बंगाल में स्कूल बसों और पूल कारों के लिए एडवायजरी जारी

कोलकाता : राज्य सरकार के परिवहन विभाग की ओर से स्कूल बसों और पूल कार को लेकर एडवायजरी जारी की गयी है। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. सौमित्र मोहन द्वारा जारी एडवायजरी में स्कूल बसों और पूल कार के बाबत कई निर्देश दिए गए हैं।

इसे लेकर राज्य के परिवहन मंत्री स्नेहाशीश चक्रवर्ती ने परिवहन भवन में अहम बैठक की। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडवायजरी जारी की गई है। स्कूल बस से लेकर पूल कार से रोजाना हज़ारों की संख्या में छात्र सफर करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

पूल कार एडवायजरी 

स्कूल बसों के साथ ही पूल कार को लेकर भी एडवायजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि पूल कार के पास सीएफ, परमिट आदि वैध दस्तावेज होने चाहिए। अनुमोदित क्षमता से अधिक सीटें फिट करने की अनुमति नहीं होगी। पूल कार के लिए भी अधिकतम स्पीड लिमिट 40 किमी प्रति घंटा की गई है। अनुमति लेने के बाद पूल कार को स्कूल के समय के बाद निजी कार्य के लिए चलाया जा सकता है। पूल कार में भी पैनिक बटन, ट्रैकिंग डिवाइस फिट करने के साथ ही फर्स्ट ऐड बॉक्स आदि रखना जरूरी है।

पेरेंट्स टीचर मीटिंग में सड़क सुरक्षा के मुद्दे को एक एजेंडा में शामिल करने के लिए अपील की गई है। स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को इसके लिए जागरुक कर सकते हैं कि पूल कार लेने से पहले सभी तरह के दस्तावेज जांच लें। दस्तावेजों को स्कूल प्रबंधन और स्थानीय थाने में अभिभावक जमा कर सकते हैं ताकि किसी तरह की घटना होने पर तुरंत कारवाई चालू की जा सके।

अभिभावकों को यह देखना होगा कि वे कोई नॉन ट्रांसपोर्ट वाहन को हायर ना करें। वाहन मालिक का नाम और सभी विवरण भी अभिभावकों के पास होना चाहिए। सभी सीट के लिए सीट बेल्ट होना चाहिए और पूल कार में सीट से अधिक बच्चों को उठाने की मनाही होगी।

स्कूल बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को उठाने पर पाबंदी रहेगी। बसों को मस्टर्ड पीले रंग करना होगा और नीले रंग की पट्टी पर सफेद रंग से स्कूल का नाम लिखा होना चाहिये। अधिकतम स्पीड लिमिट 40 किमी प्रति घंटा की गई है। बसों का सर्टिफिकेट ऑफ फिटनेस, परमिट समेत अन्य दस्तावेज होना जरूरी है। स्कूल बसों का गेट अच्छे से बंद रहना चाहिए। इसके अलावा खिड़कियां ऐसी होनी चाहिए कि बाहर से अंदर दिख सके।

बसों में स्पीड लिमिट डिवाइस और पैनिक बटन फिट होना जरूरी है। चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर के अलावा अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट ऐड बॉक्स बसों में होना आवश्यक है। स्कूल प्रबंधन को यह देखना होगा कि बसों के पास वैध दस्तावेज हैं या नहीं। इसके अलावा बसों के रखरखाव, पार्किंग, बस ड्राइवरों की समय समय पर ट्रेनिंग आदि पर नजर रखने का काम भी स्कूल प्रबंधन को करना होगा।

भारतीय सेना जल्द ही अगली पीढ़ी की वायरलेस तकनीक से लैस होगी

नई दिल्ली : भारतीय सेना के मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई) और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत एक स्वायत्त अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला सोसाइटी फॉर एप्लाइड माइक्रोवेव इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (एसएएमईईआर) ने भारतीय सेना के लिए अगली पीढ़ी की वायरलेस प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

देश की सुरक्षा और देश में लोगों को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण जिम्मा संभालने वाली भारतीय सेना के संचार माध्यम को और उन्नत करने के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। एक ऐतिहासिक पल के स्वरूप भारतीय सेना के मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई) और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत एक स्वायत्त अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला सोसाइटी फॉर एप्लाइड माइक्रोवेव इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (एसएएमईईआर) ने भारतीय सेना के लिए अगली पीढ़ी की वायरलेस प्रौद्योगिकियों  में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।रक्षा मंत्रालय की ओर से एक बयान में इसकी जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया कि एमओयू पर लेफ्टिनेंट जनरल के एच गवास, कमांडेंट एमसीटीई और कर्नल कमांडेंट कोर ऑफ सिग्नल्स और डॉ पी एच राव, महानिदेशक समीर ने हस्ताक्षर किए। यह पहल भारतीय सेना की तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर से इस सहयोग को फिर से बल मिलने की उम्मीद है, जिसमें एमसीटीई में ‘उन्नत सैन्य अनुसंधान और इनक्यूबेशन केंद्र’ स्थापित करने की योजना है। इस केंद्र का उद्देश्य भारतीय सेना के लिए उन्नत वायरलेस प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित करना है।

समीर और एमसीटीई के बीच साझेदारी एक समझौते से कहीं बढ़कर है और यह नई तकनीकी सीमाओं की खोज और आधुनिक युद्धक्षेत्र चुनौतियों का समाधान करने में साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वायरलेस प्रौद्योगिकियों में समीर की विशेषज्ञता और संचार, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और साइबर संचालन में एमसीटीई के अनुप्रयोग कौशल को मिलाकर, यह सहयोग रक्षा और रणनीतिक क्षेत्रों में पर्याप्त प्रगति का वादा करता है।

बांग्लादेशी आतंकी संगठन का सहयोगी गिरफ्तार, दुर्गापुर के कांकसा से युवक गिरफ्तार

दुर्गापुर : बंगाल में आतंकवादी संगठन एक बार फिर पैर पसारने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने इसे नाकाम कर दिया है। बार्डर पार बांग्लादेश से संचालित हो रहे आतंकी संगठन से संपर्क रखने के आरोप में पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स ने दुर्गापुर जिले के कांकसा स्थित मीर पाड़ा इलाके से एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुस्लिम छात्र का नाम मोहम्मद हबीबुल्लाह शेख है।

