गोल्डन गर्ल के नाम से मशहूर शिक्षिका पूनम देश के लिए दौड़ेंगी

प्रयागराज : संगमनगरी के बेसिक शिक्षा विभाग की अध्यापिका पूनम गुप्ता जिन्हें गोल्डन गर्ल के नाम से भी जाना जाता है, का चयन मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की तरफ से देश में होने वालेम पहले अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक मीट प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

स्व. पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मारक अन्तरराष्ट्रीय इन्विटेशन मास्टर्स एथलेटिक्स भारत प्रतियोगिता 2024 का आयोजन डॉ. भीमराव अम्बेडकर, इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, डाभा सेमर, अयोथ्या, उत्तर प्रदेश में 5 से 7 जून को आयोजित है। इसमें एशिया के कई देश के खिलाड़ी प्रतिभाग करने वाले हैं।

इस प्रतियोगिता के लिए उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिले की धाविका अथ्यापिका पूनम गुप्ता का आधिकारिक रूप से चयन भारतीय टीम में किया गया है। उनके चयन से उनके विभाग के कई साथी, समाजसेवी संस्थाएं, परिवारजन ने खुशी जताई है और बधाई देने वालों का तांता लग गया है। जीत के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं। एक बार फिर इस अध्यापिका ने अपने  विभाग, जनपद एवं प्रदेश का नाम रौशन किया है।

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में दो मालगाड़ियों की टक्कर, इंजन पलटी, दो लोको पायलट घायल

चण्डीगढ़ : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में रविवार सुबह करीब 4 बजे दो मालगाड़ियों की टक्कर हो गई। टक्कर लगने से एक गाड़ी का इंजन पलट गया और साथ वाले ट्रैक से गुजर रही पैसेंजर ट्रेन से टकराया। हादसे में मालगाड़ी के 2 लोको पायलट घायल हुए हैं, जिन्हें पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल रेफर किया गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी को बोगियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गई।

हादसा मालगाड़ियों के लिए बने डीएफसीसी ट्रैक के न्यू सरहिंद स्टेशन के पास हुआ। यहां कोयले से लोड 2 गाड़ियां खड़ी थीं। इन्हें पंजाब में रोपड़ की ओर जाना था। एक मालगाड़ी का इंजन खुलकर दूसरी से टकराया। इसके बाद इंजन पलट कर अंबाला से जम्मू तवी की तरफ जा रही पैसेंजर गाड़ी समर स्पेशल (04681) में फंस गया।

हादसे में समर स्पेशल ट्रेन को भी थोड़ा नुकसान पहुंचा है और रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद यात्री गाड़ी को दूसरा इंजन लगाकर राजपुरा भेज दिया गया है। साथ ही ट्रैक सुधारने का काम शुरू किया गया है। सरहिंद के जीआरपी थाना प्रभारी रतनलाल ने बताया कि पैसेंजर गाड़ी अंबाला की तरफ आ रही थी। जब वह सरहिंद स्टेशन पर खड़ी थी, तभी यह हादसा हो गया। हादसा कैसे हुआ, यह जांच का विषय है।

हादसे के बाद अंबाला से लुधियाना अप लाइन ठप हो गई है। अंबाला डिवीजन के डीआरएम समेत रेलवे के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

हाथरस में एक साथ जली 11 चिताएं, माहौल गमगीन

हाथरस: जम्मू के अखनूर  में हुए बस हादसे के शव शनिवार रात को हाथरस के नाया गांव लाए गए। एक साथ 11 शव गांव में पहुंचने से वहां का माहौल गमगीन हो गयाछ हर तरफ बस रोने की आवाजें ही सुनाई दे रही थी। महिलाएं और बच्चे अपनों की याद में बिलख रहे थे। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि सबको कैसे संभाला जाए।

बताया जा रहा है कि लक्ष्मण प्रसाद का पूरा परिवार इस हादसे में खत्म हो गया है। लक्ष्मण प्रसाद के अलावा उनकी पत्नी सीमा, बेटे अन्नू और बेटी नैना का शव भी ताबूत में गांव लाया गया था।

इसके अलावा सुरेश, उनके नाती तनुज, भतीजी अंजलि, संजय, सबरजीत, संजय, सुनीता के शव भी गांव पहुंच गए थे। नाया गांव में एक साथ 11 लोगों का अंतिम संस्कार रात को ही किया गया।

चुनाव खत्म होने के बाद भी 6 जुन तक राज्य में रहेगी केंद्रीय बल

कोलकाता : चुनाव बाद राज्य में हिंसा का पुराना इतिहास रहा है। इसे देखते हुए राज्य में चुनाव संपन्न होने के बाद भी केंद्रीय बल को चुनाव आयोग ने तैनात रखे जाने का निर्णय लिया है।

इस संबंध में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) डॉं. आरिज आफताब ने अपने कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि शनिवार तक राज्य में केंद्रीय बल की कुल 1020 कंपनियां तैनात थीं। इनमें से 400 कंपनी को छोड़ कर अन्य सभी को लौटा दिया जायेगा।

