लिलुआ में पटरी से उतरी ट्रेन, हावड़ा-बैंडल शाखा पर साढ़े तीन घंटे तक सेवाएं रही बंद

हावड़ा : पूर्व रेलवे के हावड़ा बर्दवान मेन शाखा के लिलुआ स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक लोकल ट्रेन पटरी से उतर गई जिसके कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। साढ़े तीन घंटे  तक डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह सात बजकर दस मिनट पर शेवड़ाफूली से हावड़ा की ओर जा रही एक खाली ट्रेन लिलुआ स्टेशन से निकलकर हावड़ा की ओर जा रही थी। लिलुआ स्टेशन से निकलते वक्त ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। कुल चार डिब्बों के पटरी से उतरने की खबर है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने बतायी कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचे। पटरी से उतरे ट्रेन के डिब्बे को लाइन पर चढ़ाने का काम कुछ देर बाद शुरू हो गया। हादसा कैसे हुआ यह अभी भी स्पष्ट नहीं है।  सीपीआरओ कौशिक मित्रा ने कहा कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं।

पीछे से ट्रेन का चौथा डिब्बा पटरी से उतर गया। रेलवे सूत्रों के मुताबिक उक्त डिब्बे में एक यात्री सवार था। अचानक पटरी से उतरने के बाद भी ट्रेन कुछ दूरी तक घिसटती रही। इसके बाद किसी तरह ट्रेन को रोका गया। रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। दुर्घटना राहत ट्रेन वहां पहुंची।  कई लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों को साइड लाइन से आगे बढ़ाया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा सामान्य होने में अभी कुछ समय लगेगा। हालांकि, रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन की गति कम होने और ट्रेन खाली होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

पश्चिम बंगाल में चक्रवात रेमाल ने उजाड़े हजारों घर, 6 की मौत

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान रेमल तबाही के निशान छोड़ गया। इस तूफान के
कहर में छह लोगों की जान चली गई। राज्य के 24 प्रखंड और 79 नगरपालिका वार्ड में करीब 29 हजार 500 घर
आंशिक या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से अधिकतर दक्षिणी तटीय इलाकों में हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के
एक अधिकारी ने आज यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में दो हजार 140 से अधिक पेड़ उखड़ गए और लगभग
एक हजार 700 बिजली के खंभे गिर गए। शुरुआती आकलन है कि 27 हजार घर आंशिक रूप से और दो हजार
500 पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अभी आकलन जारी है। इसलिए यह आंकड़े बढ़ सकते हैं। उन्होंने बताया
कि प्रशासन ने दो लाख सात हजार 60 लोगों को एक हजार 438 सुरक्षित आश्रयों में पहुंचाया। वर्तमान में वहां 77
हजार 288 लोग हैं। इस समय 341 रसोई के माध्यम से उन्हें खाना पहुंचाया जा रहा है। तटीय और निचले इलाकों
में प्रभावित लोगों को 17 हजार 738 तिरपाल वितरित किए गए हैं।

प्रभावित क्षेत्रों में काकद्वीप, नामखाना, सागर द्वीप, डायमंड हार्बर, फ्रेजरगंज, बक्खली और मंदारमनी शामिल हैं।
चक्रवात के कारण तटबंधों में मामूली दरारें आ गई थीं। उनकी मरम्मत कर दी गई। इस अधिकारी ने कहा कि अब
तक तटबंध टूटने की कोई सूचना नहीं मिली है। चक्रवात के कारण अब तक छह लोग जान गंवा चुके हैं।

कोलकाता में एक, दक्षिण 24 परगना जिले में दो महिलाएं, उत्तर 24 परगना जिले में एक और पूर्व मेदिनीपुर में
पिता-पुत्र की मौत हो चुकी है। तटीय क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। पश्चिम बंगाल और पड़ोसी बांग्लादेश
दोनों जगहों पर महत्वपूर्ण बुनियादी संरचनाओं को क्षति पहुंची है।

दिल्ली से वाराणसी जा रहे विमान में बम की सूचना से हड़कंप 

नई दिल्ली : दिल्ली से वाराणसी जाने के लिए तैयार इंडिगो के विमान में सुबह 5.35 बजे बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। जिसके बाद विमान को रन-वे पर ही रोक दिया गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए सबसे पहले विमान में सवार सभी यात्रियों को आपातकालीन द्वार से बाहर निकाला गाय। विमान की संपूर्ण निरीक्षण के आइसोलेशन बे पर ले जाया गया। इस दौराण सुरक्षाकर्मियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई। गहन जान के बाद विमान से कुछ भी संदिग्ध नही मिला। 

बताया गया है कि इंडिगो का विमान दिल्ली से वाराणी जाने के लिए रवाना होने के लिए रन-वे पर था। तभी विमान में बम होने की सूचना मिली। सूचना के बाद विमान से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस  विमान में बम होने की सूचना दिल्ली दमकल सेवा को मिली थी। 

गौरतलब हो कि इससे पहले दिल्ली के स्कूलों और अस्पतालों में भी बम होन की धमकियां मिल चुकी है। अब इंडिगो के विमान में बम होने की सूचना मिली। मौके पर मौजूद बम स्क्वाड विमान की जांच करने में लगी रही।

 

पाकिस्तान के स्कूल में लगी भयावह आग, 1400 छात्राओं की बची जान

पेशावर : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के सुदूर पहाड़ी इलाके में भीषण आग की चपेट में आई एक स्कूल की इमारत से लगभग 1400 छात्रा को बचा लिया लिया गया है।