शनिवार दोपहर से अभियुक्त छात्र को गिरफ्तार करने के लिए घेराबंदी की जा रही थी। कांकसा मीर पाड़ा निवासी मोहम्मद हबीबुल्लाह शेख मानकर स्थित एक निजी कॉलेज का छात्र है। सूत्रों की मानें तो छापामारी अभियान के दौरान हबीबुल्लाह के घर से STF ने कुछ अवैध सामग्री और दस्तावेज जब्त किया है।

STF के अनुसार अभियुक्त बांग्लादेशी आतंकी संगठन अंसार अल इस्लाम नामक संगठन के शहादत माड्यूल का आमिर है। ये संगठन अलकायदा का हिस्सा है। इस गिरोह के सदस्य बिप नामक एक मैसेजिंग एप के जरिये एक दूसरे से बातचीत करते हैं।

फिलहाल अभियुक्त से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। ये बंगाल पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाई रखी हुई है। छात्र से पूछताछ में आगे कई खुलासे हो सकते हैं।

सुरक्षा बलों ने उरी में पाकिस्तानी आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम किया

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकामयाब की है। पाकिस्तान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे घुसपैठियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें एक आतंकी को ढेर कर दिया गया है। चार से पांच आतंकियों ने भारत में घुसपैठ की कोशिश की थी, जिसके बाद सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों की नजर उन पर पड़ी और एनकाउंटर शुरू हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने चार से पांच आतंकियों को घेर लिया है, जबकि मुठभेड़ में एक आतंकी को मौत की नींद सुला दिया गया है। घुसपैठ की ये घटना ऐसे समय पर सामने आयी है, जब जम्मू-कश्मीर में पिछले 15 दिनों में चार बड़ी आतंकी घटनाएं सामने आई थीं। एक जगह श्रद्धालुओं से भरी अटैक पर हमला किया गया तो एक जगह गांव में आतंकियों ने दहशत फैलाई। सरकार ने कश्मीर में बिगड़े हालातों और बढ़ते आतंकवाद पर समीक्षा बैठक भी की थी।

जम्मू-कश्मीर में पिछले 15 दिनों में चार जगह बड़े आतंकी हमले देखने को मिले हैं. रियासी, कठुआ और डोडा जिले में आतंकियों ने अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया। सबसे पहले 9 जून को रियासी जिले में श्रद्धालुओं से भरी बस पर आतंकियों ने हमला किया, जिसकी वजह से ड्राइवर ने स्टीयरिंग पर से कंट्रोल खोल दिया और बस खाई में गिर गई। इस आतंकी घटना में 9 लोगों की मौत हुई, जबकि 30 लोग घायल हुए।

दूसरा आतंकी हमला 11 जून को कठुआ में हुआ । जिले के सायदा गांव में दो आतंकी घुस आए। सुरक्षाबलों को जब इसकी सूचना मिली तो वे सर्च ऑपरेशन के लिए वहां पहुंचे। इस दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान शरीद हो गया। आतंकियों के हमले में एक स्थानीय निवासी भी घायल हुआ। हालांकि, सुरक्षाबलों ने अंततः दोनों आतंकियों को मौत की नींद सुला दिया। दोनों आतंकी पाकिस्तान से आए थे।

11 जून को ही डोडा में आतंकी हमला देखने को मिला। भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर स्थित एक चेकपोस्ट पर आतंकियों ने हमला किया। इसमें राष्ट्रीय राइफल्स के पांच जवान और एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) घायल हुए। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. बुधवार यानी 12 जून की रात सुरक्षाबलों पर आतंकियों ने फिर से हमला किया। इस हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कांस्टेबल घायल हो गए।

BJP नेता की गोली मार कर हत्या, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के थे करीबी

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में बीजेपी नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई। मामला इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र का है, जहां बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक का नाम मोनू कल्याणे है जो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय  का बेहद करीबी था। विधानसभा इंदौर-3 की राजनीति में दखल रखने वाले मोनू कल्याणे की गिनती कैलाश विजयवर्गीय के बेटे पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के खास लोगों में होती थी।

रविवार 23 जून अलसुबह मोनू कल्याणे को गोली मारी गई है। मोनू को उसके साथी अस्पताल लेकर पहुंचें जहां उसकी मौत हो गई। घटना एमजी रोड थाना क्षेत्र के चिमनबाग क्षेत्र की है जहां पुरानी रंजिश के चलते पीयूष और अर्जुन ने गोली मार दी। फिलहाल, दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने उनके घरों पर भी दबिश दी है।

यह घटना तब हुई है जब मोनू किसी रैली की तैयारी के बाद घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों हमलावर बाइक से आए थे। वे मोनू से बात करने लगे। इसी बीच बाइक पर पीछे बैठे अर्जुन ने मोनू पर गोलियां चला दीं। ऐसी जानकारी भी सामने आई है कि मोनू के अलावा उसके दोस्तों पर भी गोली चलाई थी लेकिन वे बच निकले। इसके बाद घायल मोनू को लेकर वे अस्पताल पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद कैलाश विजयवर्गीय और उनके बेटे आकाश विजयवर्गीय, मोनू के घर पहुंचे और परिवार से बातचीत की। इलाके में तनाव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को भी तैनात कर दिया गया है।

लाल मिर्च पाउडर में ईंट का चूरा भी मिला हो सकता है, असली की करे पहचान

नई दिल्ली :  आजकल मसालों में मिलावट आम बात हो गई है जो सेहत के लिए काफी ज्यादा नुकसानदायक है। 
खाने पीने वाली चीजों में काफी ज्यादा मिलावट किया जाता है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि लाल मिर्च का इस्तेमाल करते हैं तो सेहत के लिए कितना सुरक्षित है? लाल मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर रहे हैं उसमें कही मिलावट तो नही हैं?

