पश्चिम बंगाल लोकसभा चुनाव में 112 दागी उम्मीदवार

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर सौ से अधिक दागी उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर कुल 507 उम्मीदवारों में से 112 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन्होंने खुद ही अपने हलफनामें में यह जानकारी दी है। पश्चिम बंगाल इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) द्वारा किए गए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि दागी 112 उम्मीदवारों में 97 पुरुष और 15 महिला हैं और इनमें से भी 92 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अध्ययन में कहा गया है, “बैरकपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अर्जुन सिंह इस सूची में शीर्ष पर हैं, जिनके खिलाफ सबसे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।” सिंह के खिलाफ कुल 93 मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे स्थान पर बर्धवान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से भाजपा के ही उम्मीदवार दिलीप घोष हैं, जिनके खिलाफ 27 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बनगांव से पार्टी उम्मीदवार शांतनु ठाकुर के खिलाफ 23, हुगली से उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी के खिलाफ 22 और बालुरघाट से भाजपा उम्मीदवार एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं।

तृणमूल कांग्रेस के 42 उम्मीदवारों में से 11 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि माकपा और कांग्रेस के क्रमशः नौ और तीन उम्मीदवार दागी हैं। विश्लेषण के मुताबिक 211 उम्मीदवारों ने पांचवी से 12वीं कक्षा तक की, जबकि 271 उम्मीदवारों ने स्नातक या इससे अधिक पढ़ाई की है। हलफनामों के विश्लेषण के मुताबिक 507 उम्मीदवारों में से 128 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक घोषित की है।

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के सबसे अधिक 35 करोड़पति उम्मीदवार हैं। इसके बाद भाजपा का स्थान है जिसने 29 करोड़पति उम्मीदवार उतारे हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के 11, कांग्रेस के 10 और एसयूसीआई (सी) के तीन उम्मीदवारों ने भी अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक बताई है। इनके अलावा 17 निर्दलीय और 23 अन्य उम्मीदवारों ने भी अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक बताई है।

चुनाव के अंतिम चरण में कई हेवीवेट नेताओं की किस्मत दांव पर

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया जब अंतिम चरण में है. एक जून को सातवां व अंतिम चरण का मतदान होने वाला है। इसी दिन राज्य की नो सीटों के लिए भी मतदान होगा. अंतिम चरण के मतदान में कई हेवीवेट नेता चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत दांव पर लगी हुई है। अंतिम चरण में कोलकाता, उत्तर 24 परगना व दक्षिण 24 परगना जिले की कुल नौ सीटों के लिए मतदान होगा।

इनमें दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण व कोलकाता उत्तर लोकसभा सीटें शामिल हैं। इन नो सीटों पर करीब एक दर्जन से अधिक हेवीवेट नेताओं के भविष्य का फैसला होगा।डायमंड हार्बर सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिषेक बनर्जी के साथ-साथ दमदम से तृणमूल प्रत्याशी सौगत राय, भाजपा उम्मीदवार शीलभद्र दत्ता और माकपा उम्मीदवार सुजन चक्रवर्ती मैदान में हैं।

बारासात से तृणमूल प्रार्थी डॉ. काकोली घोष दस्तीदार, बशीरहाट से भाजपा प्रत्याशी रेखा पात्रा व तृणमूल उम्मीदवार हाजी नजरुल इस्लाम, जादवपुर से तृणमूल उम्मीदवार सायनी घोष व भाजपा के डॉ. अनिर्वान गांगुली और माकपा प्रार्थी सृजन भट्टाचार्य, दक्षिण कोलकाता से तृणमूल प्रार्थी माला राय, भाजपा प्रत्याशी देबश्री चौधरी और कांग्रेस समर्थित माकपा उम्मीदवार सायरा शाह हलीम, कोलकाता उत्तर सीट से तृणमूल प्रत्याशी सुदीप बंद्योपाध्याय व भाजपा उम्मीदवार तापस राय की किस्मत का फैसला होना है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टियों ने चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगाया थाय़ अब इन नेताओं की किस्मत का फैसला जनता के हाथ में है। कोलकाता में लोकसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है।

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में रात्रि पहरे पर भी केंद्रीय बलों के जवान

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गयी है। सेंट्रल फोर्स के जवान अब रात में भी शहर में गश्त लगायेंगे। इस बार के चुनाव में ऐसा पहली बार हो रहा है। कोलकाता में एक जून को वोट डाले जायेंगे। इसके 72 घंटे पहले से रात्रि गश्ती वाहन कोलकाता के चक्कर लगायेंगे. प्रत्येक वाहन के केंद्रीय बल का एक सेक्शन होगा. साथ ही विशेष क्यूआरटी की टीमें भी मौजूद रहेंगी, प्रत्येक में केंद्रीय बलों का एक सेक्शन होगा ।

सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता में इस विशेष क्यूआरटी वैन में केंद्रीय बल के जवान ऊंचे मकान के अलावा भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखेंगे। कोलकाता के विभिन्न स्थानों पर कुल 45 नाका चेकिंग प्वाइंट बनाये गये हैं। प्रत्येक के पास आधे-आधे खंडों में एक केंद्रीय बल होगा। प्रत्येक इलाके में निगरानी टीम और फ्लाइंग स्क्वाड टीम में केंद्रीय बलों के जवान मौजूद होंगे। चुनाव में 185 क्यूआरटी में सेंट्रल फोर्स के जवान होंगे।

एक जून को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। मतदान के एक दिन पहले से ही पुलिस महानगर में उपद्रवियों पर नजर रख रही है। जिन अपराधियों के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज हैं, उनपर विशेष नजर रहेगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मतदान के दिन अगर कोलकाता में किसी भी पोलिंग बूथ पर किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत आती है, उस पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचेंगे और व्हाट्सऐप पर बनाये गये विशेष ग्रुप में वहां की तस्वीर भेजकर वहां की स्थिति स्पष्ट करेंगे. इस ग्रुप में सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और डिविजन पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है।

पहले रेप किया, अब तलवार के दमपर शादी भी नहीं करने दे रहा

मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश के अशोक नगर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक 22 साल की लड़की को उसकी शादी के दौरान किडनैप करने की कोशिश की गई। इस घटना से इलाके में  हड़कंप मच गया। किडनैप करने की कोशिश करने वाले आरोपी की पहचान कालू उर्फ सलीम खान के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने कथित तौर पर लड़की के साथ रेप किया। वीडियो बनाकर उसे बदनाम किया और बाद में जब वह किसी और का हाथ थामने लगी तो उसके परिवार पर हमला कर दिया।

घटना गुरुवार शाम करीब छह बजे की है। आरोपी कालू ने अपने साथी जोधा, समीर और शाहरुख के साथ मिलकर लड़की के घर पर धावा बोल दिया। जब उसने विरोध किया, तो उसके परिवार के साथ मारपीट भी की। कालू ने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की के पिता का पैर और भाई का हाथ तोड़ दिया। उसकी मां को भी बेरहमी से पीटा गया। तलवारें और लोहे की रॉड लहराते हुए दबंगों ने लड़की को उसके घर से बाहर खींच लिया।

परिवार के लोग बेटी की मदद के लिए चीख-पुकार मचाने लगा। आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद भीड़ इकट्ठा हो गई। दबंगों ने मदद के लिए आगे आने वाली भीड़ को भी धमकाया, लेकिन जैसे ही भीड़ बढ़ने लगी तो मौका देखकर वह वहां से फरार हो गए। दबंगों ने लड़की के घर पर जमकर उत्पात मचाया। इतना ही नहीं आरोपी कालू ने उस लड़के के परिवार को भी धमकाया, जिससे उसकी सगाई हुई थी।

आरोप है कि शुरुआत में पुलिस मामला दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। वह पीड़ितों की शिकायत सुनने को राजी ही नहीं थी। बुधवार देर रात एक स्थानीय हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के दखल के बाद ही पुलिस ने लड़की और उसके पिता दोनों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया।

आम-लीची को लेकर बिहार के बेगूसराय में जमकर बरसी लाठियां

बेगूसराय : बेगूसराय में दबंगों ने हथियार के बल पर आम और लीची लूटने की कोशिश की है। लूटपाट का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। दोनों पक्ष की तरफ से जमकर लाठी डंडे चले और पत्थरबाजी की गई। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर लाठियां बरसाते दिख रहे हैं।

दरअसल, पूरा मामला साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के चौकी बहियार की है। मारपीट में चौकी गांव निवासी मुकेश महतो और रंजन कुमार समेत कई लोग घायल हो गए हैं। घायल मुकेश महतो ने बताया है कि लगभग एक दर्जन की संख्या में दबंग बगीचा पहुंचकर लीची और आम को लूटने लगे। जब इसका विरोध किया गया तो नाराज होकर दबंगों ने लाठी डांटे से हमला कर दिया।

इस दौरान दहशत फैलाने के लिए दबंगों ने फायरिंग भी की लेकिन गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। पीड़ितों का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की, हालांकि बाद में पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू की है। फिलहाल इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पोर्न स्टार से अफेयर में पूंजी लुटाने पर डोनाल्ड ट्रंप दोषी करार