स्थानीय न्यूज से पता चला कि हरिपुर जिले के सिरिकोट गांव में सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में तेजी से ये आग फैल गई।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के सुदूर पहाड़ी इलाके में भीषण आग की चपेट में आई एक स्कूल की इमारत से लगभग 1,400 छात्राओं को बचा लिया लिया गया है। घटना के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने की सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सप्लाई पानी से गाड़ी धोने पर लगेगा 5,000 रुपये का जुर्माना

दिल्ली :  गुड़गांव में अब घर पर सप्लाई वाटर से गाड़ी धोने पर भारी जुर्माना लग सकता है। गुड़गांव नगर निगम (एमसीजी) ने सुबह 5 बजे से सुबह 9 बजे के बीच पानी की आपूर्ति के दौरान उस पानी से अपने वाहन को धोते हुए पाए जाने वाले लोगों पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाने की घोषणा की है।

इसके साथ ही, अगर कोई व्यक्ति इस अपराध को दोहराता हुआ पाया जाता है, तो एमसीजी ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है, जिसमें उनके घरों में सप्लाई वाटर कनेक्शन काट देना भी शामिल है. जुर्माने के साथ ही पानी की आपूर्ति फिर से शुरू करवाने के लिए अतिरिक्त 1,000 रुपये का शुल्क भी लगेगा।

यह सख्त कदम गुरुग्राम के पानी की कमी की समस्या को दूर करने के लिए उठाया गया है। घर पर गाड़ी धोना, खासकर नल से बहते पानी की पाइप से धोना, पानी की बर्बादी का एक बड़ा कारण है। साथ ही, गाड़ी धोने से निकलने वाला साबुन का पानी जमीन में रिसकर भूजल संसाधनों को दूषित कर सकता है। यह नालियों को भी ब्लॉक सकता है, जिससे अस्वच्छ स्थितियां पैदा हो सकती हैं।

मुंबई में प्रवासी मजदूर की मौत, साथियों ने चंदा इकट्ठा कर शव भिजवाया बोकारो

रांची : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र की लोधी पंचायत के तिसरी गांव के प्रवासी मजदूर भुनेश्वर यादव (42 वर्ष) की मुंबई में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी है। साथियों ने चंदा जमा कर उसके शव को बोकारो स्थित उसके परिवार वालों तक भिजवाया। मौत की खबर सुनते ही गांव में शोक की लहर है। शव सोमवार को उसके गांव पहुंचा। 

मृतक की पत्नी सविता देवी ने बताया कि उसके पति पहले गांव में ही स्कूल वैन चलाते थे। इससे बहुत कम आमदनी होती थी। घर-परिवार ठीक से नहीं चल पाता था। अच्छी आय और रोजगार की तलाश में 15 दिन पहले मुंबई के वर्ली गये हुए थे। अचानक पति की मौत की खबर सुनकर दंग रह गयी। उनके घर में पति ही एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।

बताया जा रहा है कि मुंबई में प्रवासी मजदूर की मौत के बाद आनन-फानन में उनके साथ मंबई में रहने वाले साथियों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर पार्थिव शरीर को साथियों को सौंप दिया। जिसके बाद मृतक के शव को घर भेजने का विचार किया गया। मृतक का परिवार काफी गरीब है। इस कारण मुंबई में काम कर रहे प्रवासी मजदूरों ने चंदा इकट्ठा कर किसी तरह पार्थिव शरीर को फ्लाइट से रांची तक भिजवाया।

सामाजिक कार्यकर्ता लोधी व आजसू मीडिया प्रभारी (गोमिया) मनोज महतो ने घटना की जानकारी गोमिया विधायक डॉक्टर लम्बोदर महतो को दी। विधायक ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस का इंतजाम कर पार्थिव शरीर को घर तक भिजवाया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि श्रम विभाग से मृतक परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा।

इस संबंध में गोमिया के बीडीओ महादेव कुमार ने कहा कि मृतक के आश्रित परिवार को पारिवारिक लाभ के अलावा विधवा पेंशन दिलायी जाएगी। श्रम विभाग से मिलने वाली राशि भी दिलायी जाएगी। पंचायत की मुखिया जुवैदा खातून के निर्देश पर मुखिया प्रतिनिधि राजू अंसारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर सरकार से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने और मदद का भरोसा दिया।

ममता बनर्जी ने राज्य प्रशासन की सराहना की

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भीषण चक्रवर्ती तूफान रुमल के 135 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार के बावजूद बहुत कम संख्या में जनहानि को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य प्रशासन की सराहना की है। सोमवार अपराह्न चक्रवात के कमजोर पड़ जाने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर लिखा है, “पश्चिम बंगाल बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित एक नदी राज्य है। हर साल हमें विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। इस बार चक्रवात रेमल के प्रभाव से हमारे राज्य को काफी नुकसान हुआ है। लेकिन सबसे ऊपर मानव जीवन है। सौभाग्य से और निश्चित रूप से राज्य प्रशासन के कार्यों के कारण, इस बार जानमाल की हानि अपेक्षाकृत कम है।”

मारे गए लोगों और घायलों के परिजनों को वित्तीय मदद का आश्वासन देते हुए ममता ने लिखा, “मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना, उनके प्रियजनों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाएगी। फसलों और घरों को हुए नुकसान के मुआवजे के वितरण को प्रशासन कानून के मुताबिक देखेगा और चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद हम इन सभी मुद्दों पर अधिक गंभीरता से विचार करेंगे।”