बता दें कि पैकेट वाले मसालों में वजन बढ़ाने के लिए उसमें लकड़ी का बुरादा, ईंट का चूरा और कई सारे रंग मिलाए जाते हैं। यह चीजें पेट में जाकर कई खतरनाक बीमारियों का कारण बन सकती है। फूड सेफ्टी एंड स्टैण्डर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने बताया मिलावट वाले मसालों को देखते हुए हम आपको बताएंगे ऐसे कुछ खास ट्रिक्स जिसकी मदद से आप 5 सेकंड में असली और नकली लाल मिर्च में फर्क कर सकते हैं।

दरअसल, मसालों के पाउडर में मिलावट इसलिए की जाती है ताकि इसकी मात्रा ज्यादा लगे और इसका रंग भी निखरा हुआ लगे। इसलिए मिर्च पाउडर में ईंट पाउडर, नमक पाउडर या टैल्क पाउडर मिलाई जाती है।

मिर्च पाउडर में ईंट का चूरा मिला दिया जाता है। जो लाल रंग का होता है। इस पाउडर का रंग और बनावट मिर्च की तरह ही होता है। इसलिए अक्सर इसे ही मिलाया जाता है। यह बेहद खतरनाक होता है। अगर कोई इसे रोजाना खाता है तो शरीर पर इसके गंभीर नुकसान हो सकते हैं।

असली और नकली की ऐसे करें जांच

एक गिलास पानी लें उसमें एक चम्मच पाउडर मिलाएं. पानी में घुले पाउडर को थोड़ी देर बाद रगड़े।

अगर रगड़ने के बाद किरकिरापन महसूस हो तो इसमें ईंट या रेत मिला हुआ है।

अगर चिकना लग रहा है तो इसमें सोप स्टोन मिला हुआ है।

मसाला में आर्टिफिशियल कलर मिला हुआ है या नहीं उसकी जांच ऐसे करें

एक गिलास पानी लें उसमें मिर्च पाउडर छिड़कें।

अगर इसमें रंगीन लकीर नजर आती है तो पाउडर मिलावटी है।

लाल मिर्च पाउडर अक्सर पानी में घुलनशील होता है।

लाल मिर्च पाउडर में अगर स्टार्च मिला हुआ तो इसका पता करने के लिए इसमें टिंचर आयोडीन की कुछ बूंदें मिलाएं।

यदि नीला रंग होता है तो इसमें स्टार्च मिला हुआ है।

गर्लफ्रेंड Ines De Ramon संग शुरू करेंगे नया परिवार ब्रेड पिट

नई दिल्ली: हॉलीवुड एक्टर ब्रैड पिट अक्सर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। एक्टर अपनी लाइफ में दो शादियां की है और दोनों से ही तलाक ले चुके हैं। अब खबर है कि ब्रैड पिट तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं।

काफी समय से उनका नाम इनेस डी रामोन के साथ जुड़ रहा है। कहा जा रहा है कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और काफी खुश भी हैं। सोशल मीडिया पर इस कपल की कई बार फोटोज भी वायरल हुई है। दोनों को वेकेशन पर स्पॉट भी किया जा चुका है।

हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट  उन स्टार्स में से एक हैं जो अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने एक नहीं बल्कि दो दो शादी की और 6 बच्चों के पिता भी है । हालांकि दोनों की शादी टूट गई। अब तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं ।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिट और इनेस एक साल से अधिक समय से डेटिंग कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह कपल एक साथ रहने भी लगा है।  ब्रैड पिट तीसरी बार शादी करने के बारे में सोच रहे हैं। अफवाह फैल रही हैं कि ब्रैड गर्मी में इनेस डी रामोन को शादी के लिए प्रपोज कर सकते हैं।

खबरें यह भी है कि शादी के बाद वह जल्द अपना नया परिवार बनाएंगे। ये सब तब हुआ जब एक्स वाइफ एंजेलिना जोली के साथ उनके सभी बच्चों ने अभिनेता सरनेम पिट हटाया। अब तक इस एक्स कपल के तीन बच्चों ने सरनेम हटा लिया है।

जून महीने की शुरुआत में खबर सामने आई थी कि ब्रैड पिट की बेटी शिलोह ने अपने नाम से ‘पिट’ हटाने के लिए याचिका दायर की है। शिलोह नोवेल जोली-पिट ने 27 मई को लॉस एंजेलिस काउंटी सुपीरियर कोर्ट में अपना नाम बदलकर सिर्फ शिलोह नोवेल रखने के लिए याचिका दायर की थी। इससे पहले ब्रैड पिट की दूसरी बेटी विविएन और बेटी जहरा ने भी अपने नाम के आगे से ‘पिट’ हटाया था।

ऑस्ट्रेलिया को हराकर अफगानिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप में किया बड़ा उलटफेर

 किंग्सटाउन : अफगानिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप सुपर आठ चरण के मैच में आस्ट्रेलिया को 21 रन से हरा दिया है। मैच से पहले ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही थी कि ऑस्ट्रेलिया की टीम आसानी से मुकाबला जीत सकती है, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। 149 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम पस्त हो गई। टी20 विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर किंग्सटाउन में देखने को मिला और अफगानिस्तान की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से रौंद दिया।

अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को T20 वर्ल्ड कप सुपर आठ चरण के मैच में रविवार को 21 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। अफगानिस्तान के लिये सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (60 रन) और इब्राहिम जदरान (51 रन) ने अर्धशतक बनाया और टीम को छह विकेट पर 148 रन तक पहुंचाया. ऑल राउंडर गुलबदिन नायब ने 20 रन देकर चार विकेट चटकाए।

अफगानिस्तान के द्वारा दिए गए 148 रन को चेज करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर आउट हो गई। इसके साथ ही अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सोमवार को मैच होने वाला है जो अब नॉकआउट की तरह हो सकता है. अफगानिस्तान ने ग्रुप लीग में न्यूजीलैंड को हराया था।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार दो हैट्रिक लगाने वाले पहले गेंदबाज बन गए। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में यह कमाल किया है। कमिंस ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर राशिद खान को पवेलियन भेजा। इसके बाद 20वें ओवर की पहली दो गेंदों पर करीम जनत और गुलबदिन नायब के विकेट लिये।

Bobby Deol की सक्सेस से खुश हुई Twinkle Khanna

नई दिल्ली : अक्षय कुमार की पत्नी और एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर वहां अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी चीजें शेयर करती रहती हैं। अब हाल ही में एक्ट्रेस ने एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अपने पहले को-स्टार के साथ तीन तस्वीरें शेयर की है और एक खास नोट भी लिखा है।