वॉशिंगटन : एक ऐतिहासिक फ़ैसले में न्यूयॉर्क की अदालत ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हश मनी मामले में दोषी क़रार दिया है। पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई पूर्व या मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति किसी अपराध में दोषी क़रार दिया गया हो।

वो ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जो एक बड़ी पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार भी हैं। हालांकि हश मनी ममले में ट्रंप अपनी अपील के बारे में योजना बना रहे हैं और 11 जुलाई को सज़ा सुनाए जाने का इंतज़ार कर रहे हैं, जिसमें जेल के साथ ही भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

पोर्न स्टार को पैसे देकर जानकारी छिपाने के 34 मामलों में डोनाल्ड ट्रंप को दोषी करार दिया गया है। राष्ट्रपति चुनाव से पहले इसे डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका लगा है। उन्हें ‘हश मनी’ केस के सभी 34 मामलों में दोषी करार दे दिया गया है।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर राष्ट्रपति बनने का सपना देख रहे हैं। वहीं जूरी द्वारा फैसला सुनाए जाने के बाद ट्रंप ऐसे पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं जिन्हें किसी मामले में दोषी करार दिया गया है। डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप हैं कि उनका अफेयर पोर्न स्टार स्टार्मी डेनियल्स से था।

वहीं इस बात को छिपाने के लिए उन्होंने 2016 में पोर्न स्टार को 30 हजार डॉलर की राशि दी थी। पूर्व राष्ट्रपति की कंपनी ने यह धन उनके वकील माइकल कोहेन को दिया था जिन्होंने ट्रंप की ओर से पॉर्न स्टार को इसका भुगतान किया। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने पोर्न स्टार के साथ संबंधों से इनकार किया है।

एयर इंडिया की फ्लाइट 8 घंटे डिले, यात्री बीना एयर कंडीशन के हुए परेशन

नई दिल्ली: एयर इंडिया एक्सप्रेस को नंबर वन बनाने को लेकर सुविधाओं को अपग्रेड करने की बात की जा रही है लेकिन यहां समय से फ्लाइटें उड़ान तक नहीं भर पा रही हैं। दिल्ली में एयर इंडिया की फ्लाइट के 8 घंटे लेट होने से यात्रियों का गर्मी से बुरा हाल हो गया। फ्लाइट डिले होने के साथ ही एयरपोर्ट पर एयर कंडीशन तक काम नहीं कर रहा जिससे सफोकेशन के कारण लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है। हालात ये थे कि लोग बेसुध हो जा रहे हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ्लाइट के पैसेंजर्स को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की फ्लाइट 8 घंटे लेट हो गई है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। एयर इंडिया के पैसेंजर्स की माने तो तकनीकी खामी के कारण फ्लाइट लेट होना बताया जा रहा है। यात्रियों को 8 घंटे तक बिना एसी के ही फ्लाइट के अंदर रखा गया।

फ्लाइट लेट होने के बाद यात्रियों को 8 घंटे तक बिना एसी के ही फ्लाइट के अंदर रखने से यात्रियों की हालत बिगड़ने लगी। कई यात्री फ्लाइट में ही गर्मी से बेसुध हो गए तो सभी को प्लेन से उतार दिया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी एसी के काम न करने से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। कई सारे पैसेंजर्स ने यात्रा कैंसिल कर दी और घर लौट गए।

एयर इंडिया की फ्लाइट और एयरपोर्ट पर एसी काम नहीं करने से लोगों का हाल बेहाल हो गया। दिल्ली का तापमान भी 52.9 डिग्री आंका जा रहा था। फ्लाइट अभी 11 बजे दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरने की बात कही जा रही है। हालांकि कई सारे यात्री खासकर बुजुर्ग तबीयत बिगड़ने पर घर वापस जा चुके हैं।

गूगल ने माना, लीक हुआ सर्च एल्गोरिदम से जुड़ा डेटा, कंपनी ने की पुष्टि

नई दिल्ली :  टेक वर्ल्ड की दिग्गज कंपनी गूगल का 2,500 इंटर्नल डॉक्यूमेंट्स का एक कलेक्शन हाल ही में ऑनलाइन लीक हो गया। कंपनी ने इस बात की पुष्टि की है कि लीक हुआ डेटा उनका वास्तविक डेटा था। हालांकि कंपनी ने उस डेटा के कंटेंट पर फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है।

खबरों की मानें, तो लीक डेटा पर सबसे पहले सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन एक्सपर्ट रैंड फिशकिन और माइक किंग की नजर पड़ी थी। उन्होंने इसी हफ्ते डेटा और उनके कंटेंट का प्रारंभिक विश्लेषण प्रकाशित करने का काम किया था।