ममता ने आगे लिखा, “चुनावी निपटारे की व्यस्तता के बावजूद हमारा प्रशासन हर स्तर पर आपदा से निपटने के लिए तैयार था। मुख्य सचिव से लेकर मेरे राज्य के पूरे सचिवालय तक, जिला प्रशासन से लेकर ब्लॉक प्रशासन तक – हर कोई आपदा से निपटने में हमेशा एकजुट होकर लोगों के साथ खड़ा रहा है, और भविष्य में भी ऐसा करता रहेगा। करीब दो लाख लोगों को 1400 शिविरों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का श्रेय भी हमारी नगर पालिकाओं-पंचायतों को है। इसके लिए मैं सभी राज्य और स्थानीय प्रशासन को हृदय से धन्यवाद देती हूं।”

ममता ने कहा, “मुझे विश्वास है कि सबके सहयोग से हम इस तूफान पर विजय पा लेंगे। मैं जानती हूं कि आप इस विपत्ति से चिंतित हैं। हम भी चिंतित हैं। लेकिन डरिए मत, चिंता मत करिए। स्थिति से निपटने के लिए जो भी जरूरी होगा हम करेंगे।”

कोलकाता मेट्रो ट्रेक में घुसा चक्रवाती पानी

कोलकाता : चक्रवात रेमल के कारण रात भर हुई बारिश के कारण सप्ताह के पहले दिन कोलकाता मेट्रो सेवा बाधित रही। पार्क स्ट्रीट और एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशनों के सबवे में पानी घुस गया‌ और ट्रैक पर पानी भर गया है। स्टेशन का एक हिस्सा और उस हिस्से का पूरा ट्रैक पानी में डूबा हुआ है। इसके चलते सोमवार सुबह सात बजे से ही मेट्रो सेवा बाधित है।

खबर है कि जलभराव के कारण गिरीश पार्क से टालीगंज तक मेट्रो सेवा पूरी तरह से बंद कर दी गई है। उस हिस्से में मेट्रो किसी भी दिशा में नहीं चल रही है। सप्ताह के पहले दिन मेट्रो सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को परेशानी हुई।

मेट्रो सूत्रों के मुताबिक, पार्क स्ट्रीट और एस्प्लेनेड के बीच ट्रैक पर पानी भर गया है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही में दिक्कत आ रही है। हालांकि, टालीगंज से कवि सुभाष और गिरीश पार्क से दक्षिणेश्वर तक मेट्रो चल रही है। सेवाओं को तेजी से सामान्य करने की दिशा में काम चल रहा है। मेट्रो कर्मचारी ट्रैक से पानी हटाने का काम कर रहे हैं। मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं। मेट्रो के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने कहा, “मेट्रो वर्तमान में कवि सुभाष से मैदान और दक्षिणेश्वर से गिरीश पार्क तक चल रही है। हमें उम्मीद है कि शीघ्र ही पूरी सेवा शुरू हो जाएगी।”

मेट्रो सेवाओं के बाधित होने से कार्यालय जाने वाले यात्री सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी जमा हो गया है। सड़कों पर बसों और टैक्सियों की संख्या बहुत कम है। इतने सारे लोगों ने मेट्रो पर भरोसा किया। लेकिन ट्रेन नहीं चलने से उन्हें परेशानी हुई।

डूब रहे बच्चों को बचाने गए युवक की डूबने से मौत

पूर्वी चंपारण: बुढ़ी गंडक नदी में डूब रहे दो बच्चों को बचाने गये एक युवक की गहरे पानी में जाने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन में कोहराम मचा है। मृतक पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के सिरहा पंचायत वार्ड नंबर 7 रामाधार पासवान के बेटे कृष्णनंदन पासवान है।

बताया जा रहा है कि कृष्णनंदन अपने दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने के लिए गया था। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो बच्चों को डूबता देख वह उन्हें बचाने चला गया। इस दौरान कृष्णनंदन खुद गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि डूब रहे दोनों बच्चों की जान बच गई।

मृतक के परिजन से मिली जानकारी के अनुसार कृष्णनंदन दुबई में रहकर मजदूरी करता था, जिसके लिए आगामी एक जून को दुबई जाने के लिए उसने फ्लाइट का टिकट बनवा लिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

IPL में रिकॉर्ड की झड़ी लगाने वाली टीम सनराइजर्स हैदराबाद फाइनल में फुस्स हुई

 चेन्नई : IPL 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शदनागर जीत दर्ज की। पूरे सीजन में अपने प्रदर्शन के दम पर रिकॉर्ड की झड़ी लगाने वाली टीम सनराइजर्स हैदराबाद फाइनल में फुस्स हो गई। टीम के सारे विकेट 113 रन पर गिर गए। वहीं केकेआर ने आसान से लक्ष्य का पीछा करके इस सीजन आईपीएल के खिताब को अपने नाम कर लिया। 

मैच में हुए हैदराबाद के तरफ से उन पांच गलतियों के बारे में जिसकी वजह से टीम को हार का सामान करना पड़ा।