बता दें कि ट्विंकल खन्ना के पहले को-स्टार बॉबी देओल रहे हैं। दोनों ने साथ में 1995 में आई फिल्म ‘बरसात’ से डेब्यू किया था और इनकी जोड़ी फैंस को काफी पसंद भी आई थी। लंबे समय बाद अब एक्ट्रेस ने बॉबी देओल से मुलाकात की है, जिसका पोस्ट एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर किया है।

एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर बॉबी देओल के साथ तीन फोटोज शेयर की हैं। पहली फोटो दोनों की हाल ही में हुई मुलाकात की है। दूसरी और तीसरी फोटो उनके मूवी बरसात के समय की है। इन फोटो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा कि कल और आज कल। सिर्फ पिंकी मासी ही बॉबी देओल की प्रशंसक नहीं हैं, मैं भी उन्हें इतना अच्छा करते देखकर रोमांचित हूं।

इसके आगे एक्ट्रेस ने लिखा कि पुरानी यादें एक मीठा स्वाद देती हैं और हम जो हुआ करते थे, उसे याद करके खुश होना मजेदार था। आपको ये देखकर क्या याद आता है और क्यों, नीचे कमेंट में मुझे बताएं।

ट्विंकल खन्ना के इस पोस्ट पर बॉबी देओल ने भी अपना रिएक्शन दिया है। एक्टर ने कमेंट में दिल वाले इमोजी शेयर किए हैं। इसके अलावा एक्ट्रेस के फैंस ने भी इस पर अपने रिएक्शन दिए हैं। एक यूजर ने लिखा कि इस मूवी के गाने मेरे आज भी पसंदीदा हैं। एक अन्य ने लिखा कि मुझे दोनों की जोड़ी काफी पसंद थी।

बढ़ती भीड़ के चलते मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल कोचों की संख्या रेलवे ने बढ़ाई

कोलकाता : रेलवे आए दिन यात्रियों को अधिक सुविधा प्रदान करने के लिए नए- नए उपाय करती हैं, इसी क्रम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को समायोजित करने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल कोचों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया है।

यह यात्रियों को सुगम यात्रा सुनिश्चित करने हेतु रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके तहत अतिरिक्त 2500 जनरल कोचों का उत्पादन कर 1250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लगाने का फैसला लिया गया है।

इस योजना के अनुसार जिन ट्रेनों में दो जनरल कोच है, उनमें इनकी संख्या चार की जाएगी तथा जिनमें कोई भी जनरल कोच नहीं है, उनमें दो जनरल कोच लगाए जाएंगे। इन उपायों का उद्देश्य बढ़ती भीड़ को कम करना तथा आम जनता को निर्बाध यात्रा की सुविधा प्रदान करना है। इस योजना के तहत निश्चित रूप से प्रतिदिन लाखों आम यात्री सुगम यात्रा का आनंद ले सकेंगे।

BMW भारत में लॉन्च करेगी प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर, सिंगल चार्ज पर 130 किमी रेंज

नई दिल्ली: BMW अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारत में लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर BMW CE 04 की लॉन्च डेट को जारी कर दिया है। BMW दावा कर रही है कि उनका यह स्कूटर फुल चार्ज होने के बाद 130km तक की दूरी तय की जा सकती है।

इस स्कूटर का नाम BMW CE 04 है। यह कंपनी का एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर है। इसे पहले दिसंबर 2022 में भारत में पेश किया गया था, लेकिन अब इसे लॉन्च किया जा रहा है। 

इस स्कूटर में 15kW, परमानेंट मैग्नेट, लिक्विड-कूल्ड सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर लगाया गया है, जो 41bhp का पावर और 61Nm का टॉर्क जनरेट करता है। BMW दावा करती है कि इसे एक बार फुल चार्ज करने पर 130km की दूरी तय की जा सकती है। वहीं, इसे फुल चार्ज होने में करीब चार घंटे से थोड़ा अधिक समय लगता है। यह स्कूटर महज 2.6s में 0 से 50kmph की स्पीड पकड़ लेती है। इस स्कूटर की टॉप स्पीड 120 किमी प्रति घंटे है।

यह स्कूटर किसी साइंस-फिक्शन मूवी की तरह दिखता है। इसके चारों तरफ बड़े एप्रन और फ्लैट बॉडी पैनल लगाए गए हैं। इसके सीट का डिजाइन काफी आकर्षक है। इसमें स्टील डबल लूप फ्रेम लगाया गया है। इसमें आपको डिस्क ब्रेक और ABS मानक मिलेंगे।

इसके साथ ही इसमें कनेक्टिविटी और नेविगेशन के साथ 10.25 इंच का TFT डिस्प्ले भी दिया गया है। फोन को चार्ज करने के लिए USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है। इसमें डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ ही तीन राइड मोड- इको, रेन और रोड मोड दिए गए हैं।

BMW CE 04 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10 लाख रूपये के आस-पास रहने वाली है। वहीं, यह स्कूटर लॉन्च होने के तुरंत बाद से ही डिलीवरी के लिए उपलब्ध रहेगी।

मॉल से घी खरीदते समय रहे सावधान! नकली भी हो सकते है घी

जयपुर:अगर आप भी शॉपिंग मॉल से घी खरीदते हैं तो सावधान हो जाइए। देश के मशहूर सुपर मार्केट चेन डी मार्ट (DMart) में नकली घी बेचे जाने का मामला सामने आया है।

राजस्थान में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। राजस्‍थान की राजधानी जयपुर में फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने डीमार्ट स्टोर में छापेमारी कर सरस और प्रो वैदिक ब्रांड के नकली घी के पैकेट बरामद किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सरस और प्रो वैदिक ब्रांड के घी के ये पैकेट स्टोर में बेचने के लिए रखे थे, जबकि कई पैकेट पहले ही बेचे जा चुके थे।

