लोन के नाम पर रांची में फोन, नोएडा से नौ महिलाएं गिरफ्तार

नई दिल्ली : फर्जी बैंक लोन और बीमा पॉलिसी बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। नोएडा पुलिस ने बताया कि सेक्टर 51 में एक कमरे से गिरोह काम को अंजाम देता था। फर्जी कॉल सेंटर से दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉमर्स के छात्र और 10 अन्य लोगों जिनमें नौ महिलाएं हैं । पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है। 

रैकेट के पीछे का मास्टर माइंड आशीष कुमार उर्फ ​​अमित का हाथ है। पुलिस को उसने बताया कि वह बीकॉम है और 2019 से कुछ वर्षों तक सह-आरोपी जितेंद्र कुमार वर्मा उर्फ ​​अभिषेक के साथ पब्लिक सेक्टर के बैंक के लिए जीवन बीमा पॉलिसी बेच रहा था।

डीसीपी (क्राइम) शक्ति अवस्थी ने मामले को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी ने मिलकर फर्जी कॉल सेंटर का जाल तैयार किया था। वे एनसीआर से बाहर रहने वाले लोगों को फर्जी बीमा और लोन का लालच देते थे। इन्होंने पिछले साल एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस से केवल 2,500 रुपये में करीब 10,000 लोगों की निजी जानकारी हासिल की। आरोपियो ने नौ महिलाओं की भर्ती की। उन्हें फर्जी पॉलिसी बेचने या लोन देने के लिए कॉल करने की ट्रेनिंग दी गई. ये महिलाएं कमीशन पर काम करती थीं।

पुलिस ने बताया कि जब कोई व्यक्ति पॉलिसी खरीदने या लोन लेने के लिए सहमत हो जाता था, तो इसके बाद वह भुगतान कर देता था। पैसा कर्नाटक के पंजाब नेशनल बैंक के खाते में ट्रांसफर हो जाता था। यह खाता आशीष के नाम पर था। पुलिस ने पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया है। एक ‘ब्लैक डायरी’ बरामद की गई है। फर्जी कॉल सेंटर से अन्य चीजों के अलावा 25 मोबाइल फोन, 81 डेटा शीट, एक रजिस्टर और दो फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए गए।

पुलिस ने कहा कि गिरोह के खिलाफ झारखंड के रांची में भी एक मामला मिला है। एक खुफिया सूचना के बाद सीआरटी और सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन के अधिकारियों द्वारा एक संयुक्त अभियान चलाया गया और ये गिरफ्तारियां की गईं।

बिहार के लालू और नीतीश को मिला अनंत अंबानी की शादी का निमंत्रण

पटना: अनंत अंबानी अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे हैं। वहीं राधिका मर्चेंट एनकोर हेल्थकेयर के सीईओ वीरेन मर्चेंट और उद्यमी शैला मर्चेंट की बेटी हैं। दो प्रमुख उद्योगपति परिवारों का मिलन 12 जुलाई को होने जा रहा है। जिसमें बिहार के दो दिग्गज नेताओं को निमंत्रण मिला है।

मुकेश अंबानी ने अपने पुत्र अनंत अंबानी की शादी में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को आमंत्रित किया है। शादी 12 जुलाई को मुंबई में होनी है।

शादी समारोह के लिए अंबानी परिवार ने देश की लगभग सभी प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया है। जिसमें बिहार के ये दो दिग्गज नेता भी शामिल हैं। लालू प्रसाद से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि स्वास्थ्य खराब होन के कारणों से वे शायद शादी समारोह में न शामिल हो पाएं. लेकिन ऐसी स्थिति में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव समारोह में शामिल हो सकते हैं।

पारंपरिक हिंदू वैदिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए, शादी के उत्सव की योजना बनाई गई है। शादी का कार्यक्रम शुक्रवार, 12 जुलाई को सुनिश्चित किया गया है. इस मौके पर अंबानी परिवार की ओर से मेहमानों को पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर आने की गुजारिश की गई है।

12 जुलाई को अनंत और राधिका एक दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे। लेकिन, शादी का कार्यक्रम शनिवार, 13 जुलाई को शुभ आशीर्वाद के साथ जारी रहेगा। अंतिम कार्यक्रम, मंगल उत्सव या शादी का रिसेप्शन, रविवार, 14 जुलाई को निर्धारित की गई है।

देवघर में तीन मंजिला इमारत गिरने से दो की मौत

देवघर : देवघर शहर में रविवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। सीता होटल के पास 3 मंजिली इमारत गिर गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग फंस गए। मलबे से 4 लोगों को निकाला गया, जिसमें 2 की मृत्यु हो गई। मृतकों के नाम मनीष दत्त द्वारी और सुनील कुमार (38) हैं। 3 लोग अभी भी मलबे में फंसे हैं. 3 बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले ही निकाल लिया गया था।

जेसीबी और मजदूरों को बुलाकर गिरी हुई इमारत का मलबा हटवाया जाने का काम जारी रहा। पहला रेस्क्यू सुबह 8:30 बजे हुआ। एनडीआरएफ टीम ने अनुपमा देवी को बाहर निकाला। दूसरा रेस्क्यू 9:35 बजे हुआ। अनुपमा के पति मनीष दत्त द्वारी को निकालकर एनडीआरएफ टीम ने सदर अस्पताल भेजा। ऑनड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीता होटल के समीप बमबम बाबा पथ हंसकुप मुहल्ले में जिस वक्त हादसा हुआ, भवन में 3 परिवार की 3 महिला समेत 9 लोग अंदर थे। मुहल्ले वालों ने 2 लड़कियों सुभानी कुमारी और पीहू कुमारी को निकाला, लेकिन 3 महिला सहित 7 लोग फंसे रह गए. दिनेश वर्णवाल, दिनेश की पत्नी अनुपमा देवी, सुनील कुमार यादव, सुनील की पत्नी सोनी देवी व सुनील का पुत्र सत्यम कुमार मलबे में फंसा है। सभी को निकालने में एनडीआरएफ की टीम जुटी है।