खेले गए फाइनल मुकाबले में कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। जो उनकी टीम के लिए गलत साबित हुआ। जबकि टॉस के बाद केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा था कि यदि वो टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी का फैसला करते। पिच रिपोर्ट को देखते हुए ये साफ पता चल रहा था कि पिच पहली पारी के लिये पूरी तरह से गेंदबाजों के पक्ष में रहेगी। जिसे कमिंस पढ़ नहीं सके और टॉस जीतकर गलत फैसला कर बैठे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के 21 रनों पर ही 3 विकेट गिर गए। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड का खाता फिर एक बार नहीं खुला। जबकि अभिषेक शर्मा ने 2 और राहुल त्रिपाठी ने 9 रन बनाए। इसी फ्लॉप टॉप ऑर्डर के कारण हैदराबाद की पूरी टीम मुश्किल में आ गई। ट्रेविस हेड का खाता क्वालिफायर-1में भी नहीं खुला था। उससे भी ठीक पहले ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में भी डक पर आउट हुए थे।

कमिंस ने इस पूरे सीजन में न्यूजीलैंड के स्पिन ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स को नहीं खिलाया, जबकि यह धाकड़ प्लेयर शानदार फॉर्म में था। फिलिप्स ने आईपीएल से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में 5 विकेट लिए थे। साथ ही फिफ्टी भी लगाई थी। फिलिप्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में भी बल्ले से धांसू प्रदर्शन किया था। फिलिप्स के अलावा लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय को भी इस मैच में मौका नहीं मिला। चेन्नई की पिच स्पिन फ्रेंडली मानी जाती है. यहां ऑफ स्पिनर फिलिप्स और मयंक अहम प्लेयर साबित हो सकते थे।

कप्तान कमिंस ने इस मुकाबले में एक बड़ी गलती की। लगातार गिरते विकेट की बीच उन्होंने स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को छठे नंबर पर उतारा। जबकि पिछले मुकाबले में क्लासेन ने फिफ्टी लगाई थी। यदि कमिंस उन्हें इस मैच में ऊपर उतारते तो शायद स्कोर कुछ ज्यादा हो सकता था।

हैदराबाद को पहले ही ओवर में तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने झटका दिया था। उन्होंने अभिषेक को क्लीन बोल्ड किया था। स्टार्क ने 14 रन देकर 2 विकेट झटके। इससे पहले क्वालिफायर-1 में भी स्टार्क ने शुरुआती झटके दिए थे। उन्होंने 34 रन देकर 3 विकेट लिए थे। पैट कमिंस को इस मुकाबले से सबक लेना था और स्टार्क के खिलाफ अच्छी रणनीति बनानी थी, लेकिन वो ऐसा नहीं कर सके। ऐसा ही कुछ आंद्रे रसेल के खिलाफ भी रहा। कमिंस ने रसेल के खिलाफ भी रणनीति नहीं बनाई और इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। रसेल ने मैच में 19 रन देकर 3 विकेट झटके।

चक्रवात के चलते कोलकाता में एक व्यक्ति की मौत

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवर्ती तूफान रेमल ने बंगाल के तटीय क्षेत्रों में रविवार आधी रात बाद लैंड फॉल किया। इसके प्रभाव से तेज आंधी-तूफान के साथ हो रही भारी बारिश में एक अधेड़ शख्स की मौत राजधानी कोलकाता में हो गई। वह व्यक्ति बारिश के समय घर से बाहर मौजूद अपने बेटे को लेने गया था। तभी सड़क किनारे एक घर का हिस्सा टूटकर उसके ऊपर गिर गया, जिससे मौत हो गई।

मृतक का नाम मोहम्मद साजिब (51) है। घटना एंटाली पुलिस स्टेशन के बिबी बागान इलाके में सोमवार रात हुई। बताया गया है कि साजिब का बेटा आईपीएल मैच देखने अपने दोस्त के घर गया था। साजिद इस डर से उसे बुलाने गया कि कहीं तूफान में उसे खतरा न हो। जैसे ही वह सड़क पर निकला, तेज बारिश होने लगी। उस वक्त साजिब ने बीबी गार्डन नंबर 10 में एक घर के नीचे शरण ली तभी मकान का छज्जा उसके ऊपर गिर गया।

स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेयर फिरहाद हकीम ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बहुत दुखद घटना। बार-बार सचेत करने के बावजूद लोग नहीं मानते हैं।

नगर निगम के मुताबिक, रेमल के कहर के कारण शहर के कुछ हिस्सों में घरों के कुछ हिस्से ढह गए हैं। सियालदह में भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घर की दीवार गिरने की घटना कैमक स्ट्रीट में भी हुई है। शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है।

कोलकाता में भारी बारिश से जन-जीवन बेहाल, घुटनों तक जमा पानी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में रेमल चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता में रात भर भारी बारिश हुई है जिसकी वजह से सोमवार सुबह अधिकतर क्षेत्रों में घुटनों भर पानी जम गया। कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूट कर गिरी हैं और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित है।

ट्रैफिक पूरी तरह से थम गई है और आम जनजीवन ठप है। बड़ाबाजार, खिदिरपुर, सेंट्रल एवेन्यू, दमदम, फूल बागान, कांकुड़गाछी समेत कोलकाता के अधिकतर इलाकों में घुटनों भर पानी जमा हुआ है। काकुड़गाछी और दमदम अंडर पास में तो कमर तक पानी भरा हुआ है जिसके कारण गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। स्कूल बंद रखे गए हैं और अधिकतर बाजार दुकानें बंद हैं।

अलीपुर मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक सोमवार दोपहर तक कोलकाता और आसपास के जिलों में भारी बारिश जारी रह सकती है। कोलकाता नगर निगम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरी स्थिति पर काबू पा लिया जाएगा। कोलकाता के पार्क सर्कस, ढाकुरिया, बालीगंज, अलीपुर आदि इलाके में पेड़ों के गिरने से कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं।