सियालदह डिवीजन ने सफाई कर्मचारियों के सर्वांगीण कल्याण के लिए अहम बैठक

कोलकाता : भारत सरकार हमेशा सफाई कर्मचारियों के व्यापक सामाजिक-आर्थिक विकास और कल्याण के बारे में चिंतित रहती है, क्योंकि वे हमारे सपने – स्वच्छ भारत की रीढ़ हैं । इस सतत प्रयास के एक हिस्से के रूप में, एम वेंकटेशन, अध्यक्ष, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने शनिवार सियालदह में “मैनुअल स्कैवेंजर के रूप में रोजगार का निषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013” के कार्यान्वयन की समीक्षा करने के लिए डिवीजनल अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक दीपक निगम, मंडल रेल प्रबंधक एवं संबंधित शाखा अधिकारियों के साथ-साथ मंडल के सफाई कर्मचारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान अध्यक्ष वेंकटेशन ने अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों एवं मैनुअल स्कैवेंजरों के सर्वांगीण सामाजिक-आर्थिक उत्थान को सुनिश्चित करने के लिए स्थापित राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम योजना तथा मंडल में इसके समग्र कार्यान्वयन के बारे में जानकारी ली।

इसके अलावा उन्होंने आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली बीमा सुविधाओं जैसे वर्दी, टूलकिट, स्वास्थ्य, स्वच्छता आदि के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी शिकायतों का समाधान किया।

इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ काम करने तथा सियालदह मंडल के सफाई कर्मचारियों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। मंडल अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद अध्यक्ष  वेंकटेशन ने सियालदह स्टेशन परिसर तथा सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने जमीनी हकीकत को समझने के लिए सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। बाद में, उन्होंने इस संबंध में सियालदह डिवीजन द्वारा की गई पहल पर संतोष व्यक्त किया।

बांग्लादेश को हराकर भारत सेमीफाइनल में करेगा प्रवेश

नई दिल्ली :  भारत बनाम बांग्लादेश का अहम मुकाबला टी-20 विश्वकप के सुपर 8 चरण में आज होना है। यह मैच एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्‌स स्टेडियम में खेला जाएगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले को अगर भारत जीत जाता है तो विश्वकप के सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो जाएगी। भारत और बांग्लादेश के टी-20 रिकाॅर्ड्‌स पर अगर नजर डालें तो हम पाएंगे कि भारत की स्थिति बहुत मजबूत है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बांग्लादेश के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 13 मैचों में से 12 में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि बांग्लादेश ने एक मैच में जीत दर्ज की है। हाल के मैचों में भी यह दबदबा देखने को मिला है। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने पिछले चार मैच जीते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उनकी सफलता में भारतीय खिलाड़ियों का लगातार अच्छा प्रदर्शन शामिल रहा है। टी-20 विश्वकप के अगर बात करें तो भारत बनाम बांग्लादेश के बीच अबतक कुल चार मैच खेले गए हैं, जिनमें से चारों मैच भारत ने जीते हैं।

भारत इस मुकाबले में अफगानिस्तान पर एक शानदार जीत के बाद उतरेगा, जहां सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या सहित उनके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यादव शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने दबाव में महत्वपूर्ण रन बनाए हैं, हार्दिक पांड्या की ऑलराउंड क्षमताएं उन्हें टीम का अहम हिस्सा बनाती हैं। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की अगुआई वाली भारत की गेंदबाजी प्रभावशाली रही है, बुमराह की अनुशासित गेंदबाजी ने उन्हें भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का एक प्रमुख खिलाड़ी बना दिया है।

बांग्लादेश पूरे टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी को लेकर संघर्ष कर रहा है। जबकि उनके गेंदबाज, खासकर मुस्तफिजुर रहमान और रिशाद हुसैन अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें इस जीत के लिए टीम यूनिटी के रूप में आगे बढ़ने की जरूरत है।

सर विवियन रिचडृस स्टेडियम की पिच संतुलित है, जो तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को सहायता प्रदान करती है। पिछले 20 मैचों में इस स्थान पर औसत पहली पारी का स्कोर 78 रन है, जो दर्शाता है कि दोनों टीमें टॉस जीतने पर लक्ष्य का पीछा करना चाहेंगी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बारिश की कम संभावना के साथ एक सुखद दिन होगा, जिससे दर्शकों के लिए पूरे 40 ओवर का खेल सुनिश्चित होगा।

क्रेडिट कार्ड से जुड़ी पांच गलतफहमियों के जाने

नई दिल्ली : भारत में पिछले कुछ वर्षों में क्रेडिट कार्ड का चलन बहुत तेजी से बढ़ा है. अब लोगों के पास डेबिट कार्ड के साथ क्रेडिट कार्ड होना बहुत आम सी बात हो गई है। भारत में करीब 97.9 मिलियन लोग क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर रहे हैं। लेकिन लोगों ने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी बहुत सी गलतफहमियां पाल रखी है। 

भारत में अधिकतर लोग यह मानते हैं कि अगर उनका क्रेडिट स्‍कोर अच्छा नहीं है तो उन्‍हें बैंक द्वारा लोन नहीं मिलेगा। लेकिन ये लोगों की गलतफहमी हैं। लेकिन लोन देते समय बैंक केवल आपका सिबिल स्कोर ही नहीं बल्कि साथ ही साथ आपकी इनकम जैसी अन्य बातों को भी देखती हैं।

यदि आपका क्रेडिट स्कोर कम है तो और फिर भी आप लोन लेना चाहते है तो आप कुछ कागज़ात दिखा कर लोन प्राप्त कर सकते हैं।आप अपने वेतन, सालाना बोनस या अन्य अतिरिक्त इनकम स्रोतों में बढ़ोतरी के प्रमाण के साथ बैंक स्टेटमेंट दे सकते हैं और ये साबित कर सकते हैं कि आप लोन चुकाने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं।

अगर आपके पास ऐसा कुछ नहीं है तो भी कई बैंक और अन्य संस्‍थाएं हैं जो कम सिबील स्कोर के साथ भी लोन मुहाया कराती हैं। लेकिन ऐसे में लोगों को ज्यादा ब्‍याज दरे भरने पड़ती हैं। कई बार क्रेडिट स्‍कोर कम होने से आपकी क्रेडिबिलिटी पर असर जरूर पड़ता है।