डॉ. आफताब ने बताया कि राज्य की 42 लोकसभा सीटों की मतगणना के लिए 55 मतगणना केंद्र बनाये गये हैं। ऐसे में केंद्रीय बल की 42 कंपनी मतगणना केंद्रों के लिए उतारी जायेगी, जबकि 308 कंपनी केंद्रीय बल को चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए उतारा जायेगा। उन्होंने बताया कि, देश भर में छह जून तक आचार संहिता लागू रहेगी, इसलिए केंद्रीय बल के जवान छह जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में ड्यूटी पर रहेंगे।

चुनाव खत्म होते ही बंगाल में शुरू हुई राजनीतिक हिंसा

कोलकाता : लोकसभा चुनाव खत्म होते ही बंगाल में राजनीतिक हिंसा शुरू हो गई है। नदिया जिले में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में भाजपा में शामिल हुआ था। परिवार का दावा है कि भाजपा की सदस्यता लेने की वजह से ही उसकी हत्या की गई है।

भाजपा कार्यकर्ता का नाम हफीजुल शेख है। पुलिस ने बताया है कि शनिवार की शाम को नदिया में भाजपा कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हफीजुल शेख को उस वक्त गोली मारी, जब वह चाय दुकान पर था। पुलिस के मुताबिक, हफीजुल के सिर में गोली मारी गई है। हफीजुल के परिजनों का कहना है कि भाजपा में शामिल होने की वजह से ही उसकी हत्या हुई है।

हफीजुल की हत्या के मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, बताया जा रहा है कि हफीजुल शेख का आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, जिस शख्स ने हफीजुल की हत्या की है, उसका भी क्रिमिनल रिकॉर्ड है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कहा है कि जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हफीजुल शेख हत्याकांड को पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा के रूप में देखा जा रहा है। पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनावों के बाद भी बंगाल में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं देखने को मिली थी। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव का मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। सत्ताधारी दल पर आरोप लगा था कि विरोधी दलों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है और उनकी हत्या की जा रही है।

गर्मी का कहर जारी, सुल्तानपुर में 17 मौतें, मेडिकल कॉलेज में बेड फुल, फर्श पर हो रहा इलाज

सुल्तानपुर: देशभर में भीषण गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। यूपी में गर्मी से सैकड़ों लोगों की मौतें हो चुकी हैं। सुल्तानपुर में पारा 45 डिग्री के पार चला गया है। ऐसे में भीषण गर्मी की वजह से लोगों का बुरा हाल है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी मरीजों से फुल है। बेड कम पड़ जाने से फर्श पर इलाज हो रहा है। बीते गुरुवार को यहां 17 मौतें हुई हैं। हालांकि, स्वास्थ अधिकारी हीट वेव से मौत की बात से इनकार कर रहे हैं।

इमरजेंसी में हालात यह हैं कि डायरिया, वोमेटिंग, लूज मोशन, सांस और फीवर के मरीज काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। इमरजेंसी वार्ड के बेड खाली नहीं हैं। जमीन, बेंच और स्ट्रेचर पर मेडिकल स्टॉफ को ट्रीटमेंट देना पड़ रहा है। तीमारदार कपिल देव ओझा बताते हैं कि वे अपने भाई को लेकर आए और भर्ती कराया। हीट वेव की चपेट में आने से उन्हें डायरिया हुआ है। हरिद्वार सिंह अपनी बेटी प्रियंका को लेकर भर्ती कराए हुए हैं। उन्होंने बताया कि बिटिया कल से डिहाइड्रेशन का शिकार है। हीट वेव का शिकार है। सुबह इमरजेंसी में लेकर आए। डॉक्टर इसको देख नहीं रहे थे। बहुत विनती के बाद यही फर्श पर इलाज हो रहा है। भीड़ की वजह से यहां दो तीन डॉक्टरों की आवश्यकता है।

सुमित्रा सिंह अपने बाबा विजय को लेकर दिखाने आई। वो आठ दिनों से बीमार हैं, लेकिन डॉक्टर एडमिट नहीं कर रहे, वो ओपीडी में दिखाने की सलाह दे रहे हैं। इंद्रदेव मिश्रा ने बताया तीन दिन से बिटिया डायरिया का शिकार है। काफी देर से भर्ती किया गया है। इमरजेंसी में मौजूद वर्ड बॉय संतोष ने बताया कि तापमान ज्यादा होने की वजह से ज्यादा तर डायरिया के पेशेंट आ रहे हैं।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के सीएमएस एसके गोयल ने बताया कि गर्मी बहुत पड़ रही है और हीट वेव का असर लोगों में दिख रहा है। उससे बीमार होकर भी लोग आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हीट वेव से एक भी मौत की सूचना हमें अभी तक नहीं है। गुरुवार को हमारे चिकित्सालय में टोटल 17 मौतें हुई हैं, जिसमें तीन मौतें लकवे के मरीज की, शॉक्ड के 5 मरीज, सांस फूलने के कारण 6 मरीज, सड़क दुर्घटना में एक और बुखार से दो मरीजों की मौत हुई है। हालांकि, वो हीट वेव से मौत नहीं होने की बात अंत तक कहते रहे।

