया है।

कंपनी ने दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसका कारण पिछले 15 महीनों में लागत में वृद्धि बताया गया है। सभी प्रकार के दूध की कीमतों में वृद्धि सोमवार यानी तीन जून से दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के साथ साथ अन्य बाजारों में भी लागू हो गई है। कंपनी ने आखिरी बार फरवरी 2023 में अपने तरल दूध की कीमतों में बदलाव किया था।

मदर डेयरी ने बयान में कहा कि वह तीन जून 2024 से सभी बाजारों में अपने तरल दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर रही है। उपभोक्ता मूल्य में वृद्धि मुख्य रूप से उत्पादकों को बढ़ी हुई उत्पादन लागत की भरपाई के लिए की गई है। इसमें पिछले एक साल से अधिक समय से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध अब 68 रुपये प्रति लीटर, जबकि टोंड 56 रुपये और डबल टोंड दूध 50 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। भैंस के दूध की कीमत 72 रुपये और गाय के दूध की कीमत 58 रुपये प्रति लीटर होंगी। टोकन दूध (थोक विक्रय दूध) 54 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जाएगा।

इससे पहले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ ने बताया था कि दूध के संचालन और उत्पादन की कुल लागत में वृद्धि के मद्देनजर सोमवार से सभी प्रकार के अमूल दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इससे देशभर के सभी बाजारों में अमूल दूध पाउच की कीमत दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ जाएगी।

अमूल ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पादों का विपणन जीसीएमएमएफ करती है। जीसीएमएमएफ के प्रबंधन निदेशक जयन मेहता ने कहा कि अमूल ब्रांड के तहत सभी प्रकार के दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पिछली बार जीसीएणएमएफ ने दूध की कीमत फरवरी 2023 में बढ़ाई थी। मेहता ने कहा कि किसानों को उनकी बढ़ी हुई उत्पादन लागत की भरपाई के लिए यह वृद्धि जरूरी है।

सतना में डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार की मौत

भोपाल : मध्य प्रदेश के सतना जिले में नेशनल हाईवे पर रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि हादसा रीवा-सतना के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। यहां मनकहरी ओवर ब्रिज पर रविवार की रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाकर अस्पताल पहुंचाया। इनमें से तीन घायलों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी मृतकों और घायल की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल का बताया फर्जी

कोलकाता: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जारी एग्जिट पोल मोदी सरकार के लिए अच्छी खबर लेकर आई है। एग्जिट पोल को लेकर अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान सामने आया है। उन्होंने सर्वे को फर्जी करार दिया। ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को मजबूत रहने की सलाह दी। एक इंटरव्यू में तृणमूल सुप्रीमो ने कहा ‘हमारे राज्य के बारे में एग्जिट पोल में जो दिखाया जा रहा है, उस पर में विश्वास नहीं करती। यह बिल्कुल फर्जी है।

शनिवार को आखिरी दौर की वोटिंग के बाद कई एंग्जिट पोल सर्वे में बंगाल में बीजेपी को सबसे बड़ी पार्टी बताया गया है। ममता उन सारे सर्वे फर्जी बता दिया। उन्होने कहा कि मीडिया कैसे कह रहा है, किस सीट पर कौन जीतेगा, कितने पैसे में? में इस मीडिया के सर्वे को सवीकार नहीं करती। सीएम ने TMC कार्यकर्ताओं से कहा कि मजबूती के साथ रहें ओर काउंटिंग के दिन सतर्क रहे। ममता ने आगे कहा कि मीडिया ने जो दिखाया है, उससे दोगुनी सीटें TMC जीतेगी।

वहीं, राज्य में सत्तारूढ़ दल की संभाित सीटों की संख्या के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, में किसी संख्या पर नहीं जाऊगी, तेकिन में आपको एक बात बता सकती हूं, जिस तरह से हमने जमीनी स्तर पर काम किया, लोगों से बातचीत की मेंने कभी नहीं सोचा है कि तोग हमें वोट नहीं देंगे। ममता ने आगे कहा, में पहले नतीजे देखूंगी। में रिजल्ट देखने के बाद हिसाब तगाऊंगी। हमारे पास भी एक आंकड़ा है। हम ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रीय दलों को अपने साध जोड़ने का प्रयास करेंगे। इस बीच में उन लोगों को बता दूँ जो इस बार मोदी जी को जिता रहे हैं वह इतनी आसानी से पास नहीं हो पाएंगे। यह सरकार कितने दिनों तक चलेगी, इसमें संदेह है।