दूसरी सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि अगर आप अपना क्रेडिट स्कोर चैक करते है तो उससे आपका नुकसान होता हैं। यह गलतफहमी लोगों में ‘हार्ड इंक्वायरी’ और ‘सॉफ्ट इंक्वायरी’ के बीच अंतर नहीं समझ पाने से होती है। अपने क्रेडिट स्कोर की समीक्षा करना एक सॉफ्ट इंक्वायरी है जिसका आपके क्रेडिट स्कोर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है।

इसके विपरीत, जब लेनदार ऋण या क्रेडिट कार्ड एप्रूवल के लिए आपकी क्रेडिट रिपोर्ट का मूल्यांकन करते हैं तो वह कड़ी पूछताछ होती है जो आपके स्कोर को कुछ हद तक प्रभावित करती है. इसलिए लोगों को सलाह दी जाती है कि वह समय समय पर अपने क्रेडिट स्कोर की सटीकता को सत्यापित करते रहे। जिससे किसी भी संभावित समस्या की पहचान तुरंत ही जाए।

क्रेडिट कार्ड उपयोग करने वालों में से बहुत से लोग ऐसा मानते हैं कि जो क्रेडिट कार्ड उपयोग में नहीं है उसे बंद कर देने से क्रेडिट स्कोर में बढ़ोतरी होती है। वास्तव में ऐसा कुछ नहीं होता बल्कि इसका विपरीत प्रभाव देखने को मिलता है। आपका क्रेडिट उपयोग अनुपात जो आपके लिए उपलब्ध क्रेडिट की तुलना में आपके द्वारा उपयोग किया जा रहे क्रेडिट की मात्रा है वह आपका क्रेडिट स्कोर निर्धारित करने में बड़ी भूमिका निभाता है, और क्रेडिट कार्ड बंद करने से क्रेडिट उपयोग अनुपात बढ़ जाता है जिससे संभावित रूप से आपका क्रेडिट स्कोर कम हो जाता है। इसलिए लोगों के लिए यह बेहतर होता है कि वह अपना क्रेडिट कार्ड चालू रखें, खासकर उस स्थिति में अगर आपका क्रेडिट हिस्ट्री बहुत लंबा है और आपको कोई वार्षिक शुल्क नहीं लगता है।

कुछ लोगों का ऐसा मानना होता है कि डेबिट कार्ड के उपयोग से आपका क्रेडिट स्कोर बढ़ता है। परंतु क्रेडिट कार्ड स्कोर डेबिट कार्ड के उपयोग पर जरा सा भी प्रभाव नहीं डालता। क्योंकि आपके डेबिट कार्ड स्कोर की लेनदेन की कोई भी रिपोर्ट क्रेडिट कार्ड ब्यूरो को नहीं दी जाती है। क्रेडिट कार्ड स्कोर आपके क्रेडिट कार्ड के उपयोग लोन आदि पर निर्भर करता है। एक अच्छा क्रेडिट स्कोर बनाने के लिए अपना क्रेडिट कार्ड जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना चाहिए।

एक अच्छा क्रेडिट स्कोर मेंटेन करने के लिए समय पर कर चुकाना जरूरी है लेकिन यह आपके कर्ज लेने की हिस्ट्री को नहीं मिटा देती। अक्सर लोग ऐसा सोचते हैं कि अगर वह समय से अपना ऋण चुका देते हैं तो उनकी लोन हिस्ट्री हटा दी जाती है। आपकी लोन लेने और उसे चुकाने की पूरी जानकारी क्रेडिट रिपोर्ट में कुछ सालों तक बनी रहती है। जैसे सेटल अकाउंट में करीब 7 सालों तक आपकी हिस्ट्री दाखिल रहती है। यह लोन प्रोवाइडर को आपकी साक आकलन करने में मदद करता है।

सरकार गठन के बाद भारत आने वाली पहली विदेशी अतिथि बनीं शेख हसीना

नई दिल्ली :बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना शुक्रवार को दो दिवसीय भारत के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गर्मजोशी ने उनका स्वागत किया। पिछले पांच साल में शेख हसीना और पीएम मोदी के बीच 10 बार मुलाकात हो चुकी है। तीसरी बार मोदी सरकार के गठन के बाद यह शेख हसीना का पहला द्विपक्षीय दौरा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि 2019 से दोनों नेताओं के बीच 10 बार मुलाकात हो चुकी है।

मोदी सरकार के तीसरी बार सत्ता संभालने के बाद भारत की द्विपक्षीय राजकीय यात्रा पर आईं शेख हसीना पहली विदेशी अतिथि हैं। उनका शनिवार सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। बता दें कि शेख हसीना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर शुक्रवार को भारत पहुंचीं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, “एक विशेष साझेदार का औपचारिक स्वागत! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का स्वागत किया। वे भारत में नई सरकार के गठन के बाद द्विपक्षीय राजकीय यात्रा पर आईं पहली अतिथि हैं।”

शेख हसीना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में दोनों देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस अवसर पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और कीर्ति वर्धन सिंह भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री हसीना ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रिलीज हुआ ‘कल्कि 2898 एडी’ का दूसरा ट्रेलर

मुंबई: ‘कल्कि 2898 एडी’ साल 2024 की मोस्ट अवेटेडनफिल्म है. बड़े बजट और बड़ी स्टार कास्ट वाली इस फिल्म के पोस्टर से लेकर ट्रेलर और फिर प्री रिलीज इवेट ने ‘कल्कि 2898 एडी’ को लेकर काफी बज क्रिएट कर दिया है। इन सबके बीच अब मेकर्स ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ाते हुए ‘कल्कि 2898 एडी’ का दूसरा ट्रेलर रिलीज कर दिया है. सेकंड ट्रेलर में अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण, प्रभास और कमल हासन के किरदारों को और ज्यादा बारीकी से दिखाया गया है। दो मिनट से ज्यादा लंबा ट्रेलर, कल्कि की दुनिया और उसके प्लॉट के बारे में खुलासा करता है।

‘कल्कि 2898 एडी’ के दूसरे ट्रेलर की शुरुआत अमिताभ बच्चन के किरदार अश्वत्थामा से होती है, जो दीपिका पादुकोण के किरदार को दुश्मनों से बचाते हुए नजर आते हैं और कहते हैं, “भगवान के अंदर पूरी सृष्टि बसती है और भगवान स्वयं आपके अंदर हैं। इसके बाद दीपिका समेत और भी किरदार छोटे-छोटे डायलॉग्स के साथ अलग-अलग सीन में नजर आते हैं।