कन्याकुमारी में पीएम मोदी की 45 घंटे की ध्यान साधना आज हुई पूरी

कन्याकुमारी : कन्याकुमारी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साधना का आज दूसरा दिन है। ऐसे में पीएम मोदी ने सबसे पहले सूर्योदय के दौरान सूर्य अर्घ्य दी। इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे और अंतिम दिन की शुरूआत की। पीएम मोदी ने फिलहाल अपना ध्यान समाप्त कर दिया है। पीएम मोदी ने दोपहर 1.30 बजे अपना ध्यान समाप्त कर दिया है। जिसके बाद वो तिरुवल्लुवर की प्रतिमा पर जाएंगे और वापस लौटने के बाद तमिल कवि को श्रद्धांजलि देंगे।

बता दें कि पीएम मोदी की इस ध्यान प्रक्रिया में शुरुआत ‘सूर्य को अर्घ्य’ देने से किया जो आध्यात्मिक अभ्यास से जुड़ा एक अनुष्ठान है जिसमें भगवान सूर्य के रूप में प्रकट सर्वशक्तिमान को नमस्कार करना भी शामिल है। जिसे लेकर एक अधिकारी ने बताया कि पीएम ने एक पारंपरिक छोटे से बर्तन में समुद्र का पानी अर्घ्य के रूप में भरा और जप माला का उपयोग करके प्रार्थना की।

इस दौरान पीएम मोदी ने भगवा वस्त्र पहने हुए थे और उन्होंने स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की थी। उन्होंने अपने हाथों में ‘जप माला’ लेकर मंडपम के चारों तरफ परिक्रमा भी की। बता दें कि दरअसल कन्याकुमारी अपने सूर्योदय और सूर्यास्त के लिए प्रसिद्ध है और यह रॉक मेमोरियल तटरेखा के पास एक छोटे से टापू पर बनाया गया है।

दोपहर एक बजे तक की वोटिंग में कोलकाता काफी पीछे, बशीरहाट सबसे आगे

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शनिवार को अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election ) में राज्य की नौ लोकसभा सीटों पर मतदान चल रहा है. दोपहर एक बजे तक मतदान की स्थिति पर नजर डालने पर पता चल रहा है कि बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र के मतदाता बाकी जगहों की तुलना में ज्यादा तत्परता के साथ वोटिंग कर रहे हैं. दोपहर एक बजे तक बशीरहाट संसदीय सीट पर 50.89 फीसदी वोट पड़ चुके थे. बता दें कि इसी लोकसभा क्षेत्र में संदेशखाली भी है, जहां महिला उत्पीड़न को लेकर काफी बवाल होते रहा है.

दूसरी तरफ कोलकाता के मतदान केंद्रों पर धीमी गति से मतदान हो रहा है. एक बजे तक कोलकाता उत्तर संसदीय सीट के लिए 39.48 प्रतिशत व कोलकाता दक्षिण में 39.70 प्रतिशत ही वोटिंग हो सकी थी. दोपहर एक बजे तक हुए मतदान के आंकड़ों के मुताबिक बारासात में 47.49 प्रतिशत, दमदम में 41.09 प्रतिशत, जयनगर में 48.27 प्रतिशत, मथुरापुर में 47.03 प्रतिशत, डायमंड हार्बर में 47.33 प्रतिशत और जादवपुर में 43.25 प्रतिशत मत पड़े हैं. सभी नौ सीटों के लिए दोपहर एक बजे तक 45.07 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे.

इस चरण में कुल 1.63 करोड़ मतदाता है जिनमें 83.19 लाख पुरुष, 80.20 लाख महिलाएं और 538 ‘ट्रांसजेंडर’ हैं. इस चरण के लिए 17,470 मतदान केंद्र बनाये गये हैं.अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने अंतिम चरण के लिए 33,000 से अधिक राज्य पुलिसकर्मियों के साथ ही केंद्रीय बलों की 967 कंपनी को तैनात किया है.