इस हादसे की सूचना मिलते ही गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे सूचना मिली कि एक इमारत गिर गई है। लोग परेशान हैं। सभी लोग आ गए, लेकिन रेस्क्यू टीम 1 घंटे बाद पहुंची। प्रशासन के लोग देर से पहुंचे। डॉ. दुबे ने कहा कि 10-12 साल पहले देवघर में एक बड़ी दुर्घटना हुई थी, तब केंद्र सरकार ने एनडीआरएफ की एक स्थायी टीम को देवघर में तैनात किया था. इस टीम ने ही रोप-वे हादसे के समय लोगों की जान बचाई थी।

निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर के रोप-वे में खराबी के बारे में जैसे ही पता चला मैंने गृह मंत्री, गृह सचिव को फोन किया। जिला प्रशासन को फोन किया. तब तक गृह सचिव एक्टिव हो चुके थे. लेकिन, आज यहां प्रशासन सभी लोगों के बाद आया है। हम सब यहां आ गए, आप यहां आ गए, प्रशासन की टीम बाद में आयी।

डॉ. दुबे ने कहा कि लेकिन डीसी देवघर का कहना है कि उनका प्रोटोकॉल कहता है कि घायलों को सदर अस्पताल देवघर ले जाना है। सांसद ने कहा कि मुझे नहीं पता कि ये क्या प्रोटोकॉल है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाना जरूरी है. घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन घायलों का उचित उपचार देवघर एम्स में ही हो सकता है।

देवघर के उपायुक्त विशाल सागर ने कहा कि सूचना मिलते ही हमने एनडीआरएफ की टीम को काम पर लगाया। दो लोगों को रिकवर किया गया है। प्रोटोकॉल के साथ सदर अस्पताल में मेडिकल टीम को तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मलबे के अंदर से आवाजें आ रहीं हैं. कुछ लोग अभी फंसे हैं. डीसी ने बताया कि यहां कुछ कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। संभवत: मकान कमजोर रहा होगा, जिसकी वजह से ऐसी घटना हुई है। मकान क्यों गिरा, इसकी जांच करवाई जाएगी, लेकिन अभी हमारी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और उनकी जान बचाना है।

जम्मू-कश्मीर में तीन मुठभेड़, 6 आतंकवादी मारे गए

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में 2 अलग-अलग जगहों पर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीछ मुठभेड़ हुई।  जानकारी के अनुसार, रविवार को दो आंतकी मारे गए हैं। इससे पहले शनिवार को 4 आतंकियों को मार गिराया गया था। अबतक सुरक्षाबलों ने कुछ छह आतंकियों को ढेर कर दिया है. इन दोनों ऑपरेशन के दौरान दो जवान शहीद भी हुए है।

मुठभेड़ को लेकर एक अधिकारियों ने बताया कि कुलगाम के फ्रिसल चिन्नीगाम इलाके में घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किए जाने के दौरान आतंकवादियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई. मुठभेड़ स्थल की ड्रोन फुटेज में चार शव पड़े हुए नजर आए, लेकिन गोलीबारी अब भी जारी रहने के कारण शव अभी बरामद नहीं किये जा सके. मुठभेड़ स्थल श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक नहीं बल्कि जिले के अंदरूनी इलाकों में है। सुरक्षा बलों ने संबंधित इलाकों की कड़ी घेराबंदी की है।

इस बीच खबर है कि जम्मू कश्मीर में राजौरी जिले के एक गांव में सुरक्षा चौकी पर आतंकवादियों की गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया। आतंकवादियों ने तड़के करीब चार बजे मंजाकोट क्षेत्र के गलुथी गांव में सेना की चौकी पर गोलीबारी की. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। आतंकवादियों और जवानों के बीच करीब आधे घंटे तक गोलीबारी हुई. इसमें सेना का एक जवान घायल हो गया। वहीं, आतंकवादी निकट के जंगल में भागने में सफल रहे। आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

मुंबई में अनंत अंबानी की शादी के कारण 12 से 15 जुलाई तक यातायात दिशानिर्देश

मुंबई: एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी की राधिका मर्चेंट के साथ हो रही शादी के कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक गाइडलाइंस जारी की गई है। मुख्य समारोह 12 जुलाई को मुंबई में है। इसमें शामिल होने दुनिया भर से वीआईपी आने वाले हैं।

इसके मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने 12 से 15 जुलाई तक बीकेसी में यातायात से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 12 जुलाई की दोपहर 1 बजे से 15 जुलाई की आधी रात तक बीकेसी परिसर में ये ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे।

-लक्ष्मी टावर जंक्शन-धीरूभाई अंबानी स्क्वायर एवेन्यू लेन 3- इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप- डायमंड जंक्शन- होटल ट्राइडेंट से कुर्ला एमटीएनएल की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर प्रतिबंध रहेगा। यहां केवल शादी में आमंत्रित अतिथियों के वाहनों को ही जाने की अनुमति रहेगी।