इसके बाद ममता ने मीडिया पर ही सवाल उठा दिया। उन्होंने एग्जिट पोल को लेकर मीडिया पर निशाना साधा और कहा कि मैने इतनी बेशर्म मीडिया कभी नहीं देखी। वे यहां तक कह रहे हैं कि विपक्ष के लोग इस सीट पर हार रहे हैं, उस सीट पर हार रहे है। क्या इसका मतलब यह है कि उन्होंने बीजेपी से पेसा तिया है? रिजल्ट से पहले कैसे पता चलेगा कि किस सीट पर कौन जीत रहा है, कौन हार रहा है।’

उज्जैन में एकादशी पर सिंदूर चंदन और आभूषणों से भगवान महाकाल का श्रृंगार

उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को ज्येष्ठ कृष्ण एकादशी पर भगवान महाकाल का जलाभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से अभिषेक पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का सिंदूर चंदन और आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

परम्परा के मुताबिक ज्येष्ठ कृष्ण एकादशी के अवसर पर रविवार तड़के चार बजे महाकालेश्वर मंदिर के पट खुलते
ही पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया।

प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जलअर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट, मुंड माला धारण करवाई गई। भस्म आरती में भगवान महाकाल का वैष्णव तिलक लगाकर भांग, सूखे मेवों, चंदन, आभूषण और फूलों से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। श्रृंगार पूरा होने के बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्मी रमाई गई।

भस्म अर्पित करने के पश्चात शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी माला अर्पित की। भगवान महाकाल ने मोगरे और गुलाब के सुगंधित पुष्प धारण किए। फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों का लाभ लिया। इस अवसर पर भक्तों ने जय श्री महाकाल के नारे लगाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया।

भस्म आरती में शामिल होने के लिए गुजरात के सूरत से आए श्रद्धालु जितेन्द्र सिंह ने भगवान महाकाल को रजत
मुकुट (गोल्डन पालिश किया) अर्पित किया। इसका वजन 1040 ग्राम है। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की
ओर से प्रभारी अधिकारी दर्शन व्यवस्था राकेश श्रीवास्तव द्वारा रजत मुकुट प्राप्त कर दानदाता को विधिवत रसीद,
दुपट्टा और प्रसाद भेंट कर सम्मान किया गया। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दर्शन के लिए आईं जूना
अखाड़ा की साथ्वी कंचनगिरी ने भगवान महाकाल को एक मुकुट और एक बिल्वपत्र अर्पित किया, जिसका कुल
वजन 305.6 ग्राम है। मंदिर प्रबंध समिति ने इसकी विधिवत रसीद प्रदान की।

KM ने 31 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की, SDF की करारी हार

सिक्किम : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाली एसकेएम पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार सत्ता पर काबिज हुई है. जबकि 2019 तक राज्य में लगातार 25 साल तक शासन करने वाले सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) ने महज एक सीट जीती है।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रहेनोक सीट पर 7,044 से अधिक मतों से जीत हासिल की. इस सीट पर मुख्यमंत्री तमांग को कुल 10094 वोट मिले। सीएम तमांग ने इस सीट पर एसडीएफ के उम्मीदवार सोमनाथ पौडयाल को केवल 3050 वोट मिले। वह सोरेंग चाकुंग निर्वाचन क्षेत्र में भी 10480 वोट के साथ जीत दर्ज की. मुख्यमंत्री ने इस सीट पर 7396 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने इस सीट पर सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के डॉ एडी सुब्बा को हराया। सुब्बा को केवल 3084 वोट मिले।

एसडीएफ अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग (पोकलोक-कामरांग और नामचेयबुंग) दोनों सीटों पर हार गए हैं। उन्होंने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। सिक्किम में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था।

भारत के पूर्व फुटबॉल कप्तान बाईचुंग भूटिया को भी विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने बारफुंग विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। भूटिया के एसकेएम से रिक्शल धोरजी भूटिया ने 4346 वोट से हराया। बाईचुंग भूटिया को केवल 4012 वोट मिले।

बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

कोलकाता : जून की शुरुआत से ही बंगाल में मॉनसूनी बारिश का असर दिख रहा है। महीने की शुरुआत से ही राज्य में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण बंगाल में लगातार अभी कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि किस जिले में बारिश होगी।

उत्तर बंगाल: आज यानी 02 जून, 2024 – उत्तर बंगाल के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल: आज यानी 02 जून, 2024 – दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तर बंगाल

कूच बिहार, अलीपुरद्वार जिला: आज यानी 02.06.2024 (ऑरेंज अलर्ट: सावधान रहें) एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है।
जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, उत्तरी दिनाजपुर जिला: आज यानी 02.06.2024 (येलो अलर्ट) एक या दो स्थानों पर लगातार भारी बारिश (7-11 सेमी) होने की संभावना है।