झारखंड के राजमहल में मतदान बहिष्कार से प्रशासन में हड़कंप

रांची : वोट बहिष्कार की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया । सामान्य प्रेक्षक सौरव पहाड़ी, एसडीओ कपिल कुमार, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, एलआरडीसी विमल कुमार, बीडीओ उदय कुमार सिन्हा व तीनपहाड़ थाना प्रभारी मो शाहरुख मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की। सभी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें। अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।

प्रशासनिक पदाधिकारियों की अपील का ग्रामीणों पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि हर बार चुनाव में राजमहल-तीनपहाड़ टीआर पैसेंजर ट्रेन के मुरली हॉल्ट पर ठहराव का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उसे भुला दिया जाता है. इस बार आश्वासन की घुट्टी से काम नहीं चलेगा. जब तक इस हॉल्ट पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा, गांव के लोग मतदान नहीं करेंगे।

उधर, बोकारो से अपने गांव मतदान के लिए पहुंचे एक सरकारी कर्मी गोपीनाथ मंडल ने अपने परिवार के साथ बूथ पर मतदान किया। सुबह 11 बजे तक बूथ नंबर 176 के 1036 में से मात्र 76 मतदाताओं ने वोट किया, जबकि बूथ नंबर 177 पर कुल 527 वोटर हैं, जिसमें से 14 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। प्रशासन की ओर से वोट बहिष्कार के दावे को खारिज किया जा रहा है, जबकि मतदान केंद्र पर कोई मतदाता नहीं जा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन से जुड़े लोगों से जबरन मतदान करवाया जा रहा है. कोई आम मतदाता वोट नहीं डाल रहा।

बूथ संख्या 176 में एक राजनीतिक दल के बूथ एजेंट कमल कुमार ने कहा है कि प्रत्याशी के द्वारा उन्हें इलेक्शन एजेंट बनाया गया है। इलेक्शन एजेंट की मौजूदगी में मतदान शुरू होता है, लेकिन वोट बहिष्कार की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बगैर इलेक्शन एजेंट के ही मतदान करवा दिया। यह नियम के अनुकूल नहीं है. इसकी शिकायत वहां मौजूद चुनाव पदाधिकारी से की गई है।

इनायतपुर और हरचंदपुर के वैसे नए मतदाता, जो पहली बार मतदान करने वाले हैं, उनमें खासा उत्साह है। उनकी समस्या यह है कि उनके अभिभावकों ने मतदान नहीं करने का निर्णय लिया है। ऐसे में वह अपने गांव के लोगों और अभिभावकों की इच्छा के विरुद्ध नहीं जा पा रहे हैं. यही वजह है कि पहली बार वोट डालने के उनके अरमान पर पानी फिर रहा है।

मतदान केंद्र में घुसकर ईवीएम और वीवीपैट लूटे, तालाब में फेंका

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शनिवार सुबह से भी अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। इस बीच दक्षिण 24 परगना में भीड़ ने मतदान केंद्र के अंदर घुसकर ईवीएम और वीवीपैट मशीनें लूट ली है। पश्चिम बंगाल में सातवें चरण की वोटिंग के बीच राज्य के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि ईवीएम लूट ली गई है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि आज सुबह 6.40 बजे 19-जयनगर (एससी) पीसी के 129-कुलतली एसी में बेनीमाधवपुर एफपी स्कूल के पास सेक्टरअधिकारी के रिजर्व ईवीएम और कागजात स्थानीय भीड़ ने लूट लिए हैं। एक सीयू, 1 बीयू , दो वीवीपैट मशीनों को तालाब के अंदर फेंक दिया गया है।

सेक्टर पदाधिकारी ने एफआईआर दर्ज करा दी है। सेक्टर पदाधिकारी को कागजात मुहैया करा गए हैं। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती दो घंटे में ही चुनाव आयोग के पास जमा हुई 715 शिकायतें

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शनिवार को हो रहे अंतिम चरण के मतदान वाले दिन शुरुआती दो घंटे में 700 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के सूत्रों ने बताया है कि सुबह 9:00 बजे तक 715 शिकायतें जमा हुई हैं। इसमें भाजपा की ओर से 25, माकपा की ओर से 46 और कांग्रेस ने छह शिकायतें दर्ज कराई है।

बाकी शिकायतें इवीएम और अव्यवस्था से संबंधित हैं जिनका निपटान किया जा रहा है।

बंगाल में सातवें चरण के मतदान के दौरान छिटपुट हिंसा, वोट जारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शनिवार को नौ लोकसभा सीटों पर हो रही वोटिंग के दौरान जगह-जगह से हिंसा की खबरें आ रही हैं। इस बीच तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव और डायमंड हार्बर से तृणमूल उम्मीदवार अभिषेक बनर्जी ने मतदान किया है।

मतदान के बाद उन्होंने कहा, ”मैं तीन महीने से सड़कों पर हूं। आज गर्मी अपेक्षाकृत कम है। मुझे उम्मीद है कि लोग बड़ी संख्या में मतदान के अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। पिछले पांच वर्षों में बंगाल को जिस तरह से वंचित रखा गया है, उसका जवाब जनता देगी। चार तारीख को आपको इसका रिफ्लेक्शन दिखेगा। केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश झलकेगा।