गूगल का लीक हुआ डेटा सर्च एल्गोरिदम से जुड़ा हुआ है। जो कंटेंट लीक हुआ है, उससे पता चलता है कि गूगल ऐसे डेटा को इकट्ठा करती है और उसका उपयोग करती है। हालांकि कंपनी के अधिकारियों ने इसके बारे में कहा है कि गूगल सर्च में पेजों की रैंकिंग में इनका कोई योगदान नहीं होता है। इस डेटा से यह स्पष्ट नहीं हो पाता है कि डेटा के कौन-से वाले हिस्से को कंपनी सर्च कंटेंट को रैंक करने के लिए इस्तेमाल करती है।

गूगल का सर्च एल्गोरिदम कैसे काम करता है, कंपनी इस बात की जानकारी आमतौर पर गुप्त रखती है। लेकिन लीक हुए डॉक्युमेंट्स ने इस बारे में जानकारी अधिक स्पष्ट कर दी है कि वेबसाइट्स को रैंक करने के मामले में गूगल किन संकेतों के बारे में क्या प्लान कर रही है। कुल मिलाकर, जो डेटा सार्वजनिक हुआ है, उससे एसईओ मार्केटिंग और प्रकाशन जगत में हलचल मच सकती है। बहरहाल, गूगल ने लीक हुए डॉक्युमेंट के कंटेंट पर जानकारी देने से मना कर दिया है।

प्राइवेट पार्ट में एक किलो सोना छिपाकर ला रही थी एयर होस्टेस , डीआरआई कन्नूर ने पकड़ा

कन्नूर : राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई-कनूर) के अधिकारियों ने विशिष्ट सूचना के आधार पर एयरलाइन की चालक दल की सदस्य सुरभि खातून को रोका, जो 28 मई को मस्कट से कनूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आई थी।

एक एयरलाइन की चालक दल की एक महिला सदस्य को अपने मलाशय में लगभग एक किलोग्राम सोना छिपाकर मस्कट से कन्रूर तक तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्र ने दावा किया कि भारत में यह पहला मामला है, जहां किसी एयरलाइन के चालक दल की सदस्य को मलाशय में छिपाकर सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

राजस्व खुफिया निदेशालय  के अधिकारियों ने विशिष्ट सूचना के आधार पर एयरलाइन की चालक दल की सदस्य सुरभि खातून को रोका, जो 28 मई को मस्कट से कनूर  अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आई थी। वह कोलकाता की रहने वाली हैं। सूत्र ने बताया कि महिला की तलाशी के बाद उसके मलाशय में छुपाकर रखा गया 960 ग्राम तस्करी का सोना बरामद हुआ।

सूत्र ने कहा कि पूछताछ और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद, उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसने उसे कनूर में महिला कारागार में 14 दिनों के लिए भेज दिया। सूत्र ने बताया कि एक विस्तृत जांच शुरू हो गई है और अब तक एकत्र किए गए सबूतों से पता चलता है कि उसने पहले भी कई बार सोने की तस्करी की थी। सूत्र ने कहा कि तस्करी गिरोह में केरल के लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया के लिये एयरलाइन के एक प्रतिनिधि सेसंपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।

 

जिन मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग नहीं, वहां वोट नहीं, चुनाव आयोग का निर्देश

कोलकाता: चुनाव आयोग ने सातवें और आखिरी दौर की वोटिंग में वेबकास्टिंग पर जोर दिया है। आयोग सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को बूथ में वेबकास्टिंग कैमरे बंद होने पर मतदान रोकने को कहा गया है।
पीठासीन अधिकारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि मतदान के दौरान कैमरे चालू रहे। आयोग ने यह भी कहा कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी कारण से वेबकास्टिंग बंद हो जाती है तो संबंधित पीठासीन अधिकारी को उचित जवाब देना होगा।

आयोग सूत्रों के मुताबिक, अगर पीठासीन अधिकारी का जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो उन्हें तत्काल हटा दिया जाएगा। यहां तक कहा गया है कि अगर इसके पीछे कोई लापरवाही सामने आती है तो पीठासीन अधिकारी के
खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करने को कहा गया है। आयोग ने यह भी कहा कि सौ फीसदी बूथों पर वेबकास्टिंग होगी। हालांकि, कुछ स्थानों पर वेबकास्टिंग संभव नहीं है। आयोग की भाषा में इसे “छाया क्षेत्र” कहा जाता है। उन सभी जगहों पर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है या बहुत कमज़ोर है। इसलिए अच्छी तस्वीरें नहीं आ पातीं।