-वैकल्पिक रूप से, वन बीकेसी से आने वाले वाहन लक्ष्मी टावर जंक्शन- डायमंड गेट नंबर 8- नाबार्ड जंक्शन से बाएं मुड़ सकते हैं। डायमंड जंक्शन से दाएं मुड़ सकते हैं और धीरूभाई अंबानी स्क्वायर से बीकेसी की ओर बढ़ सकते हैं।
-कुर्ला, एमटीएनएल जंक्शन, प्लेटिना जंक्शन, डायमंड जंक्शन से धीरूभाई अंबानी स्क्वायर पर बीकेसी कनेक्टर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए प्रवेश वर्जित रहेगा। यहां भी केवल शादी में आमंत्रित लोगों के वाहन शामिल जा सकेंगे।

-वैकल्पिक रूप से, कुर्ला, एमटीएनएल जंक्शन, प्लेटिना जंक्शन, डायमंड जंक्शन से आने वाले वाहन चालक नाबार्ड जंक्शन पर बाएं मुड़ेंगे और डायमंड गेट नंबर 8 से आगे बढ़ेंगे। ये लक्ष्मी टावर जंक्शन पर दाएं मुड़ेंगे और बीकेसी की ओर बढ़ सकेंगे।

-भारत नगर, वन बीकेसी, वी वर्क्स, गोदरेज की ओर से आने वाले यातायात को जियो कन्वेंशन सेंटर गेट नंबर 23 पर प्रतिबंधित किया जाएगा। यहां से ट्रैफिक अमेरिकी वाणिज्य दूतावास, एमटीएनएल जंक्शन की ओर बढ़ेगा।

-अमेरिकी वाणिज्य दूतावास, जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर, बीकेसी कनेक्टर की ओर जाने के दौरान एमटीएनएल जंक्शन से आने वाले यातायात को सन टेक बिल्डिंग पर प्रतिबंधित किया गया है।

-अंबानी स्क्वायर से लक्ष्मी टावर जंक्शन तक लतिका रोड को यातायात के लिए एकतरफा किया गया है।

– कौटिल्य भवन से अमेरिकी वाणिज्य दूतावास तक एवेन्यू 3 रोड पर भी एकतरफा यातायात सुविधा रहेगी।

‘मुआवजा और बीमा में अंतर होता है’, अग्निवीर योजना को लेकर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

नई दिल्ली :  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर एक बार फिर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने शहीद अग्निवीर अजय कुमार के परिवार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें सरकार से अभी तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। राहुल ने इसको लेकर एक वीडियो भी साझा किया और सरकार से सवाल भी पूछा।

संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर राहुल गांधी के भाषण पर काफी हंगामा हुआ था। भाषण में राहुल ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर निशाना साधा और कई आरोप भी लगाए, जिसे सरकार ने फर्जी बताया।

इस बीच राहुल गांधी एक बार फिर अग्निवीर योजना को लेकर सरकार पर बरसे हैं। कांग्रेस नेता ने शहीद अग्निवीर अजय कुमार के परिवार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें सरकार से अभी तक कोई मुआवजा नहीं मिला है।

राहुल ने एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा कि मृतक अग्निवीर के पिता कह रहे हैं कि उनके परिवार को एक निजी बैंक से बीमा के रूप में 50 लाख रुपये और सेना समूह बीमा कोष से 48 लाख रुपये मिले थे।

राहुल ने परिवार को सरकार से कोई अनुग्रह राशि नहीं मिलने की बात कही और सवाल किया कि उनका बकाया वेतन उनके बैंक खाते में क्यों नहीं जमा किया गया है।

वीडियो में राहुल गांधी ने दावा किया कि अजय कुमार के परिवार को सरकार से कोई वैसी सहायता नहीं मिली जो मिलनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि ‘मुआवजा’ और ‘बीमा’ में अंतर होता है। बीमा कंपनी द्वारा ही शहीद के परिवार को भुगतान किया गया है।

राहुल ने आगे कहा कि देश के लिए अपनी जान तक कुर्बान करने वाले इन शहीदों का सम्मान करना जरूरी है, लेकिन मोदी सरकार उनके साथ भेदभाव कर रही है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि सरकार चाहे जो भी कहे, यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है और मैं इसे उठाता रहूंगा।

दो हिस्सों में बंटी पंचवटी एक्सप्रेस, घटना मुंबई के कसारा स्टेशन के पास

मुंबई :  शनिवार सुबह मुंबई जा रही पंचवटी एक्सप्रेस के दो डिब्बे कसारा स्टेशन के पास अलग हो गए। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार मुंबई की ओर आते समय सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर कसारा स्टेशन के पास पंचवटी एक्सप्रेस के डिब्बे संख्या 3 और 4 अलग हो गए। मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार समस्या का तुरंत समाधान कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा कि सुबह 9 बजे तक डिब्बों को सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया। ट्रेन की सुरक्षा और संरक्षा की पुष्टि करने के बाद, इसे मुंबई के लिए फिर से रवाना कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन को लगभग 35 मिनट तक रोका गया। हालांकि, इस हादसे में किसी को कोई नुकसान या चोट नहीं आई। अब उक्त लाइन पर ट्रेनें सुचारू रूप से चल रही हैं।

 रविवार को महानगर में तैनात रहेंगे डेढ़ हजार पुलिस कर्मी

कोलकाता : रविवार रथयात्रा के दिन महानगर की सड़कों पर 1,500 पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (हेडक्वार्टर) मिराज खालीद ने बताया कि रविवार को महानगर में 7 बड़ी रथयात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें सबसे प्रमुख इस्कॉन कोलकाता रथयात्रा है। जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।

इसके अलावा शहर के अलग- अलग हिस्सों में 60 से 70 छोटे स्तर पर रथयात्राओं का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा के दिन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लालबाजार में डीसी और थाना प्रभारियों के साथ विशेष बैठक की गई है।