मेयर फिरहाद हकीम ने कहा, “फिलहाल कोई संकट नहीं है। हालात सामान्य करने के लिए लगातार काम हो रहे हैं।”

बिजली मंत्री अरूप विश्वास ने कहा, “कुछ जगहों पर ट्रांसफार्मर जल गए हैं। हालात को जल्द सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं। जब तूफ़ान रुकेगा तो हमें पता चलेगा कि कहां नुकसान हुआ है।”

IMD के मुताबिक सुंदरवन में भारी बारिश हो रही है। दक्षिण 24 परगना के कुलतली ब्लॉक के एक हिस्से में सोमवार सुबह से बिजली गुल है। हालांकि, अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है। सागरद्वीप में आपदा प्रतिक्रिया बल मौके पर पहुंच गए हैं।

रेमल चक्रवात से सबसे तेज हवाएं दममम में चली, कोलकाता में भी हुई भारी बारिश

कोलकाता : रेमल चक्रवात की वजह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में लगातार बारिश जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को जारी बयान में बताया है कि चक्रवात के समय सबसे अधिक तेज हवाएं दमदम में चली थीं। इसके अलावा
पूरे महानगर के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग परिमाण में बारिश हुई है।

मौसम कार्यालय की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया कि रात साढ़े 11 बजे तक दमदम में तूफान अपनी अधिकतम गति पर था। जहां 91 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। बांग्लादेश में तूफ़ान की रफ़्तार 100 से भी ज़्यादा थी।

IMD के अनुसार, रविवार रात को कैनिंग में 78 किमी प्रति घंटे, बारुईपुर में 67 किमी प्रति घंटे, निमपिथ में 63 किमी प्रति घंटे, डायमंड हार्बर में 69 किमी प्रति घंटे, सागर द्वीप और रायदिघी में 63 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

रविवार रात से कोलकाता में 144 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा दमदम में 85 मिमी, साल्टलेक में 97 मिमी, हल्दिया में 119 मिमी, दीघा में 69 मिमी, डायमंड हार्बर में 94 मिमी और कैनिंग में 91 मिमी बारिश हुई।

चक्रवात ‘रेमल’ के पश्चिम बंगाल तट से टकराने से पहले भारतीय नौसेना मुकाबले को तैयार

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान रेमल’ में तब्दील हो गया है। इसके रविवार आधी रात को पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप तथा बांग्लादेश के खेपुपारा के बीच समुद्र तट से टकराने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में इस मानसून सीजन के पहले चक्रवाती तूफान का मुकाबला करने के लिए भारतीय नौसेना ने व्यापक तैयारी की है। नौसेना ने त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अपने दो जहाजों के साथ कई तरह के हेलीकॉप्टरों को स्टैंडबाय पर रखा है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव चक्रवाती तूफान रेमल’ में तब्दील हो गया है। रेमल के भयंकर चक्रवात में तब्दील होने के बाद पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेपुपारा के बीच टकराने का पूर्वानुमान है। चक्रवात की चेतावनी के कारण सियालदह और दक्षिण 24 परगना के नामखाना, काकद्वीप, सियालदह-उत्तर 24 परगना के हसनाबाद के बीच कई स्थानीय उपनगरीय ट्रेन सेवाएं रविवार आधी रात से सोमवार की सुबह के बीच रद्द कर दी गई हैं। अनुमान है कि चक्रवात 26/27 मई की मध्यरात्रि तट को पार कर जाएगा।

भारतीय नौसेना ने चक्रवात रेमल’ से मुकाबला करने को मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए मौजूदा मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नौसेना मुख्यालय में स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। साथ ही पूर्वी नौसेना कमान मुख्यालय ने व्यापक तैयारी की है। भारतीय नौसेना ने चक्रवात से प्रभावित होने वाले लोगों की सुरक्षा और उन्हें राहत पहुंचाने के लिए चिकित्सा आपूर्ति से लैस दो जहाजों को तैनात किया है। इसके अलावा भारतीय नौसेना के सी किंग और चेतक हेलीकॉप्र के साथ-साथ डोर्नियर विमानों को त्वरित प्रतिक्रिया के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है।

बंगाल की खाड़ी में समुद्र तट से टकराने की संभावना के चलते कोलकाता में विशेष गोताखोर दल को उपकरणों के साथ तैनात किया गया है, ताकि तत्काल सहायता प्रदान की जा सके। इसके अलावा विशाखापत्तनम में आवश्यक उपकरणों के साथ गोताखोर दल स्टैंडबाय पर हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित तैनाती की जा सके। कोलकाता में बाढ़ राहत दल के साथ-साथ राहत एवं बचाव और चिकित्सा आपूर्ति दल को भी तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा नौसेना ने आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस चिल्का जहाजों को तैनात किया है, जिन पर दो-दो बाढ़ राहत दलों को अल्प सूचना पर तैनाती के लिए तैयार रखा गया है।

नेतन्याहू के खिलाफ सड़कों पर फिर उतरी इजरायल की जनता, विशाल जुलूस

गाजा : गाजा में हमास आतंकियों के खिलाफ जंग में उतरी इजरायली सेना एक तरफ कड़ा संघर्ष कर रही है। उधर, इजरायलियों की रक्षा कर पाने में नाकाम पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर आम इजरायली भड़के हुए हैं। पिछले दिनों महिला इजरायली सैनिकों के वीडियो सामने आए थे, जिसमें दावा किया गया कि हमास आतंकियों ने इन महिला इजरायलियों के साथ हैवानियत कीहै। वीडियो सामने के बाद इजरायल में एक बार फिर नेतन्याहू के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़का हुआ है। राजधानी तेल अवीव पर हजारों की संख्या में इजरायली नेतन्याहू के इस्तीफे की मांग के साथ प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच खूनी झड़प भी हो गई।