आयोग ने दक्षिण 24 परगना के गोसाबा सहित उन सभी बूथों पर पहले ही मतदान कर्मियों और सुरक्षा गार्डों को भेज दिया है, जहां संचार प्रणाली विकसित नहीं है और बूथ तक पहुंचने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। लाइव जैकेट उपलब्ध कराया गया है।

सातवें चरण में राज्य की नौ लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। कुल 17 हजार 470 बूथों पर वोटिंग होगी। इनमें से तीन हजार 748 संवेदनशील हैं। आयोग के मुताबिक सातवें दौर में राज्य में केंद्रीय बलों की 967 कंपनियां
तैनात की जा रही हैं। राज्य पुलिस के 33 हजार 292 जवान भी तैनात हैं। सातवें चरण में पुलिस पर्यवेक्षकों की संख्या पांच है। सामान्य पर्यवेक्षकों की संख्या 10 है। लागत पर्यवेक्षकों की संख्या 11 है। 16 मार्च से गुरुवार तक आयोग को 40 हजार 462 शिकायतें सौंपी गई हैं। आयोग ने 35 हजार 986 शिकायतों पर कार्रवाई की है।

फर्जी नौकरी देने वालों की तलाश में कोलकाता जाएगी जीआरपी

जमशेदपुर: तीन युवाओं से लाखों रुपये लेकर फर्जी नौकरी देने वाले गिरोह के कोलकाता निवासी अरुण और शांतनु का पता रेल पुलिस खोज रही है। सीनी रेल पुलिस की टीम कोलकाता जाने को तैयार है, क्योंकि रेल एसपी प्रवीण पुष्कर ने कोलकाता में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। दोनों के पता का सत्यापन कर रेल पुलिस अदालत से दोनों के गिरफ्तारी का वारंट लेगी।

दूसरी ओर, चेन्नई की शैलजा रानी का भी लोकेशन खंगाला जा रहा है। तीनों का नाम धनबाद और रांची से गिरफ्तार अंशुमन प्रसाद और उसकी साली सुमित्रा कुमारी के बयान में आया है। अंशुमन प्रसाद ने रेल पुलिस को अरुण एवं शांतनु का मोबाइल नंबर दिया था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद से दोनों का मोबाइल बंद है।

मालूम हो कि दक्षिण पूर्व जोन की विजिलेंस टीम ने 16 अप्रैल को चक्रधरपुर मंडल के बीरबांस स्टेशन पर रेलवे में फर्जी नौकरी गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान तीन युवक व एक एजेंट को पकड़ा था, जिसे चांडिल रेल थाने के हवाले कर केस दर्ज कराया है।

इसके बाद से सीनी जीआरपी मामले की छानबीन करने के साथ अंशुमन प्रसाद और सुमित्रा कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि अदालत में दोनों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की अर्जी दी गई है। वहीं, युवकों को अदालत में बयान दर्ज कराने के बादा छोड़ दिया गया।

 

आईसीडीएस केंद्र के खिचड़ी में छिपकली, कोई बीमार

बांकुड़ा :आईसीडीएस केंद्र द्वारा उपलब्ध करायी गयी पकी हुई खिचड़ी में छिपकली निकली। घटना बांकुड़ा के इंदपुर ब्लॉक के पुआरा आईसीडीएस केंद्र में घटी। उस खिचड़ी को खाने के बाद तबीयत खराब होने पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं सहित कुल 54 लोगों को स्थानीय इंदपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें अभी निगरानी में रखा गया है। हालांकि आईसीडीएस केंद्र पर भोजन में छिपकली मिलने के आरोप से आईसीडीएस कर्मियों ने इनकार किया है। बांकुड़ा के इंदपुर ब्लॉक के पुअरा गांव में आईसीडीएस केंद्र की हालत काफी समय से खराब है। बदहाल इस केंद्र पर अन्य दिनों की तरह गुरुवार को भी स्थानीय बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पकाई हुई खिचड़ी दी गई। बच्चे और माताएं पकी हुई खिचड़ी लेकर घर ले गए। घर में खाना खाते समय एक माता-पिता ने भोजन में पड़ी एक छिपकली को देखा। घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत मच गयी।

स्थानीय निवासियों ने पेट ऐंठन से पीड़ित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इंदपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन सभी को छह घंटे तक निगरानी में रखने का फैसला किया, भले ही कोई भी बच्चा या मां गंभीर रूप से बीमार नहीं थी। आईसीडीएस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जब आईसीडीएस केंद्र का निरीक्षण किया गया तो वहां कोई छिपकलियां नहीं थीं। 

राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने पुरी में पटाखा विस्फोट में मरने वालों पर दुख जताया

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को पुरी में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों में हुए विस्फोट में हुई मौत की घटना पर दुख जताया है।

राष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा कि पुरी, ओडिशा में चंदन यात्रा के दौरान पटाखों में विस्फोट के कारण आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुःखदाई है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा के पुरी में चंदन यात्रा के दौरान पटाखा विस्फोट की घटना में हुई दुःखद मौत से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हैं।

भीषण गर्मी से गिरिडीह में सैकड़ों चमगादड़ों की मौत

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध हरिहर धाम में सैकड़ों चमगादड़ों की मौत से वहां से पुजारियों में हड़कंप मच गया है। पुजारियों को इलाके में किसी बीमारी के फैलने की आशंका सताने लगी है। लंबे समय से ये चमगादड़ मंदिर परिसर के एक पेड़ पर रह रहे थे।

जिले के बगोदर इलाके में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी की वजह से चमगादड़ों की मौत हुई है, जबकि पंडितों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।

जानकारी के अनुसार बगोदर-हजारीबाग रोड पर स्थित हरिहर धाम मंदिर के विशाल परिसर में एक बगीचा है, जिसमें पेड़ों पर लंबे समय से डेरा जमाये चमगादड़ों की मौत हुई है। 3 दिनों से गिरिडीह जिले के बगोदर इलाके में अधिकतम तापमान 45 डिग्री पहुंच गया है।

भीषण गर्मी का असर इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी पड़ने लगा है। इसी बीच बगोदर के हरिहर धाम मंदिर के बगीचे के पेड़ों पर रहने वाले सैकड़ों चमगादड़ों की मौत की मौत हो चुकी है. मरने के बाद चमगादड़ पेड़ से जमीन पर गिर रहे हैं।

मंदिर के प्रबंधक भीम यादव ने इस संबंध में बताया कि हरिहर धाम मंदिर में करीब एक हजार से अधिक चमगादड़ बगीचे के पेड़ों पर हैं। भीषण गर्मी की वजह से उनकी मौत हो रही है। ऐसा माना जाता है कि इन पक्षियों में गर्मी सहने की क्षमता बहुत कम होती है।

उधर, मंदिर के पुजारी विजय पाठक ने बताया कि बगीचे के पेड़ों पर रहने वाले चमगादड़ों (बादुल) की लगातार मौत हो रही है। हमें आशंका है कि किसी तरह की बीमारी फैल सकती है. बता दें कि मृत पक्षियों से कई तरह की बीमारी होने का खतरा बना रहता है।

मंदिर परिसर में रहने वाले पुजारी, प्रबंधक, सफाईकर्मी व अन्य लोगों ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से इलाके में तत्काल ब्लीचिंग पावडर का छिड़काव करने और उक्त स्थान से मृत चमगादड़ों को जल्द से जल्द हटाने की स्थानीय प्रशासन से अपील की है।

जम्मू-पुंछ नेशनल हाइवे पर कालीधार मंदिर के पास यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यात्रियों से भरी एक बस कई फीट गहरी खाई में गिर गई है। हादसे में कई लोगों के मरने की आशंका है। हादसा नेशनल हाईवे पर कालीधर मंदिर के पास हुआ। बस खाई में गिरते देखकर लोग जुट गए। लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया।

हादसे की सूचना पुलिस को दी। लोगों ने मिलकर घायलों को बसे से बाहर निकाल लिया है। पुलिस भी हादसास्थल पर पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर जा रही यात्रियों से भरी बस नेशनल हाईवे से उतरकर एक खाई में गिर गई है। हादसास्थल पर बचाव अभियान जारी है। पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस और लोग खाई में उतरे हुए हैं।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के सही कराणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में काफी मदद की।

IPL 2024 का खिताब जीतने के बाद गंभीर का बड़ा बयान

नई दिल्ली : तीसरी बार चैंपियन बनने के बाद गंभीर का बड़ा बयान सामने आया है। गंभीर ने कहा कि हमें सबसे सफल आईपीएल टीम बनने के लिए अभी तीन और ट्रॉफी जीतनी हैं और उसके लिए सफर शुरू हो चुका है।