दक्षिण बंगाल

पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, हुगली जिला: आज यानी 02.06.2024 (येलो अलर्ट): एक या दो स्थानों पर तेज हवाएं (गति 40-50 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है।

अन्य जिलों में आज यानी 02.06.2024 (येलो अलर्ट) एक या दो स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं (गति 30-40 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है।

 

बंगाल चुनाव : एग्जिट पोल में टीएमसी से बीजेपी काफी आगे

कोलकाता : पूरे देश के साथ पश्चिम बंगाल में भी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान पूरा होने के साथ शनिवार देर रात तक एग्जिट पोल आया। अधिकतर एग्जिट पोल में केंद्र में एक बार फिर एनडीए सरकार बनने का दावा किया जा रहा है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की आंधी दिख रही है। अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा को राज्य में 42 में से 17 से 28 सीटें मिलती दिख रही हैं।

लोकसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म होने के बाद सभी पोल्स में लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। कम-से-कम दो एग्जिट पोल में एनडीए को 400 से ज्यादा सीटें दी गई हैं। तमाम एग्जिट पोल्स में पश्चिम बंगाल में भाजपा को बड़ी बढ़त दिख रही है।

एक्सिस माय इंडिया के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा 26-31 सीटें जीत सकती है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को सिर्फ 11-14 सीटें मिलने का अनुमान है। टुडेज चाणक्य की बात करें तो उसने भी पश्चिम बंगाल में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बताया है।

राज्य में भाजपा 24 सीटें जीत सकती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के खाते में 17 सीटें आने का अनुमान है। इसके अलावा, अन्य पोल्स में भी भाजपा तृणमूल कांग्रेस की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। बात करें एबीपी न्यूज़ सी वोटर के सर्वे की तो पश्चिम बंगाल में भाजपा को 42 में से 17 से 27 सीटें मिल सकती हैं। बाकी 13 से 17 सीटों पर तणमल का कब्जा होगा और एक से तीन सीटें कांग्रेस गठबंधन को मिल सकती है।

केजरीवाल रविवार करेंगे सरेंडर, पहले जाएंगे राजघाट फिर हनुमान मंदिर

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में अंतरि जमानत की अवधि पूरी होने के बाद रविवार को सरेंडर करेंगे। सरेंडर से पहले वे राजघाट और बाद में हनुमान मंदिर जायेंगे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद दिया और कहा कि पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधीजी को श्रद्धांजलि देंगे। वहाँ से हनुमानजी का आशीर्वाद लेने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जायेंगे।

फिर पार्टी दफ्तर जाकर कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से मिलेंगे। यहां से वे तिहाड़ के लिए रवाना होंगे। उन्होंने आगे कहा, “आप सबलोग अपना ख्याल रखना। जेल में मुझे आप सबकी चिंता रहेगी। आप खुश रहेंगे तो जेल में आपका केजरीवाल भी खुश रहेगा।”

मुंबई एयरपोर्ट कुल 10 किलो सोना और कई उपकरण जब्त, 4 गिरफ्तार

मुंबई : कस्टम विभाग की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर 10 किग्रा सोना और इलेक्ट्रानिक वस्तु जब्त कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों की गहन छानबीन कस्टम की टीम कर रही है। कस्टम सूत्रों ने रविवार को बताया कि उनकी टीम मुंबई एयरपोर्ट पर विदेश से यात्रा कर रहे यात्रियों पर लगातार

निगरानी कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को कस्टम विभाग ने 20 मामलों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत 9.76 किलो सोना जब्त किया है। जब्त किए गए सोने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमत 6.75 करोड़ रुपये बताई गई है।

इस मामले में कस्टम विभाग ने 88 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा भी जब्त की है। अब गिरफ्तारी के बाद इन चारों आरोपितों से सोना तस्करी मामले में पूछताछ की जा रही है।

भारत ने क्यूबा को भेजी 90 जन दवा सामग्री

नई दिल्ली : भारत सरकार क्यूबा सरकार को मानवीय सहायता प्रदान कर रही है। भारत में निर्मित नौ सक्रिय दवा सामग्री (एपीआई) की लगभग 90 टन की खेप 2 जून मुंद्रा बंदरगाह से रवाना हुई।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इन एपीआई का उपयोग क्यूबा के दवा निर्माताओं द्वारा पुरानी संक्रामक बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक टैबलेट, कैप्सूल, सिरप और इंजेक्शन के रूप में आवश्यक एंटीबायोटिक्स का उत्पादन करने के लिए किया जाएगा।

मंत्रालय ने आगे कहा कि यह सहायता भारत की विश्व की फार्मेसी के रूप में स्थिति की पुष्टि करती है और क्यूबा के साथ ऐतिहासिक मित्रता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।