इसी तरह से कोलकाता उत्तर से तृणमूल उम्मीदवार सुदीप बनर्जी ने अपनी पत्नी के साथ वोट डाला है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, ”मैं पहले जितने वोटों से जीता था, उससे ज्यादा वोट मुझे मिले हैं। इस वर्ष लक्ष्य अधिक है। मतदान शांतिपूर्ण है।वइतने बड़े मतदान में एक-दो घटनाएं हो भी जाएं तो उसका समाधान किया जा रहा है। चुनाव अपेक्षाकृत शांतिपूर्वक तरीके से हो रहे हैं।

मिथुन चक्रवर्ती और माकपा उम्मीदवार सृजन को घेर कर विरोध प्रदर्शन, लगे चोर चोर के नारे

कोलकाता : शनिवार को पश्चिम बंगाल के नौ लोकसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम चरण का मतदान जारी है । इस बीच बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता मिथुन चक्रवर्ती ने वोटिंग की है। हालांकि मतदान के बाद उन्हें सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। मिथुन को देखकर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए है। कोलकाता उत्तर मध्य के बेलगछिया के दत्तबागान 22 नंबर इलाके की घटना है। हालांकि मिथुन चक्रवर्ती ने धैर्य का परिचय दिया और वोट देने के बाद कार्यकर्ताओं से मिलकर चलते बने।

इसी तरह से सीपीएम उम्मीदवार सृजन बनर्जी के खिलाफ भी तृणमूल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया है। पुलिस के हस्तक्षेप से सृजन किसी तरह वहां से निकल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ के 100 मीटर के दायरे में बड़ी संख्या में लोग जमा थे। उन्होंने पुलिस को भीड़ हटाने को कहा था। इसके बाद गुस्साए तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और प्रदर्शन करने लगे।

जादवपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत बारुईपुर पूर्व विधानसभा के अंतर्गत हिमची प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 153, 154, 155 और 156 के बाहर तनाव का माहौल है। सीपीएम प्रत्याशी के एजेंट को बैठने से रोकने का आरोप तृणमूल पर है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दावा है कि चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा है, लेकिन सीपीएम उम्मीदवार सृजन आकर तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

LPG से क्रेडिट कार्ड तक,आज से देश में लागू हुए ये 5 बड़े बदलाव

नई दिल्ली : आज से जून महीने की शुरुआत हो गई है और पहली तारीख से ही देश में कई बड़े बदलाव  लागू हो रहे हैं। ये सीधे आपकी जेब और रसोई के बजट पर असर डालने वाले हैं। इनमें एलपीजी सिलेंडर की कीमत से लेकर क्रेडिट कार्ड के नियम तक शामिल हैं।

ऑयल मार्केटिंग कंपनिया हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों  में बदलाव करती हैं
और आज 1 जून 2024 को सुबह छह बजे संशोधित दाम जारी कर दिए गए हैं। IOCL की वेबसाइट के मुताबिक, लगातार तीसरे महीने एलपीजी की कीमतों में कटौती की गई है। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 72 रुपये तक की कटौती की गई है। हालांकि, इस बार भी 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की
कीमत में कोई चेंज देखने को नहीं मिला है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण की वोटिंग शुरू होने से पहले सुबह छह बजे कंपनियों ने एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ा तोहफा दिया है। ताजा बदलाव के बाद 19 किलो का कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1 जून से दिल्ली में 69.50 रुपये, कोलकाता में 72 रुपये, मुंबई में 69.50 रुपये और चेन्नई में 70.50 रुपये तक सस्ता हो गया है. IOCL की वेबसाइट के मुताबिक, देश के ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने Commercial LPG Cylinder की कीमतों में कटौती का फैसला लेने के साथ ही हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल  के दाम में भी बदलाव किया है और ये आपकी हवाई यात्रा पर असर डालने वाले साबित हो सकते हैं।

दरअसल, IOCL के मुताबिक, दिल्ली में एटीएफ के दाम 1,01,643.88 रुपये प्रति किलोलीटर से कम होकर 94,969.01 रुपये प्रति किलोलीटर कर दिए गए हैं। इसके अलावा कोलकाता में इसकी कीमत 1,10,583.13 रुपये प्रति किलोलीटर से कम होकर 1,03,715 रुपये प्रति किलोलीटर, मुंबई में 95,173.70 रुपये प्रति किलोलीटर से घटकर 88,834.27 रुपये प्रति किलोलीटर और चेन्नई में 1,09,898.61 रुपये प्रति किलोलीटर से कम होकर 98,557.14 रुपये कर हो गई है।

1 जून से तीसरा बड़ा चेंज क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए किया गया है। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने क्रेडिट कार्ड को लेकर नियमों में बदलाव लागू किया है. अगर आपके पास भी ये क्रेटिड कार्ड है, तो ये जानकारी आपके लिए खास है। पहली तारीख से SBI Credit Card का जो नियम बदल गया है, वह ये है कि एसबीआई के कुछ क्रेडिट कार्ड के लिए सरकार से संबंधित ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट लागू नहीं होंगे।