IPL 2024 को समाप्त हुए कुछ दिन बीत गए हैं। इस बार आईपीएल का खिताब केकेआर ने अपने नाम किया है। केकेआर ने तीसरी बार इस खिताब को अपने नाम किया है। केकेआर ये 2024 से पहले ये खिताब दो बार गौतम गंभीर की कप्तानी में अपने नाम की थी। वहीं ये तीसरी बार जब केकेआर ने अपने 10 साल के सूखे को खत्म करते हुए गौतम गंभीर की मेंटॉरशिप में इस खिताब को जीता है। अब टीम के तीसरी बार चैंपियन बनने के बाद गंभीर का बड़ा बयान सामने आया है। गंभीर ने कहा कि हमें सबसे सफल आईपीएल टीम बनने के लिए अभी तीन और ट्रॉफी जीतनी हैं और उसके लिए सफर शुरू हो चुका है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें, गौतम गंभीर केकेआर टीम का हिस्सा बनाने से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे। 2022 और 2023 में गंभीर लखनऊ के मेंटॉर के रूप में अपनी सेवा देते थे। गंभीर की मेंटॉरशिप में लखनऊ ने दोनों बार प्लेऑफ में कदम चुका है। बता दें, इस साल हुए आईपीएल 2024 में लखनऊ लीग स्टेज मैच में ही बाहर हो गई थी। वह अपनी जगह प्लेऑफ में पक्की नहीं कर सकी थी।

गौरतलब है कि कोलकाता तीसरी बार इस खिताब को अपने नाम करने में कामयाब हुआ है। कोकाता सबसे पहले 2012 में गौतम गंभीर की कप्तानी में चैंपियन बनी थी। इससेबाद गौतम गंभीर ने ही अपनी कप्तानी में टीम को 2014 में दूसरी बार चैंपियन बनाया था।

वहीं टीम ने 10 साल सूखा खत्म करते हुए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस खिताब को अपने नाम किया है। अय्यर की कप्तानी में खेलते हुए कोलकाता ने फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से शिकस्त दी। केकेआर ने पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की थी।

शाम से 24 घंटे तक कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर मोदी लगाएंगे ध्यान

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी फेज का चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आध्यात्मिक यात्रा के लिए कन्याकुमारी जाएंगे, जहां पीएम विवेकानंद रॉक मेमोरियल में एक जून तक मेडिटेशन करेंगे। कन्याकुमारी में स्थित इस शिला पर कभी स्वामी विवेकानंद ने ध्यान लगाया था। अब पीएम मोदी भी यहां मेडिटेशन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम सवा पांच बजे कन्याकुमारी पहुंचेंगे। वे पहले भगवती अम्मान मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद शनिवार दोपहर तक पीएम वहीं रहेंगे। इस दौरान वह विवेकानन्द रॉक मेमोरियल में मेडिटेशन करेंगे। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी शनिवार दोपहर तीन बजे पास ही में स्थित एक शिला पर बनी महान कवि तिरुवल्लुवर की प्रतिमा का दर्शन करेंगे और माल्यार्पण करेंगे।

पीएम मोदी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 45 घंटे के प्रवास के लिए भारी सुरक्षा समेत सभी इंतजाम किए गए हैं. शनिवार तक समुद्र तट पर्यटकों के लिए बंद रहेगा और निजी नौकाओं को भी चलने की अनुमति नहीं होगी. देश के दक्षिणी छोर पर स्थित इस जिले में 2 हजार पुलिसकर्मियों का दल तैनात रहेगा और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कड़ी निगरानी रखेंगी।

सरार्फा बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, महंगा हुआ सोना-चांदी

नई दिल्ली : घरेलू सर्राफा बाजार में आज लगातार तीसरे दिन मजबूती नजर आ रही है। देश के ज्यादातर सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के भाव में पिछले दिन के मुकाबले 250 रुपये से लेकर 300 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की तेजी दर्ज की गई है। इस तेजी के कारण देश के ज्यादातर सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट सोना आज 73,920 रुपये से लेकर 73,210 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इसी तरह 22 कैरेट सोना भी आज 67,760 रुपये से लेकर 67,110 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। सोने की तरह ही आज चांदी के भाव में भी मजबूती आई है। आज की तेजी के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 97,800 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

देश की राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना आज 73,360 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 67,260 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। इसी तरह मुंबई में 24 कैरेट सोना 73,210 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 67,110 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।

जबकि चेन्नई में 24 कैरेट सोने की रिटेल कीमत 73,920 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 67,760
रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। इन प्रमुख शहरों के अलावा अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना आज 73,260 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर और 22 कैरेट सोना 67,160 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर बिक रहा है।

इसी तरह कोलकाता में 24 कैरेट सोना 73,210 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 67,110 रुपये प्रति 10
ग्राम के स्तर पर पहुंचा हुआ है। लखनऊ के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना आज 73,360 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर और 22 कैरेट सोना 67,260 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। वहीं पटना में 24 कैरेट सोने की कीमत 73,260 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जबकि 22 कैरेट सोना 67,110 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।