ट्रेलर में प्रभास और अमिताभ बच्चन के बीच लड़ाई भी दिखाई गई है. कई सीन के बाद, कमल हासन के किरदार से भी पर्दा उठ गया। कमल हासन को पहचानना मुश्किल है। वे कहते हैं, “पीढ़ियों तक फैले अनंत अवसरों के बावजूद, मनुष्य ना बदला है ना बदलेगा।” ओवरऑल दूसरे ट्रेलर ने कल्कि की दुनिया की झलक दे दी है। 2 मिनट 22 सेकंड के इस ट्रेलर के बाद लग रहा है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देगी।

‘कल्कि 2898 एडी’ के ट्रेलर 1 को भी मिला दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स नाग अश्विन निर्देशित फिल्म का ट्रेलर 1 पिछले हफ्ते जारी किया गया था। जिसमें झलक मिली थी कि फिल्म का विलेन दीपिका पादुकोण के गर्भ में पल रहे बच्चे की जान लेना चाहता है। भैरव के रोल में प्रभास को दीपिका के किरदार को ढूंढकर लाने की जिम्मेदारी मिलती है जबकि अश्वत्थामा के किरदार में अमिताभ बच्चन दीपिका की ढाल बनते हैं। बता दें कि ट्रेलर 1 को भी दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।

वैजयंती मूवीज के बैनर की ‘कल्कि 2898 एडी’ भारी भरकम बजट में बनी फिल्म बताई जा रही है. ये फिल्म 600 करोड़ की लागत में बनी है और इसी के साथ ये देश की सबसे महंगी फिल्म बन गई है। ‘कल्कि 2898 एडी’ को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट हैं। ये फिल्म 27 जून को पांच भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगु, खमलयालम, कन्नड़ और इंग्लिश में दुनिया भर में रिलीज होगी। फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन, कमल हासन, दिशा पाटनी सहित कई कलाकारों ने अहम रोल प्ले किया है।

कोलकाता में अगर नाइट स्पेशल मेट्रो में सफर करना पड़े यात्री ये जरुर पढ़े 

कोलकाता: शहर में अगले सोमवार से आखिरी मेट्रो रात 11:00 बजे की बजाय रात 10:40 बजे चलेगी। शाम की सेवा का समय 20 मिनट आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उस दौरान किसी भी स्टेशन पर टोकन, स्मार्ट कार्ड आदि की बिक्री के लिए कोई टिकट काउंटर खुला नहीं रहेगा। यानी इस खास मेट्रो सेवा का इस्तेमाल सिर्फ स्मार्ट कार्ड यूजर ही कर सकते हैं। इसके अलावा, यात्री UPI के माध्यम से सभी स्टेशनों पर स्थापित एएससीआरएम मशीनों से टोकन काट सकते हैं।

ये ट्रायल रात्रि सेवाएं सोमवार से शुक्रवार तक चलेंगी और सभी स्टेशनों पर रुकेंगी। किसी भी स्टेशन पर टोकन, स्मार्ट कार्ड आदि जारी करने के लिए कोई टिकट काउंटर नहीं खुला रहेगा। यात्रियों से अनुरोध है कि वे UPI भुगतान मोड का उपयोग करके सभी स्टेशनों पर स्थापित ASCRM मशीनों से टोकन खरीदें। मेट्रो स्मार्ट कार्ड वाले यात्री भी चढ़ सकते हैं।

मेट्रो अधिकारियों ने यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकांश स्टेशनों पर अधिक गेट खोलने का निर्णय लिया है। नेताजी, मास्टरदा सूर्य सेन, गीतांजलि, कवि नजरूल, शहीद खुदीराम और कवि सुभाष जैसे स्टेशनों पर इन सेवाओं का लाभ उठाने के इच्छुक यात्रियों के लिए सारे गेट खुले रहेंगे।

दमदम, बेलगछिया, गिरीश पार्क, महात्मा गांधी रोड, मैदान और महानायक उत्तम कुमार जैसे स्टेशनों पर 60% से अधिक गेट खुले रहेंगे। श्यामबाजार, शोभाबाजार-सुतानुति, चांदनी चौक, पार्क स्ट्रीट, रवीन्द्र सदन, नेताजी भवन और रवीन्द्र सरोबार जैसे स्टेशनों पर, यात्रियों के त्वरित और आसान प्रवेश और निकास के लिए इन प्रायोगिक सेवाओं के लिए 50% द्वार खुले रहेंगे। लगभग एक महीने तक चले ट्रायल से अब पता चला कि सेंट्रल, एस्प्लेनेड, पार्क स्ट्रीट, मैदान, नेताजी भवन, जतिन दास पार्क, गीतांजलि और साहिद खुदीराम जैसे स्टेशनों पर औसतन लगभग 10 लोग ही आखिरी मेट्रो लेते हैं। इसके बावजूद मेट्रो अधिकारियों ने यात्रियों के लिए और अधिक गेट खोलने का फैसला किया है। मेट्रो ने कहा कि वह स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या की निगरानी कर रही है और यदि स्थिति बनी तो भविष्य में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

ब्लू लाइन स्टेशनों पर गेट ट्रायल रात्रि सेवाओं के लिए खुले रहेंगे :