इनमें स्टेट बैंक के ऑरम (AURUM), एसबीआई कार्ड एलिट (SBI Card ELITE), एसबीआई कार्ड एलिट एडवांटेज (SBI Card ELITE Advantage) और एबीआई कार्ड पल्स (SBI Card Pulse), सिम्पलीक्लिक एसबीआई कार्ड (SimplyCLICK SBI Card), सिम्पलीक्लिक एडवांटेज एसबीआई कार्ड (SimplyCLICK Advantage SBI Card) और एसबीआई कार्ड प्राइम (SBI CardPRIME) समेत अन्य शामिल हैं।

जून महीने की पहली तारीख से होने वाले बड़े बदलावों में चौथा आपके ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ा हुआ है। दरअसल, आज से प्राइवेट इंस्टीट्यूट (ड्राइविंग स्कूल) में भी ड्राइविंग टेस्ट हो सकेंगे, अभी तक ये टेस्ट सिर्फ RTO की तरफ से जारी सरकारी सेंटर में ही होते थे। अब प्राइवेट इंस्टिट्यूट में भी लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले लोगों का ड्राइविंग टेस्ट होगा और उन्हें लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, इस बात का ध्यान रहे कि यह टेस्ट प्रक्रिया केवल उन प्राइवेट इंस्टिट्यूट में होगा जिन्हें RTO की तरफ से मान्यता दी जाएगी। इसके साथ ही 18 साल से कम उम्र का नाबालिग गाड़ी चलाता हुआ पाया जाता है, तो फिर उस पर 25000 रुपये का जुर्माना तो लगेगा ही, बल्कि 25 साल तक लाइसेंस भी इश्यू नहीं किया जाएगा।

जून की 14 तारीख से लागू होगा।दरअसल, यूआईडीएआई (UIDAI) ने आधार कार्ड (Aadhaar Card) को फ्री में अपडेट करने की डेडलाइन को बढ़ाकर 14 जून कर दिया था और इसे कई बार आगे बढ़ाया जा चुका है, ऐसे में अब इसके और बढ़ाए जाने की संभावना कम है। ऐसे में इसे फ्री में अपडेट कराने के लिए आधार कार्ड होल्डर्स के पास कुछ ही दिन का समय बचा है। इसके बाद आधार केंद्र में जाकर अपडेट करवाने पर 50 रुपये प्रति अपडेट चार्ज देना होगा।

 

बंगाल में वोटिंग में हो रहा खेला, कहीं हिंसा तो कहीं झमेला

कोलकाता : लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 57 लोकसभा सीटों पर आज मतदान जारी है। वहीं पश्चिम बंगल में वोटिंग के बीच बवाल हो रहा है। कहीं पर EVM पर पानी फेंक दिया गया। वहीं कहीं पर EVM को पानी में फेंक दिया गया है। इस बीच BJP ने TMC पर मतदान केंद्र पर प्रॉक्सी वोटिंग का आरोप लगाया है।

इस बीच सुबह 9 बजे तक 11.31 प्रतिशत मतदान हुआ है। सभी चरण की मतगणना 4 जून को होगी। इस चरण में वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है जहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

इस चरण में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की चार, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की नौ, बिहार की आठ, ओडिशा की छह और झारखंड की तीन लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है. ओडिशा की शेष 42 विधानसभा सीट के वास्ते चुनाव और हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी इसी के साथ होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दो केंद्रीय मंत्री आरके सिंह और अनुराग ठाकुर मैदान में हैं। इस चरण में चार एक्टर मैदान में हैं, इसमें कंगना रनोट, रवि किशन, पवन सिंह, काजल निषाद भी चुनाव लड़ रहे हैं।

नीलांचल एक्सप्रेस पर टूटकर गिरा ओवरहेड तार, एक की मौत

रांची : झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रांची रेल मंडल में ट्रेन का ओवरहेड तार टूटकर ट्रेन पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो लोग घायल हुए हैं। एक की हालत गंभीर है। ओवरहेड तार टूटने के बाद एक घंटे तक नीलांचल एक्सप्रेस को वहीं रोका गया।

दुर्घटना दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के मुरी-चांडिल रेल खंड के सुइसा रेलवे स्टेशन के पास स्थित लेंगडीह गांव में शनिवार (1 जून) की सुबह हुई। घायलों को पश्चिम बंगाल के बागमुंडी सदर अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि ओडिशा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली ट्रेन नीलांचल एक्सप्रेस पर ओवरहेड तार टूटकर गिर गया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। कहा जा रहा था कि ओवरहेड तार टूटने की वजह से 40 यात्री झुलस गए हैं, लेकिन रेलवे ने इसका खंडन किया। रांची रेल मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि ट्रेन की गेट पर बैठे दो यात्रियों को चोटें आईं हैं।