इजरायली सेना और हमास आतंकियों के बीच युद्ध निर्णायक मोड़ ले चुका है। उत्तरी गाजा में कहर बरपाने के बाद आईडीएफ अब दक्षिण गाजा में अपने ऑपरेशन तेज कर रही है। यहां राफा में इजरायली सेना रिहायशी इलाकों तक पहुंच चुकी है। इजरायली सेना को लगता है कि उत्तरी गाजा के बाद दक्षिणी गाजा के शहर राफा में हमास आतंकियों की बची खुची सेना है। ऐसे में इजरायल इस मौके को नहीं छोड़ना चाहता। इजरायली सेना पूरे दम से इस इलाके में भी हमास के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन चला रही है। हमास आतंकियों पर लगातार हमले कर रही इजरायली सेना के निशाने में आम लोग भी आ रहे हैं। गाजा में इजरायली हमलों में 35 हजार फिलिस्तीनियों को मार डाला गया, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे।

फिलिस्तीनियों के खिलाफ लगातार जंग कर रहे नेतन्याहू के खिलाफ अपने ही देश में भारी विरोध हो रहा है। नेतन्याहू पर इजरायलियों की रक्षा न कर पाने के आरोप लग रहे हैं। आठ महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है और अभी तक 200 से अधिक बंधकों का कोई पता नहीं चल पाया है। इजरायल लगातार उन्हें ढूंढने का दावा कर रहा है और उनके परिजन उनके वापस की उम्मीद खो रहे हैं। शनिवार शाम को एक बार फिर हजारों की संख्या में आम इजरायली सड़कों पर उतरे और नेतन्याहू के इस्तीफे की मांग की।

शनिवार को तेल अवीव में हजारों लोग पीएम बेंजामिन के खिलाफ प्रदर्शन करने उतरे। हमास द्वारा बंधक बनाए लोगों की वापसी के लिए लोगों ने नेतन्याहू के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान पुतलों को आग के भी हवाले किया गया। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा हालिया वीडियो पर था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वीडियो में महिला इजरायली सैनिकों के फुटेज सामने आए जो हमास के बंधन में हैं। अब हमास ने शनिवार को एक बार फिर दावा करके सनसनी मचा दी कि उत्तरी गाजा में इजरायली सैनिकों के साथ उनकी अल कसम ब्रिगेड के सैनिकों के साथ जंग हुई। जिसमें कई इजरायली सैनिक मारे गए और कुछ को उन्होंने बंधक बना लिया है। इन वीडियो के सामने आने के बाद इजरायल में आम लोग एक बार फिर नेतन्याहू सरकार पर आक्रोशित हैं और नेतन्याहू के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से खूनी झड़प भी हुई। सैंकड़ों की संख्या में आम लोग घायल हुए हैं।

इजरायल में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन के बीच एक छोटा अमेरिकी सैन्य जहाज और डॉकिंग क्षेत्र की एक पट्टी दक्षिणी इजरायली शहर अशदोद के पास समुद्र तट पर बहकर आ गया। यह अमेरिका द्वारा निर्मित उस घाट से ज्यादा दूर नहीं है, जिसके बारे में इजरायली सेना ने कहा था कि फिलिस्तीनी क्षेत्र में मानवीय सहायता पहुंचाई जा रही है।

गले में लीची का बीज फंसने से ढाई साल के बच्चे के मौत

जलपाईगुड़ी : जिले के राजगंज ब्लॉक के मझियाली ग्राम पंचायत के बंधुनगर डांगापाड़ा निवासी अल्ताबुल रहमान के ढाई वर्षीय पुत्र शमीम अख्तर के गले में लीची का बीज फंसने से मौत हो गई है। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही आसपास में मातम छा गया।

इस घटना के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, राजगंज के डांगापाड़ा निवासी अल्ताबुल रहमान के दो बच्चे शनिवार रात घर के लीची पेड़ के नीचे खेल रहा था। उस समय उनके माता-पिता घर पर थे। तभी अल्ताबुल रहमान के छोटा लड़का शमीम लीची को बीज सहित खाने की कोशिश करने लगा। जिससे लीची का बीज श्वास नली में फंस गया।

बच्चे के रोने की आवाज सुनकर माता-पिता और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शमीम को ग्रामीण अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बच्चे के मौत के बाद से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम छा गया है।

राहुल गांधी ने कहा- 5 जुलाई को महिलाओं के खाते में ठकाठक-ठकाठक आएंगे 8,500 रुपए

शिमला:कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम करोड़ों लखपति बनाने जा रहे हैं। हमारी सरकार बनेगी तो हम सबसे पहले गरीबों की लिस्ट बनाएंगे और हर परिवार की एक महिला का नाम चुनाव जाएगा जिसके एकाउंट में पांच जुलाई को 8,500 रुपए भेजे जाएंगे। यह जुलाई के अगस्त, सितंबर, अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर और उसके आगे भी यह ठकाठक-ठकाठक होता रहेगा। उस वक्त देश का मीडिया यह कहेगा कि देश की सरकार गरीबों को मुफ्त में पैसे दे रही है, उस वक्त मैं यह कहूंगा कि अगर ज्यादा बोले तो मैं यह रकम दोगुनी कर दूंगा। गरीबों के इस लिस्ट में किसानों के परिवार होंगे, गरीबों के परिवार होंगे।

पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने दस साल के शासन काल में 16 लाख करोड़ रुपया 22-25 लोगों को दिया है। मतलब उन्होंने 22 अरबपति उन्होंने बनाएं हैं, अगर आप अदाणी के शेयर प्राइस देखें तो पीएम मोदी के शपथ लेते ही उनका शेयर प्राइस बढ़ता जाता है. इसकी वजह यह है कि बाजार इस बात को जानता है कि मोदी जी हैं तो अदाणी को फायदा होगा।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार देश से लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है. पीएम मोदी एक तानाशाह हैं और उनकी इच्छा यही है कि देश से लोकतंत्र को समाप्त किया जाए. इसके लिए वे देश के संविधान को भी नष्ट करना चाहते हैं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जाति और धर्म की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार सिर्फ और सिर्फ नफरत फैलाना चाहती है।

राजकोट में गेमिंग जोन में हुईं 25 से ज्यादा मौतें, एयर कंडीशनर की खराब मेंटेनेंस थी कि क्या मुख्य वजह

राजकोट: गुजरात के राजकोट के प्राइवेट गेमिंग जोन में लगी भीषण आग से अब तक 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। आग लगने की मूल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि एयर कंडीशनिंग यूनिट में हुए जबरदस्त विस्फोट से दुर्घटना हुई थी।

शनिवार शाम को गुजरात के राजकोट के प्राइवेट गेमिंग जोन में लगी भीषण आग से अब तक 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। आग लगने की मूल वजह पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों का कहना है कि एयर कंडीशनिंग यूनिट में हुए जबरदस्त विस्फोट से दुर्घटना हुई थी। विस्फोट के कारण गेमिंग जोन में घना धुआं फैल गया और एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद आग तेजी से फैल गई।

गेमिंग जोन के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने अधिकारियों को पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया गया है। वहीं घायलों को 50-50 हजार का मुआवजा मिलेगा। इस सब के बीच सवाल खड़ा होता है कि आखिर एसी यूनिट क्यों फटता है।

चिलचिलाती गर्मी में एयर कंडीशनर पूरे कमरे को ठंडा करने में कारगर है। आजकल तो AC हर घर की जरूरत बन गए हैं। लेकिन इसका इस्तेमाल बहुत ही सावधानी के साथ करना चाहिए। लापरवाही बरतने से AC में धमाका भी हो सकता है। गर्मी के मौसम में ऐसे मामले ज्यादा आते हैं। AC फटने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. आइए एक-एक करके समझते हैं।

एयर कंडीशनर के फटने की एक बड़ी वजह है रेफ्रिजरेंट का लीक होना। रेफ्रिजरेंट उन गैसों को कहते हैं, जो कमरे को ठंडा रखने का काम करते हैं। अगर मशीन को मेंटेन नहीं किया जाता, तो एसी से रेफ्रिजरेंट लीक होने लगता है। ये गैस इलेक्ट्रिक स्पार्क के संपर्क में आने से धमाका करती हैं।

एयर कंडीशनर हवा को अपने अंदर खींचकर ठंडी हवा बाहर फेंकता है। अब हवा खींचने के दौरान उसके फिल्टर में डस्ट भी जमा हो जाती है। यदि लंबे समय से AC की सर्विस नहीं कराई जाती तो उसमें गंदगी जमा होती जाती है। इससे फिल्टर पर दबाव पड़ेगा और कंप्रेसर पर ज्यादा लोड पड़ेगा। कंप्रेसर का कूलिंग में बहुत बड़ा योगदान होता है। कंप्रेसर पर दबाव बड़ने से विस्फोट होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए एसी की समय-समय पर मेंटेनेंस कराए जाने की सलाह दी जाती है।

गंदगी जमा होने से कंडेनसर कॉइल्स पर भी असर पड़ता है ये हिस्सा रेफ्रिजरेंट के साथ मिलकर हवा से गर्मी को दूर करता है. कंडेनसर कॉइल में अक्सर धूल-गंदगी जमा हो जाती है, जो हीटिंग प्रोसेस को बाधित करती है. अगर कॉइल अपना काम ढंग से नहीं करता, तो एसी के आंतरिक प्रोसेस पर दबाव पड़ता है. यह दबाव एक विनाशकारी विस्फोट का कारण बन सकता है।

गर्मियों में एयर कंडीशनर सुबह से लेकर रात तक चलता रहता है। लेकिन ज्यादा एसी चलाने से कुछ AC ओवरलोड हो जाते हैं। अगर ये लंबे समय तक लगातार चलते हैं तो उन पर दबाव बढ़ जाता है। इससे AC के इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स गर्म हो जाते हैं, जो विस्फोट का कारण भी बन सकते हैं।

ऐसे मामलों में रूम के हिसाब से AC का चयन किया जाना चाहिए। साइज का मतलब AC के बड़े या छोटे होने से नहीं है, बल्कि उसकी कूलिंग कैपेसिटी से होता है। अगर आप बड़े कमरे में कम कैपेसिटी वाले एसी को लगाते हैं, तो कई घंटों तक चलने के बाद भी कमरा ठंडा नहीं होगा। इससे बिजली की खपत के साथ-साथ AC की लाइफ पर भी असर होता है।