1. दम दम – गेट नंबर 1 (उत्तर की ओर का गेट) और गेट नंबर 4 (दक्षिण की ओर का गेट)
2. बेलगछिया – गेट नंबर 1 (कॉलोनी गेट) और गेट नंबर 3 (राजबाड़ी गेट)
3. श्यामबाज़ार – गेट नंबर 1 (फाइव पॉइंट क्रॉसिंग) और गेट नंबर 4 (भूपेन बोस एवेन्यू)
4. शोभाबाजार-सुतानुति – गेट नंबर 1 (ग्रे स्ट्रीट गेट) और गेट नंबर 3 (लाल मंदिर गेट)
5. गिरीश पार्क – गेट नंबर 1 और गेट नंबर 3
6. महात्मा गांधी रोड – गेट नंबर 1 (महाजाति सदन गेट) और गेट नंबर 2 (मेचुआ गेट)
7. सेंट्रल- गेट नंबर 2 (लाल बाजार गेट), गेट नंबर 4 (लोरेटो स्कूल गेट) और गेट नंबर 6 (मेडिकल कॉलेज गेट)
8. चांदनी चौक – गेट नंबर 1 (हिंदुस्तान बिल्डिंग गेट), गेट नंबर 4 (योग भवन गेट) और गेट नंबर 5 (एयरलाइंस गेट)
9. एस्प्लेनेड – गेट नंबर 1 (रानी रशमोनी गेट), गेट नंबर 2 और गेट नंबर 5
10. पार्क स्ट्रीट – गेट नंबर 1 (संग्रहालय गेट), गेट नंबर 2 और गेट नंबर 3
11। मैदान – गेट नंबर 1 (इलियट पार्क गेट) और गेट नंबर 2 (जीवन दीप गेट)
12. रवीन्द्र सदन – गेट नंबर 2 (नंदन गेट) और गेट नंबर 3 (संकर्षण गेट)
13. नेताजी भवन – गेट नंबर 2 (आशुतोष मुखर्जी रोड गेट) और गेट नंबर 4 (जगुबाबुर बाजार गेट)
14. जतिन दास पार्क – गेट नंबर 1 (हाजरा मोड़ गेट), गेट नंबर 3 (कैंसर हॉस्पिटल गेट) और गेट नंबर 5 (उत्तम मंच गेट)
14. कालीघाट – गेट नंबर 1 (काली मंदिर गेट), गेट नंबर 3 (टैलीगंज ऑटो स्टैंड गेट) और गेट नंबर 4
16. रवीन्द्र सरोवर – गेट नंबर 1 (मुख्य गेट, पूर्वी रेल गेट के सामने) और गेट नंबर 6
17. महानायक उत्तम कुमार – गेट नंबर 1 और गेट नंबर 2 (मुख्य द्वार)
18. नेता जी- सारे गेट
19. मास्टर दा सूर्य सेन – सभी द्वार
20. गीतांजलि – सभी द्वार
21. कवि नजरुल – सभी द्वार
22. शहीद कुधिराम – सभी द्वार
23. कवि सुभाष – सभी द्वार

दिल्ली-एनसीआर में हुई राहत की बारिश, अधिकतम तापमान में आई गिरावट

नई दिल्ली : गाजियाबाद और नोएडा में शुक्रवार को हुई हल्की बारिश ने अधिकतम तापमान को कुछ कम कर दिया है। सड़कों पर सबसे ज्यादा समय बिताने वाले दुकानदार, कैब, ऑटो, रिक्शा चालक और अन्य लोगों को भी मौसम के बदलाव से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जताया था कि 20 और 21 जून को एनसीआर के मौसम में बदलाव के चलते तेज हवा और बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक 21 जून को अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को तेज हवा और बारिश की संभावना भी आईएमडी ने जताई थी। 22 जून को भी अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 23 जून को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद 24 और 25 जून से तापमान फिर बढ़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। उसके बाद तापमान में फिर गिरावट से लोगों को राहत मिलेगी।

आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में भी हो रही बारिश का असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिलेगा। 30 जून के बाद एनसीआर में मानसून के दस्तक देने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके बाद लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी।

इस बार दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे और कुछ जगह अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। वहीं, दिल्ली में जल संकट बरकरार है, जिससे लोग काफी परेशान हैं। नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में बिजली कटौती भी लोगों के लिए परेशानी का बड़ा सबब है।

आपकी ब्यूटी और हेल्थ दोनों को दोगुना कर देगा नारियल पानी

कोलकाता : नारियल पानी आपकी खूबसूरती और सेहत दोनों को करेगा दोगुना। इसके सेवन भी हेल्थ के लिए उत्तम है क्योंकि इसमें पोषण तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। सेहत के साथ साथ नारियल त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है। आइए जानें इसका प्रयोग उचित ढंग से करके हम कैसे अपनी त्वचा को निखार और पौष्टिकता प्रदान कर सकते हैं-त्वचा के निखार के लिए करें नारियल का प्रयोग

● नारियल का तेल माश्चराइजर के रूप में त्वचा पर प्रयोग किया जा सकता है, जिससे त्वचा में नमी बनी रहती है और त्वचा पोषित भी रहती है। बिना कुछ मिलावट के नारियल तेल (वर्जिन कोकानेट आयल) को त्वचा पर लगाया जा सकता है, इसके अतिरिक्त माश्चराइजर में कुछ बूंदें नारियल तेल की मिलाकर त्वचा पर लगा सकते हैं इससे त्वचा में चमक बनी रहती है।
●नारियल तेल में मौजूद लैटिक एसिड मुंहासों के लिए भी अच्छा होता है।
● मेकअप रिमूव करने में नारियल तेल का प्रयोग लाभप्रद होता है। थोड़ा सा नारियल तेल रूई के फाहे पर लगाएं या हथेली में नारियल तेल डालें और त्वचा पर मलें। हल्के हाथों से मलने पर मेकअप साफ हो जाएगा और त्वचा कोमल बनी रहेगी।

● नारियल तेल त्वचा को मुलायम बनाने के साथ साथ प्राकृतिक रूप से टोनर का काम भी करता है। नारियल तेल में वसा होने से त्वचा को कोई नुकसान नहीं होगा।
आहार में नारियल शामिल कर पौष्टिकता बढ़ाएं
● करी वाली सब्जी में सूखे नारियल का चूरा रिच ग्रेवी तैयार कर सेवन कर सकते हैं।
● चटनी में कच्चा नारियल डालकर खा सकते हैं। स्वाद भी बढ़ेगा और पौष्टिकता भी मिलेगी।

● नारियल पानी का सेवन कई विटामिन्स व मिनरल्स से भरपूर होता है। इसके नियमित सेवन से शरीर में कई प्रकार की कमी दूर होगी।
● सूखे नारियल का पाउडर केक-पाई बनाने में प्रयोग कर उसे अधिक पौष्टिक बना सकते हैं।
● कच्चा नारियल कद्दूकस कर सलाद पर डाल सकते हैं। स्वीड डिश में भी नारियल मिलाकर उसे अधिक पौष्टिक बना सकते हैं।