एक यात्री की तत्काल मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को लहूलुहान अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का इलाज किया। हादसे में घायल हुए यात्रियों में एक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे का नाम राम शंकर है। राम शंकर की उम्र 40 साल है। इनकी पहचान आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र से हुई है। घायल रामशंकर चौधरी उत्तर प्रदेश के रायबरेली के हलोर जिले के रहने वाले हैं। वहीं, राहुल पटेल रायबरेली जिले के सरोरा एरिया के रहने वाले हैं. रेलवे उनके परिजनों से संपर्क कर रही है।

दुर्घटना की वजह से इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों को तत्काल रोक दिया गया। करीब एक घंटे तक नीलांचल एक्सप्रेस वहीं खड़ी रही। इस दुर्घटना की वजह से कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है। जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, टाटानगर रेलवे स्टेशन पर भीड़ जमा हो गई, क्योंकि इस ट्रेन से काफी संख्या में टाटानगर के लोग भी यात्रा करते हैं। हादसे की वजह से बरकाकाना टाटा-ट्रेन और टाटा-हटिया ट्रेन को डायवर्ट कर दिया गया है। ये ट्रेनें अब चांडिल, पुरुलिया और मुरी होकर टाटानगर जा रही है।

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम ने बताया कि सुईसा तिरुलडीह स्टेशन के बीच यह घटना घटी है। नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन के बोगी के दरवाजे वाले एरिया में दो यात्री लटके हुए थे। इसी बीच एक तार आकर उनके ऊपर गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। किसी की मौत की पुष्टि रेलवे ने नहीं की है।

सीनियर डीसीएम ने कहा कि यह तार वहां चल रहे डेवलपमेंट कार्य के कारण पहले से था या फिर चलती ट्रेन पर टूटकर गिरा है या किसी की लापरवाही से यह हादसा हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। शेष सारे यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक यात्री की हालत गंभीर है। तार चलती ट्रेन पर गिरी, जिसकी चपेट में दोनों यात्री आये थे। इसके बाद ट्रेन को लोगों ने रोका और सारे यात्रियों को उतारा गया।

पश्चिम बंगाल में ईवीएम और वीवीपैट को तालाब में फेंका

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान जारी है। दक्षिण 24 परगना में भीड़ ने 2 बूथ पर लगी ईवीएम और वीवीपैट मशीन को तालाब में फेंक दिया है।

तालाब में फेंके गए हैं ईवीएम और वीवीपैट मशीन इस वीडियो सड़क किनारे एक तालाब में ईवीएम और वीवीपैट मशीन पानी में देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ईवीएम और वीवीपैट इन्हीं दोनों बूथ के हैं।

वीडियो बनाने वाले की आवाज भी आ रही है। इसमें कहा गया है कि महिलाओं ने ईवीएम और वीवीपैट मशीन को फेंका है। उसका कहना है कि महिलाओं ने मशीनों को फेंक दिया, क्योंकि उनके पति और बेटे बूथ के एजेंट थे। उनके साथ मारपीट की गई, तो महिलाओं ने मशीनों को फेंक दिया।

हालांकि, यह पता नहीं चल पा रहा है कि किस पार्टी के लोगों ने मशीनों को पानी में फेंका है। वीडियो बनाने वाला यह तो कह रहा है कि महिलाओं ने मशीनों को फेंक दिया है, क्योंकि उनके पति और बेटे, जो बूथ एजेंट थे, उनको बैठने नहीं दिया गया। उनके साथ मारपीट की गई. लेकिन, मारपीट किन लोगों ने की, महिलाओं के बेटे और पति किस पार्टी के एजेंट थे, इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया है।

63 घंटे तक बाधित रहेंगी रेलवे की सेवाएं, लोकल ट्रेन में बढ़ी भीड़

पुणे: ठाणे में प्लेटफार्म को चौड़ा करने के लिए 63 घंटे तक उसे बंद रखने की शुरुआत होने के बाद शुक्रवार सुबह मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाओं के यात्रियों को देरी और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार आधी रात से शुरू हुई इस बड़ी रुकावट ने मध्य रेलवे (सीआर) के मुख्य गलियारे पर उपनगरीय सेवाओं को प्रभावित किया है, जिससे कार्यालय जाने वाले लाखों लोगोंको असुविधा हुई।

यात्रियों ने शिकायत की कि ठाणे रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या पांच और छह को चौड़ा करने के लिए निर्धारित रुकावट के कारण आधे घंटे तक की देरी हुई, लोकल ट्रेन खचाखच भरी रहीं और बड़े स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ रही। सीआर ने इस रुकावट के कारण शुक्रवार को कम से कम छह लंबी दूरी की ट्रेन और 161 स्थानीय ट्रेन रद्द रहने की पहले ही घोषणा कर दी है।

देरी और भीड़भाड़ की आशंका को देखते हुए, रेल अधिकारियों ने यात्रियों से आग्रह किया है कि यदि बहुत आवश्यक न हो तो उपनगरीय ट्रेन यात्रा से बचें। उन्होंने सार्वजनिक और निजी प्रतिष्ठानों से भी अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दें या उन्हें इस अवधि के दौरान परिवहन के वैकल्पिक साधन प्रदान करें।