प्रत्येक रथयात्रा के साथ एक डीसी रैंक के पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगी। शहर के जिन मार्गों से होते हुए रथयात्रा गुजरेगी वहां ट्राफिक सेवा बाधित रहेगी। महानगर के एकाधिक जगहों पर पुलिस पिकेट स्थापित किए जाएंगे। वहीं कानून व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए कोलकाता पुलिस के 1,500 पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।

इसके अलावा सभी मेट्रो स्टेशन, मार्केट व मंदिरों के आसपास भी अतिरिक्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी। पार्क स्ट्रीट और मैदान इलाके में कोलकाता पुलिस के डीडी और वीनर्स की टीम को भी विशेष नजर रहेगी।

अगले 2-3 घंटों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना

कोलकाता : अगले 2-3 घंटे में महानगर के कई हिस्सों में बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना है। जानकारी के अनुसार कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्से में लगातार बारिश की वजह से मौसम बदल गया है। राज्य के लोगों  को गर्मी से राहत मिली है।

अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में बताया गया है कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 32.01 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया है।

कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, झाड़ग्राम में तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने वाला है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और सारा दिन रह-रह कर बारिश हो सकती है।

उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिमपोंग में हालांकि भारी बारिश का सिलसिला नौ जुलाई तक जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने लोगों को बिना वजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

 

कोलकाता ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहते हैं… तो ये खबर आपके लिए है

कोलकाता : गाड़ी चलाने के लिये नया ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए अब से परिवहन विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होगा। पिछले कई सालों से राज्य के विभिन्न प्रांतों में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों की संख्या काफी बढ़ गयी है। गाड़ी ड्राइविंग सीखने के बाद इन मोटर ट्रेनिंग स्कूलों से एक सर्टिफिकेट दिया जाता है।

कई मामलों में रुपये के बदले  कई ट्रेनिंग स्कूल नये ड्राइवरों को ‘लर्नर्स ड्राइविंग लाइसेंस’ दे देते हैं। जिस वजह से  कई मामलों में सड़क दुर्घटनाएं घटती हैं। इस कारण परिवहन विभाग के ‘सारथी’ पोर्टल पर नये ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्तकर्ताओं काे अब आवेदन करना होगा। निजी मोटर ट्रेनिंग स्कूलों को सबक सिखाने के लिये ही यह नया तरीका ढूंढा गया है।

परिवहन विभाग के अनुसार, राज्य में स्वीकृत मोटर ट्रेनिंग स्कूल 547 हैं। इन सभी स्कूलों को विभाग के सारथी पोर्टल से जोड़ा जायेगा। अगर कोई गाड़ी चलाना सीखकर लाइसेंस पाने के लिये आवेदन करना चाहे तो उसे विभाग के इस पोर्टल पर जाकर अपना नाम रजिस्टर्ड करना होगा। इसके साथ ही यह बताना होगा वह किस संस्था से गाड़ी चलाना सीख रहे हैं।

वह व्यक्तिगत कारणों से गाड़ी चलाना सीख रहे हैं या वाणिज्यिक कारणों से, यह भी पाेर्टल में बताना होगा। परिवहन विभाग ऐसे किसी मोटर ट्रेनिंग स्कूल से सर्टिफिकेट लेने पर उसे मान्यता नहीं देगा जो विभाग द्वारा स्वीकृत नहीं है। इस संबंध में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों के लिये परिवहन​ विभाग द्वारा एक निर्देशिका बनायी जा रही है जो जल्द ही ट्रेनिंग केंद्रों को भेजी जायेगी।

‘Tesla भारत में नहीं करेगी इन्वेस्ट’, OLA के CEO ने दिया इसे लेकर अपना बयान

नई दिल्ली :  हाल ही में एक रिपोर्ट में ये खुलासा किया गया है कि Tesla ने नई दिल्ली में अधिकारियों के साथ बातचीत में हुई दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया है और अब Tesla से भारत में निवेश की उम्मीद नहीं है। रिपोर्ट में टेस्ला की वित्तीय समस्याओं का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि टेस्ला की भारत में नया निवेश करने की कोई योजना नहीं है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Tesla की जगह सरकार अब महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स जैसे घरेलू खिलाड़ियों की ओर रुख कर सकती है ताकि भारत में ईवी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सके।

इस रिपोर्ट के खुलासे के बाद OLA के सीईओ Bhavish Aggarwal ने एक बयान जारी कर कहा है कि टेस्ला द्वारा भारतीय बाजार में निवेश नहीं करना एलोन मस्क की स्वामित्व वाली वाहन कंपनी के लिए एक बड़ा नुकसान है, भारत के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय ईवी और लिथियम उद्योग तेजी से बढ़ रहे हैं और टेस्ला के लिए कुछ सालों में भारत को गंभीरता से लेने में बहुत देर हो जाएगी।

X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, “अगर यह सच है, तो यह टेस्ला का नुकसान है, भारत का नहीं। जबकि भारतीय ईवी और लिथियम इको सिस्टम प्रारंभिक अवस्था में है, हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। टेस्ला के लिए कुछ सालों में जब वे भारत को गंभीरता से देखेंगे तो बहुत देर हो जाएगी।”

टेस्ला ने इस तिमाही में वैश्विक वितरण में लगातार दूसरी गिरावट दर्ज की है और चीन से बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहा है। वाहन निर्माता ने भी इस साल नौकरी में कटौती की घोषणा की, अपने प्रमुख साइबरट्रक स्टॉल को बेच दिया और अपने मेक्सिको संयंत्र के निर्माण में देरी की।

क्या शादी के सिर्फ 2 हफ्ते बाद ही प्रेग्नेंट हुईं सोनाक्षी सिन्हा ?