Payal Kapadia बनीं ग्रैंड प्रिंक्स अवॉर्ड जीतने वाली पहली Indian Director

मुंबई : इन दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत का ही जादू चल रहा है। पिछले दिनों अनसूया सेनगुप्ता ने अन सटर्न रिगाडर् कैटेगरी में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। वहीं अब भारत की डायरेक्टर पायल कपाड़िया ने फेस्टिवल के आखिरी दिन सारी महफिल लूट ली। उनकी फीचर फिल्म ‘ऑल वी इमैजिन ऐज लाइट‘ का प्रीमियर हुआ। इस दौरान लोगों को लोगों अपने आर्ट से इतना ज्यादा इंप्रेस कर दिया कि मूवी देखने के बाद 8 मिनट तक उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया। पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा और ये हर भारतीय के लिए गर्व का पल था।

पायल भारत की पहली महिला डायरेक्टर बन गईं है जिनकी फीचर फिल्म को Palme d’Or कैटगरी के लिए नॉमिनेट किया गया था। हालांकि इस कॉम्पटीशन में इस फिल्म को पहला तो नहीं, लेकिन दूसरा सबसे बड़ा सम्मान ग्रैंड प्रिक्स अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया। 

पायल का जन्म मुंबई में हुआ है और उन्होंने आंध्र प्रादेश के Rishi Valley school से अपनी पढ़ाई की है। डायरेक्टर ने अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने सोफिया कॉलेज से अपनी मास्टर की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी होने के बाद पायल ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट से डायरेक्शन की बारीकियां सीखीं। पिछले 10 सालों में उन्होंने कई सारी शॉर्ट फिल्में भी बनाई हैं।

बता दें, पायल को इससे पहले भी बेहतरीन काम के लिए सम्मान मिल चुका है। उन्होंने नाइट ऑफ नोइंग नथिंग नाम की एक शॉर्ट फिल्म बनाई थी, जिसके लिए कान्स फिल्म फेस्टिवल में ही साल 2021 में उन्हें गोल्डन आई अवॉर्ड मिला था।

साल 2015 में पायल FTII की स्टूडेंट थीं, तब उन पर कक्षाओं का बहिष्कार करने और टेलीविजन- एक्टर से राजनेता बनें गजेंद्र चौहान की संस्थान के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के खिलाफ 4 महीने तक विरोध प्रदर्शन करने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाया गया था।

कोलकाता और हैदराबाद के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आज फाइनल मुकाबला

कोलकाता :आईपीएल 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाना है। बेसब्री से सभी को इंतजार है कि आईपीएल 2024 का किंग कौन बनेगा? बता दें, दोनों टीमों के बीच ये फाइनल मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

जैसा की सभी जानते हैं कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले क्वालीफायर में जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। वहीं हैदराबाद ने दूसरे क्वालीफायर में जीत दर्ज करके अपनी जगह फाइनल में पक्की की थी।

बता दें, टीमों टीमों का प्रदर्शन इस सीजन में कमाल का रहा है। दोनों ही टीमों में एक से बढ़कर एक दिग्गज बल्लेबाज और गेंदबाज भरे पड़े हैं। जिसे देखकर ये साफ शब्दों में कहा जा रहा है कि दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक और उतार चढ़ाव वाला मुकाबला देखने को मिल सकता है।

देखा जाए तो आज होने वाले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड को देखें तो कोलकाता ने 18 मैच जीते हैं। वहीं हैदराबाद ने 9 मैचों में जीत दर्ज की है। कोलकाता का हैदराबाद से इस सीजन में यह तीसरा मुकाबला होगा। केकेआर ने लीग मैच में शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद प्लेऑफ में भी जीत हासिल की। अब दोनों ही टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। 

आईपीएल 2024 के फाइनल मुकाबले में कोलकाता की टीम के तरफ से सुनील नारायण तबाही मचा सकते हैं। इन्होंने इस सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया है। वह टीम के लिए एक्स फैक्टर साबित हुए हैं। उन्होंने इस सीजन में सलामी बल्लेबाजी करते हुए अपने बल्ले से सभी विपक्षी टीम के सभी गेंदबाज को खूब धोया है। वहीं गेंदबाजी में नारायण ने अपने सामने सभी बल्लेबाजों को खूब नचाया है। वे हैदराबाद के खिलाफ केकेआर को जीत दिलाने में अहम साबित हो सकते हैं। सुनील ने इस सीजन के 13 मैचों में 482 रन बनाए हैं। इस दौरान 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 16 विकेट भी हासिल किए हैं।

बता दें, आईपीएल के इतिहास में क्वालीफायर 1 में जीत दर्ज करने वाली टीमों ने सबसे अधिक छह फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की है और खास बात तो ये हैं कि क्वालीफायर 1 भी इन दोनों टीमों के बीच खेला गया था। जिसमें कोलकाता ने हैदराबाद को 8 विकेट से हरा दिया था। एक दिलचस्प फैक्ट यह है कि पहले क्वालीफायर को जीतने वाली टीमों ने ही पिछले छह फाइनल मैच जीते हैं। अगर सब कुछ केकेआर के पक्ष में रहा तो उसके लिए जीत आसान हो सकती है।

कोलकाता के पास अच्छे बल्लेबाज और गेंदबाज हैं। सुनील के साथ वेंकटेश अय्यर कमाल दिखा सकते हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने कई मैचों में अच्छा परफॉर्म किया है। रिंकू सिंह गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। केकेआर के पास मिचेल स्टार्क जैसा घातक गेंदबाज भी है।