उन्होंने राज्य और नगर निगम परिवहन निकायों से से भी अतिरिक्त बसें चलाने का आग्रह किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि शुक्रवार और रविवार के बीच इस बंद के दौरान लंबी दूरी की 72 ट्रेन और 930 उपनगरीय सेवाएं रद्द रहेंगी।

करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर करीब 1.25 करोड़ रुपये के मादक कैप्सूल के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान 32 साल के प्रेमचंद यादव और 40 साल के हरि जी सिंह के तौर पर हुई है।

प्रेमचंद यादव हावड़ा के सांकराइल का रहने वाला है जबकि हरि सिंह बिहार के आरा का निवासी है। एसटीएफ के एसपी आईपीएस इंद्रजीत बसु ने शुक्रवार अपराह्न बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने दुर्गापुर एक्सप्रेसवे के सिंगुर डानकुनी एक्सटेंशन के पास आदर्श हिंदू होटल के सामने घेराबंदी की थी। चंडीतला थाना इलाके में पड़ने वाले इस क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन के पहुंचने की सूचना थी।

जैसे ही काले रंग की एक्सयूवी गाड़ी पहुंची, उसे घेर लिया गया। उसके पीछे एक कंटेनर भी था। गाड़ीमें प्रेमचंद और हरि सिंह मौजूद थे। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें से एक बॉक्स बरामद हुआ जिसमें 9500 फैंसीडील बोतलें बरामद हुई।

इसे 12 चक्का कंटेनर में इस कदर बॉक्स बनाकर फिट किया गया था जिसे खोलने के लिए हाइड्रोलिक लीवर की जरूरत पड़ी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब सवा करोड़ रुपये हैं। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई है। पता चला है कि इसे झारखंड से लेकर आ रहे थे और बांग्लादेश में तस्करी करने का इरादा था। दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

RBI ने ब्रिटेन के सेंट्रल बैंक से अपने खाते में डलवाया सालों से जमा किया हुआ 100 टन सोना

नई दिल्‍ली : भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा ब्रिटेन से 100 टन से अधिक सोना देश में लाया गया है। यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है। देश की अर्थव्‍यवस्‍था पर भी इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। एक समय था, जब देश का सोना बाहर रखने की खबरें सुनने को मिलती थी, लेकिन अब हिंदुस्‍तान अपना सोना वापस ला रहा है। खबर के मुताबिक, आरबीआई अधिकाारियों का कहना है कि लगभग 100 टन सोना और आने वाले दिनों में भारत लाया जाएगा। ऐसा बताया जा रहा है कि भविष्‍य में वित्‍तीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए आरबीआई देश की तिजोरी में सोने की मात्रा को बढ़ा रहा है।

बता दें कि यह साल 1991 की शुरुआत के बाद से पहली बार है, जब इतनी बड़ी मात्रा में गोल्‍ड को लोकल लेवल पर रखे गए स्टॉक में शामिल किया गया है। आने वाले महीनों में इतनी ही मात्रा में सोना फिर से देश में भेजा जा सकता है, आधिकारिक सूत्रों की माने तो ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मार्च के अंत में आरबीआई के पास 822.1 टन सोना था, जिसमें से 413.8 टन सोना विदेशों में रखा हुआ था।

अब इस सोने को धीरे-धीरे भारत लाया जा रहा है। वैश्विक आंकड़ों के मुताबिक, हाल के वर्षों में सोना खरीदने वाले केंद्रीय बैंकों में आरबीआई प्रमुख है, जिसने पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान 27.5 टन सोना अपने भंडार में शामिल किया है।

विश्‍व भर के केंद्रीय बैंकों के लिए बैंक ऑफ इंग्लैंड काफी समय से बड़ा भंडारगृह रहा है। भारत भी आजादी से पहले से लंदन के बैंक में अपना सोना रखता रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया, “आरबीआई ने कुछ साल पहले सोना खरीदना शुरू किया था। यह समीक्षा करने का फैसला किया था कि वह कहां-कहां से भारत का सोना वापस ला सकता है। चूंकि विदेशों में स्टॉक बढ़ रहा था, इसलिए कुछ सोना भारत लाने का निर्णय लिया गया। साथ ही भविष्‍य की परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.”

भारतीयों के लिए हर घर में सोना होता है और उसे बेचना सही नहीं माना जाता है। लेकिन 1991 में भारत की अर्थव्‍यवस्‍था को संभालने के लिए चंद्र शेखर सरकार द्वारा कीमती धातु को गिरवी रखा गया था। हालांकि, आरबीआई ने लगभग 15 साल पहले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से 200 टन सोना खरीदा था। यह भारतीय अर्थव्यवस्था के बदलते हालात आत्मविश्वास को दर्शाता है, जो 1991 की स्थिति के बिल्कुल अलग है.”