मुंबई :  सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने 23 जून को अपने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में सिविल मैरिज की। उसके बाद न्यूली वेड कपल ने एक शानदार रिसेप्शन पार्टी रखी, जिसमें बॉलीवुड के सेलेब्स शामिल हुए। कपल इन दिनों अपनी शादीशुदा जिंदगी को एंजॉय कर रहे हैं। साथ ही फोटोज भी फैंस के साथ पोस्ट कर रहे हैं । इस बीच सोनाक्षी अपनी अपकमिंग हॉरर फिल्म काकुडा के प्रमोशन में भी लगी हुई है। इस दौरान एक्ट्रेस ने प्रेग्नेंसी रूमर्स को लेकर बात की।

कॉमेडी हॉरर फिल्म काकुडा जी5 पर रिलीज होने वाली है और उसमें सोनाक्षी सिन्हा के अलावा रितेश देशमुख, साकिब सलीम है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान बातचीत में उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी रूमर्स को लेकर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि शादी के बाद सिर्फ एक बदलाव आया है कि वह हॉस्पिटल नहीं जा सकती, क्योंकि जैसे ही वो बाहर निकलती है, लोगों को लगता है कि वो प्रेग्नेंट हैं।

फिल्म काकुडा आदित्य सरपोतदार द्वारा निर्देशित है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि साकिब सलीम, इंदिरा यानी सोनाक्षी सिन्हा से प्यार करता है। वो शादी करते हैं और रतोडी गांव चले जाते हैं, लेकिन काकुडा से शापित होते है। अपनी शादी की रात सनी 7:15 बजे काकुडा के लिए छोटा दरवाजा खोल नहीं पाता, जिसके बाद काकुडा भूत घर के मुखिया को सजा देता है। वो भूत उसकी पीठ पर एक कूबड़ बना देता है और तेरहवे दिन तक बढ़ता है उसकी मौत हो जाती है। जिसके बाद इंदिरा, रितेश देशमुख की मदद लेती है, जो भूत भागता है। फिल्म 12 जुलाई को जी5 पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

किशनगंज सीमा इलाके में BSF के जवानों ने बांग्लादेशी तस्कर को मार गिराया

कोलकाता : किशनगंज के भारत-बांग्लादेश सीमा इलाके में तस्कर हमेशा तस्करी करने के फिराक में रहते हैं। सैनिकों के अथक प्रयास से तस्करों के नापाक मंसूबों को बार-बार विफल किया जा रहा है। वहीं, गुरुवार को सीमा के बाड़ काटने के दौरान बीएसएफ जवानों की गोलीबारी में एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया।

किशनगंज में लगातार बारिश होने के कारण सीमा पार तस्कर नियमित रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा बाड़ को तोड़ने का प्रयास करते रहते हैं। वर्तमान स्थिति की बात करें तो 152 बटालियन बीएसएफ को बाड़ तोड़ने की कोशिश कर रहे दोनों तरफ के तस्करों से कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।

किशनगंज सेक्टर के अंतर्गत सैनिकों के अथक प्रयास से तस्करों के नापाक मंसूबों को बार-बार विफल किया जा रहा है. वहीं, गुरुवार को सीमा के बाड़ काटने के दौरान बीएसएफ जवानों की गोलीबारी में एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया।

मीडिया रिपोर्ट्स की मुताबिक बीओपी तीनगांव, 152 बटालियन बीएसएफ के सतर्क सैनिकों ने 06/07 बांग्लादेशी तस्करों की आवाजाही देखी. जो तस्करी के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा बाड़ को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे. बीएसएफ जवानों ने तस्करों को अपनी गतिविधियां बंद करने के लिए चेतावनी नोटिस जारी किया।

लेकिन तस्करों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और अपनी गतिविधियां जारी रखीं। गैर-घातक निरोध रणनीतियों के अनुसार बीएसएफ सैनिकों ने एक स्टन ग्रेनेड फेंका, लेकिन तस्कर डटे रहे और उन्होंने ऑन-ड्यूटी बीएसएफ जवानों पर हमला करने का प्रयास भी किया।

न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस के विस्टाडोम कोच से यात्रियों को मिलेगा खूबसूरत नजारा

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के यात्री सोमवार से विस्टाडोम कोच में लग्जरी रेल यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इस ट्रेन से दार्जिलिंग और हिमालय जाने के इच्छुक यात्री अब मार्ग में पड़ने वाले उत्तर बंगाल (न्यू जलपाईगुड़ी) की खूबसूरत वादियों का भी लुत्फ उठा सकेंगे। सोमवार को हावड़ा मंडल के डीआरएम संजीव कुमार ने हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस को नये विस्टाडोम कोच (पारदर्शी कोच) के साथ रवाना किया

इस दौरान रेलवे के सीनियर डीसीएम राहुल रंजन, पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के साथ अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। यात्रा के शौकीनों के लिए रेलवे ने हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस में फिल्हाल एक विस्टाडोम कोच लगाया गया है। हावड़ा मंडल के डीआरएम संजीव कुमार ने बताया कि हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस के विस्टाडोम कोच को खास बनाते हैं , उसकी पारदर्शी फाइवर की छत और बड़ी खिड़कियां, शीशों और फाइवर की बनी खिड़कियों के साथ छत भी पारदर्शी है।

इससे यात्री ट्रेन के अंदर अपनी सीट पर बैठे-बैठे ही पहाड़ों के साथ बारिश और काले उमड़ते-घुमड़ते बादलों का नजारा भी देख सकेंगे। पूर्व रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार यह अस्थायी व्यवस्था एक जुलाई 2024 से अगले वर्ष 30 जून 2025 तक रहेगी। 12041/12042 हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस में निर्धारित अवधि के दौरान ट्रेन 14 कोचों के बजाय 15 कोचों के साथ चलेगी। विस्टाडोम कोच यात्रियों की यात्रा को और भी बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इन कोचों में 360 डिग्री घूमने वाली लग्जरी पुशबैक कुर्सियां लगायी गयी हैं। जिससे यात्री अधिकतम आराम के लिए अपनी सीटिंग को एडजस्ट कर सकते हैं।