इसी तरह जयपुर में 24 कैरेट सोना 73,360 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 67,260 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। देश के अन्य राज्यों की तरह कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में आज तेजी आई है।

इन तीनों राज्यों की राजधानियों बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर में 24 कैरेट सोना आज 73,210 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं इन तीनों शहरों के सर्राफा बाजारों में 22 कैरेट सोना 67,110 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।

DRDO ने किलर मिसाइल Rudram II का किया सफल परीक्षण

नई दिल्ली :  रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने बुधवार को 11:30 बजे ओडिशा तक पर अपने नए लड़ाकू मिसाइल रूद्रम-II का सफल परीक्षण कर दिया है। ये एंटी रेडिएशन मिसाइल हवा से जमीन पर वार करने के लिए बनाई गई एक ऐसी मिसाइल पलक झपकते दुश्मन पर तेजी से वार करने में सक्षम है।

मिसाइल लॉन्च होने की जानकारी डीआरडीओ ने मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर शेयर कर दी है। डीआरडीओ ने अपने पोस्ट में लिखा है कि इस उड़ान परीक्षण में परीक्षण के सारे उद्देश्य पूरे हुए हैं।

मिसाइल के लॉन्च होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान आया है, उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है, “इस परीक्षण से भारतीय सशस्त्र बलों की ताकत कई गुणा बढ़ जाएगी। उन्होंने वायु सेना, डीआरडीओ समेत उद्योग जगत को बधाई दी है.”

155 किग्रा वजनी इस मिसाइल की लंबाई 18 फुट है, यह पलक झपकते तेज रफ्तार से दुश्मन के पूरे इलाके को ध्वस्त कर सकती है, ये मिसाइल आवाज की स्पीड से 5 गुना तेजी से उड़ान भरने में सक्षम है।

बता दें 15 किमी तक की ऊंचाई तक जानेवाली इस मिसाइल की रेंज 300 किमी है। ये मिसाइल 6791.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दुश्मन पर वार करने में सक्षम है इसलिए इसे हाइपर सोनिक मिसाइल की कैटेगरी में रखा गया है।

डीआरडीओ के साथ इस मिसाइल को डिजाइन करने और बनाने में भारत इलेक्ट्रानिक्स डायनेमिक्स लिमिटेड के साथ अदाणी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस का भी योगदान रहा है। इससे पहले रुद्रम 1 का परीक्षण आज से चार साल पहले फाइटर जेट सुखोई-30 एमकेआई द्वारा किया गया था।

ED ने रितुपर्णा सेनगुप्ता को भ्रष्टाचार मामले में समन भेजा

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल में राशन भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता को तलब किया है। रोजवैली वित्तीय धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के लगभग पांच साल बाद ईडी ने उन्हें एक बार फिर तलब किया है। ईडी सूत्रों के मुताबिक एक्ट्रेस को 5 जून को ईडी दफ्तर बुलाया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी ने बैंक लेनदेन की जानकारी के आधार पर अभिनेत्री को पूछताछ के लिए बुलाया है. इससे पहले जुलाई 2019 में अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता से जांच एजेंसी ईडी ने रोजवली मामले में पूछताछ की थी।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, रितुपर्णा फिलहाल अमेरिका में हैं। उन्हें बुधवार को ई-मेल के जरिये तलब किया गया था। हालांकि, ईडी के नोटिस को लेकर रितुपर्णा की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। राशन भ्रष्टाचार मामले में ईडी पहले ही राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक, बनगांव नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शंकर आध्या, राशन व्यापारी बकीबुर रहमान और उनके करीबी सहयोगियों सहित सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। 5 जनवरी को राशन भ्रष्टाचार की जांच के दौरान संदेशखाली के तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर गए ईडी अधिकारियों पर हमला किया गया था।

इससे पहले जुलाई 2019 में रितुपर्णा और अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी से रोज वैली मामले की जांच कर रही ईडी ने पूछताछ की थी। एक समय में रोज वैली कंपनी द्वारा कई बांग्ला फिल्मों का निर्माण किया जाता था। उस समय ईडी की ओर से बताया गया था कि रितुपर्णा से संस्था के प्रमुख गौतम कुंडू ने संपर्क किया था। रोजवैली समूह ने बाद में टॉलीवुड अभिनेत्री की एजेंसी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। रितुपर्णा ने गौतम की कंपनी द्वारा निर्मित कुछ फिल्मों में भी अभिनय किया। पांच साल पहले ईडी ने उन्हें साॅल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में बुलाया था और उनसे उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन के बारे में जानकारी जुटाई थी।