उक्त बोगी में कुल 24 बर्थ हैं। इसका किराया 2430 रुपये जबकि शताब्दी एक्सप्रेस में प्रथम श्रेणी की बर्थ का किराया 1430 रुपये है। इसके साथ ही विस्टाडोम कोच स्व-संचालित स्लाइडिंग दरवाजे, एक ग्लास बैक और वाईफाई और जीपीएस कनेक्टिविटी जैसी उन्नत सुविधाओं से लैस किया गया है। यात्रा के दौरान यात्री अपनों से लगातार कनेक्ट रह सकते हैं. ट्रेन के अंदर एक इंफोटेनमेंट सिस्टम लगाया गया है, जो यात्रियों का मनोरंजन करने के साथ ही देशभर की सूचनाएं प्रदान करता रहेगा।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने कहा कि विस्टाडोम कोच की शुरुआत यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं और एक यादगार यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2017 कंचन कन्या एक्सप्रेस में भी इस तरह का विस्टाडोम कोच ( पारदर्शी कोच) लगाया गया था। यह ट्रेन सियालदह से अलीपुरदुआर तक जाती थी। इस कोच का जिम्मा आईआरसीटीसी के पास था।

महिला चिकित्सक ने वार्ड पार्षद का काटा गुप्तांग काट नाले में बहाया

पटना: सारण जिले के मढ़ौरा में एक निजी अस्पताल की कथित महिला चिकित्सक ने सोमवार को नगर पंचायत वार्ड संख्या- 12 के पार्षद प्रेमी वेद प्रकाश का गुप्तांग काटकर बाथरूम के नाले में बहा दिया। घटना की जानकारी मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंची। फिर, जख्मी वार्ड पार्षद को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया।

वहीं, महिला चिकित्सक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला चिकित्सक का कहना है कि वार्ड पार्षद वेद प्रकाश से उसका पिछले दो सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान, वह कई बार शादी करने का झूठा आश्वासन देकर यौन संबंध बनाता था और फरार हो जाता था। दो बार गर्भपात भी करना पड़ा, लेकिन इसके बाद भी उसने शादी नहीं की।

महिला चिकित्सक ने पुलिस से बताया कि कोर्ट मैरिज के लिए कागज तैयार हो गया था उसके बाद भी वह नहीं पहुंचा। मैं अपने भाई राहुल कुमार से भी उसको मिलवाई शादी की बात बन गई थी। इसके बाद वार्ड पार्षद वेद प्रकाश 30 जून को शादी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन शादी नहीं की।

प्रेमी मिलने पहुंचा तो महिला चिकित्सक ने उसका गुप्तांग काट के बाथरूम के नाले में बहा दिया। महिला चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि करीब वार्ड पार्षद ने तीन-चार बार शादी का डेट फिक्स किया और पहुंचा नहीं। इसलिए मैंने यह कदम उठाया. सारण के मढ़ौरा में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Gold स्मगलरों की मदद से यूट्यूबर ने एयरपोर्ट पर खोली दुकान, फिर करने लगा धंधा

चेन्नई : 29 वर्षीय साबिर अली चेन्नई का रहने वाला है और वह शॉपिंग ब्वॉयज नामक यूट्यूब चैनल चलाता है। सोने के स्मगलरों ने इसी यूट्यूब चैनल के माध्यम से उससे संपर्क किया और चेन्नई में उसे मुखौटा बनाकर सोने की तस्करी करना शुरू कर दिया। 

चेन्नई का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा किसी न किसी वजह से हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है। इस बार एक दुकान को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है, जो स्मगलरों का अड्डा बनी हुई है। सोने की तस्करी करने वाले स्मगलरों ने एक यूट्यूबर को फंडिंग करके चेन्नई हवाई अड्डे पर दुकान खुलवा दी और फिर इसके बाद सोने की तस्करी के धंधे को परवान चढ़ाना शुरू कर दिया। सीमा शुल्क विभाग को जब इसकी भनक लगी, तो उसके कान खड़े हो गए। इसके बाद उसने कार्रवाई करते हुए इस दुकान के कर्मचारी और मालिक को गिरफ्तार कर लिया।

सीमा शुल्क विभाग के सूत्रों के हवाले से न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने खबर दी है कि अबू धाबी में रहने वाले सोने की तस्करी करने के लिए श्रीलंकाई स्मगलरों के एक गिरोह ने यूट्यूबर को फंडिंग करके चेन्नई हवाई अड्डे पर दुकान खुलवा दी। खबर में बताया गया है कि इन स्मगलरों ने शॉपिंग ब्वॉयज के नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाले मोहम्मद साबिर अली को 70 लाख रुपये की फंडिंग करके चेन्नई एयरपोर्ट के लाउंज में एयरहब के नाम से खिलौने, स्मृति चिह्न और बैग बेचने की दुकान खुलवाई।

खबर में बताया गया है कि सोने की तस्करी को परवान चढ़ाने के लिए स्मगलरों की टीम ने हवाई अड्डे की दुकान को चलाने के लिए इसके मालिक साबिर अली और उसके सात कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी। इसके बाद हवाई अड्डे पर खुदरा दुकान खोलने के लिए विद्वेदा पीआरजी से कांट्रैक्ट हासिल किया। इसके बाद एयरहब दुकान की आड़ में सोने की तस्करी शुरू की गई। खबर में कहा गया है कि इस दुकान के माध्यम से दो महीने के अंदर करीब 167 करोड़ रुपये मूल्य के 267 किलोग्राम सोने की तस्करी को अंजाम दिया गया।

सीमा शुल्क विभाग को जब खिलौने और बैग बेचने वाली दुकान एयरहब से सोने की तस्करी होने की भनक लगी, तो उसने यूट्यूबर मोहम्मद साबिर अली और उसके सात कर्मचारियों को तत्काल गिरफ्तार कर दिया। सूत्रों ने बताया कि 29 वर्षीय साबिर अली चेन्नई का रहने वाला है और वह शॉपिंग ब्वॉयज नामक यूट्यूब चैनल चलाता है। सोने के स्मगलरों ने इसी यूट्यूब चैनल के माध्यम से उससे संपर्क किया और चेन्नई में उसे मुखौटा बनाकर सोने की तस्करी करना शुरू कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि दुकान इस साल फरवरी में खोली गई। साबिर अली ने अपने कर्मचारियों को एक ऑनलाइन जॉब पोर्टल के माध्यम से अनुबंध के आधार पर भर्ती किया। सीमा शुल्क अधिकारियों के अनुसार, साबिर अली और एयरहब के उनके कर्मचारियों ने पिछले दो महीनों में लगभग 3 करोड़ रुपये का कमीशन कमाया।

पीरियड्स के दौरान लड़कियां जरूरी बातें

कोलकाता: लड़कियों को जब पीरियड्स शुरू होते हैं तो वे तनावग्रस्त रहती हैं। उन दिनों में होने वाले मूड स्विंग्स, पेट के निचले हिस्से में दर्द, उठते-बैठते, सोते समय सावधानी बरतना, मां कीे कुछ हिदायतें तेज मत चलो, ज्यादा उछलो मत, ठंडा नहीं लो, यह सब किशोरियों को तनावग्रस्त बनाता है जबकि यह प्रक्रिया सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है लड़कियों के लिए।

जब बच्ची 9-10 साल की हो तो मां को उसको जानकारी अच्छी तरह से देनी चाहिए और स्कूल बैग में सेनिटरी नैपकिन भी देना चाहिए। बच्ची को उसका प्रयोग करना भी सिखाना चाहिए ताकि कभी स्कूल टाइम में पहली बार पीरियड हों तो वह डरे नहीं बल्कि उसे ढंग से नेचुरल मानते हुए हैंडल करें। उसे अच्छी तरह समझाना चाहिए कि यह लड़कियों के लिए एक सामान्य प्रक्रिया है। हर माह फिर से उसे इस प्रक्रिया से निकलना होगा।

दर्द कम करने के घरेलू इलाज

● गुनगुने पानी से स्नान करने को कहें। गर्म पानी की बोतल से पेट और पेट के निचले हिस्से पर सिंकाई करें। सोते समय घुटनों के नीचे तकिया रखने से भी दर्द में राहत मिलती है।

● शहद को गुनगुने पानी में लेने से भी आराम मिलता है और खून की कमी से लडऩे में मदद मिलती है। अदरक वाली चाय पीने से भी लाभ मिलता है।

● दूध में हल्दी डालकर पीने से भी आराम मिलता है।

● एक चम्मच शहद में एक प्याज का रस मिलाकर लेने से भी आराम मिलता है। इसके पीने से यूटरस की मांसपेशियां रिलैक्स होती हैं।

क्या खाएं, क्या न खाएं

● पानी खूब पीएं।

● डार्क चाकलेट का सेवन मूड स्विंग ठीक रखता है और चिड़चिड़ापन कम करता है।

● फलों में सेब, अनार, संतरा खाएं। इससे शरीर में खून की मात्र बढ़ती है।

● विटामिन ई की कमी को दूर करने वाले खाद्य पदार्थ लें। विटामिन बी 6 की कमी से खून में थक्के आने लगते हैं। इसको दूर करने के लिए आलू का सेवन करें। फ्राइड आलू न खाएं। विटामिन सी के लिए नींबू, संतरा लें। इससे दर्द में भी लाभ होता है। विटामिन ए के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं।

● दिन में अदरक वाली चाय 2 बार तक लें। ज्यादा चाय नहीं लें। कैफीन की ज्यादा मात्रा लेने से तकलीफ बढ़ती है। इन दिनों एसिडिटी ज्यादा होती है और कब्ज भी।

● तले हुए खाद्य पदार्थ न लें।

● ज्यादा मीठा और नमक न खाएं।

ध्यान दें इस दौरान

● तेज व्यायाम न करें। नार्मल वॉक ले सकते हैं। सूक्ष्म क्रियाएं करें।

● ज्यादा खून का बहाव होने पर 4 से 6 बार पैड बदलें। अगर साधारण बहाव है तो 3 बार पैड बदलें। ऐसा करने से बैक्टीरिया का विकास नहीं होगा और बदबू भी कम आएगी।

● पैड्स की गुणवत्ता से समझौता न करें।

● पैड को ऐसे ही न फेंकें। पुराने अखबार में लपेटकर पॉलिथिन में डालकर डस्टबिन में डालें।

● अगर शादीशुदा हैं तो इस दौरान सेक्स से दूरी रखें।

● ज्यादा तकलीफ होने पर गाइनी से संपर्क करें।

● दर्द अधिक नहीं है तो दवा न लें। बार-बार पीरियड्स आगे पीछे करने की दवा भी न लें। ऐसा करने से पीरियड होने पर तेज दर्द होता है।

तीन नए कानूनों पर बोले गृहमंत्री अमित शाह, ‘यह न्याय व्यवस्था का भारतीयकरण है’

नई दिल्ली: सोमवार  यानी 1 जुलाई से देशभर में लागू किए गए नए कानून को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने बताया कि आखिर नए कानूनों की जरूरत क्यों पड़ी। गृहमंत्री शाह ने कहा यह न्याय व्यवस्था का भारतीयकरण है।

उन्होंने कहा,’तीनों नए कानून मध्य रात्रि से काम कर रहे हैं। इंडियन पीनल कोड की जगह भारतीय न्याय संहिता (BNS) आ चुकी है। सबसे पहले हमने इसमें संविधान की आत्म के तहत दफाओं और चैप्टर की प्रायोरिटी तय की है। महिलाओं बच्चों को प्राथमिकता दी गई है, जो करने की जरूरत थी।’

गृहमंत्री शाह ने कहा,’मॉब लिचिंग के लिए कानून में कोई प्रावधान नहीं था। नए कानून में मॉब लिचिंग को समझाया गया। राजद्रोह ऐसा कानून था, जो अंग्रेजों ने अपनी सुरक्षा के लिए बनाया था। इसी कानून के तहत केसरी पर प्रतिबंध लगाया गया था। राजद्रोह को हमनें खत्म कर दिया है।’

अमित शाह ने आगे कहा,’अब भारतीय दंड संहिता (IPC) की जगह भारतीय न्याय संहिता (BNS) होगी। दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) होगी। भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) होगा।’

गृहमंत्री ने कहा,’मेरा मानना ​​है कि यह बहुत पहले किया जाना चाहिए था। 35 धाराओं और 13 प्रावधानों वाला एक पूरा अध्याय जोड़ा गया है। अब सामूहिक बलात्कार पर 20 साल की कैद या आजीवन कारावास होगा। नाबालिग से बलात्कार पर मृत्युदंड होगा, पहचान छिपाकर या झूठे वादे करके यौन शोषण के लिए एक अलग अपराध परिभाषित किया गया है। पीड़िता का बयान उसके घर पर महिला अधिकारियों और उसके अपने परिवार की मौजूदगी में दर्ज करने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, ऑनलाइन एफआईआर की सुविधा भी दी गई है। हमारा मानना ​​है कि इस तरह से बहुत सी महिलाओं को शर्मिंदगी से बचाया जा सकता है।’

संसद में हिंदुओं को लेकर राहुल गांधी का विवादित बयान, बीच में खड़े हो गए मोदी

नई दिल्ली: लोकसभा में आज सोमवार(01 जुलाई) को भारी हंगामा देखने को मिला है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिंदू समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की है। इसके बाद जिससे पीएम मोदी को उठकर खड़ा होना पड़ गया। राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष को कह दिया कि वे हिंदू है ही नहीं और उन्होंने हिंदू धर्म को हिंसा, नफरत से जोड़ दिया। राहुल के बयान पर खुद पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों ने ही राहुल गांधी को फटकार लगाई है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा- “हमारे सभी महापुरुषों ने अहिंसा और डर खत्म करने की बात की है…लेकिन, जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं वे केवल हिंसा, नफरत, असत्य की बात करते हैं…आप हिंदू हैं ही नहीं।

पीएम मोदी ने राहुल को दिया जवाबराहुल गांधी की बयानबाजी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अपनी कुर्सी से उठ खड़े हुए और राहुल गांधा को फटकार लगाई। पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि पूरे हिंदू समुदाय को हिंसक कहना बहुत गंभीर मामला है। पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान ने मुझे सिखाया है कि मुझे विपक्ष के नेता को गंभीरता से लेना चाहिए।

राहुल गांधी की टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जो लोग गर्व से हिन्दू कहते हैं क्या वो हिंसक हैं। विपक्ष के नेता को माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी ने हिन्दुओं को हिंसक कहा है। इसके बाद सदन में राहुल गांधी का भाषण और हंगामा जारी रहा। प्रधानमंत्री को दोबारा अपनी सीट से खड़ा होना पड़ा और उन्होंने कहा कि मुझे संविधान ने सिखाया है कि विपक्ष के नेता को गंभीरता से लेना चाहिए।

SIM कार्ड को लेकर 1 जुलाई से बदल गया नियम

नई दिल्ली : टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने मोबाइल सिम कार्ड के लिए नया नियम जारी किया है जो 1 जुलाई से लागू होने जा रहा है। यह नियम बीते 15 मार्च 2024 को जारी किया गया था, जो कल यानी 1 जुलाई 2024 से देशभर में लागू होने जा रहा है। यह नया नियम फ्रॉड की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लाया गया है।

दूरसंचार मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (नौवां संशोधन) विनियमों के तहत एक प्रमुख बदलाव सिम स्वैप के बाद मोबाइल नंबर पोर्ट करने की वेटिंग पीरिड को 10 दिनों से घटाकर 7 दिन कर दिया गया है। इससे पहले, सिम स्वैप के बाद 10 दिन की वेटिंग पीरिड लागू थी, लेकिन ट्राई ने दूरसंचार मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (नौवां संशोधन) विनियम, 2024 में नए संशोधन में इसे घटाकर 7 दिन कर दिया है।

आज के दौर में सिम स्वैप फ्रॉड काफी ज्यादा बढ़ गए हैं, जिसमें फ्रॉड करने वाले आपके पैन कार्ड और आधार की फोटो काफी आसानी से हासिल कर लेते हैं। इसके बाद मोबाइल खो जाने का बहाना बनाकर नया सिम कार्ड जारी करा लेते हैं। इसके बाद आपके नंबर पर आने वाली ओटीपी फ्रॉड करने वालों के पास पहुंच जाती है।